EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली करंट अफेयर्स: 22 फरवरी 2019

BCCI के पहले लोकपाल के रूप में डीके जैन की नियुक्ति

सुप्रीम कोर्ट ने रिटायर्ड जस्टिस डीके जैन को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का पहला लोकपाल नियुक्त किया है. यह लोकपाल, राज्य क्रिकेट संघों के खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों और वित्तीय मुद्दों का समाधान करने की भूमिका निभाएगा. इसका गठन BCCI के स्वीकृत नये संविधान के तहत किया गया है.

लोकपाल के चुनाव लिए गठित खोज समिति द्वारा की गयी सिफारिश के आधार पर जस्टिस जैन को लोकपाल नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है. मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पीठ ने 21 फरवरी को हुई सुनवाई में यह निर्णय दिया.

पूर्व जज रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में खोज समिति
सुप्रीम कोर्ट ने अपने पूर्व जज रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में BCCI के लोकपाल के लिए खोज समिति गठित की थी.

भविष्य निधि जमा पर ब्याज दर को 8.65 प्रतिशत करने की सिफारिश

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वर्ष 2018-19 के लिए भविष्य निधि जमा पर ब्याज दर को 0.10 प्रतिशत बढ़ाकर 8.65 प्रतिशत करने की सिफारिश की है. श्रम एवं रोजगार मंंत्री संतोष गंगवार की अध्यक्षता में संगठन के केन्द्रीय न्यास बोर्ड (CBT) की 21 फरवरी को हुई बैठक में यह फैसला किया गया. इस पर अंतिम निर्णय केन्द्रीय वित्त मंत्रालय को करना है.

EPF ब्याज में वर्ष 2015-16 के बाद पहली बार बढोतरी होगी. वर्ष 2015-16 में इस पर ब्याज दर 8़.8 प्रतिशत थी जिसे 2016-17 में घटाकर 8.65 प्रतिशत कर दिया गया था. वर्ष 2017-18 में ब्याज दर फिर घटाकर 8.55 प्रतिशत कर दिया गया था.

असम राइफल्स को बिना वारंट गिरफ्तारी का अधिकार

केंद्र सरकार ने असम राइफल्स के जवानों को बिना वारंट के किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार करने और किसी भी स्थान की तलाशी लेने का अधिकार दिया है. गृह मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक आपराधिक प्रक्रिया संहिता (CRPC) के तहत असम राइफल्स के निचले रैंक के अधिकारियों को भी ये शक्तियां दी गई हैं.

CRPC की धारा 41 और 47 के तहत विशेषाधिकार: असम राइफल्स के जवान इन शक्तियों का इस्तेमाल CRPC की धारा 41 और 47 के तहत करेंगे. वे इन शक्तियों का इस्तेमाल असम, अरूणाचल प्रदेश, मणिपुर, नगालैंड और मिजोरम में सीमावर्ती जिलों में कर सकेंगे. CRPC की धारा 41 के तहत कोई भी पुलिस अधिकारी बिना मजिस्ट्रेट के आदेश के और बिना वारंट के किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार कर सकता है. धारा 47 व्यक्ति जिस स्थान पर जाता है वहां की तलाशी ली जा सकती है.

असम राइफल्स क्या है? असम राइफल्स पूर्वोत्तर में उग्रवादी निरोधक प्रमुख सुरक्षा बल है. यह संवेदनशील भारत-म्यामांर सीमा की सुरक्षा में भी तैनात है. पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) कानून भी लागू है जो क्षेत्र में सेना को इस तरह की शक्ति के इस्तेमाल की इजाजत देता है.


सार्वजनिक क्षेत्र के 12 बैंकों में 48,239 करोड़ रुपये की पूंजी डालने की घोषणा

केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के 12 बैंकों में चालू वित्त वर्ष (2018-19) में 48,239 करोड़ रुपये की पूंजी डालने की घोषणा की है. घोषणा के तहत कारपोरेशन बैंक में 9086 करोड़ रुपए और इलाहाबाद बैंक में 6896 करोड़ रुपए की पूंजी डालेगी. ये दोनों बैंक फिलहाल रिजर्व बैंक की त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई (PCA) के तहत हैं. इसके अलावा 4638 करोड़ रुपए बैंक आफ इंडिया में डाली जाएगी. बैंक आफ महाराष्ट्र को 205 करोड़ रुपए मिलेंगे. ये बैंक हाल में PCA प्रक्रिया से बाहर आए हैं.

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) को 5908 करोड़ रुपए, यूनियन बैंक आफ इंडिया को 4112 करोड़ रुपए, आंध्र बैंक को 3256 करोड़ रुपए और सिंडिकेट बैंक को 1,603 करोड़ रुपए मिलेंगे. सरकार चार अन्य बैंकों सेंट्रल बैंक आफ इंडिया, यूनाइटेड बैंक, यूको बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक में 12,535 करोड़ रुपए की पूंजी डालेगी. ये चारों बैंक अभी PCA प्रक्रिया के तहत हैं. इससे पहले सरकार ने दिसम्बर 2018 में सार्वजनिक क्षेत्र के सात बैंकों में पुनर्पूंजीकरण बांड के जरिए 28,615 करोड़ रपए की पूंजी डाली थी.

PCA (Prompt Corrective Action) क्या है?
PCA भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) द्वारा वाणिज्यिक बैंकों पर किया जाने वाला एक सुधारात्मक कार्रवाई है. इसके तहत बैंक के वित्तीय स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिये संकटग्रस्त बैंकों पर आकलन, निगरानी, नियंत्रण के लिये कुछ सतर्कता बिंदु आरोपित करता है. PCA बैंक की ऋण सीमा को सीमित भी कर सकता है.


ICC ने UAE में रहने वाले कोच इरफान अंसारी को 10 साल के लिए प्रतिबंधित किया

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने UAE में रहने वाले कोच इरफान अंसारी को 10 साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है. ICC की भ्रष्टाचार रोधी पंचाट (ACU) ने अंसारी को भ्रष्टाचार रोधी संहिता के तीन नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया.

दरअसल अंसारी ने अक्टूबर 2017 में UAE में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दौरान सरफराज से संपर्क किया था. उनका इरादा सरफराज से जानकारियां निकालकर उसे भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल करने का था. सरफराज ने तुरंत इसकी शिकायत की, जिसके बाद ICC की ACU ने जांच शुरू की थी.


फिल्म निर्माता राज कुमार बड़जात्या का निधन

बॉलीवुड के मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर राजकुमार बड़जात्या का 21 फरवरी को निधन हो गया. वह 75 वर्ष के थे. बड़जात्या राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले काम करते थे. राजश्री प्रोडक्शन को राज कुमार बड़जात्या के पिता ताराचंद बड़जात्या ने स्थापना की थी.

राजकुमार बड़जात्या ने राजश्री प्रोडक्शंस के बैनर तले लगभग 20 फ़िल्मों को प्रोड्यूस किया. इनमें 1972 की पिया का घर, मैंने प्यार किया, हम आपके हैं कौन, विवाह, मैं प्रेम की दीवानी हूं और प्रेम रतन धन पायो जैसी फ़िल्मों को प्रोड्यूस किया था. राजकुमार बड़जात्या की आख़िरी प्रोड्यूस्ड फ़िल्म ‘हम चार’ है, जो हाल ही में रिलीज़ हुई थी.


21 फरवरी: अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस

प्रत्येक वर्ष 21 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस (International Mother Language Day) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य भाषायी और सांस्कृतिक विविधता को प्रोत्साहित करना है. संयुक्त राष्ट्र शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) ने अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस को मनाये जाने की स्वीकृति 17 नवम्बर को 1999 को दी थी.

21 फरवरी, 1952 को ढाका में कई छात्रों ने ‘बांग्ला’ को राष्ट्रभाषा बनाने की मांग को लेकर आंदोलन में पुलिस की गोलियों से शहादत हासिल की थी. संयुक्त राष्ट्र ने इसकी स्मृति में प्रतिवर्ष इस दिन दिवस मनाने का निर्णय किया.

वर्ष 2019 को मूल भाषाओं के अन्तर्राष्ट्रीय वर्ष के रूप में भी मनाया जा रहा है. इसे देखते हुए इस वर्ष मातृभाषा दिवस की थीम- “विकास, शांति और संधि में देशज भाषाओं के मायने” (Indigenous languages matter for development, peace building and reconciliation) बनाया गया है.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

दिल्ली में 2019 निशानेबाज़ी विश्वकप की शुरुआत: ISSF शूटिंग विश्व कप की शुरूआत 21 फरवरी से नई दिल्ली में हुई. यह प्रतयोगिता 23 फरवरी से 27 फरवरी तक नई दिल्ली के कर्णी सिंह शूटिग रेंज में कर्णी सिंह शूटिग रेंज में आयोजित किया गया है. इस बार वर्ल्ड कप में 58 देशों के कुल 500 खिलाड़ी हिस्सा लेने जा रहे हैं.

आतंकी कृत्यों के षड्यंत्रकारियों को तत्काल न्याय के कठघरे में: संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने आतंकी कृत्यों के षड्यंत्रकारियों को तत्काल न्याय के कठघरे में लाये जाने की बात कही है. उन्होंने यह बात पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन द्वारा किए गए पुलवामा हमले की कड़ी निन्दा दोहराते हुए कही.

नेपाल में फेस्टिवल ऑफ इंडिया: नेपाल में एक महीने तक चलने वाला ‘फेस्टिवल ऑफ इंडिया’ चल रहा है. इसकी शुरुआत 19 फरवरी से हुई है. यह 21 मार्च तक चलेगा.

श्रीलंका के 150 छात्रों को महात्मा गांधी छात्रवृत्ति: श्रीलंका के ढेड़ सौ छात्रों को भारत में अध्ययन के लिए महात्मा गांधी छात्रवृत्ति दी गई है. श्रीलंका के शिक्षा मंत्री अकिला विराज करियावासम और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त तरनजीत सिंह संधु ने कोलंबो में छात्रवृत्ति से संबंधित कागजात छात्रों को सौपें.

मालद्वीव को 95 लाख डॉलर की अमेरिकी सहायता: अमेरिका ने मालद्वीव को 95 लाख डॉलर की सहायता देने की घोषणा की है. मालद्वीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद और अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने वार्ता बैठक में उन्होंने साथ ही मुक्त तथा स्वतंत्र हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता जताई.

अर्ध-सैनिक बलों को हवाई यात्रा की सुविधा: गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक अर्ध-सैनिक बल दिल्ली-श्रीनगर, श्रीनगर-दिल्ली, जम्मू-श्रीनगर और श्रीनगर-जम्मू के बीच किसी भी यात्रा के लिए हवाई सफर कर सकेंगे. केंद्रीय सशस्त्र अर्ध-सैनिक बलों के सभी जवानों पर यह आदेश लागू होगा.

  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top