डेली कर्रेंट अफेयर्स
22-24 मार्च 2026

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

विश्व मौसम विज्ञान दिवस: स्टेट ऑफ द ग्लोबल क्लाइमेट 2025 रिपोर्ट

प्रत्येक वर्ष 23 मार्च को विश्व मौसम विज्ञान दिवस (World Meteorological Day) मनाया जाता है. यह दिन 23 मार्च 1950 को ‘विश्व मौसम विज्ञान संगठन’ (WMO) की स्थापना के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. इसका उद्देश्य चरम मौसमी घटनाओं से निपटने के लिए पूर्व चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करना है.

इस वर्ष यह दिवस ‘Observing Today, Protecting Tomorrow’ (आज का अवलोकन, कल की सुरक्षा) थीम पर मनाया गया.

स्टेट ऑफ द ग्लोबल क्लाइमेट 2025 रिपोर्ट

  • विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने विश्व मौसम विज्ञान दिवस 2026 के अवसर पर अपनी बेहद चिंताजनक रिपोर्ट— ‘स्टेट ऑफ द ग्लोबल क्लाइमेट 2025’ (State of the Global Climate 2025) जारी की थी.
  • WMO ने इतिहास में पहली बार अपनी रिपोर्ट में ‘अर्थ एनर्जी इम्बैलेंस’ (EEI) को एक प्रमुख जलवायु संकेतक के रूप में शामिल किया है.

रिपोर्ट मुख्य बिन्दु

  • सूर्य से पृथ्वी पर आने वाली गर्मी और अंतरिक्ष में वापस जाने वाली गर्मी के बीच का अंतर पिछले 65 वर्षों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है. इसका सीधा अर्थ है कि पृथ्वी अब पहले से कहीं ज्यादा तेजी से गर्मी सोख रही है और प्राकृतिक रूप से ठंडी नहीं हो पा रही है.
  • 2015 से 2025 का समय मानव इतिहास के सबसे गर्म 11 साल रहे हैं. वर्ष 2025 रिकॉर्ड पर दूसरा या तीसरा सबसे गर्म वर्ष दर्ज किया गया है, जिसका तापमान पूर्व-औद्योगिक स्तर (1850-1900) के औसत से 1.43°C ऊपर पहुंच गया है.
  • वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) का स्तर पिछले 20 लाख (2 मिलियन) वर्षों में सबसे अधिक हो गया है.
  • मीथेन (Methane) और नाइट्रस ऑक्साइड (Nitrous Oxide) जैसी खतरनाक और गर्मी सोखने वाली गैसें भी पिछले 8 लाख वर्षों के अपने उच्चतम स्तर पर हैं.
  • महासागरों के गर्म होने की दर पिछले 20 वर्षों में दोगुनी हो गई है. इसका असर यह है कि अंटार्कटिका में समुद्री बर्फ का स्तर रिकॉर्ड पर तीसरे सबसे निचले स्तर पर आ गया है, जिससे समुद्र का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.

विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO)

  • विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक विशेष एजेंसी है, जो मौसम विज्ञान, जल विज्ञान और संबंधित भूभौतिकीय विज्ञान के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देती है.
  • WMO की आधिकारिक स्थापना 23 मार्च 1950 को हुई थी. अपनी स्थापना के ठीक एक साल बाद, 1951 में WMO संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी बन गया.
  • इसका मुख्यालय जिनेवा, स्विट्जरलैंड में स्थित है. वर्तमान में भारत सहित इसके 193 सदस्य देश और क्षेत्र हैं.
  • यह दुनिया भर में मौसम की पूर्व चेतावनी प्रणालियों का समन्वय करता है, जलवायु परिवर्तन की निगरानी करता है, और ओजोन परत के क्षरण व ग्रीनहाउस गैसों के स्तर पर नज़र रखता है.

विश्‍व तपेदिक दिवस, भारत का तपेदिक उन्मूलन कार्यक्रम

प्रत्येक वर्ष 24 मार्च को विश्‍व तपेदिक दिवस (टीबी) दिवस मनाया जाता है. इसका उद्देश्‍य तपेदिक के विनाशकारी स्वास्थ्य, सामाजिक और आर्थिक परिणामों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और इस वैश्विक महामारी को समाप्त करने के प्रयासों को तेज करना है.

मुख्य बिन्दु

  • विश्‍व तपेदिक दिवस 2026 का वैश्विक थीम ‘Yes! We can End TB: Led by countries, Powered by people.’ जबकि भारतीय थीम ‘Yes! We Can End TB: Led by Bharat, Powered by Jan Bhagidari’ था.
  • यह दिन 1882 में डॉ. रॉबर्ट कोच द्वारा टीबी के जीवाणु की खोज की याद में मनाया जाता है.

भारत का टीबी उन्मूलन कार्यक्रम

  • भारत सरकार ‘निक्षय पोषण योजना’ (Ni-kshay Poshan Yojana) के तहत टीबी मरीजों को मुफ्त इलाज और पोषण सहायता दे रही है.
  • ‘निक्षय’ शब्द दो शब्दों से मिलकर बना है: ‘नि’ (अर्थात समाप्ति या अंत) और ‘क्षय’ (अर्थात टीबी/तपेदिक). यह भारत सरकार के ‘राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम’ (NTEP) का मुख्य आधार है.
  • स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) द्वारा विकसित निक्षय’ पोर्टल (Ni-kshay Portal) पर देश के हर एक टीबी मरीज का पूरा डेटाबेस रखा जाता है.
  • टीबी के मरीजों को अच्छा पोषण मिल सके, इसके लिए इलाज चलने तक हर टीबी मरीज को ₹500 प्रति माह की वित्तीय सहायता दी जाती है.
  • निक्षय मित्र: निक्षय मित्र (Ni-kshay Mitra) एक अनूठी पहल है जिसके तहत कोई भी आम नागरिक, कॉर्पोरेट कंपनी (CSR के तहत), एनजीओ या राजनीतिक दल किसी भी टीबी मरीज को गोद (Adopt) ले सकता है.
  • ‘निक्षय मित्र’ बनने वाला व्यक्ति या संस्था मरीज को इलाज के दौरान अतिरिक्त पोषण किट (जैसे दाल, दूध, सोयाबीन, अंडे आदि), व्यावसायिक सहायता या अतिरिक्त डायग्नोस्टिक मदद प्रदान करता है.

भारत का टीबी उन्मूलन लक्ष्य

  • वैश्विक लक्ष्य: संयुक्त राष्ट्र के ‘सतत विकास लक्ष्यों’ (SDG 3.3) के तहत दुनिया भर से टीबी को खत्म करने का लक्ष्य वर्ष 2030 रखा गया है.
  • भारत का लक्ष्य: भारत सरकार ने दुनिया से 5 साल पहले, यानी वर्ष 2025 तक देश से टीबी को पूरी तरह से खत्म करने का बेहद महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा था.
  • वर्तमान में (2026 में) स्वास्थ्य मंत्रालय इस लक्ष्य की पूर्ण प्राप्ति और बचे हुए मामलों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अंतिम चरण पर सघन काम कर रहा है.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

भारत का पहला ‘जल-स्मार्ट’ शहर इंदौर

विश्व जल दिवस के अवसर पर, जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और 100% अपशिष्ट जल उपचार के उत्कृष्ट मॉडल के लिए इंदौर (मध्य प्रदेश) को भारत के पहले ‘वाटर-स्मार्ट’ (Water-Smart) शहर के रूप में मान्यता दी गई है.

ऑपरेशन समुद्र रक्षक का विस्तार

पश्चिम एशिया युद्ध और ‘होर्मुज़ जलडमरूमध्य’ में बढ़ रहे ड्रोन हमलों को देखते हुए भारतीय नौसेना ने अरब सागर में अपने व्यापारिक जहाजों (खासकर तेल और LNG टैंकरों) की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘ऑपरेशन समुद्र रक्षक’ के तहत युद्धपोतों की तैनाती को और बढ़ा दिया है.

गगनयान मिशन के लिए क्रू एस्केप सिस्टम का परीक्षण

इसरो (ISRO) ने मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ के लिए क्रायोजेनिक इंजन (CE20) के सफल परीक्षण के बाद, 22 मार्च को पैराशूट सिस्टम और ‘क्रू एस्केप सिस्टम’ (Crew Escape System) की सुरक्षा जांच से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण ड्रॉप टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है.

ब्रिक्स (BRICS) की विशेष ऊर्जा बैठक

कच्चे तेल की कीमतों के $115 प्रति बैरल के पार जाने के कारण, रूस की अध्यक्षता में ब्रिक्स देशों के ऊर्जा मंत्रियों की एक आपातकालीन वर्चुअल बैठक आयोजित की गई. भारत ने इसमें भाग लेते हुए ‘ग्लोबल साउथ’ (विकासशील देशों) के लिए सस्ती और निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

RELIEF योजना का पहला फंड जारी

वाणिज्य मंत्रालय ने मालभाड़े में हुई भारी वृद्धि से MSME निर्यातकों को बचाने के लिए हाल ही में घोषित ‘RELIEF’ (Resilience & Logistics Intervention for Export Facilitation) योजना के तहत वित्तीय सहायता का पहला चरण जारी कर दिया है, जिसमें मालभाड़े पर 50% तक की छूट दी जा रही है.

22 मार्च को बिहार ने अपना 114वां स्थापना दिवस मनाया

बिहार ने 22 मार्च 2026 को अपना 114वां स्थापना दिवस मनाया. वर्ष 1912 में आज ही के दिन बिहार, बंगाल से अलग होकर स्वतंत्र राज्य बना था. इस वर्ष बिहार दिवस का विषय है- उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार.

सबसे अधिक समय तक नेतृत्व करने वाले शासनाध्यक्ष

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में किसी निर्वाचित सरकार का सबसे अधिक समय तक नेतृत्व करने वाले शासनाध्यक्ष बन गए हैं. श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर संयुक्त रूप से 8931 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है. उनसे पहले, पवन कुमार चामलिंग 8930 दिन तक सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे थे.

22 मार्च – विश्व जल दिवस

थीम 2026: ‘Water and Gender: Where water flows, equality grows’ (जल और लैंगिक समानता: जहां जल बहता है, वहां समानता बढ़ती है). इस वर्ष की थीम जल संकट और जलवायु परिवर्तन के बीच महिलाओं के नेतृत्व और समावेशी जल प्रशासन पर केंद्रित है.

24 मार्च – विश्व क्षय रोग (TB) दिवस

वैश्विक थीम: ‘Yes! We can End TB: Led by countries, Powered by people.’ भारतीय थीम: ‘Yes! We Can End TB: Led by Bharat, Powered by Jan Bhagidari’. यह दिन 1882 में डॉ. रॉबर्ट कोच द्वारा टीबी के जीवाणु की खोज की याद में मनाया जाता है. भारत सरकार ‘निक्षय पोषण योजना’ के तहत टीबी मरीजों को मुफ्त इलाज और पोषण सहायता दे रही है.