डेली कर्रेंट अफेयर्स
अमेरिका ने अंतरिक्ष बल का गठन किया, अमेरिकी सेना का छठा आधिकारिक बल होगा
अमेरिका ने हाल ही में ‘अंतरिक्ष बल’ (Space Force) के गठन की घोषणा की है. यह अंतरिक्ष बल अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के तहत कार्य करेगा. इसके गठन के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘राष्ट्रीय रक्षा प्राधिकरण कानून 2020’ पर हस्ताक्षर किया है.
अंतरिक्ष बल अमेरिकी सेना का छठा आधिकारिक बल होगा. अन्य बलों में थलसेना, वायुसेना, नौसेना, मरीन और तटरक्षक बल शामिल हैं. यह कानून पेंटागन बल के लिए शुरुआती बजट तय करेगा जो सेना की पांच अन्य शाखाओं के लिए बराबर होगी.
अंतरिक्ष बल के गठन के उद्देश्य
- अमेरिका ने चीन और रूस से लगातार मिल रही 21वीं सदी की सामरिक चुनौतियों के काट के लिए ‘अंतरिक्ष बल’ का गठन किया है. अंतरिक्ष विश्व का नया युद्ध क्षेत्र है. अमेरिकी अंतरिक्ष बल स्टार वार में यानि उपग्रह रोधी हथियार और उपग्रहों को मार गिराने वाले हथियारों के लिहाज से अपने वर्चस्व को कायम रखेगा.
- अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने कहा है कि अंतरिक्षीय क्षमताओं पर हमारी निर्भरता बहुत तेजी से बढ़ी है और आज बाहरी अंतरिक्ष अपने आप में किसी युद्ध क्षेत्र में तब्दील हो गया है. उन्होंने कहा कि उस क्षेत्र में अमेरिकी वर्चस्व को बरकरार रखना अब अमेरिकी अंतरिक्ष बल का मिशन है.
- वर्ष 2003 के बाद से चीन का अंतरिक्ष कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ा है. फरवरी 2019 में पेंटागन ने एक रिपोर्ट में कहा था कि चीन और रूस ने ऐसी प्रौद्योगिकी विकसित करने के लिए बड़े प्रयास शुरू कर दिए हैं जिनकी मदद से वे संघर्ष के हालात में अमेरिका और उसके सहयोगियों के उपग्रहों को नष्ट कर सकते हैं या उनमें गड़बड़ी पैदा कर सकते हैं.
चीन की प्रतिक्रिया
अंतरिक्ष में एक ताकत के रूप में उभर रहे चीन ने अमेरिकी अंतरिक्ष बल के गठन को अंतरिक्ष में शांति और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा बताया है. चीन ने इसे अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण इस्तेमाल पर अन्तर्राष्ट्रीय आम सहमति का गंभीर उल्लंघन और अंतरिक्ष में शांति तथा सुरक्षा के लिए सीधा खतरा बताया है.
66वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: गुजराती फिल्म हिलारो को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया
66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (66th National Film Awards) 23 दिसम्बर को प्रदान किये गये. ये पुरस्कार उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने नई दिल्ली में प्रदान किये.
मुख्य पुरस्कारों की सूची
सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म: गुजराती फिल्म ‘हिलारो’
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता: आयुष्मान खुराना (फिल्म ‘अंधाधुन’) और विक्की कौशल (फिल्म ‘उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक’)
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री: कीर्ति सुरेश (तेलुगु फिल्म ‘महानटी’)
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक: आदित्य धर (फिल्म ‘उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक’)
सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म: अंधाधुन
सर्वाधिक लोकप्रिय फिल्म: बधाई हो
अन्य पुरस्कारों की सूची
सामाजिक मुद्दों को उठाने वाली सर्वश्रेष्ठ फिल्म: पैडमैन (अक्षय कुमार)
सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक: संजय लीला भंसाली (फिल्म्ा पद्मावत के घूमर गाने के लिए)
सर्वश्रेष्ठ गायिका: बिंधू मालिनी (कन्नड़ फिल्म नातीचरामी के गीत मायावी मनावे के लिए)
सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायक: अरिजीत सिंह (पद्मावत के गाने के लिए)
सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका: बिंदु मालिनी
सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री: सुरेखा सीकरी (फिल्म बधाई हो)
सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता: स्वानंद किरकरे (मराठी फिल्म चुम्बक के लिए)
पर्यावरण संरक्षण पर बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म: पानी (मराठी फिल्म)
सर्वश्रेष्ठ श्रेणी में नर्गिस दत्त पुरस्कार: ओनडाला इराडाला (कन्नड़ फिल्म ओनडाला इराडाला को राष्ट्रीय एकीकरण के लिए)
फिल्मों के लिए सबसे पसंदीदा राज्य: उत्तराखंड
सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म: विभा बक्शी द्वारा निर्देशित ‘सनराईज़ एंड द सिक्रेट लाइफ ऑफ फ्रॉग्स’
विज्ञान और प्रोद्योगिकी पर बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म: एडिसन ऑफ इंडिया
राष्ट्रीय एकता पर बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म: कन्नड़ फिल्म ‘ओन्डला ऐराडल्ला’
राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार: एक दृष्टि
राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार फ़िल्मों के क्षेत्र में दिये जाने वाले भारत का सबसे पुराना पुरस्कार है, जो सन 1954 से दिया जा रहा है. यह पुरस्कार तीन खंडो मे प्रदान किये जाते है– फीचर फिल्म, गैर-फीचर फिल्म और सिनेमा पर श्रेष्ठ लेखन.
एश्ले बार्टी और राफेल नडाल वर्ष 2019 के विश्व चैंपियन पुरस्कार से सम्मानित किये गये
अन्तर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (ITF) ने ऑस्ट्रेलिया की टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी और स्पेन के राफेल नडाल को वर्ष 2019 विश्व चैंपियन पुरस्कार से सम्मानित किया है. 23 साल की बार्टी वर्ष 2019 में नंबर वन रैंकिंग पर रही थीं.
पुरूष वर्ग में नडाल को लगातार चौथी बार विश्व चैंपियन चुना गया. उन्होंने वर्ष का समापन नंबर वन रैंकिंग के साथ किया था और दो ग्रैंड स्लेम अपने नाम किए. ये पुरस्कार 2 जून को 2020 ITF विश्व चैंपियन कार्यक्रम में पेरिस में दिए जाएंगे.
23 दिसम्बर: राष्ट्रीय किसान दिवस
प्रत्येक वर्ष 23 दिसम्बर को भारत में राष्ट्रीय किसान दिवस (National Farmers Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य किसानों के योगदान को सराहना, सम्मान देना और देश में इस अवसर पर किसान जागरूकता को लेकर कार्यक्रम आयोजित करना है.
यह दिवस देश के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिन पर मनाया जाता है. उनका जन्म इसी दिन 1902 में हुआ था. चौधरी चरण सिंह खुद एक किसान परिवार से थे. भारतीय किसानों की स्थिति में सुधार लाने का श्रेय उन्हें जाता है. भारत सरकार ने 2001 में किसान दिवस मनाये जाने का निर्णय लिया था.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
विदेश मंत्री ईरान यात्रा पर: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 22 दिसम्बर को तेहरान में ईरान के विदेश मंत्री के साथ 19वें संयुक्त आयोग की सह अध्यक्षता की. बैठक में सहयोग की सभी पहलुओं की समीक्षा की गई. दोनों देशों ने चाबहार परियोजना पर सहयोग बढाने की सहमति व्यक्त की. श्री जयशंकर दो दिन की ईरान यात्रा पर हैं.
FATF ने प्रपाकिस्तान से स्पष्टीकरण मांगे: आतंकवादियों को धन मुहैया कराने की निगरानी करने वाली वैश्विक संस्था फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) ने प्रतिबंधित गुटों से जुड़े मदरसों के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में पाकिस्तान से स्पष्टीकरण और आंकड़े मांगे हैं. आतंकवाद और धन शोधन पर लगाम लगाने के लिए पाकिस्तान सरकार के उठाये गये कदमों पर सौंपी गयी एक रिपोर्ट के बाद यह स्पष्टीकरण मांगा गया है. FATF ने फरवरी 2020 तक पाकिस्तान को ग्रे सूची में रखा है.
