डेली कर्रेंट अफेयर्स
पुर्तगाल के प्रधानमंत्री भारत की यात्रा, गांधी नागरिकता शिक्षा पुरस्कार आरंभ करने की घोषणा
पुर्तगाल के प्रधानमंत्री अन्तोनियो कोस्ता ने 19-20 दिसम्बर को भारत की यात्रा की. अक्टूबर 2019 में फिर से प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री कोस्टा की यूरोप से बाहर यह पहली द्विपक्षीय यात्रा थी.
इस यात्रा के क्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता बैठक की. ये तीन साल के भीतर दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच तीसरी आधिकारिक बैठक थी. इस वार्ता में दोनों नेताओं के बीच रक्षा, विज्ञान और तकनीक तथा व्यापार सहित विभिन्न मुद्दों पर संबंधों को मजबूत बनाने के विषय पर बातचीत हुई.
भारत की इस यात्रा के दौरान एंटोनियो कोस्टा ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर आयोजित समारोह की आयोजन समिति की दूसरी बैठक में भी हिस्सा लिया.
पुर्तगाल ने गांधी नागरिकता शिक्षा पुरस्कार आरंभ करने की घोषणा की
पुर्तगाल के प्रधानमंत्री अंतोनियो कोस्टा ने महात्मा गांधी के आदर्शों को शाश्वत बनाए रखने के लिए उनके विचारों और उद्धरणों से प्रेरित गांधी नागरिकता शिक्षा पुरस्कार आरंभ करने की घोषणा की है. यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष प्रदान किया जाएगा. पहले वर्ष का पुरस्कार ‘पशु कल्याण’ के लिए समर्पित होगा.
दमन और दीव तथा दादरा और नागर हवेली 26 जनवरी 2020 से एक केन्द्रशासित प्रदेश होंगे
दमन और दीव तथा दादरा और नागर हवेली का 26 जनवरी 2020 को औपचारिक रूप से विलय हो जायेगा. इस तिथि से ये दोनों केन्द्रशासित प्रदेशों का विलय प्रभावी हो जायेगा. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इन दोनों के विलय के लिए 19 दिसम्बर को अधिसूचना जारी की.
लोकसभा और राज्यसभा ने हाल ही में दादरा और नागर हवेली तथा दमन और दीव (केन्द्रशासित प्रदेशों का विलय) विधेयक, 2019 पारित किया था. एकीकृत केन्द्रशासित प्रदेश का नाम ‘दादरा और नागर हवेली तथा दमन और दीव’ होगा. विलय के बाद भी मुम्बई उच्च न्यायालय का विस्तार दादरा और नागर हवेली तथा दमन और दीव केन्द्रशासित प्रदेश तक बना रहेगा.
देश में केन्द्रशासित प्रदेशों की संख्या घटकर आठ हो जाएगी
वर्तमान में देश में जम्मू और कश्मीर और लद्दाख के केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद देश में कुल नौ केंद्रशासित प्रदेश हैं. दमन और दीव तथा दादरा और नागर हवेली के विलय के बाद इनकी संख्या घटकर आठ हो जाएगी.
पूर्व न्यायाधीश सीवी रामुलु तेलंगाना के प्रथम लोकायुक्त पद पर नियुक्त किये गये
तेलंगाना के प्रथम लोकायुक्त के रूप में उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश सीवी रामुलु की नियुक्ति की गयी है. इस राज्य के उप-लोकायुक्त पद पर पूर्व विधि सचिव वी निरंजन राव की नियुक्ति की गयी है. राज्य मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष पद पर पूर्व न्यायाधीश जी चंद्रैया को नियुक्त किया गया है.
मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की अध्यक्षता में नियुक्ति समिति ने इन नियुक्ति प्रस्ताव को राज्यपाल तमिलिसई सुन्दरराजन को मंजूरी के लिए भेजा था. तेलंगाना राज्य के गठन के बाद यह पहला मौका है जब राज्य सरकार ने लोकायुक्त और मानवाधिकार आयोग का गठन किया है.
सेतुरमन पंचनाथन अमेरिका में प्रतिष्ठित नेशनल साइंस फाउंडेशन के निदेशक चुने गये
अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भारतीय-अमरीकी कंप्यूटर वैज्ञानिक सेतुरमन पंचनाथन को प्रतिष्ठित नेशनल साइंस फाउंडेशन (NSF) का निदेशक चुना है. पंचनाथन फ्रांस कोर्डोवा का स्थान लेंगे, जिनका निदेशक के रूप में छह साल का कार्यकाल 2020 में समाप्त होगा.
NSF एक अमरीकी सरकारी एजेंसी है जो विज्ञान और इंजीनियरिंग के सभी गैर-चिकित्सा क्षेत्रों में मौलिक अनुसंधान और शिक्षा में मदद करती है.
सेतुरमन पंचनाथन वर्तमान में एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी में कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य अनुसंधान और नवाचार अधिकारी हैं. इसके अलावा वह ASU में सेंटर फॉर कॉग्निटिव यूबिकिटस कंप्यूटिंग के संस्थापक निदेशक भी हैं.
भारत ने पिनाका और QR-SAM प्रणाली का सफल परीक्षण किया
भारत ने 19 दिसम्बर को दो मिसाइलों का सफल प्रायोगिक परीक्षण किया. ये परीक्षण ओड़ीसा में चांदीपुर से परीक्षण केंद्र से किया गया. परीक्षण में स्वदेश में विकसित पिनाका और सतह से हवा में मार करने वाली त्वरित कार्रवाई मिसाइल प्रणाली (QR-SAM) का परीक्षण किया गया. पिनाक और QR-SAM प्रणाली का परीक्षण निर्धारित लक्ष्य हासिल कर पूरी तरह सटीक साबित हुआ.
इस परीक्षण में पिनाक निर्देशित रॉकेट प्रणाली के उन्नत संस्करण का परीक्षण रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के प्रूफ और प्रायोगिक स्थापना परीक्षण केंद्र से किया गया. जबकि सतह से हवा में मार करने वाली त्वरित कार्रवाई मिसाइल (QR-SAM) एकीकृत परीक्षण केंद्र के प्रक्षेपण परिसर में मोबाइल लॉंचर से प्रक्षेपित की गई.
पिनाका:
पिनाका देश में तैयार मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्च (MBRL) प्रणाली है. भारतीय सेना के लिए इसका विकास रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने किया है. पिनाक प्रणाली के मार्क-दो संस्करण की अधिकतम मारक क्षमता 75 किलोमीटर है और यह 45 सेकेंड से कम समय में ही इकट्ठे 12 रॉकेटों को निशाना बना सकती है.
QR-SAM:
सतह से हवा में मार करने वाली त्वरित कार्रवाई प्रणाली भी दो वाहनों के साथ लगभग 25 से 30 किलोमीटर के दायरे में एक साथ कई निशाना लगा सकती है. यह दुश्मन की उन मिसाइलों को भी निशाना बनाने में कारगर साबित होगी जो नजदीक आकर अचानक गायब हो जाती हैं.
एसोचैम का शताब्दी वर्ष सम्मलेन नई दिल्ली में आयोजित किया गया
वाणिज्य और उद्योग मंडल (एसोचैम) का शताब्दी वर्ष सम्मलेन 20 दिसम्बर को नई दिल्ली में आयोजित किया गया. एसोचैम अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूरे कर रहा है. इस समारोह का विषय ‘नया भारत: पचास खरब डॉलर अर्थव्यवस्था की आकांक्षा’ था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मलेन में हिस्सा लिया. उन्होंने इस मौक़े पर एक स्मारक ड़ाक टिकट जारी किया. सम्मलेन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सही कदमों की बदौलत ही देश ने सिर्फ तीन सालों में ही 142 से 63 स्थान तक का सफ़र ईज़ ऑफ डूईंग बिज़नेस में तय किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत 10 सर्वश्रेष्ठ एफडीआई डेस्टीनेशन में से एक है और पिछले पांच सालों में पूरे विदेश निवेश का 50 फीसदी देश में निवेश हुआ है. मेक इन इंडिया को लेकर विनिर्माण क्षेत्र में भी सरकार तेज़ी से कदम बढ़ा रही है.
20 दिसम्बर: अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस
प्रत्येक वर्ष 20 दिसम्बर को पूरे विश्व अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस (International Human Solidarity Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों को विविधता में एकता का महत्व बताते हुए जागरूकता फैलाना है.
संयुक्त राष्ट्र ने एकता का संदेश देने के लिए 20 दिसम्बर को ‘अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस’ के रूप में मनाये जाने की घोषणा 22 दिसंबर 2005 को की थी.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
मेघालय ने इनर लाइन परमिट प्रणाली लागू करने का अनुरोध किया: मेघालय विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित कर केन्द्र सरकार से पूरे राज्य में इनर लाइन परमिट (ILP) प्रणाली लागू करने का अनुरोध किया है. इस प्रणाली को बंगाल ईस्टर्न फ्रंटीयर रेग्युलेशन, 1873 के अंतर्गत लागू किया जाता है. ILP भारत सरकार द्वारा जारी एक आधिकारिक यात्रा दस्तावेज है जो राज्य के बाहर से आने वाले भारतीय नागरिकों को राज्य में प्रवेश के लिए ये परमिट लेना अनिवार्य करता है.
भारत कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को जल्द हासिल करने वाला प्रमुख देश: पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि भारत पेरिस समझौते के तहत कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को जल्द हासिल करने वाला प्रमुख देश है. उन्होंने कहा कि भारत के लिए कार्बन उत्सर्जन का स्तर 35 प्रतिशत तक घटाने का लक्ष्य था और हम अब तक स्तर 21 प्रतिशत तक कम कर चुके हैं. श्री जावड़ेकर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के भारत के प्रयास की हाल ही में सम्पन्न संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के 25वें अधिवेशन में सराहना की गई थी.
हमबनटोटा बंदरगाह का उपयोग सैन्य पोत के लिए नहीं: श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबय राजपक्ष ने कहा है कि वे चीन के साथ हुए हमबनटोटा बंदरगाह सौदे के सुरक्षा पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है ताकि इस पर सरकार का ही नियंत्रण रहे. श्री गोटाबय ने कहा कि इस प्रकार के बंदरगाह सामरिक महत्व के हैं और इनके बारे में सरकार को ही निर्णय लेना है कि किस देश के सैन्य पोत को इस बंदरगाह में आने दिया जाए. श्रीलंका के राष्ट्रपति ने भारत और जापान सहित दुनिया के अन्य देश को श्रीलंका में निवेश करने का आग्रह किया.
ताजा फीफा रैंकिंग में भारत 108वें स्थान पर: भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ताजा फीफा रैंकिंग में 108वें स्थान पर है. भारत 1187 अंकों के साथ एशियाई देशों में 19वें स्थान पर हैं, जबकि जापान एशियाई देशों में शीर्ष स्थान पर और विश्व रेंकिंग में 28 वें स्थान पर है.
