EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली करंट अफेयर्स: 20 अगस्त 2018

टैंकरोधी मिसाइल हेलीना और गाइडेड बम का सफल परीक्षण

भारत ने 19 अगस्त को टैंकरोधी मिसाइल ‘हेलीना’ और गाइडेड बम ‘एसएएडब्ल्यू’ का सफलता पूर्वक परीक्षण किया. यह परीक्षण राजस्थान के पोकरण से किया गया.

हेलीना: हेलीना देश में विकसित हेलीकॉप्टर से छोड़ी जाने वाली टैंक रोधी निर्देशित मिसाइल है. यह दुनिया में अत्याधुनिक टैंक रोधी हथियारों में से एक है. इसका विकास देश में ही रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने किया है. 42 किलो वजनी इस मिसाइल की मारक क्षमता 5 से 8 किलोमीटर है. इसे अचूक निशाने की वजह से फायर एंड फॉरगेट (दागो और भूल जाओ) का दर्जा प्राप्त है. हेलीना दुश्मन के टैंक का पीछा करते हुए उसे तबाह कर देती है. यह रात में भी लक्ष्य पर सटीक निशाना लगा सकती है. इस मिसाइल को 10 साल तक बिना किसी रख-रखाव के इस्तेमाल किया जा सकता है. यह अपने साथ आठ किलोग्राम विस्फोटक ले जा सकती है. 230 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से यह अपने लक्ष्य पर प्रहार करती है. इसे विकसित करने में अब तक 350 करोड़ से ज्यादा का बजट लग चुका है.

हेलीना टैंकरोधी ‘नाग’ श्रेणी की मिसाइल है. नाग मिसाइल चार तरह की हैं. इनमें से ‘नेमिका’ जंगी जहाज से दागी जाती है. ‘हेलिना’ हेलिकॉप्टर से दागी जाती है. इसकी दो और कैटेगरी हैं, एयरक्राफ्ट और कंधों से दागी जाने वाली.

एसएएडब्ल्यू बम: यह देश में ही विकसित गाइडेड बम स्मार्ट एंटी एयरफिल्ड वेपन्ज (एसएएडब्ल्यू) है. यह उम्दा दिशासूचक का इस्तेमाल करते हुए विभिन्न जमीनी लक्ष्यों को तबाह करने में सक्षम है. एसएएडब्ल्यू बम का भी विकास देश में ही रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने किया है.

11वां विश्व हिंदी सम्मेलन का मॉरीशस में आयोजन

11वां विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन 18 से 20 अगस्त के बीच मॉरीशस की राजधानी पोर्टलुई में किया गया. इस सम्मेलन में भारत और मॉरिशस समेत 20 देशों से आये प्रतिनिधि और विद्वानों ने हिस्सा लिया. विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सहित कई नेता ने इस सम्मेलन में भारत की और से हिस्सा लिया. 11वां विश्व हिन्दी सम्मेलन का विषय था- ‘विश्व हिन्दी और भारतीय संस्कृति’. तीन दिवसीय सम्मेलन का मूल उद्देश्य हिंदी भाषा को संस्कृति के साथ जोड़ने और पूरी दुनिया में लोकप्रिय बनाना था. विश्व हिन्दी सम्मेलन में इस बार खास प्रतीक चिन्ह तैयार किया गया था. इसमें भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर और मारिशस के राष्ट्रीय पक्षी डोडो के चित्र का इस्तेमाल किया गया था.

11वां विश्व हिंदी सम्मेलन का उद्घाटन मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रवीण कुमार जगनॉथ ने किया. प्रधानमंत्री जगनॉथ और श्रीमती स्‍वराज ने इस अवसर पर एक स्‍मारिका का विमोचन किया और दो डाक टिकट भी जारी किए. सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए जगन्नाथ ने हिन्दी भाषा को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने की बात कही. विदेश मंत्री स्‍वराज ने मॉरिशस के पोर्ट लुई में 11वें विश्‍व हिन्‍दी सम्‍मेलन के दौरान पाणिनी भाषा प्रयोगशाला का उद्घाटन किया.

इतिहास: विश्व हिन्दी सम्मेलन की शुरुआत 1975 में नागपुर से हुई थी. उसके बाद से हर तीन साल में विश्व हिन्दी सम्मेलन का आयोजन होता है. यह तीसरा मौका है जब मॉरीशस में विश्व हिन्दी सम्मेलन का आयोजन हुआ. इससे पहले 1976 और 1993 में मॉरीशस में इसका आयोजन हुआ था. अब तक तीन बार, 1975, 1983 और 2015 में भारत में इस सम्मेलन का आयोजन हुआ है.

जापान के रक्षा मंत्री इत्‍सुनोरी ओनोदेरा ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की

भारत की यात्रा पर आए जापान के रक्षा मंत्री इत्‍सुनोरी ओनोदेरा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की. प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच विभिन्‍न रक्षा वार्ता तंत्र को मजबूत करने और भारत तथा जापान के बीच सशस्‍त्र बलों को मजबूत बनाने का स्‍वागत किया. श्री मोदी ने दोनों देशों के बीच रक्षा तकनीकी सहयोग की भी प्रशंसा की.
श्री ओनोदेरा ने रक्षामंत्री निर्मला सीतारामन से भी आपसी हित के क्षेत्रीय और द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया. श्री ओनोदेरा दो दिन की भारत यात्रा पर 19 अगस्त को नई दिल्‍ली पहुंचे थे.


पाकिस्‍तान में इमरान खान मंत्रिपरिषद के 21 सदस्‍यों ने शपथ ली

पाकिस्‍तान में प्रधानमंत्री इमरान खान की मंत्रिपरिषद के 21 सदस्‍यों ने 20 अगस्त को शपथ ली. इस्‍लामाबाद में राष्‍ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राष्‍ट्रपति ममनून हुसैन ने मंत्रियों को शपथ दिलाई. इनमें 16 संघीय मंत्री और पांच सलाहकार हैं. मखदूम शाह महमूद कुरैशी को विदेश मंत्री और परवेज़ खत्‍तक को रक्षा मंत्री बनाया गया है. गृह मंत्रालय का कार्यभार प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने पास रखा है. इमरान खान ने 18 अगस्त को देश के 22वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी.


अफगानिस्‍तान में तालिबान के साथ संघर्ष विराम की घोषणा

अफगानिस्‍तान के राष्‍ट्रपति अशरफ गनी ने ईद उल अज़हा के मौके पर तालिबान के साथ तीन महीने के संघर्ष विराम की घोषणा की. यह संघर्ष विराम आतंकवादियों की अनु‍कूल प्रतिक्रिया मिलने पर ही लागू रहेगा. हाल में तालिबानियों के साथ संघर्ष बढ़ा है.
संघर्ष विराम की घोषणा के अगले ही दिन 20 अगस्त को अफगानिस्‍तान के कुंदूज प्रांत में तालिबान आतंकियों ने तीन बसों को रोक कर सौ से अधिक यात्रियों का अपहरण कर लिया. आतंकवादियों ने यात्रियों को जबरन उतारकर अज्ञात स्‍थान पर ले गए.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

राजीव गांधी की 74वीं जयंती: 20 अगस्त को देश भर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 74वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था. 21 मई 1991 को श्रीलंका के विद्रोही संगठन लिट्टे के आत्मघाती हमले में उनकी मौत हो गयी थी. श्री राजीव गांधी 1984 से 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे थे. वह 40 की उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले सबसे युवा प्रधानमंत्री थे.

वेनेजुएला सीमा पर ब्राजील ने सेना भेजी: ब्राजील के राष्ट्रपति मिशेल तेमेर ने वेनेजुएला के साथ लगने वाली सीमा पर (आव्रजन को लेकर) क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बाद सेना तैनात कर दिया है. सीमा पर वेनेजुएलाई प्रवासियों के साथ हिंसक भिड़ंत होने और उन्हें अस्थायी शिविरों से खदेड़े जाने के बाद राष्ट्रपति ने यह कदम उठाया.

बच्चा जनने साइकिल से अस्पताल पहुंची मंत्री: न्यूजीलैंड की महिला, स्वास्य एवं परिवहन मंत्री जूली एने जेंटर एक अनोखा उदाहरण पेश करते हुए अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वयं साइकिल चलाकर अस्पताल पहुंची. ग्रीन पार्टी की सांसद जेंटर को जब प्रसव पीड़ा शुरु हुई, वह अपने घर से एक किलोमीटर दूर ऑकलैंड सिटी अस्पताल के लिए साइकिल पर सवार होकर निकल पड़ीं.

  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top