डेली कर्रेंट अफेयर्स
NCLAT ने साइरस मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन पद पर बहाल करने का आदेश दिया
नैशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्राइब्यूनल (NCLAT) ने साइरस मिस्त्री को टाटा सन्स के एग्जिक्युटिव चेयरमैन के पद पर बहाल करने का 18 दिसम्बर को आदेश दिया. साथ ही NCLAT ने मौजूदा एग्जिक्युटिव चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के इस पद पर नियुक्ति को गैरकानूनी बताया. NCLAT ने टाटा संस को अपील करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया गया है. NCLAT में यह याचिका मिस्त्री और दो इन्वेस्टमेंट फर्म की तरफ से दाखिल की गई थी.
साइरस मिस्त्री: एक दृष्टि
- साइरस मिस्त्री टाटा सन्स के छठे चेयरमैन थे. रतन टाटा के बाद उन्होंने 2012 में चेयरमैन का पदभार ग्रहण किया था. टाटा संस के निदेशक मंडल ने उन्हें इस पद से अक्टूबर 2016 में बर्खास्त कर दिया था.
- समूह के 150 साल के इतिहास में मिस्त्री चेयरमैन बनने वाले टाटा परिवार से बाहर के दूसरे व्यक्ति थे. उनके पहले 1934-38 के दौरान टाटा समूह से बाहर के नवरोजी सकलतवाला समूह के चेयरमैन थे.
ब्रिटेन के संसद हॉउस ऑफ कामन्स के लिए नये निर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली
ब्रिटेन के निचले सदन हॉउस ऑफ कामन्स के लिए नये निर्वाचित सदस्यों ने 17 दिसम्बर को शपथ ली. हॉउस ऑफ कामन्स के अधिकारिक रूप से स्पीकर चुने गये लिंडसे होयल ने सबसे पहले शपथ ली. परंपरा के अनुसार सबसे लंबे समय से रहे सांसद पीटर बोटमले को दूसरे नम्बर पर शपथ दिलाई गई उन्होंने लेबर पार्टी के अपदस्थ सांसद डेनिस स्किनर का स्थान लिया जिन्हें तथाकथित रूप से फादर ऑफ द हाउस कहा जाता था.
बोटमले के बाद प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शपथ ली. इसके बाद गृहमंत्री प्रीति पटेल, विदेश मंत्री डोमेनिक राब, लोर्ड चांसलर रोबर्ट बकलैंड और कॉमन्स के नेता जैकब रीसमोग ने शपथ ग्रहण किया. लेबर पार्टी के नेता जेरमी कोर्बिन शपथ लेने वाले लेबर पार्टी के पहले सदस्य रहे.
ब्रिटेन में हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में मौजूदा प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की कंजरवेटिव पार्टी ने बहुमत प्राप्त किया था. प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन यूरोपीय यूनियन से ब्रिटेन के अलग होने (ब्रेक्जिट) को प्राथमिकता देने की घोषणा की है. ब्रिटेन की जनता द्वारा जनमत संग्रह में ब्रेक्जिट का समर्थन करने के साढ़े तीन वर्ष से अधिक समय के बाद ब्रिटेन को अगले वर्ष 31 जनवरी 2020 को यूरोपीय संघ से अलग होना है.
जाने-माने फिल्म अभिनेता डॉक्टर श्रीराम लागू का निधन
जाने-माने अभिनेता डॉक्टर श्रीराम लागू का 17 दिसम्बर को पुणे में निधन हो गया. वे 92 वर्ष के थे. श्रीराम लागू ने आजादी के बाद महाराष्ट्र में रंगमंच आंदोलन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी. वे पेशे से डॉक्टर थे, 42 साल की उम्र में उन्होंने अभिनय को अपना पेशा बना लिया था.
नटसम्राट और हिमालयाची साओली जैसे मराठी नाटकों और मराठी फिल्म पिंजरा में अभिनय से उन्हें लोकप्रियता मिली. उन्होंने हिन्दी फिल्मों एक दिन अचानक, घरोंदा और लावारिस में भी यादगार भूमिका निभाई.
18 दिसम्बर: अन्तर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस
प्रत्येक वर्ष 18 दिसम्बर को दुनियाभर में ‘अन्तर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस’ (International Migrants Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य प्रवासी कामगारों से जुड़े आजादी के साथ काम और मानवाधिकार जैसे मुद्दे पर लोगों के विचार साझा करना है.
18 दिसंबर 1990 को एक अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अन्तर्राष्ट्रीय प्रवासी दिवस को मनाये जाने से संबंधित प्रस्ताव को स्वीकार किया था. यह सम्मेलन प्रवासी कामगारों और उनके परिवार के सदस्यों के अधिकार और सुरक्षा के लिए आयोजित की गई थी.
18 दिसंबर: अल्पसंख्यक अधिकार दिवस
प्रत्येक वर्ष 18 दिसंबर को विश्व में अल्पसंख्यक अधिकार दिवस (Minorities Rights Day) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य अल्पसंख्यक लोगों के अधिकारों की रक्षा करना है.
संयुक्त राष्ट्र ने 1992 में 18 दिसंबर को इस दिन के लिए चुना था. संयुक्त राष्ट्र ने तब कहा था कि देशों को अल्पसंख्यकों की संस्कृति, धर्म आदि की रक्षा करने के लिए कदम उठाने होंगे. ताकि उनका अस्तित्व खतरे में न आए. अल्पसंख्यक धर्म, भाषा, राष्ट्रीयता या जाति के आधार पर होते हैं.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
भारत-अमरीका दूसरा टू-प्लस-टू वार्ता: भारत और अमरीका के बीच मंत्री स्तरीय दूसरा टू-प्लस-टू वार्ता वाशिंग्टन में 18 दिसम्बर को आयोजित की जा रही है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बैठक में भारतीय पक्ष का नेतृत्व करेंगे. अमरीका की ओर से वहां के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ और रक्षा मंत्री मार्क एस्पर बातचीत में प्रतिनिधित्व करेंगे.
भारत-वेस्टइंडीज एक-दिवसीय क्रिकेट श्रृंखला: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन एक-दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का दूसरा मैच 18 दिसम्बर को विशाखापट्टनम में खेला गया. इस मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 107 रन से पराजित कर दिया. 387 रन के लक्ष्य को पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 43.3 ओवर में 280 रन ही बना सकी. इस सीरीज का पहला मैच वेस्टइंडीज़ ने जीता था.
महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती समारोह के आयोजनों के लिए गठित समिति की दूसरी बैठक की 19 दिसम्बर को नई दिल्ली में अध्यक्षता करेंगे. भारत यात्रा पर आ रहे पुतर्गाल के प्रधानमंत्री एन्टोनियो कोस्टा भी इस बैठक में शामिल होंगे. देश और विदेशों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के संदेशों के प्रचार के लिए सरकार उनकी 150वीं जयन्ती मना रही है.
GST परिषद की 38वीं बैठक: GST परिषद की 38वीं बैठक 18 दिसम्बर को नई दिल्ली में हुई. वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने बैठक की अध्यक्षता की. इस बैठक में राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए कराधान संरचना की समीक्षा की गयी. बैठक से पहले केन्द्र ने राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के लिए GST हर्जाने के रूप में 35 हजार 298 करोड़ रुपये जारी किए थे. वित्तमंत्री ने कहा कि प्रत्येक राज्य और केन्द्र के राजस्व विभाग को GST संग्रह बढ़ाने के लिए पूरे प्रयास करने होंगे.
44वां अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेला: 44वां अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेला 29 जनवरी से शुरू होगा. 12 दिन के इस मेले में देश के प्रकाशकों के अलावा विदेशों से 29 प्रकाशक भाग लेंगे. पुस्तक मेले में प्रसिद्ध समाज सुधारक ईश्वर चन्द्र विद्यासागर की 200वीं जयंती मनायी जायेगी.
तीन देशों के U-17 फुटबॉल टूर्नामेंट: भारतीय महिला फुटबॉल टीम तीन देशों के 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है. मुम्बई में 17 दिसम्बर को अंतिम लीग मैच में भारतीय टीम ने थाईलैंड को 1-0 से पराजित किया. फाइनल में कल भारत का मुकाबला स्वीडन से होगा. लीग मैच में भारत को स्वीडन से 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था.
