डेली कर्रेंट अफेयर्स
4-6 फरवरी 2026

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

केंद्र, नागालैंड सरकार और ENPO के बीच ऐतिहासिक त्रिपक्षीय समझौता

5 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में केंद्र सरकार, नागालैंड सरकार और पूर्वी नागालैंड पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन (ENPO) के बीच एक ऐतिहासिक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए. गृहमंत्री अमित शाह और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्‍ताक्षर किये गये.

मुख्य बिन्दु

  • ENPO पूर्वी नागालैंड की 8 मान्यता प्राप्त जनजातियों (कोन्याक, फोम, चांग, खियामनियुंगन, संगतम, तिखिर, यिमखिउंग और पूर्वी सुमी) का प्रतिनिधित्व करने वाला शीर्ष संगठन है.
  • यह समझौता पूर्वी नागालैंड के छह जिलों की लंबे समय से चली आ रही ‘अलग राज्य’ की मांग का एक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण समाधान है.
  • केंद्र ने स्पष्ट किया है कि इस समझौते से संविधान के अनुच्छेद 371(A) (जो नागालैंड को विशेष दर्जा देता है) के प्रावधानों पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

FNTA का गठन

  • इस समझौते के तहत नागालैंड राज्य के भीतर ही ‘फ्रंटियर नागालैंड टेरिटोरियल अथॉरिटी’ (FNTA) के गठन का मार्ग प्रशस्त हुआ है. यह एक स्वायत्त प्रशासनिक निकाय होगा.
  • यह प्राधिकरण नागालैंड के 6 पूर्वी जिलों (मोन, तुएनसांग, लोंगलेंग, किफिर, नोकलाक और शामतोर) के लिए काम करेगा.
  • FNTA को 46 विषयों पर विधायी, कार्यकारी और वित्तीय शक्तियां दी गई हैं. यानी इन विषयों से जुड़े निर्णय अब स्थानीय स्तर पर लिए जा सकेंगे.
  • FNTA के लिए एक मिनी-सचिवालय बनाया जाएगा. इसका नेतृत्व अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) या प्रधान सचिव स्तर के अधिकारी करेंगे.
  • पूर्वी नागालैंड के विकास के लिए जनसंख्या और क्षेत्रफल के अनुपात में बजट आवंटित किया जाएगा. शुरुआती स्थापना खर्च केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा वहन किया जाएगा.

समझौते का महत्व

  • दशकों पुरानी मांग का अंत: ENPO वर्ष 2010 से ‘फ्रंटियर नागालैंड’ के नाम से अलग राज्य की मांग कर रहा था. इस समझौते ने राज्य के बंटवारे के बिना स्वायत्तता का रास्ता निकालकर विवाद को सुलझा दिया है.
  • विकास में समानता: पूर्वी नागालैंड के लोगों की मुख्य शिकायत यह थी कि वे विकास की मुख्यधारा से पीछे छूट गए हैं. अब सीधी फंडिंग और स्थानीय शासन से इस अंतर को पाटने में मदद मिलेगी.
  • शांतिपूर्ण पूर्वोत्तर: गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार, 2019 के बाद से पूर्वोत्तर में यह 12वां प्रमुख समझौता है, जो क्षेत्र में उग्रवाद और संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.

महिला प्रीमियर लीग 2026 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता

महिला प्रीमियर लीग (WPL) का चौथा सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने जीत लिया है. वडोदरा के BCA स्टेडियम में 5 फरवरी 2026 को खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में RCB ने देल्ही कैपिटल्स (DC) को हराया.

मुख्य बिन्दु

  • रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का दूसरा WPL खिताब है. दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह लगातार चौथी बार फाइनल में हार थी.
  • दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203/4 का स्कोर बनाया, जिसे RCB ने 19.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया.
  • स्मृति मंधाना को फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और गुजरात जायंट्स की ऑलराउंडर सोफी डिवाइन को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया.

महिला प्रीमियर लीग 2026

  • यह महिला प्रीमियर लीग का चौथा संस्करण था जिसका आयोजन 9 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक नवी मुंबई (डीवाई पाटिल स्टेडियम) और वडोदरा (बीसीसीए स्टेडियम) में हुआ था.
  • इस टूर्नामेंट में कुल 5 टीमें: मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, आरसीबी, यूपी वारियर्स और गुजरात जायंट्स ने हिस्सा लिया था.

मणिपुर में युम्नाम खेमचंद सिंह ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

मणिपुर में 4 फरवरी 2026 को लगभग एक साल से लागू राष्ट्रपति शासन को समाप्त कर दिया गया है और युम्नाम खेमचंद सिंह ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.

शपथ ग्रहण समारोह

  • भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष युम्नाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.
  • मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इम्फाल स्थित लोक भवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
  • भारतीय जनता पार्टी के नेमचा किपगेन और एनपीएफ की लोसी दिखो ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
  • मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 तक है.

राष्ट्रपति शासन की समाप्ति

  • तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राज्‍य में 13 फरवरी, 2025 को राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था और राज्य विधानसभा निलंबित कर दी गई थी.
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संविधान के अनुच्छेद 356(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए 4 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति शासन हटाने की अधिसूचना जारी की.
  • राज्य में शांति बहाली और एक चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार की वापसी के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया.

विंग्स इंडिया 2026 हैदराबाद में संपन्न हुआ

  • एशिया का सबसे बड़ा नागरिक उड्डयन (Civil Aviation) कार्यक्रम विंग्स इंडिया 2026 (Wings India 2026)  का आयोजन 28 से 31 जनवरी 2026  तक हैदराबाद में आयोजित किया गया था.
  • इसका आयोजन नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और FICCI. ने बेगमपेट एयरपोर्ट  हैदराबाद में किया गया था.
  • इस आयोजन में 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया, जिनमें रूस, अमेरिका, फ्रांस और सिंगापुर जैसे देश शामिल थे.

मुख्य बिन्दु

  • आयोजन की थीम ‘भारतीय विमानन: भविष्य का निर्माण – डिजाइन से तैनाती, विनिर्माण से रखरखाव, समावेशिता से नवाचार और सुरक्षा से स्थिरता तक’ थी.
  • हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने स्वदेशी नागरिक विमान H-228 और ध्रुव नेक्स्ट जेनरेशन (NG) हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन किया.
  • ‘शक्ति ग्रुप’ और ‘ओम्नीपोल’ के बीच भारत में 19-सीटर विमान (L410 NG) बनाने के लिए समझौता हुआ. शक्ति ग्रुप भारत में निजी तौर पर विमान बनाने वाली अग्रणी कंपनियों में से एक है. ओम्नीपोल चेक गणराज्य का एक बड़ा डिफेंस व एयरोस्पेस ग्रुप है.
  • एयर इंडिया ने बोइंग के साथ 30 और नए विमानों का ऑर्डर दिया. इसके साथ ही एयर इंडिया के कुल विमानों की संख्या 600 हो जाएगी.

भारत ने SFDR तकनीक का सफल परीक्षण किया

भारत ने हाल ही में SFDR (Solid Fuel Ducted Ramjet) तकनीक का सफल परीक्षण है. यह तकनीक भारत को उन चुनिंदा देशों की कतार में खड़ा करती है जिनके पास हवा-से-हवा में मार करने वाली लंबी दूरी की मिसाइलें बनाने की क्षमता है.

SFDR तकनीक क्या है?

  • मिसाइलें अपने साथ ईंधन और उसे जलाने के लिए ऑक्सीडाइजर (Oxidizer) दोनों ले जाती हैं, जिससे मिसाइल भारी हो जाती है.
  • SFDR एक ‘एयर-ब्रीदिंग’ (Air-breathing) इंजन तकनीक है. यह मिसाइल उड़ान के दौरान वायुमंडल से ही ऑक्सीजन लेती है.
  • इसे अपने साथ भारी ऑक्सीडाइजर नहीं ले जाना पड़ता, इसलिए इसमें अधिक ईंधन भरा जा सकता है. इससे मिसाइल की रेंज (दूरी) और स्पीड दोनों बहुत बढ़ जाती हैं.
  • यह तकनीक मिसाइल को बहुत तेज गति (ध्वनि की गति से कई गुना ज्यादा) से उड़ने में मदद करती है.
  • इस तकनीक को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की प्रयोगशालाओं द्वारा विकसित किया गया है.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

अमरीका और रूस सैन्य वार्ता शुरू करेंगे

अमरीका और रूस सैन्य वार्ता फिर शुरू करेंगे. यह वार्ता वर्ष 2022 में यूक्रेन संघर्ष शुरू होने से ठीक पहले स्थगित कर दी गई थी. गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच न्यू स्टार्ट परमाणु हथियार संधि की अवधि कल ही समाप्त हुई है.

अमरीका और ईरान मस्कट में परमाणु वार्ता करेंगे

अमरीका और ईरान 6 फ़रवरी को ओमान की राजधानी मस्कट में परमाणु वार्ता करेंगे. ओमान पहले भी अमरीका–ईरान वार्ता की मेजबानी की है. इस वार्ता में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शामिल होंगे. अमरीकी प्रतिनिधिमंडल में पश्चिम एशिया के दूत स्टीव विटकॉफ और संभवतः जेरेड कुशनर भी शामिल होंगे.

प्रधानमंत्री मलेशिया दौरे पर

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 7-8 फ़रवरी को मलेशिया दौरे पर हैं. उनकी यह यात्रा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर हो रही है. इसका उद्देश्‍य व्‍यापार, निवेश, ऊर्जा और नौवहन सुरक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करना है. यह प्रधानमंत्री की मलेशिया की तीसरी यात्रा होगी.

भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष श्रीलंका ले जाए जाएंगे

भगवान बुद्ध के पवित्र देवनीमोरी अवशेष 4 फ़रवरी को श्रीलंका में एक सप्ताह तक चलने वाली अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए ले जाए जाएंगे. इतिहास में पहली बार, भगवान बुद्ध के पवित्र देवनीमोरी अवशेष अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए श्रीलंका भेजे जा रहे हैं.

भारत और तंजानिया चौथी संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक

भारत और तंजानिया के बीच चौथी संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (JDCC) की बैठक 2 से 3 फरवरी 2026 को तंजानिया के जंजीबार  में संपन्न हुई. इस बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी वायु सेनाओं के बीच भी सहयोग शुरू करने पर सहमति जताई. रक्षा संबंधों को आधुनिक बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा, और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर (EW) जैसे क्षेत्रों में क्षमता निर्माण पर चर्चा हुई.

विश्व कैंसर दिवस (World Cancer Day)

प्रत्येक वर्ष 4 फरवरी को दुनिया भर में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए यह दिन मनाया जाता है. 2026 की थीम ‘United by Unique’ है.

New START संधि का अंत

रूस और अमेरिका के बीच अंतिम परमाणु हथियार नियंत्रण संधि, ‘New START’ 5 फरवरी, 2026 को समाप्त हो गया. इससे वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में चिंताएं बढ़ गई हैं.

अभ्यास खंजर (Exercise Khanjar)

भारत और किर्गिस्तान के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास का 13वां संस्करण असम के मिसामारी में शुरू हुआ. यह अभ्यास आतंकवाद विरोधी अभियानों पर केंद्रित है.