डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श (IGC) की सातवीं बैठक नई दिल्ली में आयोजित
भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श (IGC) की सातवीं बैठक 24-26 अक्तूबर तक दिल्ली में आयोजित की गई थी. जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज इस बैठक में भाग लेने के लिए 24-26 अक्तूबर तक भारत के तीन दिन के दौरे पर थे. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चांसलर शोल्ज ने इस बैठक की सह-अध्यक्षता की थी.
मुख्य बिन्दु
- IGC (Intergovernmental Consultations) एक पूर्ण सरकारी मंच है, जिसके अंतर्गत दोनों पक्षों के मंत्री अपने अधीन क्षेत्रों से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श करते हैं और इसकी रिपोर्ट प्रधानमंत्री और चांसलर को देते हैं. भारत और जर्मनी के बीच अंतर सरकारी परामर्श 2011 में स्थापित किया गया था.
- 7वीं अंतरसरकारी परामर्श बैठक के समापन के बाद दोनों नेताओं द्वारा एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया गया. दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि प्रौद्योगिकी और नवाचार, श्रम और प्रतिभा, प्रवासन और गतिशीलता, जलवायु कार्रवाई, हरित और सतत विकास, और आर्थिक, रक्षा और रणनीतिक सहयोग दोनों देशों के बीच संबंधों को परिभाषित करेंगे.
- ओलाफ स्कोल्ज़ के भारत यात्रा के दौरान, दोनों पक्षों के बीच कई समझौतों और समझौता ज्ञापन (MOU) पर भी हस्ताक्षर किये गये.
- ये MOU, पारस्परिक कानूनी सहायता संधि, सूचना के आदान-प्रदान, इंडो-जर्मन ग्रीन हाइड्रोजन रोड मैप, नवाचार और प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, अनुसंधान और विकास में सहयोग, इंडो-जर्मन ग्रीन अर्बन मोबिलिटी, रोजगार और श्रम के क्षेत्र में हुए.
- जर्मन चांसलर ने घोषणा की कि जर्मनी कुशल भारतीयों को दिए जाने वाले वीज़ा को 20,000 से बढ़ाकर 90,000 प्रति वर्ष करेगा.
27 अक्तूबर 2024: 78वां पैदल सेना दिवस मनाया गया
भारतीय सेना प्रत्येक वर्ष 27 अक्तूबर को पैदल सेना दिवस (Infantry Day) मनाती है. इसी दिन 1947 में सेना की सिख रेजीमेंट ने वायुसेना के विशेष डकोटा विमान से श्रीनगर में लैंड कर जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तानी सेना और कबायलियों के चंगुल से बचाया था. 27 अक्तूबर 2024 को 78वां पैदल सेना दिवस मनाया गया.
पैदल सेना दिवस का इतिहास
भारत के आजादी के बाद 26 अक्टूबर, 1947 को जम्मू-कश्मीर का देश के साथ आधिकारिक तौर पर विलय हुआ था. जम्मू-कश्मीर के राजा हरि सिंह ने भारत में विलय के कागजातों पर हस्ताक्षर किए. उसके बाद भारतीय सेना 27 अक्तूबर, 1947 को बडगाम हवाई अड्डे पर उतरी थी और इस दिन को ‘इन्फैंट्री दिवस’ के रूप में मनाया जाता है.
दरअसल, 22 अक्टूबर 1947 को पाकिस्तान ने 5 हजार कबायलियों को कश्मीर में घुसपैठ करके कब्जा करने के लिए भेजा था, तब कश्मीर के तत्कालीन शासक महाराजा हरि सिंह ने भारत सरकार से मदद मांगी. इसके बाद महाराजा हरि सिंह ने जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय के समझौते पर हस्ताक्षर किए.
तब सेना की सिख रेजिमेंट की पहली बटालियन से एक पैदल सेना का दस्ता विमान से दिल्ली से श्रीनगर भेजा गया. 27 अक्टूबर, 1947 को भारतीय पैदल सैनिकों ने कश्मीर को कबायलियों के चंगुल से छु़ड़ा दिया.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
भारत के पूर्वी तट पर गंभीर चक्रवाती उष्णकटिबंधीय चक्रवात ‘दाना’
गंभीर चक्रवाती उष्णकटिबंधीय चक्रवात ‘दाना’, भारत के पूर्वी तटसे टकराया जिसके कारण क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई. चक्रवात दाना ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में बुनियादी ढांचे और फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया. 2024 चक्रवती सत्र में भारत में आने वाला यह तीसरा उष्णकटिबंधीय चक्रवात है. बंगाल की खाड़ी में बनने वाला 2024 सत्र का पहला चक्रवात ‘रेमल’ था.
भारतीय हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल ने खेल से संन्यास ले लिया
पूर्व भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल ने 24 अक्टूबर 2024 को खेल से संन्यास की घोषणा की. हॉकी इंडिया ने, रानी रामपाल के सम्मान के रूप में नंबर 28 जर्सी को भी सेवानिवृत करने का फैसला किया है. रानी रामपाल, भारत के लिए खेलते समय 28 नंबर की जर्सी पहनती थीं. रानी रामपाल देश की पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी हैं जिनके नाम पर किसी स्टेडियम का नाम रखा गया है. भारतीय रेलवे की मॉडर्न कोच फैक्ट्री के रायबरेली स्टेडियम का नाम बदलकर रानी गर्ल्स हॉकी टर्फ कर दिया गया है.
