चीन और पाकिस्तान के बीच ‘शाहीन III’ संयुक्त युधाभ्यास
चीन और पाकिस्तान ने लद्दाख के पास ‘शाहीन III’ संयुक्त युधाभ्यास शुरू किया है. यह युधाभ्यास चीन के होल्टन (Holton) में आयोजित किया गया है. यह इस अभ्यास का आठवां संस्करण है.
जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए पांच सदस्यीय मंत्री समूह बनाये जाने की चर्चा
सरकार ने जम्मू और कश्मीर के लिए पांच सदस्यीय मंत्री समूह (GoM) बनाये जाने की चर्चा है. कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में मंत्री जितेंद्र सिंह इस समूह में शामिल हैं. यह मंत्री समूह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में उठाए जाने वाले विभिन्न विकास, आर्थिक और सामाजिक कदमों के बारे में सुझाव देगा.
सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू व कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले भारतीय संविधान के अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधान खत्म कर इसे दो केंद्रशासित प्रदेशों (जम्मू-कश्मीर और लद्दाख) में बांटने का फैसला लिया था. ये दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के रूप में 31 अक्टूबर को अस्तित्व में आएंगे.
45वीं विश्व कौशल कज़ान प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने चार पदक जीते
भारतीय टीम ने 27 अगस्त को रूस में 45वीं विश्व कौशल कज़ान प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा. एस असावत नारायण ने जल प्रौद्योगिकी में स्वर्ण पदक, प्रणव नटलापति ने वेब प्रौद्योगिकियों में रजत पदक, संजय प्रमाणिक और श्वेता रतनपुरा ने आभूषण और ग्राफिक डिज़ाइन तकनीक में एक-एक कांस्य पदक जीता. वर्ष 2007 में पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद से भारतीय टीम का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.
भारत की मानसी जोशी ने पैरा बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप खिताब जीता
भारत की मानसी जोशी ने पैरा बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप खिताब जीत कर इतिहास रचा है. उन्होंने महिला एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में हमवतन पारुल परमान को 21-12, 21-7 से हराया. मानसी का यह पहला विश्व चैम्पियनशिप खिताब है. सन् 2011 में एक दुघर्टना के दौरान मानसी ने अपना बायां पैर खो दिया था.
प्लास्टिक कचरे से डीजल बनाने वाले संयंत्र का देहरादून में उद्घाटन
भारतीय पेट्रोलियम संस्थान ने प्लास्टिक कचरे से डीजल बनाने वाले संयंत्र उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्थापित किया है. केन्द्रीय विज्ञान और टेक्नोलाजी मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने 27 अगस्त को मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के साथ इस संयंत्र का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया.
एक टन क्षमता का यह प्लांट वर्षों की सफलतापूर्वक की गई रिसर्च के परिणामस्वरूप देहरादून के IIT के कैम्पस में लगाया गया है. संस्थान ने विमानों के लिए जैव ईंधन बनाने के बाद प्लास्टिक से डीजल बनाने में यह कामयाबी हासिल की है.
भारतीय पेट्रोलियम संस्थान, वैज्ञानिक व औद्योगिक अनुसन्धान परिषद् (CSIR) की प्रयोगशाला है. इस संस्थान का कार्य पेट्रोकेमिकल, पेट्रोलियम रिफाइनिंग इत्यादि प्रक्रियाओं पर रिसर्च करना है.
वायु सेना की शालिजा धामी ने पहली महिला फ्लाइट कमांडर बनने का कीर्तिमान बनाया
भारतीय वायु सेना की विंग कमांडर शालिजा धामी ने फ्लाइंग यूनिट की पहली महिला फ्लाइट कमांडर बनने का कीर्तिमान हासिल किया है. धामी ने हिंडन स्थित वायुसेना के हवाई अड्डे में चेतक हेलीकॉप्टर यूनिट के फ्लाइट कमांडर का पदभार संभाला है. फ्लाइट कमांडर यूनिट की कमान में यह दूसरा पोस्ट है.
पवन कपूर को संयुक्त अरब अमीरात का अगला राजदूत नियुक्त किया गया
भारत ने 28 अगस्त को पवन कपूर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का अगला राजदूत नियुक्त किया. वह 1990 कैडर के IFS अधिकारी नवदीप सिंह पुरी का स्थान लेंगे. पुरी अक्टूबर 2016 से UAE में भारतीय मिशन की कमान संभाल रहे थे.
पवन कपूर ने पिछले तीन वर्षों में इजरायल में राजदूत के रूप में भी काम किया है. उन्होंने नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय और प्रधान मंत्री कार्यालय में भी काम किया है.