Tag Archive for: hockey

अर्जेंटीना को पराजित कर नीदरलैंड्स 9वीं बार महिला हॉकी विश्वकप का विजेता बना

नीदरलैंड्स, FIH महिला हॉकी विश्वकप 2022 का विजेता बना है. स्पेन के टेरेसा में खेले गए इस प्रतियोगिता के फाइनल में नीदरलैंड्स ने दो बार की चैंपियन अर्जेंटीना को 3-1 से हराते हुए लगातार तीसरी बार ये खिताब अपने नाम किया.

  • नीदरलैंड्स की टीम ने साल 2014, 2018 में भी खिताब जीता था और ये इस टीम का कुल 9वां विश्व कप खिताब है.
  • ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जर्मनी को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया. कड़े मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने जर्मनी पर 2-1 से जीत दर्ज की.
  • FIH महिला हॉकी विश्वकप 1 से 17 जुलाई तक नीदरलैंड्स और स्पेन में खेला गया था.

भारतीय महिला हॉकी टीम नौवें स्थान पर रही

  • FIH महिला हॉकी विश्व कप में भारतीय महिला हॉकी टीम नौवें स्थान पर रही. भारतीय टीम ने 13 जुलाई को खेले गए मैच में जापान को 3-1 से पराजित कर इस विश्व कप में नौवां स्थान प्राप्त किया.
  • भारत को क्वार्टर फाइनल में जाने के लिए क्रॉसओवर मैच में स्पेन को पराजित करने की जरूरत थी लेकिन स्पेन की टीम ने भारत को 1-0 से हरा दिया था और इसी के साथ भारत अंतिम-8 में पहुंचने की रेस से बाहर हो गया था.
  • भारत को ग्रुप-बी में रखा गया था. इस ग्रुप में भारत के अलावा इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और चीन शामिल थे. गोलकीपर सविता भारतीय महिला टीम की कप्तान थी.

भारत ने FIH हॉकी 5-S चैंपियनशिप का खिताब जीता

भारत ने FIH हॉकी फाइव्स (FIH Hockey 5s) चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है. स्विट्जरलैंड के लुसान में 5 जून को खेले गये फाइनल में भारत ने पोलैंड को 6-4 से पराजित कर इस प्रतियोगिता का विजेता बना.

  • इस चैंपियनशिप में भारतीय टीम को किसी भी मुकाबले में हार नहीं मिली. इस तरह राउंड रॉबिन लीग चरण में 10 अंक के साथ पांच टीम की तालिका में शीर्ष पर रही. पोलैंड 6 अंक के साथ दूसरे पायदान पर रहा.
  • हॉकी फाइव्स (Hockey 5s): एक दृष्टि
  • हॉकी फाइव्स (Hockey 5s) हॉकी संस्करण में प्रत्येक टीम से पांच-पांच खिलाडी हिस्सा लेते हैं जिनमें 4 फील्ड खिलाडी और एक गोलकीपर होते है.
  • खेल का मैदान भी 55 मीटर लंबा और 41.70 मीटर चौड़ा है जो एक नियमित पिच के आकार का लगभग आधा है.

FIH पुरुष हॉकी विश्व कप का आधिकारिक लोगो जारी किया गया

हॉकी इंडिया ने 14 अप्रैल को पुरुष FIH हॉकी विश्व कप 2023 का आधिकारिक लोगो जारी किया. लोगो में ट्रॉफी के ऊपर हॉकी स्टिक और बॉल दिखाया गया है.

मुख्य बिंदु

  • FIH हॉकी विश्व कप 2023 की मेजबानी भारत कर रहा है. हॉकी इंडिया की ओर से इस विश्व कप का आयोजन भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला में निर्माणाधीन 20 हजार सीट की क्षमता वाले बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 13 से 29 जनवरी 2023 तक किया जायेगा.
  • टूर्नामेंट में भारत सहित 16 टीम भाग लेंगी जिसमें नीदरलैंड्स, बेल्जियम, इंग्लैंड, जर्मनी, स्पेन, फ्रांस, वेल्स, दक्षिण अफ्रीका, अर्जेंटीना, चिली, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं.
  • शेष तीन टीम इंडोनेशिश के जकार्ता में 23 मई से एक जून 2022 तक होने एशिया कप 2022 के बाद विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी. एशिया कप हॉकी विश्व कप 2023 के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट भी है.

भारत ने एशियाई चैंपियन्‍स ट्रॉफी हॉकी में कांस्‍य पदक जीता

भारत ने एशियाई चैंपियन्‍स ट्रॉफी हॉकी में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्‍य पदक जीता. ढाका में 22 दिसम्बर को खेले गये कांस्य पदक के मुकाबले में भारत ने पाकिस्‍तान को 4-3 से पराजित कर यह पदक अपने नाम किया.

इस मैच में भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह, सुमित, वरूण कुमार और आकाशदीप सिंह ने गोल किये. इस मैच में भारतीय टीम के कप्‍तान मनप्रीत सिंह थे.

इस प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक दक्षिण कोरिया ने जीता. प्रतियोगिता के फाइनल मैच में दक्षिण कोरिया ने जापान को पेनल्‍टी शूट आउट में 4-2 से हराकर यह पदक जीता. निर्धारित समय तक दोनों टीमें तीन-तीन से बराबरी पर थीं.

नरिंदर बत्रा को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ का पुनः अध्यक्ष चुना गया

भारत के नरिंदर बत्रा को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) का अध्यक्ष चुना गया है. हॉकी की वैश्विक संस्था FIH की 47वीं कांग्रेस के दौरान बत्रा को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया. बत्रा ने अपने प्रतिद्वंद्वी बेल्जियम हॉकी महासंघ के प्रमुख मार्क कोड्रोन को हराया. वह 2024 तक FIH अध्यक्ष रहेंगे.

नरिंदर बत्रा वर्तमान में भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति (IOC) के सदस्य भी हैं. वे अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ के 92 साल पुराने इतिहास में शीर्ष पद हासिल करने वाले एकमात्र एशियाई हैं.

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने त्यागपत्र दिया, ज्ञानेंद्रो कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है. खेल मंत्रालय ने उनके चुनाव को राष्ट्रीय खेल संहिता के कार्यकाल संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करार देते हुए उनसे पद छोड़ने के लिए कहा था.

मणिपुर के ज्ञानेंद्रो निगोमबाम कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त

हॉकी इंडिया कार्यकारी बोर्ड ने महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मणिपुर के ज्ञानेंद्रो निगोमबाम को अहमद के स्थान पर कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है. उन्होंने 2009 से 2014 के बीच मणिपुर हॉकी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य किया है.

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्‍तान को ‘वर्ल्ड गेम्स ऐथलीट ऑफ द ईयर’ पुरस्‍कार दिया गया

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्‍तान रानी रामपाल को ‘वर्ल्ड गेम्स ऐथलीट ऑफ द ईयर 2020’ पुरस्‍कार से सम्मानित किया गया है. वह यह पुरस्‍कार प्राप्‍त करने वाली पहली हॉकी खिलाड़ी हो गई हैं. वर्ष 2019 में एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक्स में अच्छा प्रदर्शन करने वालीं मारिया चर्नोवा-जियोर्जी पटारिया की रूसी जोड़ी को यह पुरस्कार मिला था.

विश्‍व खेल संस्‍था ने 20 दिनों तक चले खेल प्रेमियों के मतदान के बाद 30 जनवरी को विजेता के नाम की घोषणा की. उन्हें 199477 वोट मिले, जबकि कुल 705,610 वोट पड़े. यूक्रेन की कराटे खिलाड़ी स्टेनिसलाव होरुना दूसरे स्थान पर, जबकि कनाडा की पावरलिफ्टर रिया स्टिन तीसरे स्थान पर रहीं.

रानी रामपाल: एक दृष्टि

रानी रामपाल को हाल ही में देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री मिला था. रानी भारत के 240 से अधिक मैच खेल चुकी हैं. रानी की अगुआई में ही भारत ने तीसरी बार ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई किया था.

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सुनीता चंद्रा का निधन

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त सुनीता चंद्रा का 27 जनवरी को निधन हो गया. वह 76 साल की थीं. वह वर्ष 1956 से 1966 तक भारतीय हॉकी महिला टीम के लिए खेली और इस दौरान वर्ष 1963 से 1966 तक वह टीम की कप्तान भी रहीं.

वर्ष 2023 के पुरुष हॉकी विश्व कप का आयोजन भुवनेश्वर और राउरकेला में किया जाएगा

वर्ष 2023 में होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप टूर्नामेंट का आयोजन ओडिशा में किया जाएगा. हॉकी इंडिया और ओडिशा सरकार के खेल विभाग ने 27 नवम्बर को साझा तौर पर इसकी पुष्टि की. इस विश्व कप के सभी मैच ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर और राउरकेला में खेले जाएंगे.

पुरुष हॉकी विश्व कप 13 जनवरी से लेकर 29 जनवरी 2023 तक खेले जाएगा. इससे पहले 8 नवंबर को इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन ने भारत को साल 2023 में होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी सौंपी थी.

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने 15वें पुरूष हाकी विश्व कप की मेजबानी के लिये भारत को चुना

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने 2023 में होने वाले 15वें पुरूष हाकी विश्व कप की मेजबानी के लिये भारत को चुना है. इसकी घोषणा 8 अक्टूबर को स्विटजरलैंड के लॉसाने शहर में हुई FIH एक्जिक्यूटिव बोर्ड की बैठक में की गई. पुरूष हॉकी विश्व कप भारत में 2023 में 13 से 29 जनवरी तक खेला जायेगा.

लॉसाने में हुई बैठक में 2022 में होने वाले FIH महिला हॉकी विश्वकप की सह-मेजबानी के लिए स्पेन और नीदरलैंड्स को चुना गया. महिला हाकी विश्वकप 2022 में 1 से 17 जुलाई के बीच खेला जायेगा.

1971 के बाद से ये चौथा मौका होगा जब भारत हॉकी विश्वकप की मेजबानी करेगा. भारत लगातार दूसरी बार पुरूष हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा. इससे पहले 2018 में पुरुष हॉकी विश्व कप के 14वें संस्करण का आयोजन ओडिशा के भुबनेश्वर में 28 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2018 के बीच किया गया था.

भारत सुलतान जोहोर कप 2019 हॉकी टूर्नामेंट का उप-विजेता बना

सुलतान जोहोर कप (Sultan of Johor Cup) हॉकी टूर्नामेंट में भारत दूसरे स्थान पर रहकर उप-विजेता बना. मलेशिया में खेले गये इस प्रतियोगिता के फाइनल में ब्रिटेन ने भारतीय जूनियर हॉकी टीम को 2-1 से पराजित कर खिताब का विजेता बना.

भारत को पिछली बार (2018) भी फाइनल में ब्रिटेन के हाथों 2-3 से हाकर खिताब उप-विजेता रहा था. भारत ने अंतिम बार यह खिताब 2014 में जीता था.

भारतीय पुरूष और महिला हाकी टीम ने ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट जीता

भारतीय पुरूष और महिला हाकी टीम ने ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट जीत लिया है. 21 अगस्त को जापान के तोक्‍यो में खेले गये फाइनल में भारतीय महिला हाकी टीम ने जापान को 2-1 से हराया. इससे पहले भारतीय पुरूष हाकी टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 5-0 से हराकर इस टूर्नामेंट का विजेता बना.