डेली कर्रेंट अफेयर्स
7-9 अप्रैल 2026

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

नासा का आर्टेमिस-2 मिशन: मनुष्य एक बार फिर से चंद्रमा के करीब पहुंचा

अमरीका के अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) का ‘आर्टेमिस-2’ (Artemis II) मिशन हाल के दिनों में सुर्खियों में रहा है. 50 से अधिक वर्षों के बाद मनुष्य एक बार फिर से चंद्रमा के करीब पहुंच गया है.

आर्टेमिस-2 (Artemis II) मिशन

  • आर्टेमिस-2 (Artemis II) मिशन 1972 के अपोलो मिशन के बाद इंसानों को चंद्रमा के करीब ले जाने वाला पहला मिशन है.
  • यह एक 10 दिवसीय ‘क्रूड लूनर फ्लाईबाय’ (Crewed lunar flyby) मिशन था. इसका मतलब है कि अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग नहीं की, बल्कि उसके चारों ओर चक्कर लगाकर सुरक्षित पृथ्वी पर वापसी की.
  • इस मिशन में नासा के सबसे शक्तिशाली रॉकेट ‘स्पेस लॉन्च सिस्टम’ (SLS) और यात्रियों के बैठने के लिए ‘ओरियन’ (Orion) कैप्सूल का उपयोग किया गया.
  • इस मिशन ने चंद्रमा के गुरुत्वाकर्षण का ही उपयोग करके अंतरिक्ष यान को वापस धरती की ओर धकेलने की सुरक्षित तकनीक का इस्तेमाल किया.

घटनाक्रम: एक दृष्टि

  • इसे 1 अप्रैल 2026 को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया.
  • 6 अप्रैल को ओरियन कैप्सूल पृथ्वी से लगभग 4,06,771 किलोमीटर दूर पहुँच गया, जिसने ‘अपोलो 13’ के सबसे दूर तक जाने वाले मानव अंतरिक्ष उड़ान के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया.
  • 10 दिनों की सफल यात्रा के बाद 10 अप्रैल 2026 को प्रशांत महासागर में इसकी सुरक्षित वापसी हुई.

चालक दल

  • रीड वाइसमैन (Reid Wiseman): मिशन कमांडर (NASA).
  • विक्टर ग्लोवर (Victor Glover): मिशन पायलट. (यह चंद्रमा के मिशन पर जाने वाले पहले अश्वेत व्यक्ति हैं).
  • क्रिस्टीना कोच (Christina Koch): मिशन विशेषज्ञ. (यह चंद्रमा के मिशन पर जाने वाली पहली महिला हैं).
  • जेरेमी हैनसेन (Jeremy Hansen): मिशन विशेषज्ञ. (यह कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी – CSA के हैं और चंद्रमा की यात्रा करने वाले पहले गैर-अमेरिकी नागरिक हैं).

आर्टेमिस-3 मिशन

  • आर्टेमिस-2 की पूरी उड़ान भविष्य के ‘आर्टेमिस-3’ मिशन के लिए एक तकनीकी परीक्षण थी. आर्टेमिस-3 के जरिए ही नासा इंसानों को सचमुच चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने की तैयारी कर रहा है.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

8 अप्रैल – प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के 11 वर्ष पूरे

गैर-कॉर्पोरेट, गैर-कृषि लघु और सूक्ष्म उद्यमों को ₹10 लाख तक का संपार्श्विक-मुक्त (Collateral-free) ऋण प्रदान करने के लिए 8 अप्रैल 2015 को यह योजना शुरू की गई थी. वित्त मंत्रालय द्वारा जारी नवीनतम रिपोर्ट (अप्रैल 2026) के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक 50 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं. इनमें से लगभग 68% खाते महिला उद्यमियों के हैं.

DRDO द्वारा ‘VSHORADS’ का सफल परीक्षण

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने स्वदेशी रूप से विकसित ‘वेरी शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम’ (VSHORADS) मिसाइल का सफल परीक्षण किया है. यह एक ‘मैन-पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम’ (MANPADS) है, जिसे सैनिक आसानी से कंधे पर रखकर दाग सकते हैं. इसका मुख्य काम कम ऊंचाई वाले हवाई खतरों (जैसे दुश्मन के ड्रोन और हेलीकॉप्टर) को तुरंत बेअसर करना है.

आर्टेमिस-2 मिशन (Artemis II) की वापसी यात्रा शुरू

8-9 अप्रैल को नासा के ओरियन (Orion) कैप्सूल ने चंद्रमा के गुरुत्वाकर्षण का सफलतापूर्वक उपयोग करते हुए अपना ‘ट्रांस-अर्थ इंजेक्शन’ (TEI) बर्न पूरा कर लिया. इसके साथ ही चारों अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी की ओर अपनी वापसी की यात्रा पर निकल चुके. इनकी प्रशांत महासागर में सफल लैंडिंग 10 अप्रैल को निर्धारित है.

7 अप्रैल – विश्व स्वास्थ्य दिवस (World Health Day)

यह दिन 1948 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरी दुनिया में मनाया जाता है. इस वर्ष की वैश्विक थीम ‘Together for health. Stand with science’ (एक साथ स्वास्थ्य के लिए. विज्ञान के साथ खड़े रहें) रखी गई है, जो जलवायु परिवर्तन और भविष्य की महामारियों के खिलाफ स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने पर केंद्रित है.

9 अप्रैल – CRPF शौर्य दिवस (CRPF Valour Day)

9 अप्रैल 1965 को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की केवल 2 कंपनियों (लगभग 150 जवानों) ने गुजरात के कच्छ के रण में ‘सरदार पोस्ट’ पर पाकिस्तानी सेना की पूरी इन्फैंट्री ब्रिगेड के भारी हमले को विफल कर दिया था. इस अदम्य साहस की याद में हर साल यह शौर्य दिवस मनाया जाता है. इस वर्ष CRPF ने अपना 61वां शौर्य दिवस मनाया.