पाकिस्तान, डेनमार्क, ग्रीस, पनामा और सोमालिया UNSC के सदस्य चुने गए

पाकिस्तान, डेनमार्क, ग्रीस, पनामा और सोमालिया को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का अस्थायी सदस्य चुना गया है. 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 6 जून को गुप्त मतदान के माध्यम से रिक्त पांच सीटों के लिए चुनाव किया था. इन देशों का 2 वर्ष का कार्यकाल 2025 से शुरू होगा.

मुख्य बिन्दु

  • UNSC में अस्थायी सदस्यों की रिक्त पांच सीटों पर 6 जून को चुनाव हुआ था. चुनाव में पाकिस्तान, सोमालिया, डेनमार्क, ग्रीस और पनामा को अस्थायी सदस्य चुना गया.
  • अफ्रीकी और एशिया-प्रशांत देशों की दो सीटों के लिए पाकिस्तान और सोमालिया को चुना गया. पनामा को लैटिन अमेरिका और कैरेबियन समूह से चुना गया था. डेनमार्क और ग्रीस पश्चिमी यूरोप और अन्य राज्यों के समूह से चुने गए.
  • ये नवनिर्वाचित सदस्य देश जापान, मोजांबिक, इक्वाडोर, माल्टा और स्विटजरलैंड का स्थान लेंगे. इनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2024 को समाप्त हो जाएगा. पांचों नए सदस्यों का दो वर्षीय कार्यकाल एक जनवरी 2025 से शुरू होगा.
  • वर्तमान में UNSC में अन्य गैर-स्थायी सदस्य अल्जीरिया, गुयाना, कोरिया गणराज्य (दक्षिण कोरिया), सिएरा लियोन और स्लोवेनिया हैं.

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC): एक दृष्टि

  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) संयुक्त राष्ट्र का सबसे महत्वपूर्ण निकाय है जो अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार है. UNSC के 15 सदस्य होते हैं, जिनमें से 5 स्थायी और 10 अस्थायी होते हैं.
  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 5 स्थायी सदस्य- संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, रूस और चीन हैं. उनके पास वीटो शक्ति है, और यदि वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में किसी प्रस्ताव के विरुद्ध मतदान करते हैं, तो वो प्रस्ताव पारित नहीं किया जा सकता है.
  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 10 अस्थायी सदस्य दो साल के लिए चुने जाते हैं और उनके पास वीटो शक्ति नहीं होती है.
  • 10 अस्थायी सीटें चार क्षेत्रीय समूहों के बीच वितरित की जाती हैं: अफ्रीकी और एशिया-प्रशांत, पूर्वी यूरोप, लैटिन अमेरिका और कैरेबियन, तथा पश्चिमी यूरोप और अन्य राज्य. सदस्य केवल अपने क्षेत्रीय समूहों से ही उम्मीदवार हो सकते हैं
  • भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के रूप में आठ बार चुना गया है. भारत 1950-1951, 1967-1968, 1972-1973, 1977-1978, 1984-1985, 1991-1992, 2011-2012 और 2021-2022 में सदस्य था.
  • हर साल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच अस्थायी सदस्यों को चुनने के लिए चुनाव होते हैं. किसी देश को UNSC के अस्थायी सदस्यों के रूप में चुने जाने के लिए उपस्थित और मतदान करने वाले संयुक्त राष्ट्र के कम से कम दो-तिहाई सदस्य देशों के वोटों की आवश्यकता होती है.
  • संयुक्त राष्ट्र में गैर-सदस्य पर्यवेक्षक राज्य का दर्जा प्राप्त देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्यों के चुनाव में भाग नहीं ले सकते हैं. फ़िलिस्तीन और होली सी (वेटिकन) संयुक्त राष्ट्र के गैर-सदस्य पर्यवेक्षक देश हैं.

संयुक्त राष्ट्र

  • संयुक्त राष्ट्र एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जिसका गठन 24 अक्टूबर 1945 को द्वितीय विश्व युद्ध को रोकने में लीग ऑफ नेशन्स की विफलता के बाद किया गया था.
  • प्रारंभ में, इसमें भारत सहित 51 सदस्य देश शामिल थे, लेकिन अब, इसमें 193 सदस्य देश हैं. संयुक्त राष्ट्र का मुख्यालय न्यूयॉर्क में, और वर्तमान महासचिव एंटोनियो गुटेरस हैं.