डेली कर्रेंट अफेयर्स
13-15 फरवरी 2026

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

62वां म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन म्यूनिख में संपन्न हुआ

म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन (MSC) 2026, 13 से 15 फरवरी 2026 तक जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित हुआ था. यह इस सम्मेलन का 62वां संस्करण था.

सम्मेलन में चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ (जर्मनी), कीर स्टार्मर (यूके), उर्सुला वॉन डेर लेयेन (EC), वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की (यूक्रेन) जैसे प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया.

MSC 2026: मुख्य बिंदु

  • इस साल की म्यूनिख सुरक्षा रिपोर्ट का शीर्षक ‘Under Destruction’ (विनाश के अधीन) रखा गया था. यह रिपोर्ट इस बात पर केंद्रित थी कि कैसे वर्तमान वैश्विक व्यवस्था और नियम धीरे-धीरे टूट रहे हैं.
  • अमेरिका की बदलती नीतियों के बीच यूरोपीय नेताओं (जैसे चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ और कीर स्टार्मर) ने ‘यूरोप फर्स्ट’ और रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने पर जोर दिया.
  • राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने सम्मेलन में भाग लिया और रूसी मिसाइल हमलों से बचाव के लिए पश्चिमी देशों से हवाई रक्षा प्रणालियों (जैसे पैट्रियट मिसाइल) की निरंतर आपूर्ति की मांग की.
  • ईरान में अस्थिरता और क्षेत्रीय सुरक्षा पर गहन चर्चा हुई. सम्मेलन के दौरान म्यूनिख की सड़कों पर ईरान सरकार के खिलाफ बड़े विरोध प्रदर्शन भी देखे गए.
  • यह सम्मेलन स्पष्ट करता है कि दुनिया अब एक बहुध्रुवीय (multipolar) व्यवस्था की ओर बढ़ रही है जहाँ पारंपरिक गठबंधन (जैसे NATO) नए दबावों का सामना कर रहे हैं.

भारत की भागीदारी

  • भारत की ओर से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सम्मेलन में हिस्सा लिया. उन्होंने वैश्विक संघर्षों के बीच भारत के संतुलित और स्वतंत्र दृष्टिकोण को साझा किया.
  • उन्होंने म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के अध्यक्ष वोल्फगैंग इचिंगर से मुलाकात की और विभिन्न द्विपक्षीय बैठकों में भाग लिया, जिनमें रोमानिया की विदेश मंत्री और जर्मन संसद (बुंडेस्टैग) के नेताओं के साथ मुलाकातें शामिल थीं.

म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन: एक दृष्टि

  • म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन (Munich Security Conference) कोई औपचारिक निर्णय लेने वाली संस्था नहीं है, बल्कि दुनिया भर के नेताओं के लिए अनौपचारिक रूप से मिलने और वैश्विक संकटों पर बात करने का एक मंच है.
  • यह हर साल फरवरी में जर्मनी के म्यूनिख शहर (होटल बायरिशर होफ) में आयोजित किया जाता है. इसकी शुरुआत 1963 में हुई थी. इस सम्मेलन का मूल मंत्र है ‘Peace through Dialogue’ (संवाद के माध्यम से शांति).
  • इसमें दुनिया भर से राष्ट्राध्यक्ष, विदेश और रक्षा मंत्री, अंतरराष्ट्रीय संगठनों (जैसे UN, NATO, EU) के प्रमुख, खुफिया एजेंसियों के निदेशक आदि शामिल होते हैं.
  • यहाँ नेता बिना किसी सख्त प्रोटोकॉल के जटिल मुद्दों पर चर्चा करते हैं. अक्सर जिन देशों के बीच आधिकारिक संबंध तनावपूर्ण होते हैं, उनके नेता यहाँ निजी तौर पर बातचीत कर सकते हैं.

देश की पहली सेंट्रल बैंक डिजिटल मुद्रा-आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्घाटन

भारत की पहली सेंट्रल बैंक डिजिटल मुद्रा (CBDC) आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) का उद्घाटन हाल ही में किया गया है.

इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 15 फरवरी 2026 को महात्मा मंदिर गांधीनगर गुजरात में किया था.

मुख्य बिन्दु

  • यह एक ऐतिहासिक कदम है, जो सरकारी राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए ‘डिजिटल रुपया’ का उपयोग करता है.
  • यह पहल भारत सरकार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के सहयोग से शुरू की गई है.
  • इस प्रणाली में लाभार्थियों को उनके डिजिटल वॉलेट में ‘डिजिटल रुपया’ (CBDC) के रूप में टोकन मिलते हैं. इन टोकन में राशन की वस्तु का नाम, मात्रा और कीमत की सटीक जानकारी होती है.
  • लाभार्थी स्मार्टफ़ोन के माध्यम से QR कोड या फ़ीचर फ़ोन के माध्यम से आधार आधारित OTP का उपयोग करके उचित दर की दुकानों (FPS) पर भुगतान कर सकते हैं.
  • यह प्रणाली सुनिश्चित करती है कि सब्सिडी का पैसा केवल राशन खरीदने के लिए ही इस्तेमाल किया जा सके.

अन्नपूर्ति ग्रेन ATM का शुभारंभ

  • उद्घाटन के दौरान अमित शाह ने ‘अन्नपूर्ति’ (Annapurti) ग्रेन ATM का भी शुभारंभ किया.
  • यह मशीन मात्र 35 सेकंड में 25 किलो अनाज वितरित कर सकती है. यह वजन, कीमत और गुणवत्ता में 100% सटीकता सुनिश्चित करती है.
  • यह 24/7 चालू रह सकती है, जिससे राशन की दुकानों पर लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी.

बांग्लादेश में 13वां संसदीय चुनाव संपन्न हुआ

बांग्लादेश में 13वां संसदीय चुनाव हाल ही में संपन्न हुआ है. इस चुनाव के लिए मतदान 12 फरवरी 2026 को आयोजित किए गए थे, जो अगस्त 2024 में शेख हसीना के इस्तीफे और उनके देश छोड़ने के बाद पहले आम चुनाव थे.

चुनाव के मुख्य परिणाम

  • पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की.
  • 300 संसदीय सीटों में से BNP गठबंधन ने 212 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया.
  • जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11-पार्टी गठबंधन को लगभग 77 सीटें मिलीं.

चुनाव के मुख्य बिन्दु

  • इस चुनाव में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP)  बनाम जमात-ए-इस्लामी गठबंधन से था. लगभग 59-60 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया.
  • तारिक रहमान, जो 17 साल के निर्वासन के बाद दिसंबर 2025 में स्वदेश लौटे थे, बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं.
  • शेख हसीना की पार्टी ‘अवामी लीग’ पर प्रतिबंध होने के कारण वह इस चुनाव में हिस्सा नहीं ले पाई.
  • इस बार मतदाताओं ने दो वोट डाले—एक सरकार चुनने के लिए और दूसरा संविधान संशोधन (जनमत संग्रह) के लिए. संविधान संशोधन को बहुमत मिला, जिसका मतलब है कि अब संविधान में बड़े बदलाव किए जाएंगे.
  • यह पहला चुनाव था जब देश की दोनों दिग्गज नेता (हसीना और जिया) मैदान में नहीं थीं. खालिदा जिया का निधन दिसंबर 2025 में हो गया था.
  • यह चुनाव मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसने अगस्त 2024 से देश का शासन संभाला था.

भारत के साथ संबंध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीत के तुरंत बाद तारिक रहमान से फोन पर बात की और उन्हें बधाई दी. भारत ने एक लोकतांत्रिक और स्थिर बांग्लादेश के प्रति अपना समर्थन दोहराया है. वहीं, BNP नेताओं ने संकेत दिए हैं कि वे भारत के साथ संबंधों को बेहतर बनाना चाहते हैं, हालांकि उन्होंने शेख हसीना के प्रत्यर्पण (Extradition) की मांग भी दोहराई है.

एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप 2026, पदक तालिका में भारत शीर्ष पर

एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप (Asian Shooting Championship) 2026 प्रतियोगिता हाल ही में आयोजित की गई थी. यह प्रतियोगिता मुख्य रूप से दो चरणों में आयोजित किए गए- शॉटगन और राइफल/पिस्टल.

दो चरणों में आयोजित किए

  • राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप: यह प्रतियोगिता 2 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित की गई थी. मुकाबले मुख्य रूप से डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में हुए.
  • शॉटगन चैंपियनशिप: इसका आयोजन 11 जनवरी से 22 जनवरी 2026 तक दोहा, कतर में किया गया था.

भारत का शानदार प्रदर्शन

  • भारत ने कुल 66 पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया. भारत ने 39 स्वर्ण (Gold), 15 रजत (Silver) और 12 कांस्य (Bronze) पदक जीते.
  • ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और विश्व चैंपियन सम्राट राणा ने भारतीय दल का नेतृत्व किया. ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर जैसे खिलाड़ियों ने विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीते.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

भारत-एआई इम्पैक्ट समिट 2026

नई दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक भारत-ए.आई. इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन किया जाएगा. यह आटिफिशियल इंटेलिजेंस पर वैश्विक सहयोग में एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा. इस सम्मेलन में में बीस देशों के नेता भाग लेंगे. यह वैश्विक दक्षिण (ग्लोबल साउथ) में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन है.

डोर्नियर विमानों की खरीद के लिए HAL के साथ अनुबंध

रक्षा मंत्रालय ने 8 डोर्नियर 228 विमानों की खरीद के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं. 2312 करोड़ रुपये के इस अनुबंध में भारतीय तटरक्षक बल के लिए परिचालन संबंधी उपकरण भी शामिल हैं.

ब्राज़ील के राष्ट्रपति भारत की यात्रा पर आएंगे

ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा 18 से 22 फरवरी तक भारत की यात्रा पर आएंगे. इस दौरान श्री सिल्वा भारत-एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी शिखर सम्मेलन के लिए तीन दिन की भारत यात्रा पर आ रहे हैं.

शहरी चुनौती कोष को मंजूरी

केंद्रीय कैबिनेट ने ‘अर्बन चैलेंज फंड’ को मंजूरी दी है. इस फंड के तहत अगले पांच वर्षों में शहरी बुनियादी ढांचे और विकास के लिए लगभग ₹4 लाख करोड़ के निवेश को उत्प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है.

गिफ्ट सिटी (GIFT City) के नए अध्यक्ष

गुजरात सरकार ने प्रसिद्ध बैंकर उदय कोटक को ‘गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी’ कंपनी लिमिटेड (GIFT City) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है.

भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक (CPI) 2025

हाल ही में जारी ग्लोबल करप्शन परसेप्शन इंडेक्स में भारत ने अपनी स्थिति में 5 स्थानों का सुधार किया है. इस वर्ष भारत को 91वाँ स्थान प्राप्त हुआ है (पिछले वर्ष यह 96वीं रैंक पर था).