डेली कर्रेंट अफेयर्स
19-21 मई 2026

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच देशों की यात्रा

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई 2026 तक पांच देशों की यात्रा पर थे. इस यात्रा के दौरान उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा किया.
  • भारत की विदेश नीति, ऊर्जा सुरक्षा, और रणनीतिक साझेदारियों के लिहाज से यह यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण रही है.

1. संयुक्त अरब अमीरात (UAE)

  • यात्रा की शुरुआत अबू धाबी से हुई, जहाँ प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की.
  • भारत के रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार (Strategic Petroleum Reserves) और दीर्घकालिक LPG आपूर्ति के लिए बड़े समझौते हुए.
  • अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) को भारत में कच्चे तेल की भंडारण क्षमता को 30 मिलियन बैरल तक बढ़ाने की अनुमति दी गई.
  • यूएई ने भारत में 5 बिलियन डॉलर के नए निवेश की घोषणा की.

2. नीदरलैंड

  • नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेतेन (Rob Jetten) के निमंत्रण पर यह प्रधानमंत्री मोदी की दूसरी नीदरलैंड यात्रा थी.
  • दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया.
  • रक्षा सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन और क्रिटिकल मिनरल्स (महत्वपूर्ण खनिजों) को लेकर कुल 17 समझौते ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए.
  • बाढ़ नियंत्रण और जल प्रबंधन की डच विशेषज्ञता को समझने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने प्रसिद्ध ‘अफस्लूटडिक डैम’ (Afsluitdijk dam) का दौरा किया.

3. स्वीडन

  • स्वीडन के गोथेनबर्ग में प्रधानमंत्री मोदी ने स्वीडिश समकक्ष उल्फ क्रिस्टरसन (Ulf Kristersson) से द्विपक्षीय वार्ता की.
  • सर्वोच्च सम्मान: पीएम मोदी को स्वीडन के प्रतिष्ठित ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ (Royal Order of the Polar Star) से सम्मानित किया गया.
  • उन्होंने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ यूरोपीय गोलमेज सम्मेलन (यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री) को संबोधित किया.

4. नॉर्वे (तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन)

  • पिछले 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली नॉर्वे यात्रा थी.
  • ओस्लो में आयोजित तीसरे ‘भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन’ में डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के नेताओं के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और AI पर चर्चा हुई.
  • पीएम मोदी को ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से भी नवाजा गया.

5. इटली

  • इस यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री इटली 19-20 मई 2026 को इटली गए थे. प्रधानमंत्री मोदी ने इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ व्यापक चर्चा की.
  • विशेष रणनीतिक साझेदारी: भारत-इटली संबंधों को अब ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ (Special Strategic Partnership) का दर्जा दिया गया है.
  • 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 बिलियन यूरो तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया.
  • भारतीय नर्सों की इटली में सुगम आवाजाही (Mobility), क्रिटिकल मिनरल्स, आयुर्वेद और टैक्स अपराधों/मनी लॉन्ड्रिंग को रोकने पर समझौते हुए.
  • UN एग्रीकोला मेडल: रोम स्थित खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय में पीएम मोदी को प्रतिष्ठित ‘यूएन एग्रीकोला मेडल’ (UN Agricola Medal) से सम्मानित किया गया.
  • वर्ष 2027 को ‘इटली-भारत संस्कृति और पर्यटन वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

रूस के राष्ट्रपति नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस वर्ष नई दिल्ली में भारत की अध्यक्षता में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे. एक साल के अंदर पुतिन की यह दूसरी भारत यात्रा होगी. इससे पहले वे दिसंबर 2025 में आयोजित 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली आए थे.

अमरीका में जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक

अमरीका इस वर्ष 30 और 31 अक्तूबर को जॉर्जिया के अटलांटा शहर में जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता करेगा. इस बैठक में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के विदेश मंत्री शामिल होंगे ताकि वैश्विक स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के जी20 के मुख्य उद्देशय को आगे बढ़ाया जा सके.

स्विट्जरलैंड में 79वां विश्व स्वास्थ्य सम्मेलन

79वां विश्व स्वास्थ्य सम्मेलन 18 से 23 मई तक स्विट्जरलैंड में आयोजित किया जा रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा इस सम्‍मेलन में भाग लेने के लिए स्विट्जरलैंड में हैं. इस वर्ष सम्‍मेलन का विषय है – वैश्विक स्वास्थ्य को नया स्वरूप देना: साझा जिम्मेदारी.  यह सम्‍मेलन 165 से अधिक देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों, गणमान्य जनों और सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा.

केरल में नई सरकार का शपथ ग्रहण

केरल विधानसभा चुनाव 2026 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की प्रचंड जीत के बाद, 18 मई 2026 को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ. वी. डी. सतीशन (V. D. Satheesan) ने केरल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली. उन्हें राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शपथ दिलाई. इसके साथ ही राज्य में पिछले 10 वर्षों से जारी सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ (LDF) शासन का अंत हो गया.

21 मई: राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस

भारत में हर साल 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि की स्मृति में राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस (National Anti-Terrorism Day) मनाया जाता है. इसका उद्देश्य युवाओं को आतंकवाद और हिंसा के मार्ग से दूर रखना तथा समाज में शांति को बढ़ावा देना है.