EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली करंट अफेयर्स: 21 नवम्बर 2018

युद्धपोत के निर्माण को लेकर भारत और रूस में सहमति

युद्धपोत के निर्माण को लेकर 20 नवम्बर को भारत और रूस में सहमति हुई है. इस सहमति के तहत रूस की मदद से भारतीय सेना के लिए गोवा में दो युद्धपोत का निर्माण किया जायेगा. इन युद्धपोत के निर्माण के लिए दोनों देशों ने टेक्नॉलजी ट्रांसफर मॉडल के तहत 50 करोड़ डॉलर (3570 करोड़ रुपए) की इस डील पर हस्ताक्षर किए. रक्षा सहयोग के तहत सरकार से सरकार के बीच यह समझौता हुआ है.

इस प्रॉजेक्ट के लिए भारत की डिफेंस पीएसयू गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) और रूस की प्रमुख सरकारी कंपनी रोसोबोरोनेक्सपोर्ट के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं. इस डील के तहत रूस जीएसएल को डिजाइन, टेक्नॉलजी और कुछ सामग्री देगा जिससे भारत में शिपों का निर्माण किया जा सके. साल 2020 में निर्माण शुरू होगा और पहला युद्धपोत सेना में शामिल होने के लिए 2026 में बनकर तैयार होगा जबकि दूसरे के 2027 तक तैयार होने की उम्मीद है.

स्टील्थ एयरक्राफ्ट की तरह ये दोनों युद्धपोत सोनार और रेडार की पकड़ में नहीं आएंगे. स्टील्थ टेक्नॉलजी के कारण दुश्मन के इलाके में इन्हें अपने मिशन को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी.

उल्लेखनीय है कि हाल ही में अमेरिकी प्रतिबंधों की चुनौती को दरकिनार करते हुए भारत ने रूस के साथ एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम्स की डील की है. रूस करीब 5 अरब डॉलर यानी 40 हजार करोड़ रुपए में एस-400 डिफेंस सिस्टम की पांच रेजिमेंट्स भारत को बेचेगा. यह डिफेंस सिस्टम भारत को 2020 में मिलेगा, जिससे देश की एयर फोर्स मजबूत होगी.

भारतीय रिजर्व बैंक के बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर उर्जित पटेल के नेतृत्व में 19 नवम्बर को बैंक के बोर्ड की बैठक मुंबई में संपन्न हुई. इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गये.

लिए गये फैसले: एक दृष्टि

  • वित्तीय क्षेत्र के लिए नकदी बढ़ाने और छोटे उद्योगों को ज्यादा कर्ज देने पर सहमति बनी.
  • आरबीआई को 25 करोड़ रुपये की कुल कर्ज सुविधा के साथ छोटे व मझोले उद्योगों की संकटग्रस्त परिसंपत्तियों का पुनर्गठन करने की योजना पर विचार करने को कहा गया है.
  • भारतीय रिजर्व बैंक बोर्ड ने 9 लाख 69 हजार करोड़ रुपए की अतिरिक्‍त पूंजी से जुड़े मुद्दों की जांच के लिए एक उच्‍च अधिकार प्राप्‍त समिति का गठन का फैसला किया है.

केंद्र सरकार और आरबीआई में मतभेद: सरकार छोटे व मझोले उद्योगों (एमएसएमई) को राहत देने के लिए आरबीआई से कर्ज बढ़ाने और उन्हें राहत देने की मांग कर रही थी. हालांकि, केंद्रीय बैंक (आरबीआई) अपने सख्त नियमों में ढील देने को तैयार नहीं था. इस मुद्दे पर भी सरकार और आरबीआई के बीच मतभेद उभरकर सामने आए थे.

मालदीव कैबिनेट ने राष्ट्रमंडल में जुड़ने का प्रस्ताव पारित किया

मालदीव के नवगठित कैबिनेट ने राष्ट्रमंडल में जुड़ने का प्रस्ताव 20 नवम्बर को पारित किया. अक्टूबर 2016 में मालदीप के पूर्व राष्ट्रपति अबदुल्ला यामीन की सरकार ने बढ़ते भ्रष्टाचार और खराब मानवाधिकार स्थिति के कारण 53 देशों के इस राष्ट्रमंडल समूह से अपने आप को अलग कर लिया था. इसके बाद अब मालदीप के नए राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने इस फैसले को वापस लेते हुए इस बात की घोषणा की और कहा कि यह प्रस्ताव अब संसद में अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा.


कंबोडिया ने किसी भी विदेशी सैन्य अड्डा बनाने की अनुमति देने से मना किया

कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन ने अपने देश में किसी भी विदेशी सैन्य अड्डों को बनाने की अनुमति देने से मना किया है. उन्होंने कहा कि देश का संविधान कंबोडिया में किसी भी विदेशी सैनिकों को घुसने की अनुमति नहीं देता है.

उल्लेखनीय है कि चीन दक्षिणी कंबोडिया में अपने नौसेना बेस बनाने के लिए दबाव डाल रहा है. यह नौसेना बेस चीन को दक्षिण चीन सागर तक आसानी से पहुंचने में मदद करेगी.


विश्व बैंक बिजली प्रणाली में सुधार के लिए झारखंड को 31 करोड़ डॉलर का कर्ज देगा

केंद्र और झारखंड सरकार ने 20 नवम्बर को विश्व बैंक के साथ एक समझौता किया है. इस समझौते के मुताबिक विश्व बैंक राज्य की बिजली प्रणाली में सुधार के लिए 31 करोड़ डॉलर का कर्ज देगी. यह कर्ज मुख्यत: पारेषण अवसरंचना के लिए दिया जाएगा. यह परियोजना केंद्र सरकार के ‘बिजली सभी के लिए’ कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसे 2014 में शुरू किया गया था. इससे विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्वचालित उपकेंद्र, नेटवर्क विश्लेषण और योजना उपकरण जैसे आधुनिक तकनीकी समाधानों को लाने में मदद मिलेगी.


भारत को जिम्नास्टिक विश्व कप में दो कांस्य

भारतीय जिम्नास्टों ने बाकू में आयोजित एफआईजी एक्रोबेटिक जिम्नास्टिक विश्व कप में पुरुष और महिला वर्ग में दो कांस्य पदक जीते. प्रिंस एरिस, सिद्धेश भोसले, ऋषिकेश मोरे और रेजिलेश सूरीबाबू दो दिवसीय टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रह कर कांस्य पदक जीता. महिला वर्ग में भारत की आयुषी घोडेश्वर, प्राची पारखी, मृणमयी वाल्डे ने कांस्य पदक जीता. रूस को स्वर्ण और बेलारूस को रजत पदक मिला.


सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी पाए गये यशपाल सिंह को दी फांसी की सज़ा

दिल्‍ली की पटियाला हाउस अदालत ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी पाए गये यशपाल सिंह को दी फांसी की सज़ा सुनाई है. अदालत ने एक अन्‍य दोषी नरेश सेहरावत को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने 15 नवम्‍बर को, दोनों को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्‍या के बाद दिल्‍ली के महिपालपुर इलाके में दो सिख युवकों की हत्‍या का दोषी करार दिया था.


विश्व में मलेरिया के कुल मामलों पर डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट

विश्व स्वास्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दुनिया में सामने आए मलेरिया के कुल मामलों पर 20 नवम्बर को एक रिपोर्ट जारी किया. इस रिपोर्ट के अनुसार 2017 में पूरी दुनिया में सामने आए मलेरिया के कुल मामलों में से 80 फीसद मामले भारत और 15 उप सहारा अफ्रीकी देशों से थे. रिपोर्ट के मुताबिक भारत एकमात्र ऐसा देश है जिसने 2016 के मुकाबले 2017 में मलेरिया के मामलों को घटाने में प्रगति की है.

इस रिपोर्ट में कहा गया कि विश्व भर में मलेरिया के करीब आधे मामले पांच देशों से सामने आए जिनमें नाइजीरिया (25 प्रतिशत), कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (11 प्रतिशत), मोजाम्बिक (5 प्रतिशत) और भारत एवं युगांडा से 4-4 फीसद मामले देखे गए. आगे रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत और इंडोनेशिया वर्ष 2020 तक मलेरिया के मामलों में 20 से 40 फीसद की कमी लाने की राह पर हैं. मलेरिया से हर साल, एक अनुमान के अनुसार 660,000 लोगों की जान जाती है.


आईएमडी बिजनेस स्कूल आफ स्विट्जरलैंड की वार्षिक प्रतिभा रैंकिंग में भारत 53वें स्थान पर

आईएमडी बिजनेस स्कूल आफ स्विट्जरलैंड ने अपने वार्षिक नियंत्रण प्रतिभा रैंकिंग में भारत को 53वें स्थान पर रखा है. इस सूची में स्विट्जरलैंड शीर्ष पर है. एशिया में सिंगापुर सूची में सबसे ऊपर 13वें स्थान पर है. इस सूची में प्रतिभाओं के विकास, उन्हें आकर्षित करने और अपने साथ जोड़े रखने के आधार पर 63 देशों को रैंकिंग दी गई है. चीन इस सूची में निचले 39वें स्थान पर है.

भारत इस सूची में 2017 के 51वें स्थान से फिसलकर 53वें स्थान पर आ गया है. भारत का प्रदर्शन प्रतिभा पूल की गुणवत्ता के मामले में औसत से बेहतर है. इसमें भारत 30वें स्थान पर है. स्विट्जरलैंड लगातार पांचवें साल सूची में शीर्ष पर रहा है. डेनमार्क दूसरे, नोर्वे तीसरे, आस्ट्रिया चौथे और नीदरलैंड पांचवें स्थान पर है. इसके बाद कनाडा छठे स्थान पर है. शीर्ष दस में कनाडा एकमात्र गैर यूरोपीय देश है. निचले स्थान वाले देशों में स्लोवाक गणराज्य 59वें, कोलंबिया 60वें, मेक्सिको 61वें, मंगोलिया 62वें और वेनेजुएला 63वें स्थान पर है.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

‘कारोबार सुगमता-एक बड़ी चुनौती’ कार्यक्रम का शुभारंभ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘कारोबार सुगमता-एक बड़ी चुनौती’ कार्यक्रम का नई दिल्ली में शुभारंभ किया. उन्होंने कारोबार सुगमता का लाभ आम आदमी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में वृद्धि और विकास के लिए अधिक निवेश की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि सरकार ने देश को 50 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य तय किया है.

राष्ट्रपति दो देशों की यात्रा पर: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो देशों (वियतनाम और ऑस्ट्रेलिया) की यात्रा के पहले चरण में वियतनाम में हैं. उन्होंने वियतनाम की राजधानी हनोई स्थित नेशनल असेंबली को संबोधित किया. राष्ट्रपति कोविंद ने वियतनाम के राष्ट्रपति गुयेन फू ट्रोंग के साथ विभिन्न मुद्दों पर व्यापक बातचीत की. दोनो देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता के बाद 4 समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये. भारत और वियतनाम रक्षा, परमाणु उर्जा तथा तेल एवं गैस के क्षेत्र में संबंध और मज़बूत करने पर सहमत हुए है. राष्ट्रपति कोविंद ने वियतनाम के सबसे बड़े शहर दा नांग में बने चाम मूर्तिकला संग्रहालय का भी दौरा किया. राष्ट्रपति वियतनाम की यात्रा के बाद दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया की राजधानी सिडनी पहुंचे हैं.

49वें भारत-अंतर्राष्‍ट्रीय फिल्‍म समारोह: भारत का 49वां अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह 19 नवम्बर से गोवा में शुरू हो गया. इस फिल्म समारोह में 68 देशों की 200 से ज्यादा फिल्में दिखाई जाएंगी. समारोह की शुरुआत हॉलीवुड की फिल्म ‘द एसपर्न पेपर्स’ के र्वल्ड प्रीमियर से हुई. फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार समारोह के मुख्य अतिथि थे जो सूचना एवं प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन राठौर के साथ समारोह का उद्घाटन किया. समारोह में लद्दाखी और लक्ष्यद्वीप जसारी भाषा की फिल्म पहली बार दिखायी जाएगी. इस फिल्‍म समारोह में इस्राइल को फोकस कंट्री और झारखंड को फोकस स्‍टेट रखा गया है.

फ्रांस में पेट्रोल, डीजल की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन: फ्रांस में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी किये जाने के बाद लोगों का गुस्सा प्रदर्शन के रूप में फूट पड़ा. फ्रांस में इस वर्ष डीजल की कीमतों में 23 प्रतिशत और पेट्रोल की कीमतों में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. ईंधन कीमतों में एक जनवरी को और अधिक बढ़ोतरी होनी है.

सीबीआई विवाद: उच्चतम न्यायालय ने केन्द्रीय जांच ब्यूरो प्रमुख आलोक वर्मा की याचिका पर सुनवाई 29 नवंबर तक के लिए टाल दी है. श्री वर्मा ने केन्द्र सरकार के उस आदेश को चुनौती दी जिसमें उन्हें छुट्टी पर भेजा दिया था.

पाकिस्तान में आईएमएफ का मिशन: अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने पाकिस्तान द्वारा चीन के साथ किए गए वित्तीय समझौते की जानकारी मांगी हैं. नकदी के संकट से जूझ रहे पाकिस्तान ने वित्तीय मदद के लिए चीन के साथ यह समझौता किया है. आईएमएफ का एक मिशन पाकिस्तान में है और अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहा है. ताकि पाकिस्तान का भुगतान संतुलन बनाए रखने में मदद के लिए एक अलग तरह के कोष का प्रबंध किया जा सके.

  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top