EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली करंट अफेयर्स: 20 मई 2018

प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में कई परियोजनाओं का शुभारम्भ किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 19 मई को जम्मू-कश्मीर का दौरा किया. इस दौरे में उन्होंने कई परियोजनाओं का शुभारम्भ किया. प्रधानमंत्री ने इस दौरे में जम्मू में शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया और प्रतिभाशाली छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया.

जोजिला टनल निर्माण का शिलान्यास: प्रधानमंत्री ने लेह में करगिल ज़िले के द्रास में जोजिला टनल (सुरंग) निर्माण का शिलान्यास किया. 14.2 किमी लंबी यह टनल अब तक की देश में सबसे लंबी टनल होगी. इस टनल निर्माण पर करीब 7 हज़ार करोड़ की लागत आएगी. इस सुरंग के बनने से श्रीनगर, करगिल और लेह के बीच सभी मौसम में संपर्क बना रहेगा और ज़ोजिला से गुजरने में लगने वाला वक्त 3.5 घंटे से घटकर सिर्फ 15 मिनट रह जाएगा. ज़ोजिला सुरंग परियोजना को पूरा करने के लिए सात साल का लक्ष्य तय किया गया है.

किशनगंगा जल विद्युत परियोजना राष्ट्र को समर्पित: प्रधानमंत्री ने श्रीनगर में शेर-ए-कश्‍मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर में 330 मेगावाट क्षमता के किशनगंगा पनबिजली घर को राष्‍ट्र को समर्पित किया. यह परियोजना राज्य के बिजली के संकट को खत्म कर देगी.

श्रीनगर में रिंग रोड का शिलान्यास: प्रधानमंत्री ने श्रीनगर रिंग रोड का शिलान्यास किया. 42 किलोमीटर की इस सड़क पर 1,200 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे. ये रिंग रोड श्रीनगर शहर के भीतरी इलाकों में जाम की समस्या को काफी हद तक कम करेगी.

पकलडुल पनबिजली परियोजना का शिलान्यास: प्रधानमंत्री ने पाकल दुल हायड्रो इलेक्ट्रिक परियोजना की आधारशिला रखी. यह परियोजना किश्‍तवाड़ जिले में चिनाब नदी पर बनाई जा रही है. परियोजना के पांच सालों में पूरा होने की उम्मीद है. इसके निर्माण पर 8112 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. ये परियोजनाएं भूमिगत पावर हाउस में 250 मेगावाट की चार यूनिट (कुल 1000 मेगावॉट) से सुसज्जित होंगी.

वैष्णो देवी के नए मार्ग का शुभारंभ: प्रधानमंत्री ने इस दौरे में माता वैष्णो देवी के तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए नए मार्ग ताराकोट सड़क और रोप-वे का भी उद्घाटन किया.

बीएस येदियुरप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया

बीएस येदियुरप्पा ने 19 मई को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया. कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा की 222 सीट पर चुनाव कराया गया था. इस चुनाव परिणाम में भाजपा 104 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी लेकिन बहुमत के लिए ज़रूरी 111 की संख्या से वह पीछे रह गई थी. कांग्रेस को यहां 78 सीटों पर जीत मिली, जबकि जेडीएस को 37 सीटों पर जीत मिली.

कर्नाटक के राज्यपाल वजूभाई वाला ने सबसे बड़ी पार्टी के रूप में बीजेपी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था और 15 दिन के अन्दर बहुमत साबित करने को कहा था. जिसके बाद बीएस येदियुरप्पा ने 17 मई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. कांग्रेस-जेडीएस शपथ ग्रहण रुकवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट गई थीं. सुप्रीम कोर्ट ने शपथ ग्रहण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया लेकिन बहुमत साबित करने के लिए 15 दिनों की समय-सीमा को घटाकर 19 मई को 4 बजे तक कर दिया था. येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने कर्णाटक विधानसभा में मतविभाजन से पहले ही इस्तीफा दे दिया.

नई दिल्‍ली में उद्यम पूंजी संगोष्ठी का आयोजन

नीति आयोग ने 19 मई को नई दिल्‍ली में उद्यम पूंजी संगोष्ठी का आयोजन किया. इस संगोष्ठी का उद्देश्य फ्रांस और भारत के बीच आर्थिक संबंधों को गहन करना था. संगोष्ठी में फ्रांस ने भारत में निवेश बढ़ाने लिए भारत सरकार के स्‍टार्ट अप कार्यक्रम में भागीदारी एवं निवेश की इच्‍छा जाहिर की है. संगोष्ठी को संबोधित करते हुए फ्रांस की संसद के उपाध्‍यक्ष युव्‍स जेगो ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों में कई गुणा बढोतरी हुई है. दोनों देशों के बीच पिछले दो वर्षों में कुल व्‍यापार में 26 प्रतिशत का इजाफा हुआ है. उन्‍होंने कहा कि वर्तमान में दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार 14 अरब डॉलर का है और फ्रांस इसे 2022 तक दुगुना करना चा‍हता है.

चीन ने दक्षिण चीन सागर में बमवर्षक विमान तैनात किए

चीन ने विवादित दक्षिण चीन सागर में पहली बार बमवर्षक विमान तैनात किए हैं. चीन की वायु सेना ने बताया कि उनके एच-6 के बमवर्षक सहित युद्धक विमानों ने हाल ही में दक्षिण चीन सागर में उड़ान भरने और उतरने का प्रशिक्षण लिया है. इस प्रशिक्षण ने चीनी वायु सेना के पूरे क्षेत्र में पहुंचने, पूरी क्षमता और सटीक समय में मार करने की क्षमता को बढ़ा दिया है. चीन के इस कदम पर अमेरिका ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह कदम इस क्षेत्र में तनाव और अस्थिरता बढ़ाएगा. अमेरिका ने इस अभ्यास को चीन की ओर से इस विवादित क्षेत्र का सैन्यकरण करने की कोशिश बताया है. गौरतलब है कि इस भूभाग पर चीन, वियतनाम, फिलीपींस, ताइवान, ब्रुनेई और मलेशिया अपना-अपना दावा करते हैं.

पहले तैरते परमाणु संयंत्र का जलावतरण

रूस ने दुनिया के प्रथम तैरते परमाणु संयंत्र का 19 मई को’ जलावतरण किया. यह जलावतरण रूस के उत्तरी शहर मुरमांस्क के एक बंदरगाह पर एक समारोह में किया गया. परमाणु संयंत्र को पूर्वी साइबेरिया ले जाने से पहले इस बंदरगाह पर संयंत्र में परमाणु ईंधन भरा जाएगा. इस संयंत्र का निर्माण सरकारी परमाणु ऊर्जा कंपनी ‘रोस्तम’ ने किया है.

समुद्र के किनारे बहकर पहुंचा 20 फीट लंबा रहस्यमयी जीव

फिलीपीन्स के समुद्रतट पर एक बालों वाला विशालकाय जीव मिला है. बताया जा रहा है कि ये समुद्र की गहराई से ऊपर आया है. करीब एक ट्रक के बराबर ये जीव लोगों के लिए रहस्य बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने 20 फीट लंबे इस जीव का नाम ग्लोबस्टर रख दिया है. हालांकि, इसकी सटीक पहचान के लिए डीएनए टेस्ट किया जा रहा है.

प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल शादी के बंधन में बंधे

ब्रिटेन के राजकुमार हैरी और अमेरिकी अदाकारा मेगन मार्कल 19 मई को शादी के बंधन में बंध गए. विवाह समारोह विंडसर कैसल स्थित भव्य सेंट जॉर्ज चैपल में हुआ. महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप तथा राजपरिवार के अन्य सदस्य भी इस क्षण के साक्षी बने. मेहमानों में मेगन की घनिष्ठ मित्र बॉलीवुड अदाकारा प्रियंका चोपड़ा और जॉर्ज एवं अमाल क्लूनी, डेविड और विक्टोरिया बेकहम तथा सर एल्टन जॉन जैसी अन्य हस्तियां मौजूद थीं.

भारत की ‘जागृति यात्रा’ को लन्दन में चैरिटी अवार्ड

भारतीय धर्मार्थ संगठन ‘जागृति यात्रा’ को लन्दन में चैरिटी अवार्ड दिया गया है. ‘जागृति यात्रा’ ने हर साल 400 युवाओं के लिए भारत में 15 दिन की ट्रेन यात्रा का आयोजन कर 800 किलोमीटर की दूरी तय की. इससे भारत के कुछ अग्रणी सामाजिक उद्यमियों और उद्यमिता से प्रेरित विकास कार्य का निर्माण हुआ, जिससे भारत में सामाजिक-आर्थिक सीमाओं की बाधा हटी. यात्रा का उद्देश्य उद्यमिता के जरिये भारत के छोटे शहरों एवं गांवों के प्रति समझ विकसित करना एवं उनका निर्माण करना था.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

नीदरलैंड के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा: नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रूटे 24 मई को दो दिन की सरकारी यात्रा पर भारत पहुंचेंगे. उनकी इस यात्रा का उदेश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक और राजनीतिक सहयोग को बढाना है. नीदरलैंड भारत में पांचवां सबसे बडा निवेशक है. दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार 5 अरब 39 करोड रुपये का है.

क्यूबा में विमान दुर्घटनाग्रस्त: क्यूबा की राजधानी हवाना में 19 मई को जोस मार्टी हवाई अड्डे के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हवाना से होलगिन जा रहे विमान में 110 यात्री सवार थे.

ईरान परमाणु समझौते से यूरोपीय संघ अलग नहीं: जर्मनी की चांसलर अंगेला मर्केल ने कहा है कि ईरान परमाणु समझौते से अमरीका के अलग हो जाने के बावजूद यूरोपीय संघ का इससे अलग होने का कोई इरादा नहीं है. उन्होंने कहा कि हालांकि यह समझौता पूरी तरह सही नहीं है लेकिन यह समझौता न होने की स्थिति से बेहतर है.

  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top