डेली कर्रेंट अफेयर्स
अर्थव्यवस्था में मजबूती के लिए RBI ने कई नियामक उपायों की घोषणा की
लॉकडाउन के कारण अर्थव्यवस्था पर बढ़े वित्तीय दबाव को कम करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कई नियामक उपायों की घोषणा की है. यह घोषणा RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास ने 17 अप्रैल को की. इन उपायों से बाजार नकदी का प्रवाह बनाये रखने में मदद मिलेगी, बैंक ऋण सुविधा बढ़ेगी. वित्तीय दबाव कम होगा और बाजारों का औपचारिक संचालन हो सकेगा.
RBI के नियामक उपायों के मुख्य बिंदु
- रिवर्स रैपो रेट को 4 प्रतिशत से घटाकर 3.75 प्रतिशत करने की घोषणा की. रैपोरेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
- लघु और मध्यम उद्योगों के लिए पचास हजार करोड़ रुपये के पैकेज की भी घोषणा की.
- बैंकों के फंसे कर्जों के लिए समाधान योजना की अवधि 90 दिन तक बढ़ा दी जायेगी.
- गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों द्वारा रियल एस्टेट कंपनियों को दिये गये ऋणों पर अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों द्वारा दिये जाने वाले लाभ के समान लाभ दिया जायेगा.
- नाबार्ड, नेशनल हाउसिंग बैंक और सिडबी जैसे वित्तीय संस्थानों के पुन: वित्त पोषणा के लिए 50,000 करोड़ रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की.
वर्तमान दरें: एक दृष्टि
| नीति रिपो दर | 4.40% |
| प्रत्यावर्तनीय रिपो दर | 3.75% |
| सीमांत स्थायी सुविधा दर | 4.65% |
| बैंक दर | 4.65% |
| CRR | 3% |
| SLR | 18.25% |
दक्षिण कोरिया संसदीय चुनाव में सत्ताधारी डेमोक्रेटिक पार्टी ने जीत हासिल की
दक्षिण कोरिया में हाल ही में संपन्न हुए संसदीय चुनाव में सत्ताधारी डेमोक्रेटिक पार्टी ने जीत हासिल की है. इस चुनाव में 300 सीटों वाली नेशनल असेंबली में राष्ट्रपति मून-जे-इन की डेमोक्रेटिक पार्टी ने 163 सीटों पर जीत दर्ज की. वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी की सयहोगी प्लेटफॉर्म पार्टी को भी 17 सीटें मिली हैं. इस तरह से सहयोगी के सीटों को मिलाकर सत्ताधारी पार्टी के पास अब कुल 180 सीटें हो गई हैं.
इस चुनाव में करीब 35 पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे थे, मगर मुकवला लेफ्ट झुकाव वाली डेमोक्रेटिक पार्टी और कंजर्वेटिव विपक्ष, ‘यूनाइटेड फ्यूचर पार्टी’ के बीच था.
दक्षिण कोरिया दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जहां पर कोरोना महामारी के बीच ही राष्ट्रीय चुनावों को संपन्न कराया गया है. इस चुनाव में 1.18 करोड़ लोगों ने मतदान किया था. कुल मिलाकर 66.2 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया जो 1992 के चुनाव के बाद हुए मतदान का सर्वाधिक आंकड़ा है.
ब्राजील के राष्ट्रपति ने ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्री को पद से बर्खास्त किया
ब्राजील के राष्ट्रपति बोलसेनारो ने ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्री लुइज हेनरिक मैंडेटा को कोरोना वायरस महामारी से उत्पन्न परिस्थितियों को संभालने में नाकाम रहने के कारण मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया है. ब्राजील के राष्ट्रपति ने अर्थव्यवस्था को हो रहे भारी नुकसान के चलते सभी राज्यों से ‘स्टे एट होम’ के आदेशों को वापस लेने को कहा है.
ब्राजीली राष्ट्रपति बोलसेनारो ने लॉकडाउन की तीखी आलोचना की थी, वहीं मैंडेटा के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल डिस्टेंसिंग मापदंडों के पालन संबंधी आदेश जारी किए गये. मैंडेटा ने राष्ट्रपति बोलसेनारो द्वारा कुछ दवाओं की प्रशंसा का भी विरोध किया था.
17 अप्रैल: विश्व हीमोफिलिया दिवस
प्रत्येक वर्ष 17 अप्रैल को ‘विश्व हीमोफिलिया दिवस’ (World Hemophilia Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य हीमोफिलिया और रक्तस्राव विकारों के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाना है. हीमोफिलिया के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए 1989 से विश्व हीमोफीलिया दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी. इस वर्ष विश्व हीमोफिलिया दिवस का 31वाँ संस्करण है.
इस वर्ष यानी 2020 में विश्व हीमोफिलिया दिवस का विषय (थीम) “Get + Involved” है.
फ्रैंक शनाबेल का जन्म दिन
यह दिवस फ्रैंक शनाबेल (Frank Schnabel) के जन्म दिन पर मनाया जाता है. फ्रैंक की 1987 में संक्रमित खून के कारण एड्स होने से मौत हो गई थी. फ्रैंक शनाबेल ने 1963 में वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ हेमोफीलिया (WFH) की स्थापना की थी. WFH एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जो इस रोग से ग्रस्त मरीजों का जीवन बेहतर बनाने की दिशा में काम करता है.
क्या है हीमोफिलिया?
हीमोफीलिया को ‘ब्रिटिश रॉयल डिजीज’ के नाम से भी जाना जाता है. यह एक आनुवांशिक बीमारी है, जिसमें खून का थक्का बनने की प्रक्रिया बाधित होती है. इसमें क्रोमोजोम की कार्य प्रणाली बिगड़ने से रक्तस्राव बहुत तेज होता है. अधिकतर यह बीमारी पुरुषों में पाई जाती है.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
खाद्यान्न को पहुंचाने के लिए अन्नपूर्णा रेल: भारतीय रेलवे देश भर में खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं को पहुंचाने के लिए ‘अन्नपूर्णा रेल’ चला रही है. रेलवे ने 88 कोच की अन्नपूर्णा रेल चलाकर इतिहास बनाया है. अन्नपूर्णा मालगाड़ी ने दस जरूरतमंद राज्यों को तुरंत खाद्यान्न पहुंचाया है. यह पहली बार है, जब रेलवे ने इतने बड़े पैमाने पर खाद्यान्न का परिवहन किया. यह पिछले साल की तुलना में 137 से प्रतिशत अधिक है.
कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन ने सरकार को पांच सूत्री सुझाव दिया: जाने माने कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन ने किसानों की सहायता के लिए केन्द्र और राज्य सरकारों को पांच सूत्री रणनीति का सुझाव दिया है. डॉ. स्वामीनाथन ने कहा कि किसानों को खेतों और पौधों को स्वस्थ रखने तथा बीमारियों के बारे में सावधान करने के लिए परामर्श मिलता रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि शीत भंडारण तथा अन्य सुविधाओँ से किसानों को बाजार खुलने तक अपने उत्पाद ताजा रखने में मदद मिलेगी.
55 देशों को मलेरिया-रोधी HCQ भेजने का फैसला: भारत ने 55 देशों को मलेरिया-रोधी दवाई हाइड्रोक्सी क्लोरोक्वीन (HCQ) भेजने का फैसला किया है. इनमें से 21 देशों को वाणिज्यिक आधार पर दवाई भेजी जाएगी, जबकि अन्य देशों को अनुदान के रूप में दी जाएगी. भारत जल्द ही दक्षिण कोरिया से कोविड-19 जांच किट प्राप्त करेगा.
ब्रिटेन में 7 मई तक लॉकडाउन: ब्रिटेन सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने के उपाय के रूप में देश में लॉकडाउन की अवधि 7 मई तक बढा दी है. इस बीच, ब्रिटेन में इस महामारी से मृतकों की संख्या करीब 14000 है.
मालदीव में लॉकडाउन: मालदीव की राजधानी माले में चार और लोगों में कोविड-19 का संक्रमण पाये जाने के बाद वहां लॉकडाउन लागू कर दिया गया है. माले में कोविड-19 के पहले सामुदायिक मामले की पुष्टि होने के बाद कड़े कदम उठाने का फैसला लिया गया है. इस व्यक्ति के संपर्क में आने वाले चार और लोगों में भी कल संक्रमण की पुष्टि हुई है.
