डेली कर्रेंट अफेयर्स
26-27 अक्तूबर 2025
पनडुब्बी रोधी युद्धपोत ‘आईएनएस माहे’ को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया
स्वदेश निर्मित पनडुब्बी रोधी युद्धपोत ‘आईएनएस माहे’ (INS Mahe) को 25 अक्टूबर 2025 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया है. यह भारतीय नौसेना की पनडुब्बी रोधी क्षमताओं में एक महत्वपूर्ण वृद्धि है.
आईएनएस माहे
- आईएनएस माहे, पनडुब्बी रोधी युद्धपोत शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW SWC – Anti-Submarine Warfare Shallow Water Craft) है.
- यह स्वदेशी रूप से विकसित ASW SWC श्रृंखला का पहला जहाज है, जिसे भारतीय नौसेना में शामिल किया गया है.
- इसका निर्माण कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (Cochin Shipyard Limited – CSL) द्वारा किया गया है. यह उन्नत टॉरपीडो, रॉकेट और सोनार सिस्टम से लैस है.
- यह लगभग 80% स्वदेशी उपकरणों से लैस है, जो भारत के आत्मनिर्भर भारत (Aatmanirbhar Bharat) मिशन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है.
- इस युद्धपोत को मुख्य रूप से तटीय क्षेत्रों (Shallow Water) में दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने और उनसे निपटने की नौसेना की क्षमता को मजबूत करने के लिए डिज़ाइन किया गया है.
महाराष्ट्र के पाँच समुद्र तटों को प्रतिष्ठित ‘ब्लू फ्लैग’ सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया
महाराष्ट्र के पाँच समुद्र तटों को हाल ही में प्रतिष्ठित ‘ब्लू फ्लैग’ सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया है. ये समुद्र तट हैं:
- श्रीवर्धन (रायगढ़ जिला)
- नागांव (रायगढ़ जिला)
- परनाका (पालघर जिला)
- गुहागर (रत्नागिरी जिला)
- लाडघर (रत्नागिरी जिला)
- इन पाँच समुद्र तटों को यह सर्टिफिकेशन मिलना इस बात का प्रमाण है कि वे पर्यटन के लिए विश्व स्तर के साफ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल गंतव्य हैं.
- ब्लू फ्लैग सर्टिफिकेशन क्या है?
- ब्लू फ्लैग सर्टिफिकेशन एक अंतर्राष्ट्रीय इको-लेबल है जो फाउंडेशन फॉर एनवायर्नमेंटल एजुकेशन (FEE) डेनमार्क द्वारा दिया जाता है.
- यह दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित स्वैच्छिक पुरस्कारों में से एक है जो किसी समुद्र तट, मरीना या टिकाऊ नौका पर्यटन ऑपरेटर को प्रदान किया जाता है.
ब्लू फ्लैग सर्टिफिकेशन प्राप्त करने के लिए मानदंड
यह सर्टिफिकेशन प्राप्त करने के लिए समुद्र तटों को 33 कठोर मानदंडों को पूरा करना होता है, जो चार मुख्य श्रेणियों में आते हैं:
- पर्यावरण शिक्षा और सूचना
- जल गुणवत्ता
- पर्यावरण प्रबंधन
- सुरक्षा और सेवाएँ
यह सर्टिफिकेशन हर साल दिया जाता है, और यदि कोई समुद्र तट इन मानकों का उल्लंघन करता है, तो उसका ब्लू फ्लैग दर्जा वापस ले लिया जाता है.
भारत में ब्लू फ्लैग सर्टिफाइड समुद्र तटों की सूची
इन पाँच समुद्र तटों के साथ वर्तमान में भारत में ब्लू फ्लैग सर्टिफाइड समुद्र तटों की कुल संख्या बढ़कर 18 हो गई है.
पहले के 13 समुद्र तट
- गोल्डन बीच, ओडिशा
- शिवराजपुर बीच, गुजरात
- घोघला बीच, दीव (दमन और दीव)
- कप्पड बीच, केरल
- राधानगर बीच, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
- कासरकोड बीच, कर्नाटक
- पदुबिद्री बीच, कर्नाटक
- रुशिकोंडा बीच, आंध्र प्रदेश
- कोवलम बीच, तमिलनाडु
- ईडन बीच, पुडुचेरी
- मिनीकॉय थुंडी बीच, लक्षद्वीप
- कदमत बीच, लक्षद्वीप
- चाल बीच, केरल
अक्टूबर 2025 में शामिल 5 समुद्र तट
- श्रीवर्धन बीच, महाराष्ट्र (रायगढ़ जिला)
- नागांव बीच, महाराष्ट्र (रायगढ़ जिला)
- परनाका बीच, महाराष्ट्र (पालघर जिला)
- गुहागर बीच, महाराष्ट्र (रत्नागिरी जिला)
- लाडघर बीच, महाराष्ट्र (रत्नागिरी जिला)
थाईलैंड की राजमाता सिरिकित का निधन
थाईलैंड की राजमाता महारानी सिरिकित का 24 अक्टूबर 2025 को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया है.
- महारानी सिरिकित थाईलैंड के दिवंगत राजा भूमिबोल अदुल्यादेज (King Bhumibol Adulyadej) की पत्नी थीं. राजा भूमिबोल ने थाईलैंड पर सात दशक (70 वर्ष) तक शासन किया था.
- थाईलैंड में उन्हें एक अत्यंत सम्मानित और प्रिय शाही हस्ती माना जाता था. उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में थाई समाज और ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया.
- राजा भूमिबोल के निधन के बाद, उनके बेटे और वर्तमान राजा वजीरालोंगकोर्न (King Vajiralongkorn) ने उन्हें राजमाता (Queen Mother) का पद प्रदान किया था.
NASA ने 2025 PN7 नामक एक छोटे क्षुद्रग्रह की पुष्टि की
NASA ने हाल ही में ‘2025 PN7’ नामक एक छोटे क्षुद्रग्रह (asteroid) की पुष्टि की है जो पृथ्वी के लिए एक अस्थायी ‘दूसरे चंद्रमा’ (temporary second Moon) के रूप में कार्य कर रहा है.
2025 PN7
- 2025 PN7 एक छोटा क्षुद्रग्रह है जो सूर्य की परिक्रमा करते हुए अस्थायी रूप से पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र में फंस गया है.
- ऐसे क्षुद्रग्रहों की खोज NASA के लिए महत्वपूर्ण है ताकि वे पृथ्वी के आस-पास की अंतरिक्ष वस्तुओं की गति को बेहतर ढंग से समझ सकें.
- इसे मिनी-मून (Mini-Moon) कहा जाता है क्योंकि यह कुछ समय के लिए पृथ्वी की परिक्रमा करता है, जिसके बाद यह अंततः सूर्य की कक्षा में वापस चला जाएगा.
- इस तरह की घटनाएँ दुर्लभ होती हैं. यह पुष्टि करती है कि पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र बाहरी अंतरिक्ष वस्तुओं को अस्थायी रूप से कैप्चर कर सकता है.
प्रसिद्ध इतिहासकार सुनील अमृत को ब्रिटिश अकादमी पुस्तक पुरस्कार
भारतीय मूल के प्रसिद्ध इतिहासकार सुनील अमृत को 2025 का प्रतिष्ठित ब्रिटिश अकादमी पुस्तक पुरस्कार (British Academy Book Prize) प्रदान किया गया है.
- उन्हें यह पुरस्कार उनकी पुस्तक ‘द बर्निंग अर्थ: एन एनवायर्नमेंटल हिस्ट्री ऑफ द लास्ट 500 इयर्स’ (The Burning Earth: An Environmental History of the Last 500 Years) के लिए दिया गया है.
- निर्णायकों ने इस पुस्तक को जलवायु संकट को समझने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है.
- सुनील अमृत वर्तमान में अमेरिका के येल यूनिवर्सिटी में इतिहास के प्रोफेसर हैं.
ब्रिटिश अकादमी पुस्तक पुरस्कार
- ब्रिटिश अकादमी पुस्तक पुरस्कार (British Academy Book Prize) वैश्विक सांस्कृतिक समझ के लिए दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित साहित्यिक पुरस्कार है. इसे पहले नायेफ अल-रोधन पुरस्कार (Nayef Al-Rodhan Prize) के नाम से जाना जाता था.
- यह पुरस्कार वैश्विक सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ गैर-काल्पनिक (non-fiction) पुस्तकों को दिया जाता है और इसके तहत £25,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है.
- यह पुरस्कार ब्रिटिश एकेडमी (British Academy) – जो यूके की मानविकी और सामाजिक विज्ञान की राष्ट्रीय अकादमी है, द्वारा प्रदान किया जाता है.
रक्षा खरीद नियमावली ‘DPM 2025’ जारी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 23 अक्तूबर को नई दिल्ली में रक्षा खरीद नियमावली (Defence Procurement Manual ‘DPM 2025’) जारी की. यह नई नियमावली 1 नवंबर 2025 से प्रभावी होगी और DPM 2009 का स्थान लेगी.
- इस नई नियमावली का मुख्य उद्देश्य ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल को बढ़ावा देना और रक्षा खरीद प्रक्रिया को सरल बनाना है.
- यह खरीद प्रक्रियाओं को आसान और तेज बनाने पर केंद्रित है. इसका लक्ष्य रक्षा क्षेत्र में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) और स्टार्ट-अप्स को अधिक अवसर प्रदान करना है.
- इसके अंतर्गत सेना के तीनों अंग और रक्षा मंत्रालय के अधीन अन्य प्रतिष्ठान लगभग एक लाख करोड़ रुपये मूल्य की राजस्व खरीद (revenue procurement) कर सकेंगे.
तीरंदाजी विश्व कप 2025: ज्योति सुरेखा ने में कांस्य पदक जीता
तीरंदाजी विश्व कप फाइनल 2025 (Archery World Cup Final 2025) का आयोजन नानजिंग, चीन में 17 से 19 अक्टूबर 2025 तक किया गया.
- इस प्रतिष्ठित आयोजन में, विश्व कप के चार चरणों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीरंदाजों ने भाग लिया.
- इस प्रतियोगिता में, मेक्सिको और दक्षिण कोरिया ने ही सबसे अधिक 2-2 पदक जीते. मेक्सिको ने 1 स्वर्ण और 1 रजत जबकि दक्षिण कोरिया ने 1 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक जीते.
भारत का प्रदर्शन
- भारत के ज्योति सुरेखा वेन्नम ने महिला व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक (Bronze Medal) जीता. उन्होंने कांस्य पदक के मुकाबले में ग्रेट ब्रिटेन की एला गिब्सन को 150-145 से हराया.
- इस जीत के साथ, ज्योति सुरेखा वेन्नम तीरंदाजी विश्व कप फाइनल के इतिहास में व्यक्तिगत पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाज बन गई हैं.
- भारत के ऋषभ यादव भी पुरुष कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक के मुकाबले तक पहुंचे, लेकिन शूट-ऑफ में नीदरलैंड्स के माइक श्लोसर से हार गए.
संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र
थिम्पू में 14वीं भारत-भूटान वार्ता
थिम्पू में 14वीं भारत-भूटान वार्ता में दोनों देशों ने द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग और सीमा प्रबंधन के मुद्दों की समीक्षा की. दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल ने एक सुरक्षित, संरक्षित और समृद्ध सीमा क्षेत्र सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया.
भारत के वीर भादू ने कांस्य पदक जीत कर इतिहास रचा
बहरीन में एशियाई युवा खेलों में 24 अक्तूबर को भारत के वीर भादू ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट-एमएमए में देश के लिए कांस्य पदक जीत कर इतिहास रच दिया. इस स्पर्धा में यह भारत का पहला पदक है. पुरुषों की पांच हजार मीटर पैदल चाल में पलाश मंडल ने भी कांस्य पदक जीता.
दिल्ली में क्लाउड सीडिंग के ज़रिए पहली बार कृत्रिम वर्षा करायी जाएगी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 28 से 30 अक्तूबर के बीच क्लाउड सीडिंग के ज़रिए पहली बार कृत्रिम वर्षा करायी जाएगी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि कृत्रिम वर्षा कराने की तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं, वायु प्रदूषण को रोकने के लिए यह एक महत्वपूर्ण तकनीक है.
डेम सारा मुलेली को चर्च ऑफ इंग्लैंड की प्रमुख घोषित
डेम सारा मुलेली (Dame Sarah Mullally) को कैंटरबरी का 106वाँ आर्कबिशप (Archbishop of Canterbury) नामित किया गया है. यह एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि चर्च ऑफ इंग्लैंड के लगभग 500 साल के इतिहास में वह इस पद को संभालने वाली पहली महिला होंगी. वह जस्टिन वेल्बी (Justin Welby) का स्थान लेंगी, जिन्होंने इस्तीफा दे दिया था.
निरस्त्रीकरण सप्ताह
हर साल 24 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक निरस्त्रीकरण सप्ताह (Disarmament Week) मनाया जाता है. यह सप्ताह संयुक्त राष्ट्र (UN) की स्थापना की वर्षगांठ (24 अक्तूबर) से शुरू होता है. इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य दुनिया भर में हथियारों की होड़, विशेष रूप से परमाणु हथियारों से उत्पन्न खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है.
वैश्विक मीडिया और सूचना साक्षरता सप्ताह
हर साल 24 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक वैश्विक मीडिया और सूचना साक्षरता सप्ताह मनाया जाता है. इस सप्ताह का नेतृत्व यूनेस्को (UNESCO) करता है. इसका मुख्य उद्देश्य मीडिया और सूचना साक्षरता के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है. 2025 की थीम ‘माइंड्स ओवर एआई’ (Minds Over AI) है.
