डेली कर्रेंट अफेयर्स
7-8 सितम्बर 2025
इरफान अली को दोबारा गुयाना का राष्ट्रपति चुना गया
- मोहम्मद इरफ़ान अली गुयाना के राष्ट्रपति के रूप में फिर से चुने गए हैं. सत्तारूढ़ पीपुल्स प्रोग्रेसिव पार्टी (पीपीपी) के प्रमुख, 45 वर्षीय अली पहली बार 2020 में सत्ता में आए थे.
- मतदान में अली के मुख्य प्रतिद्वंद्वी वामपंथी विपक्षी पीपुल्स नेशनल कांग्रेस रिफॉर्म (पीएनसीआर) के ऑब्रे नॉर्टन और अज़रुद्दीन मोहम्मद थे, जिन्होंने कुछ महीने पहले ही अपनी पार्टी वी इन्वेस्ट इन द नेशन (डब्ल्यूआईएन) की स्थापना की थी.
- लंबे समय से विपक्षी दल, पार्टनरशिप फॉर नेशनल यूनिटी (एपीएनयू) काफ़ी पीछे रही.
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गयाना में आम और क्षेत्रीय चुनावों में जीत के लिए राष्ट्रपति इरफ़ान अली को बधाई दी है.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि वे भारत-गयाना साझेदारी को अधिक मज़बूत करने के लिए तत्पर हैं.
- गयाना के राष्ट्रपति अली ने प्रधानमंत्री के संदेश के जवाब में दोनों देशों के बीच पहले से ही मज़बूत और सौहार्दपूर्ण संबंधों को और सुदृढ बनाने की इच्छा व्यक्त की है.
इरफ़ान अली कौन हैं?
- अली एक शहरी योजनाकार और अर्थशास्त्री हैं. उनका जन्म एक मुस्लिम भारतीय-गुयाना परिवार में हुआ था.
- अली का परिवार 19वीं सदी में भारत से गिरमिटिया मज़दूरों के रूप में गुयाना आया था.
- 2023 में, उन्हें प्रवासी भारतीय सम्मान से सम्मानित किया गया – जो प्रवासी भारतीयों के लिए सर्वोच्च सम्मान है.
गुयाना
- गुयाना दक्षिण अमेरिका का एक छोटा-सा देश है. उसकी जनसंख्या 8 लाख के आसपास है. यहां गरीबी की दर लैटिन अमेरिका में सबसे अधिक है. गुयाना में लगभग 3,20,000 भारतीय मूल के लोग रहते हैं. गुयाना दुनिया में प्रति व्यक्ति सबसे बड़े कच्चे तेल भंडार वाला देश है.
नमूना पंजीकरण सर्वेक्षण 2023 की रिपोर्ट: भारत में जन्म दर में उल्लेखनीय गिरावट
- भारत के महापंजीयक कार्यालय ने 4 सितम्बर को नमूना पंजीकरण सर्वेक्षण (SRS) 2023 की रिपोर्ट जारी की थी.
- रिपोर्ट के अनुसार, देश की सकल जन्म दर (Crude Birth Rate – CBR) और कुल प्रजनन दर (Total Fertility Rate – TFR) में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है.
रिपोर्ट के मुख्य बिन्दु
- 2022 में सकल जन्म दर (CBR) 19.1 थी, जो 2023 में घटकर 18.4 रह गई. CBR एक निश्चित समयावधि में प्रति 1,000 जनसंख्या पर जीवित जन्मों की संख्या को मापती है.
- कुल प्रजनन दर (TFR) पहली बार दो वर्षों बाद गिरावट के साथ 1.9 हो गई, जबकि 2021 और 2022 में यह 2.0 पर स्थिर थी. TFR वह औसत संख्या है जितने बच्चे एक महिला अपने प्रजनन काल में जन्म देती है.
- बिहार में सबसे अधिक CBR (25.8) और TFR (2.8) दर्ज की गई, जिससे यह जनसंख्या वृद्धि के मामले में अग्रणी बना हुआ है. तमिलनाडु ने सबसे कम CBR (12) और दिल्ली ने सबसे कम TFR (1.2) दर्ज की.
- 18 राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों ने 2.1 से कम TFR दर्ज की, जो कि जनसंख्या प्रतिस्थापन स्तर से नीचे है.
- देश की बुजुर्ग जनसंख्या (60 वर्ष से ऊपर) में 0.7% की वृद्धि हुई है, और यह अब कुल जनसंख्या का 9.7% हो गई है. केरल में सबसे अधिक बुजुर्ग जनसंख्या अनुपात (15%) दर्ज किया गया. असम, दिल्ली और झारखंड में यह अनुपात 7.6% से 7.7% के बीच है.
नमूना पंजीकरण सर्वेक्षण (SRS)
- नमूना पंजीकरण सर्वेक्षण (Sample Registration System) भारत के महापंजीयक कार्यालय द्वारा किया जाने वाला एक बड़े पैमाने पर, नियमित जनसांख्यिकीय सर्वेक्षण है.
- SRS का उद्देश्य राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर जन्म दर, मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर, और कुल प्रजनन दर (TFR) जैसे महत्वपूर्ण सूचकांकों के विश्वसनीय वार्षिक अनुमान प्रदान करना है.
- यह सर्वेक्षण गांवों और शहरी क्षेत्रों से डेटा एकत्र कर प्रमुख जनसांख्यिकीय सूचकांकों के विश्वसनीय वार्षिक अनुमान प्रदान करता है.
सिंगापुर के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा
- सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग 2 से 4 सितम्बर तक भारत की यात्रा पर थे. वे अपनी पत्नी और कैबिनेट मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आए थे.
- इस दौरान श्री वोंग ने 4 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की थी. इस वार्ता में दोनों देश क्वांटम कंप्यूटिंग, एआई, आटोमेशन और मानवरहित पोतों जैसे उभरते क्षेत्रों में रक्षा प्रौद्योगिकी सहयोग को और गहरा करने पर सहमत हुए.
- दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा और पनडुब्बी बचाव में सहयोग जारी रखने के साथ-साथ क्षेत्रीय सुरक्षा ढाँचों के भीतर मिलकर काम करने का निर्णय लिया. सिंगापुर ने मलक्का जलडमरूमध्य गश्त में भारत की रुचि की सराहना की है.
- दोनों देशों ने सीमा पार आतंकवाद सहित सभी रूपों में आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है.
- सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने 3 सितम्बर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात की.
- सिंगापुर भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है, खासकर हमारी ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में. प्रधानमंत्री मोदी के सितंबर 2024 में सिंगापुर दौरे के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदला गया था.
- श्री मोदी और श्री वोंग, पिछले साल सितंबर में सिंगापुर में हुई बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने पर सहमत हुए थे.
- सिंगापुर, दक्षिण पूर्व-एशिया में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. पिछले वित्तीय वर्ष में दोनों देशों के बीच 34 दशमलव 27 अरब अमरीकी डॉलर का व्यापार हुआ.
हरियाणा में एशिया की सबसे बड़ी लिथियम-आयन बैटरी फैक्ट्री का उद्घाटन
- हरियाणा के नूंह जिले के इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) में लिथियम-आयन (Li-ion) बैटरी निर्माण इकाई की शुरुआत हुई है. इसका उद्घाटन 4 सितम्बर को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया था.
- यह एशिया की सबसे बड़ी लिथियम-आयन बैटरी निर्माण इकाई है. इस निर्माण इकाई को जापानी कंपनी ATL ने लगभग ₹3,000 करोड़ के निवेश से स्थापित किया है.
- यह प्लांट हरियाणा को स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण आत्मनिर्भर भारत को सशक्त करेगा.
- लिथियम-आयन बैटरी रिचार्जेबल बैटरी होता है. इसका उपयोग मुख्य रूप से पोर्टेबल इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों और इलेक्ट्रिक परिवहन में किया जाता है.
नई दिल्ली में SAMHiTA सम्मेलन का उद्घाटन
- नई दिल्ली में हाल ही में SAMHiTA सम्मेलन (SAMHiTA Conference) आयोजित किया गया था जिसका उद्घाटन विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने 4 सितम्बर को किया था.
- सम्मेलन का उद्देश्य दक्षिण एशिया की पांडुलिपि परंपराओं और गणितीय योगदान को वैश्विक स्तर पर उजागर करना था.
- यह सम्मेलन न केवल भारतीय ज्ञान परंपराओं को सम्मान देने का एक प्रयास है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की बौद्धिक आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है.
- SAMHiTA एक संक्षिप्त नाम है जिसका पूरा नाम South Asian Manuscript Histories and Textual Archive है.
संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र
मॉरीशस के प्रधानमंत्री भारत की यात्रा पर
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम 9 से 16 सितम्बर तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. इस दौरान मॉरीशस के प्रधानमंत्री दिल्ली, मुंबई, वाराणसी, अयोध्या और तिरुपति जाएँगे.
प्रधानमंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ विचार-विमर्श किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ टेलीफोन पर वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया. उन्होंने यूक्रेन में शांति तथा स्थिरता की तत्काल बहाली के लिए भारत के सतत समर्थन को दोहराया. श्री मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंपैक्ट शिखर सम्मेलन का निमंत्रण स्वीकार करने के लिए राष्ट्रपति मैक्रों को धन्यवाद दिया. यह सम्मेलन फरवरी 2026 में भारत में होगा.
अनुपर्णा रॉय को वेनिस फिल्मोत्सव में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार
भारतीय फिल्म निर्माता अनुपर्णा रॉय को 82वें वेनिस फिल्मोत्सव के ओरिज़ोंटी खंड में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला है. इस खंड में नई और स्वतंत्र फिल्में शामिल होती हैं. उनके फिल्म, सॉन्ग्स ऑफ फॉरगॉटन ट्रीज़, इस श्रेणी में एकमात्र भारतीय प्रविष्टि थी. यह फिल्म मुंबई में दो प्रवासी महिलाओं की कहानी है.
