डेली कर्रेंट अफेयर्स
16-18 फरवरी 2026
टाटा-एयरबस H125 हेलीकॉप्टर निर्माण संयंत्र का लोकार्पण
कर्नाटक के वेमागल में भारत की पहली निजी हेलीकॉप्टर असेंबली (निर्माण) लाइन (Final Assembly Line – FAL) की शुरुआत हुई है. इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की यात्रा पर आए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 17 फरवरी 2026 को वर्चुअल माध्यम से किया था.
यह अत्याधुनिक संयंत्र टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) और यूरोपियन एयरोस्पेस कंपनी एयरबस (Airbus) का एक संयुक्त उद्यम है.
H125 हेलीकॉप्टर निर्माण संयंत्र: मुख्य बिन्दु
- यह असेंबली लाइन कर्नाटक के कोलार जिले के वेमगल (Vemagal) में स्थापित की गई है. इस संयंत्र में ₹1,000 करोड़ से अधिक का निवेश होने का अनुमान है.
- इस संयंत्र से पहला पूरी तरह से ‘मेड इन इंडिया’ H125 हेलीकॉप्टर 2027 की शुरुआत तक बनकर तैयार होने की उम्मीद है.
- शुरुआत में यहाँ हर साल 10 हेलीकॉप्टर बनाए जाएंगे, जिसे भारत और दक्षिण एशियाई क्षेत्र की मांग के अनुसार भविष्य में बढ़ाया जाएगा.
- यहाँ बनने वाले हेलीकॉप्टर न केवल भारतीय बाजार के लिए होंगे, बल्कि नेपाल, भूटान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों को भी निर्यात किए जाएंगे.
- गुजरात के वडोदरा में C-295 सैन्य ट्रांसपोर्ट विमान संयंत्र के बाद, भारत में टाटा और एयरबस की यह दूसरी बड़ी निर्माण साझेदारी है.
H125 हेलीकॉप्टर की विशेषताएं
- यह दुनिया का सबसे ज्यादा बिकने वाला ‘सिंगल-इंजन लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर’ है और माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) की चोटी पर लैंडिंग करने वाला दुनिया का इकलौता हेलीकॉप्टर है.
- यह अत्यधिक ऊंचाई और दुर्गम पहाड़ी इलाकों के लिए बेहतरीन है. इसका उपयोग मुख्य रूप से वीआईपी ट्रांसपोर्ट, एयर एम्बुलेंस, सर्च और रेस्क्यू मिशन, और आपदा प्रबंधन के लिए किया जाता है.
- इस संयंत्र में भविष्य में भारतीय सशस्त्र बलों के लिए इसके सैन्य वर्ज़न ‘H125M’ का भी निर्माण किया जाएगा.
बांग्लादेश में तारिक रहमान ने नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली
तारिक रहमान ने 17 फरवरी 2026 को बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने उन्हें प्रधानमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
मुख्य बिन्दु
- आमतौर पर शपथ ग्रहण समारोह ‘बंगभवन’ (राष्ट्रपति भवन) के दरबार हॉल में होता है, लेकिन इस बार इसे जातीय संसद भवन (National Parliament) के ‘साउथ प्लाजा’ में आयोजित किया गया था.
- शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने किया था.
- तारिक रहमान की पार्टी ‘बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी’ (BNP) ने हाल ही में संपन्न हुए 13वें संसदीय चुनावों में प्रचंड बहुमत हासिल किया है.
- तारिक रहमान – पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे है. वे पिछले 30 सालों में बांग्लादेश के पहले पुरुष प्रधानमंत्री बने हैं (इससे पहले शेख हसीना और तारिक की मां खालिदा जिया ही सत्ता के केंद्र में रही थीं).
- तारिक रहमान लगभग 17 सालों तक ब्रिटेन में निर्वासन (exile) की जिंदगी बिताने के बाद हाल ही में अपने देश लौटे थे. उनकी यह वापसी अगस्त 2024 में शेख हसीना (अवामी लीग) की सरकार गिरने और उनके देश छोड़ने के बाद संभव हुई थी.
- अगस्त 2024 में हुए भारी राजनीतिक उलटफेर और अंतरिम सरकार (मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में) के बाद अब बांग्लादेश में एक चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार की वापसी हुई है.
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की
ईरान ने अपने विवादित परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमरीका के साथ अप्रत्यक्ष वार्ता के दौरान शक्ति प्रदर्शन करते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है.
मुख्य बिन्दु
- 17 फरवरी 2026 को, ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड्स’ ने इस जलडमरूमध्य में ‘स्मार्ट कंट्रोल ऑफ द स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ नाम से एक लाइव-फायर सैन्य अभ्यास किया था. ईरान का यह दुर्लभ कदम एक कूटनीतिक ‘शक्ति प्रदर्शन’ के तौर पर देखा जा रहा है.
- होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण ‘एनर्जी चोक पॉइंट’ (Energy Chokepoint) है. वैश्विक बाजार में समुद्री रास्ते से सप्लाई होने वाले कुल कच्चे तेल का लगभग 20% से 30% हिस्सा इसी संकरे रास्ते से होकर गुजरता है.
- दुनिया भर की तेल सप्लाई वाले इस अहम रास्ते में सैन्य तनाव और इसके बंद होने की खबर से ऊर्जा बाजारों में चिंता बढ़ गई, जिसके परिणामस्वरूप अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में तुरंत वृद्धि दर्ज की गई.
होर्मुज जलडमरूमध्य
होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) ईरान (उत्तर) और ओमान (दक्षिण) के बीच स्थित एक बेहद संकरा समुद्री रास्ता है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है.

हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2026: भारत ने सुधार दर्ज करते हुए 75वां स्थान हासिल किया
हाल ही में (फरवरी 2026) जारी हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2026 के अनुसार, वैश्विक स्तर पर भारतीय पासपोर्ट की स्थिति में काफी सकारात्मक सुधार हुआ है. नई रैंकिंग में भारत ने सुधार दर्ज करते हुए 75वां स्थान हासिल किया है.
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2026: मुख्य बिन्दु
- इस वर्ष भारतीय पासपोर्ट ने 10 स्थान का सुधार किया और अब यह 75वें स्थान पर पहुँच गया है. 2025 में भारत 85वें स्थान पर था.
- वर्तमान में भारतीय नागरिक दुनिया के 56 देशों में बिना पूर्व वीजा (Visa-Free), ‘वीजा-ऑन-अराइवल’ (Visa-on-Arrival) या ईटीए (ETA) के जरिए यात्रा कर सकते हैं.
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में दुनिया के शीर्ष देश
- सिंगापुर लगातार दुनिया का सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट बना हुआ है. यहाँ के नागरिक 192 देशों में बिना वीजा के जा सकते हैं. जापान और दक्षिण कोरिया (187 देशों में एक्सेस) दूसरे और स्वीडन और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) (186 देशों में एक्सेस) तीसरे स्थान पर हैं.
- दक्षिण एशिया में मालदीव का पासपोर्ट सबसे मजबूत है. भारत अभी चीन से पीछे है, लेकिन पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से काफी बेहतर स्थिति में है.
संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र
जिनेवा में ईरान-अमेरिका वार्ता
ईरान ने कहा है कि उसने तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए अमरीका के साथ मुख्य मार्गदर्शक सिद्धांतों पर सहमति बना ली है. जिनेवा में 17 फ़रवरी को वार्ता के दूसरे दौर को संबोधित करते हुए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अभी भी बहुत काम करना बाकी है.
सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा पर
सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा पर है. इसका उद्देश्य भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग को और मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच आपसी तालमेल को सुदृढ़ करना है. इस दौरान, सेना प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ व्यापक वार्ता करेंगे.
भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की यात्रा पर आए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच मुंबई में द्विपक्षीय वार्ता हुई. दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर पर ले जाने की घोषणा की है. रक्षा, तकनीक और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में 20 से अधिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए. ‘भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026’ का उद्घाटन भी किया गया.
ग्रेट निकोबार मेगा प्रोजेक्ट
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है, जिसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
यूक्रेन और रूस के बीच शांति वार्ता
यूक्रेन और रूस के बीच स्विट्जरलैंड में दूसरे दौर की उच्च स्तरीय बातचीत हुई. वहीं, जिनेवा में अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दों पर वार्ता की खबरें भी चर्चा में रहीं.
राशिद खान का रिकॉर्ड
अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान टी20 क्रिकेट के इतिहास में 700 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं.
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026
पीएम मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन किया. पीएम मोदी ने विजन 2047 साझा करते हुए कहा कि भारत दुनिया की टॉप तीन AI सुपरपावर्स में शामिल होगा. उन्होंने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ का मंत्र दिया. आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारत में AI क्षेत्र में $200 बिलियन के निवेश की उम्मीद है.
जेसी जैक्सन का निधन
अमेरिका के प्रसिद्ध नागरिक अधिकार नेता और बैपटिस्ट मंत्री जेसी जैक्सन का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया.
ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे टनल
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने असम में ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे भारत की पहली अंडरवॉटर ‘ट्विन-ट्यूब रोड-कम-रेल टनल’ (Underwater road-cum-rail tunnel) बनाने के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है.
मिसाइल इंटीग्रेशन फैसिलिटी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मिसाइल घटकों के सुरक्षित निर्माण के लिए नई ‘मिसाइल इंटीग्रेशन फैसिलिटी’ का उद्घाटन किया और ‘भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड’ (BEL) की AI पॉलिसी भी लॉन्च की.
रिकॉर्ड रक्षा निर्यात
हालिया सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत का स्वदेशी रक्षा निर्यात एक दशक में लगभग 34 गुना बढ़कर रिकॉर्ड ₹23,622 करोड़ (FY25) तक पहुंच गया है.
