डेली कर्रेंट अफेयर्स
शिगेरु इशिबा जापान के 102वें प्रधानमंत्री नियुक्त किए गए
शिगेरु इशिबा जापान के 102वें प्रधानमंत्री नियुक्त किए गए हैं. जापानी संसद के निचले सदन, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव द्वारा शिगेरू इशिबा को जापान के 102वें प्रधान मंत्री के रूप में मंजूरी देने के बाद जापानी सम्राट नारुहितो ने शिगेरू इशिबा को प्रधानमंत्री नियुक्त किया.
मुख्य बिन्दु
- 67 वर्षीय शिगेरु इशिबा ने अपने ही राजनीतिक दल ‘लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी)’ के फुमियो किशिदा की जगह ली है. 1955 में अपने गठन के बाद से एलडीपी ने लगभग लगातार जापान पर शासन किया है.
- पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कई राजनीतिक घोटालों के आरोपों के बाद, सितंबर 2024 में जापान के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
- सत्तारूढ़ एलडीपी ने 27 सितंबर को हुई अपने एक बैठक में पूर्व रक्षा मंत्री शिगेरू इशिबा को अपना नेता चुना था.
- जापानी संविधान के अनुसार जापानी संसद के निचले सदन, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव द्वारा अनुमोदित होने के बाद सम्राट उस व्यक्ति को देश के प्रधान मंत्री के रूप में नियुक्त करता है.
- शिगेरु इशिबा ने ताकेशी इवाया को जापान का नया विदेश मंत्री नियुक्त किया है. शिगेरु इशिबा ने प्रधान मंत्री बनने के बाद देश में 27 अक्टूबर 2024 को नई हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव की घोषणा की है.
- जापानी संसद को डायट के नाम से जाना जाता है. इसके दो सदन हैं- जिसमें ऊपरी सदन को हाउस ऑफ काउंसिलर्स और निचले सदन को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव कहा जाता है. उच्च सदन में 250 सदस्य होते हैं जबकि हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में 467 सदस्य होते हैं.
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की भारत यात्रा
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू 6-10 अक्तूबर तक भारत की यात्रा पर थे. डॉ. मुइज्जू की यह पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा थी. इससे पहले वे जून 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे.
मुख्य बिन्दु
- श्री मुइज्जू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आपसी हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की.
- प्रधान मंत्री मोदी ने अपनी ‘पड़ोसी पहले’ नीति और विजन सागर के तहत मालदीव को विकसित करने में मदद करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.
- दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से मालदीव में भारत द्वारा वित्तपोषित कई परियोजनाओं का शुभारंभ/उद्घाटन किया.
- दोनों नेताओं ने मालदीव में नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा विकसित रुपे कार्ड का शुभारंभ किया.
- भारतीय रिज़र्व बैंक, मालदीव मौद्रिक प्राधिकरण (मालदीव का केन्द्रीय बैंक) को $400 मिलियन की मुद्रा विनिमय सुविधा प्रदान करेगा. इससे मालदिव को अपने विदेशी ऋण का प्रबंधन करने में मदद मिलेगी.
- माले बंदरगाह पर भीड़ कम करने के लिए भारत मालदीव को थिलाफुशी द्वीप पर एक आधुनिक वाणिज्यिक बंदरगाह विकसित करने में मदद करेगा.
- भारत मालदिव के अड्डू शहर में एक नया वाणिज्य दूतावास स्थापित करेगा और मालदीव बेंगलुरु में अपना वाणिज्य दूतावास खोलेगा.
- भारत ने मालदीव को अपने विदेशी ऋण और सुकुक ऋण पर चूक से बचने में मदद करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की है.
- सुकुक ऋण इस्लामी शरिया कानून के अनुसार जारी किया गया एक बांड है और इसमें ब्याज दरें नहीं होती हैं.
- मालदीव का विदेशी ऋण उसके सकल घरेलू उत्पाद का 110% होने का अनुमान है. चीन और भारत मालदीव के शीर्ष दो ऋणदाता हैं.
- मालदीव, भारत की दक्खिन पच्छिम ओर हिन्द महासागर में स्थित एक द्वीप देश है. मालदीव गणराज्य की राजधानी और सबसे बड़ा शहर माले है.
हरियाणा और जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित
हाल ही में संपन्न हरियाणा और जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव के परिणाम 8 अक्तूबर को घोषित कर दिया गए. हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जबकि जम्मू और कश्मीर में काँग्रेस और नेशनल कान्फ्रेंस के गठबंधन ने पूर्ण बहुमत प्राप्त किया.
हरियाणा
- 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा चुनाव में BJP ने 48 विधानसभा सीटें और कांग्रेस ने 37 सीटें जीती. इंडियन नेशनल लोकदल को दो सीटें मिली. तीन विधानसभा क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की.
- भाजपा नेता और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा सीट पर 16 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की है.
- भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में तीसरी बार ऐतिहासिक जीत हासिल की है और अब वह राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी.
जम्मू और कश्मीर
- जम्मू-कश्मीर में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42 सीटों पर जीत दर्ज की. साथ ही, गठबंधन सहयोगी कांग्रेस ने 6 सीट हासिल की है.
- यहाँ भारतीय जनता पार्टी ने 29, जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने 3 और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी व आम आदमी पार्टी ने एक-एक सीट जीती. निर्दलीय उम्मीदवारों ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की.
- नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक दल ने अपने उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला को श्रीनगर में एनसी के विधायक दल का नेता चुना है.
भारतीय जिमनास्ट दीपा करमाकर ने खेल से संन्यास ले लिया
भारतीय जिमनास्ट दीपा करमाकर ने 7 अक्टूबर को पेशेवर प्रतिस्पर्धा से आधिकारिक रूप से संन्यास लेने की घोषणा की. वह ओलंपिक खेलों में प्रतिस्पर्धा करने वाली पहली भारतीय महिला जिमनास्ट हैं.
मुख्य बिन्दु
- अगरतला की रहने वाली दीपा ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में भाग लेने वाली पहली भारतीय महिला जिमनास्ट हैं. उसने 2016 रियो ओलंपिक में वॉल्ट स्पर्धा में पदक जीतने से चूक गईं थीं.
- दीपा कर्माकर अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय हैं. उन्होंने मेर्सिन, तुर्किये में आयोजित 2018 आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक विश्व कप में महिलाओं की वॉल्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था.
- वह राष्ट्रमंडल खेलों में जिम्नास्टिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला भी हैं. उन्होंने 2014 ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था.
- 2018 में, उन्होंने जर्मनी के कॉटबस में आयोजित विश्व कप में कांस्य पदक भी जीता था.
- दीपा ने ताशकंद, उज्बेकिस्तान में आयोजित 2024 एशियाई महिला कलात्मक जिमनास्टिक चैंपियनशिप में वॉल्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता. वह इस परतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय हैं.
- दीपा कर्माकर को 2017 में भारत के चौथे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार, पद्म श्री से सम्मानित किया गया था. उन्हें 2015 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.
- 2016 में, उन्हें देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार, राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार (नया नाम: मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार) से सम्मानित किया गया था.
8 अक्टूबर 2024: भारतीय वायुसेना ने अपनी स्थापना की 92वीं वर्षगांठ मनाई
भारतीय वायुसेना, 8 अक्टूबर को अपना स्थापना दिवस (Air Force Day) मनाती है. भारतीय वायुसेना का गठन आज के ही दिन 1932 में हुआ था. 8 अक्टूबर 2024 को इसने अपना 92वां स्थापना दिवस मनाया.
इस अवसर पर वायुसेना दिवस समारोह परेड का आयोजन तमिलनाडु के चेन्नई में स्थित मरीना बीच पर किया गया था. 2024 वायु सेना दिवस के लिए भारतीय वायु सेना का विषय ‘भारतीय वायु सेना: सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर’ था.
9 अक्टूबर: विश्व डाक दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस (World Post Day) मनाया जाता है. विश्व डाक दिवस का उद्देश्य लोगों के रोजमर्रा के जीवन में डाक की भूमिका के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक विकास में इसके योगदान के प्रति जागरूकता लाना है.
विश्व डाक दिवस 2024 का मुख्य विषय (थीम) ‘विभिन्न देशों में संचार को सक्षम बनाने और लोगों को सशक्त बनाने के 150 वर्ष’ (विभिन्न देशों में संचार को सक्षम बनाने और लोगों को सशक्त बनाने के 150 वर्ष) है.
विश्व डाक दिवस यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (UPU) की स्थापना की स्मृति में मनाया जाता है. 1874 में इसी दिन UPU का गठन करने के लिए स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न में 22 देशों ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. इसके बाद वर्ष 1969 में जापान के टोक्यो में हुए सम्मेलन में विश्व डाक दिवस के रूप में 9 अक्टूबर को चयन किए जाने की घोषणा हुई.
UPU का मुख्यालय स्विट्जरलैंड के बर्न में है. 1994 तक फ्रेंच संघ की एकमात्र आधिकारिक भाषा थी. 1994 के बाद अंग्रेजी को जोड़ा गया.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
ट्यूनीशियाई राष्ट्रपति कैस सैयद को दूसरी बार फिर से राष्ट्रपति चुना गया
ट्यूनीशियाई राष्ट्रपति कैस सैयद को नए पांच साल के कार्यकाल के लिए दूसरी बार फिर से चुना गया है. राष्ट्रपति के चुनाव के लिए देश भर में चुनाव 6 अक्टूबर 2024 को हुआ था. ट्यूनीशिया अरब सभ्यता वाला एक अफ्रीकी देश है. यह उत्तरी अफ़्रीका के मगरेब क्षेत्र का हिस्सा है और इसे 1956 में फ़्रांस से आज़ादी मिली थी.
राजमार्ग पर विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए हमसफर नीति
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय नितिन गडकरी ने 7 अक्टूबर 2024 को नई दिल्ली में हमसफर नीति का शुभारंभ किया. हमसफ़र नीति का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर यात्रा की सुविधा को बढ़ाना है.
भारत चौथी आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में शीर्ष पर रहा
भारत, चौथी आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2024 के पदक तालिका में शीर्ष पर रहा. भारतीय दल ने 13 स्वर्ण, 3 रजत और 8 कांस्य सहित कुल 24 पदक जीते. इटली दूसरे और नॉर्वे तीसरे स्थान पर रहा. यह चैंपियनशिप 26 सितंबर से 7 अक्टूबर 2024 तक पेरू की राजधानी लीमा में आयोजित की गई थी.
कोको गॉफ ने डब्ल्यूटीए चाइना ओपन टेनिस प्रतियोगिता जीता
20 वर्षीय अमेरिकी टेनिस स्टार कोको गॉफ ने चेक गणराज्य की कैरोलिना मुचोवा को हराकर डब्ल्यूटीए चाइना ओपन टेनिस प्रतियोगिता जीता. चाइना ओपन टेनिस प्रतियोगिता, बीजिंग, चीन में आयोजित एक डबल्यूटीए (महिला टेनिस संघ) 1000 प्रतियोगिता है. फाइनल 6 अक्टूबर 2024 को खेला गया था.
