डेली कर्रेंट अफेयर्स
10-12 फरवरी 2026
भारत सरकार ने राष्ट्रगीत के गायन को लेकर औपचारिक दिशानिर्देश जारी किए
भारत सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) ने हाल ही में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन और इसके सम्मान को लेकर पहली बार विस्तृत और औपचारिक दिशानिर्देश जारी किए हैं. यह निर्णय इस महान गीत की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में लिया गया है.
नए दिशानिर्देश के मुख्य बिंदु
- अब तक आधिकारिक आयोजनों में आमतौर पर ‘वंदे मातरम’ के केवल पहले दो छंद ही गाए जाते थे. लेकिन नए दिशानिर्देशों के अनुसार सभी छह छंदों को ‘आधिकारिक संस्करण’ माना गया है. गीत की कुल अवधि लगभग 3 मिनट 10 सेकंड निर्धारित की गई है.
- यदि किसी कार्यक्रम में राष्ट्रगान (जन गण मन) और राष्ट्रगीत (वंदे मातरम) दोनों का प्रदर्शन होना है, तो वंदे मातरम पहले गाया या बजाया जाएगा और राष्ट्रगान उसके बाद.
- जब भी राष्ट्रगीत का आधिकारिक संस्करण बजाया या गाया जाएगा, वहां उपस्थित सभी लोगों को सावधान की मुद्रा में खड़ा होना अनिवार्य होगा.
- यदि यह गीत किसी फिल्म, डॉक्यूमेंट्री या न्यूज रील के हिस्से के रूप में बजता है, तो दर्शकों का खड़ा होना अनिवार्य नहीं है.
- देश के सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे दिन की शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगीत गायन से करें.
- राष्ट्रपति और राज्यपाल के आगमन/प्रस्थान, नागरिक सम्मान समारोहों और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के समय इसका गायन अनिवार्य होगा.
- राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्र के नाम संबोधन (आकाशवाणी/दूरदर्शन) से ठीक पहले और बाद में इसे बजाया जाएगा.
- यदि राष्ट्रगीत किसी बैंड द्वारा बजाया जाता है, तो इसकी शुरुआत से पहले सात धीमी चाल वाले ड्रमरोल बजाना आवश्यक होगा, ताकि दर्शकों को पता चल सके कि गीत शुरू होने वाला है.
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के नेतृत्व वाले गठबंधन की ऐतिहासिक जीत
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची (Sanae Takaichi) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने 8 फरवरी 2026 को हुए संसदीय चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल की है. यह जीत न केवल ताकाइची के व्यक्तिगत नेतृत्व की पुष्टि है, बल्कि जापानी राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत भी है.
चुनाव परिणाम की मुख्य बातें
- प्रधानमंत्री ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने कुल 465 सीटों में से 316 सीटें जीतीं. यह 1955 में पार्टी की स्थापना के बाद से किसी एक पार्टी द्वारा जीती गई सबसे अधिक सीटें हैं.
- ताकाइची के नेतृत्व वाले गठबंधन (LDP और जापान इनोवेशन पार्टी – इशिन) ने कुल 352 सीटें हासिल कीं.
- इस जीत के साथ सत्तारूढ़ गठबंधन के पास अब दो-तिहाई बहुमत है, जो उन्हें महत्वपूर्ण विधायी बदलाव करने की शक्ति देता है. निचले सदन में पूर्णबहुत के लिए न्यूनतम 261 सीटों की जरूरत होती है.
- अक्टूबर 2025 में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने के बाद, ताकाइची ने कार्यकाल के मात्र 4 महीनों के भीतर ही जनता से यह भारी जनादेश प्राप्त किया है.
- मुख्य विपक्षी दल सेंट्रिस्ट रिफॉर्म अलायंस (CRA) को इस चुनाव में केवल 49 सीटें ही जीत पाने में सफल रहे.
सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी की भारत यात्रा
सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी (Dr. Patrick Herminie) 5 से 10 फरवरी 2026 तक भारत यात्रा पर थे. यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ और सेशेल्स की स्वतंत्रता के 50वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था.
यात्रा के मुख्य बिन्दु
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति हर्मिनी का स्वागत करते हुए इसे दोनों देशों के बीच ‘सागर’ (SAGAR) विजन को मजबूत करने वाला कदम बताया.
- भारत ने सेशेल्स के विकास के लिए 175 मिलियन डॉलर (लगभग ₹1,450 करोड़) के एक विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की. इसमें रियायती ऋण (Line of Credit) और अनुदान (Grants) दोनों शामिल हैं.
- भारत और सेशेल्स ने स्वास्थ्य, मौसम विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी तथा सुशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में 7 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए.
- दोनों देशों ने ‘सतत विकास, आर्थिक विकास और सुरक्षा’ के लिए ‘India-Seychelles Joint Vision (SESEL)’ दस्तावेज़ जारी किया.
- हिंद महासागर क्षेत्र में पायरेसी और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए समुद्री सुरक्षा सहयोग को और गहरा करने पर सहमति बनी.
- भारत ने सेशेल्स के नागरिक सेवकों और सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण के लिए अतिरिक्त स्लॉट प्रदान करने का आश्वासन दिया.
भारत और सेशेल्स संबंध
- भारत और सेशेल्स के बीच संबंध ऐतिहासिक, रणनीतिक और सांस्कृतिक रूप से बहुत गहरे हैं.
- सेशेल्स की कुल जनसंख्या का लगभग 10% हिस्सा भारतीय मूल का है. यह समुदाय सेशेल्स की अर्थव्यवस्था और समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जो दोनों देशों के बीच एक मजबूत भावनात्मक कड़ी का काम करता है.
- SAGAR विजन: भारत के ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ (SAGAR) और MAHASAGAR विजन में सेशेल्स एक केंद्रीय भूमिका निभाता है.
- भारत ने सेशेल्स को तटरक्षक जहाज, डोर्नियर विमान और हेलीकॉप्टर प्रदान किए हैं. दोनों देश समुद्री डकैती (Piracy) रोकने और नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ मिलकर काम करते हैं.
- भारत ने सेशेल्स में बुनियादी ढांचे, जैसे कि वहां का सुप्रीम कोर्ट भवन, राष्ट्रीय पुस्तकालय और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
उत्तर प्रदेश ‘आर्थिक सर्वेक्षण’ रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाला देश का पहला राज्य बना
उत्तर प्रदेश सरकार ने 9 फरवरी 2026 को ‘आर्थिक सर्वेक्षण’ (Economic Survey) रिपोर्ट पेश कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. वह इस तरह की व्यापक और व्यवस्थित आर्थिक रिपोर्ट पेश करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है.
रिपोर्ट के प्रमुख बिंदु
- राज्य का राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में योगदान वर्ष 2016-17 में 8.6 प्रतिशत से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 9.1 प्रतिशत हो गया है.
- राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार वर्ष 2016-17 में 13.30 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 30.25 लाख करोड़ रुपये हो गया है. जो दोगुने से भी अधिक है, और 2025-26 में इसके 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है.
- रिपोर्ट के अनुसार, राज्य सरकार के प्रयासों से पिछले कुछ वर्षों में लगभग 6 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी (Multidimensional Poverty) से बाहर आए हैं.
- यूपी देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 20.6% और दूध उत्पादन में 15.66% का योगदान देकर शीर्ष पर बना हुआ है.
मुख्य आर्थिक आंकड़े: एक दृष्टि
| संकेतक (Indicator) | 2016-17 (आधार वर्ष) | 2024-25 (अनुमानित) | 2025-26 (लक्ष्य) |
| GSDP (कुल जीडीपी) | ₹13.30 लाख करोड़ | ₹30.25 लाख करोड़ | ₹36.00 लाख करोड़ |
| प्रति व्यक्ति आय | ₹54,564 | ₹1,09,844 | ₹1,20,000 |
| बजट का आकार | ₹3.47 लाख करोड़ | – | ₹8.33 लाख करोड़ |
| भारत की GDP में हिस्सा | 8.6% | 9.1% | – |
अमेरिका ने ‘इनॉग्रल क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टेरियल’ का सफल आयोजन किया
अमेरिका ने 4 फरवरी 2026 को वॉशिंगटन डीसी में ‘इनॉग्रल क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टेरियल’ (Inaugural Critical Minerals Ministerial) का सफल आयोजन किया था. यह बैठक दुनिया भर में महत्वपूर्ण खनिजों (जैसे लिथियम, कोबाल्ट, और दुर्लभ मृदा तत्व) की आपूर्ति श्रृंखला को सुरक्षित और विविध बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य महत्वपूर्ण खनिजों के खनन और प्रसंस्करण में चीन के प्रभुत्व को कम करना है. वर्तमान में, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) और रक्षा प्रणालियों के लिए आवश्यक अधिकांश खनिजों की सप्लाई चेन पर चीन का नियंत्रण है.
बैठक के मुख्य बिन्दु
- बैठक की अध्यक्षता अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने की. इस सम्मेलन में भारत सहित 54 देशों के प्रतिनिधियों और यूरोपीय आयोग ने हिस्सा लिया.
- भारत का प्रतिनिधित्व: भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने इस बैठक में भाग लिया और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को ‘डी-रिस्किंग’ (जोखिम कम करने) और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया.
- अमेरिका ने अर्जेंटीना, ब्रिटेन, फिलीपींस, मोरक्को और उजबेकिस्तान सहित 11 देशों के साथ नए द्विपक्षीय फ्रेमवर्क साइन किए.
- महत्वपूर्ण खनिजों की खोज, खनन और प्रसंस्करण के क्षेत्र में भारत के साथ द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर सहमति बनी.
प्रमुख पहलों की घोषणा
- प्रोजेक्ट ‘फोर्ज’ (FORGE): ‘फोरम ऑन रिसोर्स जियोस्ट्रेटेजिक एंगेजमेंट’ (FORGE) को खनिज सुरक्षा साझेदारी (MSP) के उत्तराधिकारी के रूप में लॉन्च किया गया. दक्षिण कोरिया जून 2026 तक इसकी अध्यक्षता करेगा.
- प्रोजेक्ट वॉल्ट (Project Vault): अमेरिका ने अपने घरेलू निर्माताओं को आपूर्ति अवरुद्ध होने से बचाने के लिए क्रिटिकल मिनरल्स का एक रणनीतिक भंडार बनाने के लिए 10 बिलियन डॉलर के ऋण की मंजूरी दी.
- ट्रेडिंग ब्लॉक का प्रस्ताव: बैठक में एक ऐसे व्यापारिक गुट बनाने पर चर्चा हुई जहाँ मित्र देश न्यूनतम मूल्य और टैरिफ के माध्यम से एक-दूसरे के साथ खनिजों का व्यापार कर सकें.
भारत ने अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2026 का खिताब जीता
भारत ने अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2026 का खिताब जीत लिया है. भारत ने रिकॉर्ड छठी बार यह खिताब अपने नाम किया है. यह प्रतियोगिता जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला गया था.
अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2026: मुख्य बिन्दु
- इस प्रतियोगिता का फाइनल 6 फरवरी 2026 को हरारे स्पोर्ट्स क्लब, जिम्बाब्वे में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराया.
- भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 411/9 का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 311 रनों पर सिमट गई.
- भारतीय टीम की जीत के सबसे बड़े नायक 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे. उन्होंने फाइनल में मात्र 80 गेंदों में 175 रन की तूफानी पारी खेली.
- वैभव सूर्यवंशी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ दोनों पुरस्कारों से नवाजा गया.
- इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे थे.
भारत अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे सफल टीम
इस जीत के साथ भारत अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे सफल टीम बन गई है. भारत ने अब तक 6 बार (2000, 2008, 2012, 2018, 2022 और 2026) यह प्रतियोगिता जीती है.
संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र
डिजिटल मीडिया आचार संहिता नियम 2021 में संशोधन
सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी–मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता नियम, 2021 में संशोधन अधिसूचित किए हैं. अधिसूचना के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को एआई द्वारा निर्मित या डीप फेक सामग्री को सरकार द्वारा चिह्नित किए जाने और न्यायालय के आदेश के बाद तीन घंटे के भीतर हटाना होगा. नए नियम 20 फरवरी से लागू होंगे.
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव
विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है, जिसे लोकसभा के महासचिव को सौंपा गया है. इस नोटिस पर कांग्रेस, डीएमके, समाजवादी पार्टी, आरजेडी और वामपंथी दलों सहित विपक्षी दलों के 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं, तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने इस नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं.
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आधिकारिक यात्रा पर भारत आएंगे
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 फरवरी से तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर भारत आएंगे. वे 19 फरवरी को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे. इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ होराइजन-2047 रोडमैप में निर्धारित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे.
दुनिया की सबसे बड़ी ऑर्गेनिक प्रदर्शनी ‘BIOFACH 2026’
जर्मनी के नूर्नबर्ग शहर में हर साल दुनिया की सबसे बड़ी ऑर्गेनिक प्रदर्शनी ‘BIOFACH’ आयोजित की जाती है. इस वर्ष यह प्रदर्शनी 10 से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई थी. साल 2026 भारत के लिए बहुत खास रहा क्योंकि इस बार भारत को ‘कंट्री ऑफ द ईयर’ (Country of the Year) के रूप में चुना गया है.
छत्तीसगढ़ में बस्तर पंडुम उत्सव
बस्तर (छत्तीसगढ़) में हाल ही में पारंपरिक उत्सव बस्तर पंडुम का आयोजन किया गया था. बस्तर की परंपरा के अनुसार, जब तक किसी नई फसल या फल को देवी-देवताओं को अर्पित नहीं कर दिया जाता (पंडुम नहीं मना लिया जाता), तब तक ग्रामीण उसका सेवन नहीं करते. पंडुम का केंद्र हमेशा प्रकृति होती है. इसमें धरती माता (माटी देव), बूढ़ा देव और ग्राम देवी की पूजा की जाती है.
उत्तर प्रदेश बजट 2026-27
योगी सरकार ने अपना 10वां बजट पेश किया. इसमें 40 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट/स्मार्टफोन देने और यूपी की अर्थव्यवस्था को ₹36 लाख करोड़ तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है.
रक्षा क्षेत्र में बड़ी डील
रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसमें से 18 विमान तैयार स्थिति में आएंगे, जबकि बाकी का निर्माण भारत में होगा.
रूस में WhatsApp बैन
रूसी सरकार ने मेटा (Meta) के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए देश में WhatsApp पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. स्थानीय प्लेटफॉर्म ‘MAX’ के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है.
