कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की भारत यात्रा
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी (Mark Carney) 27 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक की भारत यात्रा पर थे. यह मार्क कार्नी की प्रधानमंत्री के रूप में पहली भारत यात्रा थी. इसका मुख्य उद्देश्य पिछले कुछ सालों के कूटनीतिक विवादों को दरकिनार कर संबंधों को फिर से पटरी पर लाना था.
कार्नी ने अपनी यात्रा की शुरुआत मुंबई से की थी. यहाँ उन्होंने शीर्ष भारतीय उद्योगपतियों, सीईओ और वित्तीय विशेषज्ञों के साथ मुलाकात की और निवेश बढ़ाने पर जोर दिया.
दिल्ली के हैदराबाद हाउस में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की थी.
यात्रा से जुड़ी मुख्य उपलब्धियां
- पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के कार्यकाल के दौरान 2023 में भारत-कनाडा संबंधों में जो खटास आई थी, उसे पीछे छोड़कर एक नई शुरुआत के लिए यह यात्रा बेहद अहम रही.
- अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की सख्त टैरिफ और संरक्षणवादी नीतियों के कारण, कनाडा अपनी अर्थव्यवस्था को अमेरिका पर निर्भरता से मुक्त कर भारत जैसे तेजी से बढ़ते बाजारों की ओर मोड़ना चाहता है.
- दोनों देशों ने इस साल के अंत तक व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA – Comprehensive Economic Partnership Agreement) को अंतिम रूप देने पर सहमति जताई है.
- दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक आपसी व्यापार को $70 बिलियन तक ले जाने का लक्ष्य रखा है.
- ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और शिक्षा के क्षेत्र में भी कई अहम ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए.
- ‘कनाडा-भारत मंत्रिस्तरीय ऊर्जा संवाद’ को फिर से शुरू किया गया.
यूरेनियम आपूर्ति समझौता
- इस यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि $2.6 बिलियन (लगभग ₹15,600 करोड़) का यूरेनियम आपूर्ति समझौता रहा.
- कनाडा की ‘कैमेको’ (Cameco) और भारत के परमाणु ऊर्जा विभाग (DAE) के बीच हुए इस समझौते से भारत के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों और नागरिक परमाणु कार्यक्रम को बड़ी ताकत मिलेगी.
- अब तक भारत अपने परमाणु ईंधन के लिए काफी हद तक कजाकिस्तान और रूस पर निर्भर रहा है. कनाडा के साथ इस डील से भारत की आपूर्ति श्रृंखला में विविधता आएगी और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी.
- भारत ने 2070 तक ‘नेट-जीरो’ (Net-Zero) कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है. कोयले पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने में परमाणु ऊर्जा की भूमिका अहम है.
