डेली कर्रेंट अफेयर्स
19-21 फरवरी 2026

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 नई दिल्ली में आयोजित किया गया

नई दिल्ली के भारत मंडपम में 16 से 21 फरवरी 2026 तक इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 (India-AI Impact Summit 2026) का आयोजन किया गया था. यह एक ऐतिहासिक वैश्विक आयोजन था, जिसने दुनिया के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) परिदृश्य में भारत को एक प्रमुख नेतृत्वकर्ता (Leader) के रूप में स्थापित किया है.

इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026: मुख्य बिन्दु

  • इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ‘ग्लोबल साउथ’ (विकासशील देशों) की आवाज बनना और AI को केवल कुछ देशों तक सीमित न रखकर इसे सभी के लिए सुलभ बनाना था.
  • इस सम्मेलन का मुख्य थीम था- ‘People, Planet, Progress’ यानी AI का उपयोग मानवता, पर्यावरण रक्षा और विकास के लिए हो.
  • इसमें 7 प्रमुख स्तंभ शामिल थे, जैसे- समावेशी विकास, सुरक्षित AI, मानव पूंजी (Skilling), और AI का लोकतंत्रीकरण (Democratization).
  • सम्मेलन के दौरान अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) ने स्वच्छ ऊर्जा में AI के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए ‘ग्लोबल AI-फॉर-एनर्जी मिशन’ शुरू किया.

भारत का पहला सरकारी वित्तपोषित एआई मॉडल

  • सम्मेलन के दौरान भारतजेन (BharatGen) को लॉन्च किया गया. यह भारत का पहला सरकारी वित्तपोषित ‘मल्टीमॉडल एआई मॉडल’ है.
  • यह 17-बिलियन पैरामीटर वाला मॉडल है, जिसे भारतीय भाषाओं और संदर्भों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है.
  • यह भारत की भाषाई विविधता (जैसे बोलियों और विभिन्न भाषाओं) को समझने में सक्षम है. यह विदेशी AI मॉडल्स (जैसे ChatGPT) पर निर्भरता कम करेगा.

भारत पैक्स सिलिका गठबंधन में शामिल हुआ

  • भारत आधिकारिक तौर पर अमेरिका के नेतृत्व वाले ‘पैक्स सिलिका’ (Pax Silica) गठबंधन में शामिलहुआ. इसका उद्देश्य AI और सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन को चीन जैसे देशों पर निर्भरता से मुक्त करना और सुरक्षित बनाना है.
  • पैक्स सिलिका गठबंधन में वे देश शामिल हैं जो तकनीक में अग्रणी हैं. अमेरिका और भारत के अतिरिक्त जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और यूरोपीय संघ (EU) इसके सदस्य हैं.
  • जिस तरह ‘ओपेक’ (OPEC) तेल (Oil) की कीमतों और सप्लाई को नियंत्रित करता है, उसी तरह ‘पैक्स सिलिका’ भविष्य में डेटा, AI और चिप्स की दुनिया को नियंत्रित और सुरक्षित करने वाला सबसे शक्तिशाली समूह बनने की दिशा में काम कर रहा है.

20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने हिस्सा लिया

  • सम्मेलन में दुनिया भर के कई प्रमुख नेताओं, राष्ट्राध्यक्षों, ग्लोबल टेक सीईओ और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख ने हिस्सा लिया. इसमें 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों और 40 से अधिक ग्लोबल टेक सीईओ ने भाग लिया.
  • फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुअल मैक्रों, ब्राजील के राष्‍ट्रपति लुईस इनैसियो लूला द सिल्‍वा, स्‍पेन के राष्‍ट्रपति पेड्रो सांचेज़ स्विट्जरलैण्‍ड के राष्‍ट्रपति गी पॉहमेलॉ, नीदरलैण्‍डस के प्रधानमंत्री डिक स्‍कूफ और संयुक्‍त अरब अमीरात के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्‍मद बिन ज़ायद अल नाहियान सम्मेलन में शामिल होने वाले मुख्य वैश्विक नेता थे.
  • संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, IMF के एमडी क्रिस्टालिना जॉर्जीवा और वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के अध्यक्ष बोरगे ब्रेंडे ने भी सम्मेलन में हिस्सा लिया.

इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में 250 अरब डॉलर के निवेश पर सहमति

नई दिल्ली में 16 से 21 फरवरी 2026 तक आयोजित इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट में 250 अरब डॉलर (लगभग 20 लाख करोड़ रुपये) के निवेश के लिए सहमति बनी.

मुख्य बिन्दु

यह निवेश किसी एक कंपनी द्वारा नहीं, बल्कि अगले 3-5 वर्षों में भारत के एआई इकोसिस्टम में होने वाले कुल अनुमानित निवेश का योग है. यह पैसा मुख्य रूप से चार क्षेत्रों में जाएगा:

  1. डेटा सेंटर और इंफ्रास्ट्रक्चर: NVIDIA और रिलायंस ने मिलकर भारत में विशाल ‘AI सुपरकंप्यूटिंग डेटा सेंटर’ स्थापित करने की घोषणा की. अडाणी ग्रुप और Google ने ग्रीन एनर्जी से चलने वाले डेटा सेंटर्स के लिए बड़े निवेश का वादा किया है.
  2. सेमीकंडक्टर (AI Chips): एआई चिप्स बनाने के लिए टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और माइक्रोन जैसी कंपनियों ने अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए नए फंड्स की घोषणा की है.
  3. स्किलिंग (Skilling): माइक्रोसॉफ्ट और केंद्र सरकार ने मिलकर ‘AI ओडिसी 2.0’ के तहत अगले 3 साल में 50 लाख भारतीयों को एआई स्किल सिखाने के लिए भारी बजट रखा है.
  4. स्टार्टअप फंडिंग: दुनिया भर के वेंचर कैपिटलिस्ट (VCs) ने भारतीय एआई स्टार्टअप्स (जैसे Sarvam AI, Krutrim) में निवेश के लिए विशेष ‘इंडिया AI फंड’ की घोषणा की है.

अमेरिका-इंडिया कनेक्ट (AIC)

  • Google ने अगले 5 वर्षों में 15 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की. इसके तहत ‘अमेरिका-इंडिया कनेक्ट’ (AIC) सबसी केबल (Subsea Cable) बिछाई जाएगी जो भारत की इंटरनेट स्पीड और क्षमता को बढ़ाएगी.
  • सबसी केबल, जिसे ‘सबमरीन कम्युनिकेशंस केबल’ भी कहा जाता है, समुद्र की गहराई में बिछाई गई एक विशेष फाइबर-ऑप्टिक केबल होती है.
  • यह महाद्वीपों और देशों के बीच डेटा (इंटरनेट और टेलीकम्युनिकेशन) को बहुत तेज गति से ट्रांसफर करने का काम करती है.
  • AI को प्रोसेस करने के लिए बहुत भारी मात्रा में डेटा ट्रांसफर की जरूरत होती है, जिसे केवल ये केबल्स ही संभाल सकती हैं.
  • ये नई केबल्स भारत को सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के रास्ते अमेरिका से जोड़ेंगी.
  • अब तक भारत में इंटरनेट केबल्स मुख्य रूप से मुंबई और चेन्नई में आती थीं. पहली बार विशाखापत्तनम को एक नए अंतरराष्ट्रीय ‘सबसी केबल गेटवे’ के रूप में विकसित किया जाएगा.
  • दुनिया का 99% इंटरनेट ट्रैफिक इन्हीं समुद्री केबलों के जरिए एक देश से दूसरे देश तक जाता है.

नई दिल्ली घोषणापत्र

सम्मेलन के समापन पर एक ऐतिहासिक सहमति बनी जिसे ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ नाम दिया गया. इस घोषणापत्र पर 89 देशों ने हस्ताक्षर किए. बांग्लादेश इसमें शामिल होने वाला 89वां देश बना. इस घोषणापत्र में AI को सुरक्षित, भरोसेमंद और सभी के लिए सुलभ बनाने का वादा किया गया है.

घोषणापत्र के मुख्य बिन्दु

  • समानता (Inclusivity): एआई तकनीक पर सिर्फ अमीर देशों का कब्जा नहीं होगा. इसे ‘ग्लोबल साउथ’ (अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका) के देशों के साथ साझा किया जाएगा.
  • सुरक्षा (Safety): एआई का उपयोग साइबर हमलों या डीपफेक (Deepfake) के जरिए लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं किया जाएगा. इसके लिए एक ‘ग्लोबल AI सेफ्टी वॉच डॉग’ बनाने पर सहमति बनी है.
  • मानव-केंद्रित विकास: एआई का इस्तेमाल नौकरी छीनने के बजाय, स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा.

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत की आधिकारिक यात्रा

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की 17 से 19 फरवरी 2026 तक भारत की यह आधिकारिक यात्रा पर थे. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-फ्रांस संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना और ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेना था.

इस यात्रा के प्रमुख परिणाम और समझौते

1. स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप

  • प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत और फ्रांस के रिश्तों को ‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर पर उन्नत करने की घोषणा की.
  • यह साझेदारी अब रक्षा और व्यापार से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष और भविष्य की तकनीकों पर केंद्रित होगी.

2. रक्षा समझौते (Defense Deals & Cooperation)

  • भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल-मरीन (Rafale-M) लड़ाकू विमानों की खरीद की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया. इन विमानों में स्वदेशी हथियारों को लगाने पर भी सहमति बनी.
  • भविष्य में भारतीय नौसेना के लिए 3 और अतिरिक्त स्कॉर्पीन पनडुब्बियों स्कॉर्पीन पनडुब्बी (INS वाग्शीर) के निर्माण पर भी चर्चा की, जो मझगांव डॉक (MDL) में बनाई जाएंगी.
  • भारत के भविष्य के लड़ाकू विमान (AMCA) के लिए सफरान (Safran) और DRDO के बीच जेट इंजन के सह-विकास (co-development) पर भी बातचीत आगे बढ़ी.

3. इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026

  • प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने मुंबई में संयुक्त रूप से ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’ का शुभारंभ किया.
  • इसका मकसद दोनों देशों के स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और तकनीकी कंपनियों को एक साथ लाना है.

4. अंतरिक्ष और विज्ञान

  • फ़्रांस की स्पेस एजेंसी CNES और भारत की स्पेस एजेंसी ISRO ने ‘तृष्णा’ (TRISHNA) मिशन और जलवायु निगरानी उपग्रहों पर काम तेज करने का समझौता किया.
  • TRISHNA का पूरा नाम Thermal infraRed Imaging Satellite for High-resolution Natural resource Assessment है.
  • ‘तृष्णा’ मिशन ISRO और CNES का एक संयुक्त उपग्रह मिशन है. यह उपग्रह मुख्य रूप से पृथ्वी की पानी की कमी और तापमान की निगरानी करेगा.
  • स्वास्थ्य सेवा में AI के इस्तेमाल के लिए दोनों देशों के बीच नई साझेदारी की घोषणा की गई.

ब्राजील के राष्ट्रपति लुई इनासियो लूला दा सिल्वा की भारत यात्रा

ब्राजील के राष्ट्रपति लुई इनासियो लूला दा सिल्वा 18 से 22 फरवरी 2026 तक भारत की राजकीय यात्रा पर थे. यह उनकी भारत की तीसरी राजकीय यात्रा थी. इससे पहले वे 2004 और 2007 में आ चुके हैं, और 2023 में G20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आए थे.

मुख्य बिन्दु

  • उन्होंने 19-20 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लिया.
  • उन्होंने नई दिल्ली में ‘ApexBrasil’ के पहले कार्यालय का उद्घाटन किया. ApexBrasil ब्राजील की व्यापार संवर्धन एजेंसी है.
  • 21 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विस्तृत चर्चा की और भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति बनी.
  • दोनों नेताओं ने वर्तमान द्विपक्षीय व्यापार ($15.2 बिलियन) को बढ़ाकर 2030 तक $30 बिलियन (लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये) करने का लक्ष्य रखा.
  • भारत के CSIR और ब्राजील के INPI के बीच ‘TKDL एक्सेस एग्रीमेंट’ पर हस्ताक्षर किए गए. इससे पेटेंट चोरी (Biopiracy) को रोकने और आयुर्वेद/योग जैसे पारंपरिक ज्ञान को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी.
  • ब्राजील के पास दुर्लभ खनिजों का विशाल भंडार है. दोनों देशों ने इन खनिजों की खोज और प्रसंस्करण (processing) में सहयोग करने पर सहमति जताई.
  • दोनों देशों (G4 समूह के सदस्य के रूप में) ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए एक-दूसरे का समर्थन दोहराया.

ग्लोबल इकोनॉमिक कोऑपरेशन 2026 मुंबई में आयोजित किया गया

ग्लोबल इकोनॉमिक कोऑपरेशन (Global Economic Cooperation) 2026 मुंबई में 17 से 19 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया था. यह एक उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय आर्थिक शिखर सम्मेलन है, जिसे एक बहुध्रुवीय दुनिया में आर्थिक कूटनीति, निवेश और साझेदारी के नए रास्ते तलाशने के लिए शुरू किया गया है.

ग्लोबल इकोनॉमिक कोऑपरेशन (GEC) 2026: मुख्य बिन्दु

  • इसका आयोजन ‘फ्यूचर इकोनॉमिक कोऑपरेशन काउंसिल’ (FECC) द्वारा भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से किया गया था.
  • इस सम्मलेन में अमेरिका, फ्रांस, यूके, यूएई, जर्मनी आदि के लगभग 500 ग्लोबल सीईओ, नीति निर्माता, मंत्री और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया.
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में भारत को ‘ग्लोबल साउथ’ (Global South) की एक विश्वसनीय और आश्वस्त आवाज़ बताया, जो अनिश्चितताओं के इस दौर में उम्मीद की किरण है.

सम्मेलन के प्रमुख विषय (Key Themes)

  • आपूर्ति श्रृंखला: भू-राजनीतिक बदलावों के बीच वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को लचीला और सुरक्षित बनाना.
  • तकनीक और AI: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI), फिनटेक और उभरती तकनीकों का भविष्य.
  • इन्फ्रास्ट्रक्चर और निवेश: बुनियादी ढांचे के लिए वित्तपोषण, उन्नत विनिर्माण और पूंजी प्रवाह को बेहतर बनाना.
  • ऊर्जा संक्रमण: स्वच्छ ऊर्जा, ग्रीन टेक और क्रिटिकल मिनरल्स को बढ़ावा देना.
  • इमर्जिंग लीडर्स सर्कल: सम्मेलन के तीसरे दिन युवा और भविष्य के बिजनेस लीडर्स को वैश्विक नवाचार से जोड़ने के लिए इस नए मंच की शुरुआत भी की गई.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

वैश्विक मानवीय सहायता के लिए FCI और WFP के बीच समझौता

भारतीय खाद्य निगम (FCI) और ‘विश्व खाद्य कार्यक्रम’ (WFP) के बीच एक अहम समझौता (MoU) हुआ है. इसके तहत FCI वैश्विक भुखमरी से निपटने के अभियानों के लिए WFP को 2 लाख मीट्रिक टन चावल की आपूर्ति करेगा.

ग्लोबल AI-फॉर-एनर्जी मिशन

अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) ने 120 से अधिक सदस्य देशों में स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में AI तकनीक के उपयोग को तेजी से बढ़ावा देने के लिए नई दिल्ली समिट में ‘ग्लोबल AI-फॉर-एनर्जी मिशन’ का शुभारंभ किया है.

गोवा समुद्री सम्मेलन (GMC 2026)

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने 21 फरवरी को ‘गोवा समुद्री सम्मेलन’ का उद्घाटन किया. इसमें हिंद महासागर क्षेत्र के 14 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं और मादक पदार्थों की तस्करी व अवैध मछली पकड़ने जैसी समुद्री चुनौतियों पर चर्चा कर रहे हैं.

अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस

21 फरवरी को विश्व स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस (International Mother Language Day) मनाया गया. इसका उद्देश्य दुनियाभर में विलुप्त हो रही भाषाओं को बचाना और सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देना है.

गुजरात में नया विवाह पंजीकरण प्रस्ताव

गुजरात सरकार ने ‘लव जिहाद’ के मामलों को रोकने का हवाला देते हुए राज्य के विवाह पंजीकरण कानून में बदलाव करने की तैयारी की है. नए प्रस्ताव के तहत विवाह के लिए माता-पिता की सहमति को अनिवार्य बनाया जा सकता है.

अमेरिकी टैरिफ पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा दुनिया भर के देशों पर लगाए गए ग्लोबल टैरिफ को खारिज कर दिया है. इसके तुरंत बाद ट्रम्प प्रशासन ने 10% का नया ‘अस्थायी आयात सरचार्ज’ लागू किया है, जिसके आर्थिक प्रभावों का भारत का वाणिज्य मंत्रालय बारीकी से अध्ययन कर रहा है.

राशिद खान ने टी20 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज

अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान (Rashid Khan) ने इतिहास रच दिया है. वे टी20 क्रिकेट (सभी प्रारूपों और लीग्स को मिलाकर) 700 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने 518वें टी20 मैच में हासिल की.