डेली कर्रेंट अफेयर्स
मातृ भाषा में तकनीकी शिक्षा देने की रूपरेखा तैयार करने के लिए कार्यबल का गठन
सरकार ने मातृ भाषा में तकनीकी शिक्षा देने की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक कार्यबल का गठन किया है. शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने यह निर्णय 2 दिसम्बर को एक उच्चस्तरीय बैठक में लिया. इस बैठक को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के कार्यान्वयन से जुडे मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाया गया था.
उच्च शिक्षा सचिव अमित खरे इस कार्यबल के अध्यक्ष होंगे. यह कार्यबल इस संबंध में विभिन्न पक्षों से मिले सुझावों पर विचार करने के बाद एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगा.
3 दिसम्बर 2020: भोपाल गैस त्रासदी की 36वीं बरसी
मध्य प्रदेश में ‘भोपाल गैस त्रासदी’ की 36वीं बरसी पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये. यह विश्व की सबसे बड़ी औद्योगिक दुर्घटनाओं में से एक है. इस हादसे की वजह से 2-3 दिसंबर की रात की गिनती देश के इतिहास में काला दिन के तौर पर होती है.
यूनियन कार्बाइड कारखाने में मिथाइल आइसो-साइनाइट गैस का रिसाव
1984 में 2 और 3 दिसम्बर की मध्य रात्रि को यूनियन कार्बाइड कॉर्पोरेशन (यूनियन कार्बाइड) कारखाने में ‘मिथाइल आइसो-साइनाइट गैस’ (Methyl Isocyanate Gas) के रिसने से बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो गयी, जबकि लाखों लोग अभी भी प्रभावित हैं. इस गैस का उपयोग कीटनाशक के तौर पर किया जाता है. यूनियन कार्बाइड संयुक्त राज्य अमेरिका की रसायन और बहुलक बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है.
हादसे का मुख्य आरोपी वॉरेन एंडरसन
हादसे की गंभीरता को भांपते हुए मुख्य आरोपी और फैक्ट्री के संचालक वॉरेन एंडरसन देश छोड़कर भाग गया. एंडरसन की 29 सितंबर 2014 को उसकी मौत हो गई है. इसके अलावा भोपाल गैस त्रासदी को लेकर आवाज उठाने वाले और पीडि़तों को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ने वाले अब्दुल जब्बार का भी 14 नवंबर 2019 को निधन हो गया. उन्हें भारत सरकार ने पद्म-श्री से सम्मानित किया था.
3 दिसंबर: अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस
प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस (International Day of Persons With Disabilities) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य दिव्यांगों के हितों की रक्षा करना और समाज में हर वर्ग के दिव्यांगों की बेहतरी के लिए जागरूकता पैदा करना है.
इस वर्ष यानी 2020 के ‘अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस’ का मुख्य विषय (थीम) ‘Not all Disabilities are Visible’ है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 3 दिसंबर को अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस मनाने का निर्णय 1992 में लिया था.
दिव्यांग से तात्पर्य
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिसम्बर 2015 में विकलांगों को दिव्यांग कहने की अपील की थी. जो विशेष रूप से सक्षम लोगों की विशेष क्षमताओं की ओर इशारा करता है साथ ही समाज के हर वर्ग से अपील करता है कि वो अपने नज़रिए को सकारात्मक की ओर ले जाएं.
सुगम्य भारत अभियान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिसंबर 2015 में ‘सुगम्य भारत अभियान’ की शुरूआत की थी. इस अभियान का उद्देश्य दिव्यांग जनों के लिए सार्वभौमिक पहुंच सुनिश्चित करना है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
ब्रिटेन प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन वर्ष 2021 के गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि
26 जनवरी को भारत के गणतंत्र दिवस पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मुख्य अतिथि हो सकते हैं. इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक औपचारिक बातचीत में उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया है. गणतंत्र दिवस परेड में आखिरी बार 1993 में ब्रिटिश प्रधानमंत्री जॉन मेजर मुख्य अतिथि थे.
पुलिस महानिदेशकों का राष्ट्रीय सम्मेलन
नई दिल्ली में पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सम्मेलन का उद्घाटन किया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से सम्मेलन में शामिल हुए. इस अवसर पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को आंतरिक सुरक्षा की स्थिति से अवगत कराया गया. इस दौरान गृहमंत्री ने 50 पुलिस कर्मियों को उनकी विशिष्ट सेवा के लिए भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किया.
RBI ने निजी HDFC बैंक पर कई पाबंदी लगायी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के सबसे बड़े निजी बैंक HDFC से कहा है कि वह नए डिजिटल कारोबार शुरू न करें और क्रेडिट कार्ड के लिए नए ग्राहक न बनाए. बैंक के ग्राहकों से तकनीकी खराबी के बारे में कई बार मिली शिकायत के बाद ऐसा किया गया है.
मणिपुर के नोंगपोकसेकमई पुलिस थाने को देश का सर्वश्रेष्ठ थाना चुना गया
मणिपुर के थोउबल जिले के नोंगपोकसेकमई पुलिस थाने को देश का सर्वश्रेष्ठ थाना चुना गया है. तमिलनाडु के सेलम जिले का AWPS- सुरामंगलम पुलिस थाने को दूसरा और अरुणाचल प्रदेश में चांगलांग जिले के खरसांग थाने को तीसरा स्थान मिला है. गृह मंत्रालय प्रत्येक वर्ष बेहतर काम के आधार पर थानों का चयन करता है.
वाणिज्य मंत्री की अध्यक्षता में व्यापार बोर्ड की बैठक
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में कल नई दिल्ली में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से व्यापार बोर्ड की बैठक हुई. बैठक में वर्ष 2021 से 2026 के लिए नई विदेश व्यापार नीति पर प्रमुख रूप से चर्चा हुई.
पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की जयंती
3 दिसम्बर को भारत के प्रथम राष्ट्रपति एवं महान स्वतंत्रता सेनानी डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की जयंती थी. राष्ट्रपति होने के अतिरिक्त उन्होंने भारत के पहले मंत्रिमंडल में 1946 एवं 1947 मेें कृषि और खाद्य मंत्री का दायित्व भी निभाया था. राजेन्द्र बाबू का जन्म 3 दिसम्बर 1884 को बिहार के तत्कालीन सारण जिले (अब सीवान) के जीरादेई नामक गाँव में हुआ था. सन 1962 में उन्हें भारत रत्न की से सम्मानित किया गया था.
कर्नाटक में कचरे से चलने वाले बिजली संयंत्र की आधारशिला
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येडियुरप्पा ने कचरे से चलने वाले 11.5 मेगावाट की क्षमता के बिजली संयंत्र की आधारशिला रखी. राज्य में यह पहला बिजली संयंत्र होगा जो नगरपालिका के 600 टन कचरे को ऊर्जा में परिवर्तित करने में सक्षम होगा. यह कर्नाटक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (KPCL) द्वारा स्थापित किया जायेगा जिसमें 260 करोड़ रुपये लगत आएगी.
विराट कोहली सबसे तेज 12,000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बने
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज 12,000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए है. उन्होंने यह कीर्तिमान कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले तीसरे एकदिवसीय मैच में बनाया. कोहली ने अपनी 242 पारी में 12,000 रन बनाये हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 300 पारी में 12000 रन बनाए थे.
MDH के मालिक धर्मपाल गुलाटी का निधन
MDH के मालिक धर्मपाल गुलाटी का 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उन्हें साल 2019 में भारत सरकार द्वारा देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था.
नये कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का आंदोलन
कृषि से संबंधित तीन नये कानूनों पर चर्चा के लिए सरकार और किसानों के प्रतिनिधियों के बीच नई दिल्ली में चौथे दौर की बैठक बेनतीजा रही. बैठक में कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सरकार का पक्ष रखा. सरकार ने किसान उपज, व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) अधिनियम, 2020 पारित किया है जिसका किसान विरोध कर रहे हैं. इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य कृषि में बिचौलियों को समाप्त कर किसानों की बढाना है.
