राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर लेस्ते की यात्रा संपन्न की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 4 से 11 अगस्त तक फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर लेस्ते की यात्रा पर थे. उनकी इस यात्रा से भारत की एक्ट ईस्ट नीति को और गति मिलने और दक्षिण पूर्व एशिया तथा प्रशांत क्षेत्र पर भारत के विशेष फोकस की पुष्टि होने की उम्मीद है.

फिजी

  • राष्ट्रपति मुर्मु ने यात्रा की शुरुआत फिजी से की थी. वे फिजी का दौरा करने वाले पहली भारतीय राष्ट्रपति हैं. यह यात्रा ऐसे समय हुई जब भारत और फिजी राजनयिक संबधों के 75 साल पूरे कर रहे हैं.
  • यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति ने फ़िजी संसद को संबोधित किया, जहां उन्होंने कहा कि भारत और फिजी को ग्लोबल साउथ की चिंताओं से निपटने के लिए मिलकर काम करना चाहिए.
  • इस दौरे की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सुवा में भारत की अनुदान सहायता से बनाए जा रहे 100 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी कार्डियोलॉजी अस्पताल के लिए परियोजना स्थल आवंटित करने वाले दस्तावेज़ को सौंपना रहा.
  • फिजी, दक्षिण प्रशान्त महासागर के मेलानेशिया में एक द्वीप देश है। यह न्यूज़ीलैण्ड के नॉर्थ आईलैंड से करीब 2000 किमी उत्तर-पूर्व मे स्थित है। फिजी की राजधानी सुवा औरआधिकारिक मुद्रा फ़िजी डॉलर है.

राष्ट्रपति मुर्मू को फिजी के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को फिजी की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान फिजी का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’ से सम्मानित किया गया. फिजी के राष्ट्रपति, रातू विलियम मैवलीली काटोनिवेरे ने उन्हें इस सम्मान से सम्मानित किया.

न्यूजीलैंड

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 8-9 अगस्त तक न्यूजीलैंड की राजकीय यात्रा पर थे. वे फिजी की यात्रा के बाद यहाँ पहुंचे थे. वेलिंगटन में न्यूजीलैंड की गवर्नर जनरल डैम सिंडी कीरो ने उनका औपचारिक रूप से स्वागत किया.
  • न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्‍टोफर लक्‍सन और उप प्रधानमंत्री तथा विदेश मंत्री विन्‍सटन पीटर्स ने भी राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात की.
  • उन्होंने वेलिंगटन कनवेंशन सेंटर में न्‍यूजीलैंड अंतरराष्‍ट्रीय शिक्षा सम्‍मेलन में हिस्सा लिया. इस वर्ष भारत सम्माननीय अतिथि था.
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति में भारत और न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन में द्विपक्षीय सीमा शुल्क सहयोग व्यवस्था समझौते पर हस्ताक्षर किए. यह समझौता द्विपक्षीय व्यापार को आसान बनाने के उद्देश्य से है.
  • न्यूज़ीलैंड दक्षिण पश्चिमि प्रशांत महासागर में दो बड़े द्वीप और अन्य कई छोटे द्वीपों से बना एक देश है। न्यूज़ीलैंड की राजधानी वेलिंग्टन और मुद्रा न्यूज़ीलैण्ड डॉलर है।

तिमोर लेस्ते

  • इस यात्रा के अंतिम चरण में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तिमोर लेस्ते गई थीं. जहां राजधानी दिली में उन्होंने तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठकें की.
  • दोनों देशों ने आपसी सहयोग पर तीन समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आपसी संबंधों को सुदृढ करने पर बल दिया.
  • तिमोर-लेस्ते, पूर्वी तिमोर का आधिकारिक नाम है। यह दक्षिण पूर्व एशिया में स्थित एक देश है। यह तिमोर द्वीप के पूर्वी हिस्से, पास के अतौरो और जाको द्वीप और इंडोनेशियाई पश्चिम तिमोर के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में स्थित है। पूर्वी तिमोर की राजधानी दिली है।  यहाँ की राष्ट्रीय मुद्रा अमेरिकी डॉलर है।

तिमोर लेस्ते में राष्‍ट्रपति को सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार

तिमोर लेस्ते में राष्‍ट्रपति को सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ़ ऑर्डर ऑफ़ तिमोर-लेस्ते’ से सम्मानित किया गया.

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स 〉