डेली कर्रेंट अफेयर्स
रूस का चंद्र मिशन लूना-25 अनियंत्रित होकर चन्द्रमा पर दुर्घटनाग्रस्त
रूस द्वारा का चंद्र मिशन ‘लूना-25’ विफल हो गया है. रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रॉसकॉसमॉस के अनुसार यह मिशन अनियंत्रित होकर चन्द्रमा पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. रूस ने 1 अगस्त 2023 को अपने चंद्र मिशन ‘लूना-25’ को प्रक्षेपित किया था.
लूना-25 मिशन: मुख्य बिन्दु
- रॉसकॉसमॉस के प्रारंभिक विश्लेषण से पता चलता है कि संचालन के वास्तविक और परिकलित मानदण्डों में अंतर के बाद अंतरिक्ष यान किसी अन्य कक्षा में चला गया और चन्द्रमा की सतह से टकराकर ध्वस्त हो गया.
- 19 अगस्त को रूस ने लूना-25 की भेजी ज़ीमन क्रेटर की तस्वीर शेयर की थी. चांद के दक्षिणी ध्रुव पर मौजूद क़रीब 20 गहरे गड्ढों में ज़ीमन क्रेटर तीसरा बड़ा क्रेटर है. ये क़रीब 190 किलोमीटर चौड़ा है और 8 किलोमीटर गहरा है.
- रूस की योजना चांद के दक्षिणी ध्रुव पर इस मानवरहित यान की सॉफ्ट लैंडिग कराने की थी. चांद के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने में रूस के लूना-25 का भारत के चंद्रयान- 3 से मुक़ाबला हो रहा था. चंद्रयान- 3 को 23 अगस्त को चाँद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिग किया जाना है.
- अब तक चांद के लिए जो भी सफल मिशन रहे हैं वो चांद के उत्तर या मध्य में हैं. यहां पर लैंडिंग के लिए जगह समतल है और सूरज की सही रोशनी भी आती है.
- चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर रोशनी नहीं पहुंचती. साथ ही इस जगह पर चांद की सतह पथरीली, ऊबड़-खाबड़ और गड्ढों से भरी है.
- दक्षिणी हिस्से में सूरज की रोशनी के कारण गड्ढों की परछाईं बहुत लंबी होती है. इस कारण यहां गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ ज़मीन की पहचान कर पाना बेहद मुश्किल है.
- चांद के दक्षिणी ध्रुव से जुड़ी कम ही तस्वीरें उपलब्ध हैं जिस कारण वैज्ञानिक अब तक इस इलाक़े का विस्तार से अध्ययन नहीं कर पाए है.
- 1976 में रूस ने लूना-24 मिशन ने चांद पर लैंडिंग की थी. इसके 47 साल बाद लूना-25 को चांद के दक्षिणी हिस्से में भेजा गया था, जो नाकाम रहा.
जी20 स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक गांधी नगर में आयोजित की गई
जी20 स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक 17 से 19 अगस्त तक गुजरात के गांधी नगर में आयोजित की गई थी. बैठक के पहले दिन जी20 उपमंत्रियों की बैठक थी. इसके बाद दो दिन स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक हुई.
जी20 स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक: मुख्य बिन्दु
- विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेडरोस एधनॉम घेबरियासिस ने इस बैठक में भाग लिया था. उन्होंने सभी के लिए स्वास्थ्य कवरेज और आयुष्मान भारत योजना के लिए भारत की सराहना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया.
- स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बैठक के अंतिम दिन वैश्विक डिजिटल स्वास्थ्य कार्यक्रम का शुभारंभ किया. यह पहल WHO दवारा प्रायोजित है. उन्होंने आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता ‘आभा’ कार्ड को इस मामले में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.
- बैठक में तीन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया. इनमें स्वास्थ्य आपात रोकथाम, तैयारी तथा कार्रवाई, फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में सहयोग को सुदृढ करना तथा डिजिटल स्वास्थ्य नवाचार शामिल थे.
- बैठक के अंतिम दिन आज वित्त और स्वास्थ्य मंत्रियों की एक संयुक्त बैठक भी आयोजित की गई. इसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन शामिल हुईं.
आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (आभा) कार्ड क्या है?
आभा (ABHA) का पूरा नाम आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता है. यह लोगों के स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों को ऑनलाइन सुरक्षित रखता है. इस कार्ड के जरिए यह पता लगाना आसान हो जाएगा कि मरीज को कौन-सी बीमारी हुई थी और कहां इलाज कराया गया था.
स्पेन ने इंग्लैंड को पराजित कर महिला फीफा विश्व कप का विजेता बना
9वें फीफा महिला विश्व कप 2023 (9th FIFA Women World Cup 2023) प्रतियोगिता का 20 अगस्त को समापन हो गया. यह प्रतियोगिता 20 जुलाई से 20 अगस्त तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था.
9वां फीफा महिला विश्व कप 2023: मुख्य बिन्दु
- सिडनी के एकोर स्टेडियम में खेले गए फाइनल में स्पेन ने फाइनल में इंग्लैंड को 1-0 से पराजित कर पहली बार विजेता बना. इंग्लैंड पहली बार इस प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंची थी. फाइनल मुकाबले में एकमात्र गोल स्पेन की ओर से ओल्गा कार्मोना ने किया.
- स्पेन ने सेमीफाइनल में स्वीडन के खिलाफ 2-1 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया था. दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने सह-मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 3-1 से हराया था.
- स्पेन की महिला टीम ने फीफा विश्व कप खिताब के मामले में अपने ही देश के पुरुष टीम की बराबरी कर ली है. स्पेन की पुरुष टीम ने भी एक ही बार फीफा विश्व कप का खिताब जीता है. उसने 2010 में ऐसा किया था.
- 1991 में आयोजित फीफा महिला विश्व कप के पहले संस्करण की मेज़बानी चीन ने की थी, जहां फ़ाइनल में संयुक्त राज्य अमेरिका ने नॉर्वे को हराकर स्वर्ण पदक जीता था.
- संयुक्त राज्य अमेरिका और जर्मनी एकमात्र ऐसे देश हैं जिन्होंने एक से अधिक बार महिला विश्व कप का विजेता बना है. नॉर्वे और जापान एक-एक विजेता बना है.
21 अगस्त: अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस
प्रत्येक वर्ष 21 अगस्त को ‘अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस’ (International Day of Remembrance and Tribute to the Victims of Terrorism) मनाया जाता है. आतंकवाद के शिकार हो गए और जीवित बचे लोगों की आवाज़ें सुनने और उन्हें अपनी आवाज़ बुलंद करने में सहयोग देने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है.
संयुक्त राष्ट्र ने इस दिवस को मनाये जाने की घोषणा 2017 में की थी. 21 अगस्त 2018 को पहला ‘अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस’ मनाया गया था. इस वर्ष यानी 2023 में छठा ‘अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस’ मनाया गया.
21 अगस्त: विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 21 अगस्त को ‘विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस’ (World Senior Citizen’s Day) मनाया जाता है. यह दिवस बुजुर्गों को सम्मान देने के उद्देश्य से मनाया जाता है.
विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस को आधिकारिक तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन द्वारा स्थापित किया गया था. उन्होंने 19 अगस्त, 1988 को इस पर हस्ताक्षर किए थे, जिसे 21 अगस्त को वरिष्ठ नागरिक दिवस के रूप में प्रकट किया गया था.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के रूप में मनाने की घोषणा दिसंबर 1990 में की थी.
20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया गया
प्रत्येक वर्ष 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस (World Mosquito Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को मच्छर के काटने से होने वाली बीमारियों और बचाव के प्रति जागरूक करना है.
मच्छर दिवस मनाने की शुरुआत साल 1897 में हुई थी जब ब्रिटिश डॉ. रोनाल्ड रॉस ने मादा एनाफिलीज मच्छर की खोज की थी. इस मच्छर के काटने से मलेरिया की बीमारी होती है. उनके इस प्रयास के लिए साल 1902 उन्हें फिजियोलॉजी में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
मच्छर बीमारियों के वाहक है. मच्छर के काटने से डेंगू, चिकनगुनिया, ज़ीका वायरस और मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है.
20 अगस्त 2023: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 79वीं जयंती (सद्भावना दिवस)
20 अगस्त 2023 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 79वीं जयंती थी. यह दिन साम्प्रदायिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को बढावा देने के लिए ‘सद्भावना दिवस’ (Sadbhavna Divas) के रूप में भी मनाया जाता है.
श्री राजीव गांधी 1984 में माता इंदिरा गाँधी की हत्या के बाद देश के छठे प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी. वह 40 वर्ष की उम्र में भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने थे. उन्होंने 1989 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की.
21 मई 1991 को लिट्टे उग्रवादियों द्वारा श्रीपेरंबदूर में उनकी हत्या कर दी गई थी. उन्हें 1991 में देश के सर्वोच्च सम्मान भारत-रत्न से सम्मानित किया गया था.
19 अगस्त: विश्व मानवतावादी दिवस से संबंधित जानकारी
प्रत्येक वर्ष 19 अगस्त को ‘विश्व मानवतावादी दिवस’ (World Humanitarian Day- WHD) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य उन मानवीय कर्मियों को उचित सम्मान देना है, जिन्होंने मानव मात्र की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया है.
इस वर्ष यानी 2023 में WHD का मुख्य विषय (थीम) ‘कोई बात नहीं क्या’ (#NoMatterWhat) है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2008 में यह दिवस मनाए जाने की शुरूआत की थी. यह दिवस 19 अगस्त को इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इस दिन वर्ष 2003 को बगदाद में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर बमबारी हुई थी. इस बमबारी में इराक में संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष दूत सर्जियो विएरा डी मेल्लो समेत 22 अन्य मानवतावादी कर्मी मारे गए थे.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
जी-20 के डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों की मंत्रिस्तरीय बैठक
जी-20 के डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों की मंत्रिस्तरीय बैठक 19 अगस्त को बेंगलुरू में संपन्न हो गई. बैठक में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, साइबर सुरक्षा और डिजिटल कौशल की अवधारणाओं और अनुप्रयोग पर पूर्ण सहमति बनी. 40 देशों ने भारत की डिजिटल सार्वजनिक प्रणाली को अपनाने में रुचि दिखाई है.
मणिपुर में 32वां मणिपुरी भाषा दिवस मनाया गया
मणिपुर में 20 अगस्त को विभिन्न संगठनों ने 32वां मणिपुरी भाषा दिवस मनाया. 1992 में आज ही के दिन मणिपुरी भाषा को भारत के संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया था.
अनाहत सिंह ने स्क्वॉश चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता
भारत की अनाहत सिंह ने एशियाई जूनियर स्क्वॉश चैंपियनशिप के लड़कियों के अंडर-17 वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया है. चीन के डालियान में खेले जा रहे इस प्रतियोगिता में अनाहत ने फाइनल में हांगकांग की एना क्वांग को हराकर खिताब जीता. अनाहत का यह दूसरा स्वर्ण और अब तक का तीसरा पदक है.
चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर और चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल के बीच संचार स्थापित
चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर और चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल विक्रम के बीच संचार स्थापित हो गया है. बेंगलुरु में इसरो के निगरानी और नियंत्रण नेटवर्क के पास अब लैंडर विक्रम के साथ संचार का एक अतिरिक्त चैनल उपलब्ध है. चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर को जुलाई 2019 में अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया गया था. यह अब भी चंद्रमा के चारों ओर चक्कर लगा रहा है.
एशिया कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा
एशिया कप के लिए 17 सदस्यीय भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है. भारतीय टीम रोहित शर्मा की अगुआई में खेलेगी. हार्दिक पंड्या टीम के उपकप्तान होंगे. टीम में के.एल. राहुल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा और श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है. युवा तिलक वर्मा को भी टीम में शामिल किया गया है.
