डेली कर्रेंट अफेयर्स
फीफा ने बेल्जियम को वर्ष 2019 की ‘सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल टीम’ के पुरस्कार से सम्मानित किया
फुटबॉल की नियामक संस्था (फीफा) ने बेल्जियम को वर्ष 2019 की सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल टीम के पुरस्कार से सम्मानित किया है. बेल्जियम को लगातार दूसरी बार इस सम्मान से सम्मानित किया गया है. इससे पहले वह 2015 और 2018 साल की सर्वश्रेष्ठ टीम का पुरस्कार जीत चुका है. बेल्जियम ने 2019 के सभी अपने 10 A-स्तर के मैच जीते हैं और उसने यूएफा यूरो-2020 के लिए क्वॉलिफाई किया है.
फीफा वर्ल्ड रैंकिंग्स
बेल्जियम इस समय फीफा वर्ल्ड रैंकिंग्स में शीर्ष पायदान पर, वर्ल्ड चैंपियन फ्रांस दूसरे और ब्राजील तीसरे पायदान पर हैं. फीफा के शीर्ष तीन रैंकिंग्स में कोई बदलाव नहीं हुआ है लेकिन टॉप पांच में बदलाव हुआ है. इंग्लैंड एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गया है जबकि उरुग्वे दो पायदान ऊपर उठकर पांचवें स्थान पर है.
मूवर ऑफ द इयर 2019
फीफा ने बेल्जियम के अलावा एशियाई चैंपियन कतर को ‘मूवर ऑफ द इयर-2019’ के पुरस्कार के लिए चुना है. कतर ने दिसंबर 2018 की फीफा रैंकिंग्स के बाद से 25 मैचों में 138 अंक हासिल किए हैं. कतर ने इन 25 मैचों में 16 जीते, 2 ड्रॉ खेले और सात हार गये. कतर ने अपनी रैंकिंग्स में 38 स्थानों का सुधार किया है और वह इस समय 55वें पायदान पर है.
चाबहार बंदरगाह के प्रबंधन समझौते के कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए नई दिल्ली में बैठक
चाबहार बंदरगाह के विकास और प्रबंधन समझौते के कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए 20 दिसम्बर को नई दिल्ली में बैठक हुई. इस बैठक में भारत, अफगानिस्तान और ईरान के अधिकारियों ने भाग लिया. इस बैठक में तीनों देशों ने इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड द्वारा दिसंबर 2018 में बंदरगाह का कामकाज संभालने के बाद हुई प्रगति का स्वागत किया है.
इस बैठक में पारगमन, परिवहन, सीमा शुल्क और परामर्श सेवा मामलों को आसान बनाने के तौर-तरीकों को अंतिम रूप देने पर सहमति हुई. चाबहार बंदरगाह को लोकप्रिय बनाने के लिए अफगानिस्तान और भारत में प्रचार और व्यापार कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी.
चाबहार बंदरगाह: एक दृष्टि
- चाबहार बंदरगाह (Chabahar Port) दक्षिण-पूर्वी ईरान में स्थित ओमान की खाड़ी के तट एक बंदरगाह है. यह पाकिस्तान के गवादर बंदरगाह के पश्चिम की तरफ मात्र 72 किलोमीटर की दूरी पर हैं. इस बंदरगाह का विकास भारत के सहयोग से किया गया है.
- इस बंदरगाह की भौगोलिक स्थिति इस प्रकार है कि पाकिस्तान के रास्ते का उपयोग किये बिना भारत अफगानिस्तान, यूरोप तथा मध्य एशिया के साथ व्यापर कर सकता है. भारत ने मई 2016 में ईरान और अफगानिस्तान के साथ एक त्रिपक्षीय कनेक्टिविटी समझौते पर हस्ताक्षर था.
- चाबहार बंदरगाह के पहले चरण (शाहिद बेहेश्ती) के क्रियान्वयन के लिए समझौते पर हस्ताक्षर फरवरी, 2018 किये गये थे. इस समझौते के तहत भारतीय कंपनी ‘इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड’ इसके संचालन का अंतरिम प्रभार दिया गया था.
ब्रेग्जिट के विधेयक ब्रिटेन की संसद के निचले सदन में पारित हुआ
ब्रिटेन की संसद के निचले सदन ‘हाउस ऑफ कॉमंस’ ने यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के अलग होने (ब्रेग्जिट) के प्रस्ताव की प्रारंभिक अनुमति दे दी. प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन द्वारा प्रस्तुत इस प्रस्ताव के पक्ष में 358 मत पड़े जबकि विरोध में 234 सांसदों ने वोट दिया. इसके साथ ही 31 जनवरी, 2020 से ईयू से ब्रिटेन के अलगाव का रास्ता साफ हो गया.
उल्लेखनीय है कि पूर्ववर्ती कंजरवेटिव सरकार बहुमत के अभाव में इस प्रस्ताव को संसद में पारित कराने में चार बार विफल रही थी. तीन बार विफल रहने पर तत्कालीन प्रधानमंत्री टेरीजा मे को पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
66वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 23 दिसम्बर को प्रदान किये जायेंगे. उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू नई दिल्ली में ये पुरस्कार देंगे. गुजराती फिल्म ‘हिलारो’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया जाएगा. आयुष्मान खुराना को फिल्म ‘अंधाधुन’ और विक्की कौशल को ‘उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक’ फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया जाएगा.
कतर अंतर्राष्ट्रीय भारोत्तोलन कप: 6ठा कतर अंतर्राष्ट्रीय भारोत्तोलन कप (6th Qatar Weightlifting International Cup) दोहा में 19 से 24 दिसम्बर तक खेला जा रहा है. इस प्रतियोगिता में पूर्व विश्व चैम्पियन साईखोम मीराबाई चानू ने महिलाओं के 49 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता. पुरुषों के 67 किग्रा वर्ग में भारत के जेरेमी लालरिनुंगा ने कुल 306 किलोग्राम का वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया.
चिर्चित पुस्तक: उपराष्ट्रपति एम वैंकैया नायडू ने नई दिल्ली में 20 दिसम्बर को राहुल अग्रवाल और भारती एस. प्रधान द्वारा लिखित पुस्तक टर्बुलेंस एंड ट्रियम्फ–द मोदी ईयर्स का विमोचन किया. श्री नायडू ने कहा कि विचारों का मतभेद ही लोकतंत्र की मूल भावना है, लेकिन लोगों को इसके लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जताना चाहिए.
महात्मा गांधी की विरासत के लिए अमेरिका में विधेयक: अमरीकी सांसद जॉन लेविस ने महात्मा गांधी और मार्टिन लूथर किंग जूनियर की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिनिधि सभा में विधेयक पेश किया है. इसके लिए, विधेयक में अगले पांच वर्ष के दौरान पन्द्रह करोड़ डॉलर आवंटित करने की मांग की गई है. प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैन्सी पैलोसी का समर्थन प्राप्त यह विधेयक महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर अमरीकी संसद की ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है.
सीरिया मानवीय सहायता पर रूस और चीन का वीटो: सीरिया के चालीस लाख लोगों को मानवीय सहायता एक वर्ष के लिए और बढ़ाने के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव को रूस और चीन ने वीटो का इस्तेमाल कर रोक दिया है. फिलहाल, सीरिया में मानवीय सहायता संयुक्त राष्ट्र के जांच केन्द्रों से होकर पहुंचाई जाती है और इसके लिए सीरिया सरकार की अनुमति नहीं लेनी होती.
