डेली कर्रेंट अफेयर्स
यूरोपीय संसद ने ब्रिटेन के ब्रेक्जिट समझौते को मंजूरी दी
यूरोपीय संसद ने ब्रिटेन के ब्रेक्जिट समझौते को भारी बहुमत से मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के अलग होने की अंतिम बाधा भी समाप्त हो गई है. बेक्जिट समझौते के पक्ष में 621 मत पड़े जबकि विरोध में केवल 49 सदस्यों ने वोट किया. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने यूरोपीय संघ के 27 नेताओं के साथ इस समझौते पर बात की थी.
अब लंदन के समय के अऩुसार 31 जनवरी के रात 11 बजे ब्रिटेन यूरोप से अलग हो जाएगा, लेकिन इस वर्ष के अंत तक यूरोपीय संघ के साथ उसके आर्थिक समझौते जारी रहेंगे.
ब्रिटेन यूरोपीय संघ से अलग होने वाला पहला देश है और उसके अलग होने के बाद अब यूरोपीय संघ के सदस्य देशों की संख्या 27 रह गई है.
ब्रेक्जिट क्या है?
ब्रेक्जिट (Britain Exit यानी Brexit) का अर्थ है ब्रिटेन का यूरोपीय संघ से एक्ज़िट (बाहर निकलना). ब्रिटेन की जनता ने 23 जून 2016 को हुए एक जनमत सर्वेक्षण में यूरोपीय संघ से बाहर निकलने के पक्ष में मतदान किया था.
यूरोपीय संघ (EU) क्या है?
यूरोपियन संघ (European Union) यूरोप में स्थित 28 देशों का एक राजनैतिक एवं आर्थिक मंच है. इन देशों में आपस में प्रशासकीय साझेदारी होती है. इन सदस्य राष्ट्रों को एकल बाजार के रूप में मान्यता देता है. यूरोपिय संघ ने 1999 में साझी मुद्रा ‘यूरो’ की शुरुआत की जिसे पंद्रह सदस्य देशों ने अपनाया.
मंत्रिमंडल ने ‘चिकित्सा गर्भपात संशोधन विधेयक 2020’ को मंजूरी दी
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 29 जनवरी को ‘चिकित्सा गर्भपात संशोधन विधेयक 2020’ को मंजूरी दी. इसके अंतर्गत गर्भपात अधिनियम-1971 में संशोधन की व्यवस्था की गई है. विधेयक में गर्भपात कराने की अधिकतम अवधि 20 सप्ताह से बढ़ाकर 24 सप्ताह करने का प्रावधान किया गया है. यह विधेयक संसद के आगामी सत्र में पेश किया जाएगा.
विधेयक में गर्भावस्था के 20 सप्ताह तक गर्भपात कराने के लिए एक चिकित्सक की राय और 20 से 24 सप्ताह तक गर्भपात कराने के लिए दो चिकित्सकों की राय लेना अनिवार्य करने का प्रस्ताव है. दो चिकित्सकों में से एक सरकारी चिकित्सक होना जरूरी है.
नौसेना ने मेडागास्कर में चक्रवात डायने से प्रभावित लोगों को राहत के लिये ऑपरेशन वनीला शुरू की
भारतीय नौसेना ने मेडागास्कर में चक्रवात डायने से प्रभावित लोगों को सहायता और राहत उपलब्ध कराने के लिये ऑपरेशन वनीला (Operation Vanilla) की शुरुआत की है. इस चक्रवात के कारण मेडागास्कर में बाढ़ एवं भूस्खलन जैसी आपदाएँ आई, जिनके परिणामस्वरूप कई लोगों की मौत हो गयी और काफी लोग विस्थापित हो गये थे. भारतीय नौसेना ‘ऑपरेशन वनीला’ के तहत अपने पोत ‘INS ऐरावत’ को इस मिशन में लगाया गया है. चक्रवात डायने (Diane) एक उष्णकटिबंधीय चक्रवात है, इसका उद्भव हाल ही में दक्षिणी हिंद महासागर में हुआ था.
मेडागास्कर: एक दृष्टि
- मेडागास्कर, हिंद महासागर का एक द्वीपीय देश है. यह विश्व का चौथा सबसे बड़ा द्वीप है.
- मेडागास्कर, हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (Indian Ocean Rim Association- IORA) का सदस्य है.
- मेडागास्कर को भारत द्वारा दी गई सहायता भारतीय नौसेना के विदेशी सहयोग पहल का हिस्सा है जो भारतीय प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण ‘सागर’ के अनुरूप है.
भारतीय साइकिलिस्ट एसो अल्बेन ने बर्लिन टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता
भारतीय साइकिलिस्ट एसो अल्बेन ने बर्लिन टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया. 18 साल के इस साइकिलिस्ट ने 27 जनवरी को 20 क्लासिफिकेशन अंक हासिल किया जिससे वह तालिका में शीर्ष पर रहे. एसो ने छह दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के कीरिन व्यक्तिगत स्पर्धा में यह पदक हासिल किया. इस स्पर्धा के दूसरे दिन एसो ने कांस्य जबकि चौथे दिन रजत पदक जीता था.
चेक गणराज्य के थामस बाबेक इस प्रतियोगिता में दूसरे जबकि जर्मनी के मैक्सिमिलियन लेव तीसरे स्थान पर रहे. छह दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में साइकिलिस्टो को हर दिन प्रतिस्पर्धा में भाग लेना होता है.
30 जनवरी: शहीद दिवस, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 72वीं पुण्यतिथि
प्रत्येक वर्ष 30 जनवरी को शहीद दिवस मनाया जाता है. 1948 में आज ही के दिन उनकी हत्या कर दी गई थी. देश के स्वतंत्रता, कल्याण और प्रगति के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों की याद में यह दिन शहीद दिवस (शहादत दिवस) मनाया जाता है. भारत में 23 मार्च को भी शहीद दिवस मनाया जाता है क्योंकि उसी दिन भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दी गई थी.
शहीद दिवस पर महात्मा गांधी और उन अनगिनत स्वतन्त्रता सेनानियों को कृतज्ञता के साथ याद किया जाता है जिन्होंने हमारी आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया था.
महात्मा गांधी: मुख्य तथ्यों पर एक दृष्टि
- महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था.
- गांधीजी ने अपनी शुरुआती शिक्षा गुजरात से उच्च शिक्षा बॉम्बे यूनिवर्सिटी से ली थी. उन्होंने वकालत की पढ़ाई लंदन में की थी.
- 1893 में गांधीजी दक्षिण अफ्रीका गए थे. वहां वह भेद-भाव के शिकार हुए.
- 1915 में भारत लौटे और अपना पूरा जीवन भारत के स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित कर दिया.
- 1918 में शुरू किया गया चंपारण आंदोलन भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी पहली उपलब्धि थी.
- 1920 में उन्होंने असहयोग आंदोलन चलाया था. इस आंदोलन के दौरान हिंसा की कुछ घटना के कारण इसे असफल माना गया.
- 1930 में गांधीजी ने सिविल अवज्ञा आंदोलन चलाया जिसे दांडी यात्रा के नाम से जाना जाता है.
- 1942 में उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन चलाया और जिसे उनके जीवन का सबसे सफल और सबसे बड़ा आंदोलन कहा जाता है.
जनवरी माह का अंतिम रविवार: विश्व कुष्ठ उन्मूलन दिवस
प्रत्येक वर्ष जनवरी के अंतिम रविवार को विश्व कुष्ठ उन्मूलन दिवस (World Leprosy Day) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य, कुष्ठ रोग से पीड़ित लोगों की सहायता तथा इस रोग से पीड़ित लोगों की देखभाल करने वाले व्यक्तियों को प्रशिक्षित करने के बारे में जागरूकता पैदा करना हैं.
कुष्ठरोग क्या है?
कुष्ठ रोग माइकोबैक्टीरियम लेप्री (बैक्टीरिया) के कारण होने वाला एक रोग है. इसके परिणामस्वरूप त्वचा पर घाव हो जाते हैं तथा हाथों और पैरों की तंत्रिकाएं क्षतिग्रस्त हो जाती हैं. इस रोग को हैन्सेन का रोग (इस रोग के बैक्टीरिया की खोज़ करने वाले चिकित्सक डॉ. आर्मोर हैन्सेन के नाम रखा गया है) के रूप में भी जाना जाता है. कुष्ठ रोग को मल्टी ड्रग थेरेपी (MTD) द्वारा उपचारित किया जा सकता हैं.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
34वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन: फरीदाबाद के सूरजकुंड में 1 से 16 फरवरी तक ‘अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला’ का आयोजन किया जा रहा है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस मेले का उदघाटन करेंगे. इस बार मेला में पार्टनर-कंट्री उज्बेकिस्तान होगा. वहीं थीम-स्टेट के रूप में हिमाचल प्रदेश हिस्सा लेगा.
हर्षवर्धन श्रृंगला भारत के विदेश सचिव नियुक्त किये गये: हर्षवर्धन श्रृंगला भारत के अगले विदेश सचिव नियुक्त किये गये हैं. उन्होंने 29 जनवरी को विजय गोखले की जगह कार्यभार संभाला. श्रृंगला इससे पहले अमेरिका में भारत के राजदूत पद पर कार्यरत थे. तरनजीत संधू, हर्षवर्धन श्रृंगला की जगह अमेरिका में भारत के राजदूत नियुक्त किये गये हैं.
NDFB ने अपने हथियार सौंपे: असम में नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (NDFB) के चारों गुटों के 1615 सदस्यों ने गुवाहाटी में मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के समक्ष अपने हथियार सौंप दिए. इससे पहले हाल में NDFB ने केन्द्र और असम सरकार के साथ नई दिल्ली में त्रिपक्षीय शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. समझौते के अनुसार बोडोलैंड क्षेत्र के विकास के लिए अगले तीन वर्षों में डेढ़ हजार करोड़ रूपये का वित्तीय पैकेज दिया जायेगा.
यूरोपीय संसद में भारत के CAA के विरुद्ध प्रस्ताव पर मतदान स्थगित: यूरोपीय संसद ने भारत के नये नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरुद्ध प्रस्ताव पर मतदान स्थगित करने का निर्णय लिया है. यूरोपीय संघ के सांसद इस अधिनियम पर विदेश मंत्री एस जयशंकर से सही जानकारी लिये जाने तक मतदान स्थगित करने पर सहमत हो गये हैं.
