प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा: अमेरिका के ह्यूस्टन में ‘हाउडी-मोदी’ रैली आयोजित की गयी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 से 27 सितंबर तक अमेरिका की यात्रा पर हैं. इस यात्रा के दौरान वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें अधिवेशन को संबोधित करने के साथ-साथ कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
ह्यूस्टन में ‘हाउडी-मोदी’ रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान 22 सितम्बर को एक रैली को संबोधित किया. यह रैली अमेरिका में ह्यूस्टन के NRG स्टेडियम में आयोजित किया गया था. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प भी प्रधानमंत्री मोदी की इस रैली में विशेष मैत्री सद्भाव के तौर शामिल हुए.
हाउडी-मोदी: साझा सपने और सुनहरा भविष्य
इस रैली का नाम “हाउडी-मोदी” दिया गया था. इस रैली का थीम “साझा सपने और सुनहरा भविष्य” था. हाउडी का अर्थ है- आप कैसे हैं. इसका इस्तेमाल दक्षिण-पश्चिम अमरीका में सामान्य अभिवादन के लिए किया जाता है.
यह कार्यक्रम अपने आप में ऐतिहासिक था क्योंकि पूरे अमरीका से 50 हजार से अधिक भारतीय-अमरीकी लोगों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया. हाउडी मोदी कार्यक्रम का आयोजन टैक्सस इंडिया फोरम ने किया था.
हाउडी-मोदी के मुख्य बिंदु
- पहली बार अमरीका में किसी विदेशी नेता ने इतने विशाल जन-समुदाय को संबोधित किया.
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने हाउडी-मोदी को संबोधित करते हुए मोदी सरकार के आर्थिक सुधारों की सराहना की.
- राष्ट्रपति ट्रम्प ने दोनों देशों के बीच सुरक्षा संबंध मजबूत करने पर बल दिया. उन्होंने कट्टर इस्लामी आतंकवाद के खात्मे की बात कही. उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा अमरीका और भारत दोनों के लिए महत्वपूर्ण है.
- अमरीकी राष्ट्रपति ने नवम्बर 2019 में दोनों देशों की सेनाओं के तीनों अंगों के संयुक्त अभ्यास की घोषणा की. यह इस तरह का पहला अभ्यास होगा.
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवाद और इसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का आह्वान किया.
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग अनुच्छेद-370 के कारण विकास के लाभ से वंचित थे तथा आतंकवादी और अलगाववादी ताकतें हालात का फायदा उठा रही थीं.
- उन्होंने दोनों देशों के बीच सुरक्षा संबंध मजबूत करने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि भारत और अमरीका के मजबूत संबंध एक नये इतिहास के निर्माण के साक्षी बनेंगे.
23 सितम्बर: स्वास्थ्य योजना ‘आयुष्मान भारत’ का एक साल पूरा हुआ
दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना ‘आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ (PMJY) का 23 सितम्बर 2019 को एक साल पूरा हो गया.
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ (PMJY): मुख्य बिंदु
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने PMJY की शुरुआत 23 सितंबर 2018 को रांची से की थी.
- इस योजना के तहत देश में दस करोड़ से अधिक परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये मूल्य का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाता है.
- यह सरकार द्वारा वित्त पोषित यह विश्व में सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित योजना है. 50 करोड़ से अधिक लोग इस योजना के दायरे में हैं.
- इसका प्रीमियम भुगतान पूरी तरह से सरकार करती है. अब तक 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को इस योजना का लाभ मिल चुका है.
दुनिया की सबसे बड़ी ट्रेवल कंपनी थॉमस कुक को बंद करने का फैसला
दुनिया की सबसे बड़ी ट्रेवल कंपनियों में एक थॉमस कुक बंद हो गई है. 178 साल पुरानी ब्रिटिश टूर ऑपरेटर लंबे समय से फंड की कमी से जूझ रही थी और स्वयं को दिवालिया घोषित कर दिया था.
थॉमस कुक विश्व की सबसे पुरानी ट्रेवल कम्पनियों में से एक थी. इसकी स्थापना वर्ष 1841 में लीसेस्टरशायर, इंग्लैंड में थॉमस कुक द्वारा की गई थी. थॉमस कुक के चीफ एक्जिक्यूटिव पीटर फैंकहॉजर ने ग्राहकों, सप्लायर्स, कर्मचारी और पार्टनर्स से माफी मांगी है.
मध्य प्रदेश सरकार ने फिल्म अभिनेता गोविंदा को राज्य का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया
मध्य प्रदेश सरकार ने बॉलीवुड फिल्म अभिनेता गोविंदा को राज्य का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया है. गोविंदा को ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त करने का उद्देश्य राज्य की परंपराओं और पर्यटन स्थलों की जानकारी को जनता तक पहुँचाना है. सरकार मध्यप्रदेश में एक फिल्म सिटी स्थापित करने की योजना है.
भारत ओर दक्षिण अफ्रीका के बीच T-20 सीरीज बराबरी पर खत्म हुई
भारत ओर दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की T-20 सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म हो गई. बेंगलुरू में 22 सितम्बर को खेले गये इस सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 9 विकेट से हरा दिया. भारत से जीत के लिए मिले 135 रन के लक्ष्य को अफ्रीकी टीम ने 16.5 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया.
धर्मशाला में होने वाला इस सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण नहीं हो सका था. इस सीरीज का दूसरा मैच मोहाली में खेला गया था, जिसे भारत ने जीता. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट श्रृंखला दो अक्टूबर से शुरू होगी.
सेंट पीटर्सबर्ग ओपन: भारतीय टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण और स्लोवाकिया के इगोर जीलेने की जोड़ी विजेता बना
भारतीय टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण और स्लोवाकिया के इगोर जीलेने की जोड़ी ने सेंट पीटर्सबर्ग ओपन (St. Petersburg Open) टेनिस के पुरुष युगल का खिताब जीत लिया है. दिविज और इगोर की जोड़ी ने 22 सितम्बर को खेले गये इस प्रतियोगिता के फाइनल में इटली के मैट्टो बेरेटिनी और सिमोन बोलेली की जोड़ी को हराया.
भारतीय खिलाड़ी दिविज शरण का यह पहला एटीपी खिताब है. दिविज इससे पहले वह पुणे में खेले गए महाराष्ट्र ओपन के विजेता रहे थे.
विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: राहुल अवारे ने कांस्य पदक जीता
भारत के राहुल बालासाहेब अवारे ने 22 सितम्बर को विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के 61 किलोग्राम भार वर्ग के में कांस्य पदक जीता. कजा़किस्तान के नूर सुल्तान में आयोजित इस चैंपियनशिप के कांस्य पदक मुकाबले में अमेरिका के टेलर ली ग्राफ को 11-4 से पराजित कर यह पदक जीता.
कांस्य पदक जीतने के बावजूद राहुल तोक्यो ओलिंपिक-2020 में खेलने नहीं जा पाएंगे 61 किग्रा भार वर्ग ओलिंपिक कोटा नहीं है.
राहुल अवारे ने 2011 और 2019 के एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था. उन्होंने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में 57 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
23 सितम्बर: अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस
प्रत्येक वर्ष 23 सितम्बर को अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस (International Day of Sign Languages) मनाया जाता है. जो लोग सुन या बोल नहीं सकते उनके हाथों, चेहरे और शरीर के हाव-भाव से बातचीत की भाषा को सांकेतिक भाषा (Sign Language) कहा जाता है.
अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस-2019 का विषय (थीम)– “सांकेतिक भाषा सबका अधिकार” है.
इस दिवस को मनाए जाने का प्रस्ताव विश्व बधिर संघ ने रखा था. सांकेतिक भाषा के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 23 सितम्बर 2018 को सांकेतिक भाषा दिवस घोषित किया था. 2018 में पहली बार ‘सांकेतिक भाषा दिवस’ मनाया गया था.