डेली कर्रेंट अफेयर्स
5-6 सितम्बर 2025

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक: अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों की घोषणा

  • वस्‍तु और सेवा कर (GST) परिषद की 56वीं बैठक 3-4 सितम्बर को नई दिल्ली में हुई. बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने की.
  • इस बैठक में देश के अगली पीढ़ी के वस्‍तु और सेवा कर सुधारों की घोषणा की गई. इनमें जीएसटी दरों में सुधार करते हुए उन्हें युक्तिसंगत बनाने को स्वीकृति दी गई. नई दरें 22 सितम्बर से लागू होंगी.

जीएसटी में मुख्य सुधार

  • जीएसटी परिषद ने अप्रत्यक्ष कर प्रणाली को 5 प्रतिशत, 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत की चार-स्तरीय संरचना (स्लैब) से सरल बनाकर 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की दो-स्तरीय संरचना में बदल दिया है.
  • नई दरों के लागू होने से 48 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्‍त वित्तीय भार पड़ेगा, इसे केंद्र और राज्य सरकारें वहन करेंगी.
  • व्यक्तिगत जीवन बीमा पॉलिसियों, वरिष्ठ नागरिकों के लिए पॉलिसी सहित व्यक्तिगत स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियों पर जीएसटी शून्य कर दिया गया है.
  • 33 जीवन रक्षक दवाओं और औषधियों पर जीएसटी को 12 प्रतिशत से घटाकर शून्य तथा कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली तीन जीवन रक्षक दवाओं पर जीएसटी को 5 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया है. अन्य सभी दवाओं और औषधियों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से कम कर 5 प्रतिशत किया गया है.
  • एसी, 32 इंच से बड़े टीवी, डिशवाशिंग मशीन, छोटी कारें और मोटरसाइकिल जैसी वस्तुओं पर जीएसटी दर 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है.
  • साबुन, शैम्पू, टूथपेस्ट, साइकिल और रसोई के बर्तन जैसी दैनिक आवश्यक वस्तुएँ अब 5 प्रतिशत के स्लैब में आ गई हैं.
  • यूएचटी दूध, पनीर, चपाती और पराठा जैसी मूलभूत खाद्य वस्तुओं को पूरी तरह से करमुक्त कर दिया गया है.
  • सभी कृषि उपकरणों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है. कृषि क्षेत्र के लिए ट्रैक्टर, उर्वरक और अमोनिया पर जीएसटी दर को 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है.

जीएसटी क्या है?

  • जीएसटी का पूरा नाम है गुड्स एंड सर्विस टैक्स. यह एक अप्रत्यक्ष कर (इंडायरेक्ट टैक्स) है. जीएसटी के तहत वस्तुओं और सेवाओं पर पूरे देश में एक समान टैक्स लगाया जाता है.
  • जीएसटी लागू होने से पहले वस्तुओं और सेवाओं पर केंद्र और राज्यों द्वारा अलग-अलग प्रकार के कई टैक्स लगाये जाते थे.
  • 1 जुलाई 2017 को जीएसटी लागू होने के बाद से ये सभी टैक्स ख़त्म हो गये और इनकी जगह पूरे देश में सिर्फ एक टैक्स ‘जीएसटी’ लगने लगा.

क्रिटिकल खनिजों की उपलब्धता के लिए एक विशेष प्रोत्साहन योजना को मंजूरी

  • भारत सरकार ने देश में क्रिटिकल खनिजों (Critical Minerals) की पुनर्चक्रण (Recycling) क्षमता को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दी है. यह मंजूरी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 3 सितम्बर को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में दी गई.
  • यह योजना पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) के माध्यम से क्रिटिकल खनिजों (लिथियम, कोबाल्ट और रेयर अर्थ तत्वों जैसे खनिज) की उपलब्धता को बढ़ावा देना है.
  • यह योजना वित्त वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक लागू रहेगी. इसके लिए ₹1,500 करोड़ की राशि निर्धारित की गई है.

योजना के मुख्य बिन्दु

  • इस योजना का उद्देश्य नेशनल क्रिटिकल मिनरल्स मिशन (NCMM) के तहत वैकल्पिक स्रोतों से महत्वपूर्ण खनिजों का घरेलू आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना और संसाधनों के पुनः उपयोग सुनिश्चित करना है.
  • क्रिटिकल खनिजों जैसे लिथियम, कोबाल्ट, निकल आदि की आपूर्ति भारतीय उद्योगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन इन खनिजों की खदानों की खोज, नीलामी और उत्पादन शुरू होने में लंबा समय लगता है.
  • ऐसे में सरकार ने इनकी आपूर्ति को शीघ्र सुनिश्चित करने के लिए ‘सेकेंडरी स्रोतों’ से पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को एक व्यावहारिक समाधान माना है.
  • इस योजना से सरकार को कम समय में घरेलू स्तर पर खनिज उत्पादन की नई क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी, जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.

प्रोत्साहन राशि

  • इस योजना के तहत पात्र पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) इकाइयों की स्थापना हेतु पूंजीगत व्यय पर 20% सब्सिडी दी जाएगी. इसमें मशीनरी, संयंत्र और संबंधित यूटिलिटीज़ शामिल हैं. निर्धारित समय सीमा के बाद उत्पादन शुरू होने पर सब्सिडी दर घट जाएगी.

क्रिटिकल खनिज (Critical Minerals) क्या हैं?

  • क्रिटिकल खनिज (critical minerals) वे खनिज हैं जो किसी देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए आवश्यक हैं, लेकिन उनकी आपूर्ति में बाधा आने का खतरा रहता है क्योंकि वे सीमित मात्रा में उपलब्ध हैं या कुछ खास देशों में ही पाए जाते हैं.
  • इनका उपयोग इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा (जैसे सोलर पैनल और इलेक्ट्रिक वाहन) और रक्षा जैसे महत्वपूर्ण उद्योगों में होता है.
  • दुर्लभ पृथ्वी तत्व (Rare Earth Elements – REEs), लिथियम, निकेल और कोबाल्ट, इंडियम और टेल्यूरियम कुछ महत्वपूर्ण क्रिटिकल खनिजों के उदाहरण हैं.

नेशनल क्रिटिकल मिनरल्स मिशन (NCMM)

  • भारत ने भी आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए 30 महत्वपूर्ण खनिजों की पहचान की है. इन खनिजों के क्षेत्र में अपनी आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए भारत ने नेशनल क्रिटिकल मिनरल्स मिशन (NCMM) को मंजूरी दी है.

सेमीकॉन इंडिया-2025: पूर्णत: स्वदेशी माइक्रोप्रोसेसर ‘विक्रम 3201’ का अनावरण

  • सेमीकॉन इंडिया-2025 का आयोजन 2 से 4 सितम्बर तक दिल्ली के यशोभूमि में किया गया. इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था.
  • यह सम्मेलन देश में एक मजबूत और टिकाऊ सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने पर केंद्रित था. इस सम्मेलन में 48 से अधिक देशों के 2500 से अधिक प्रतिनिधि शामिल थे.
  • इसमें सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम की प्रगति, विनिर्माण, अनुसंधान और विकास तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में नवाचार, निवेश के अवसर, राज्य-स्तरीय नीति कार्यान्वयन संबंधी विषयों पर सत्र आयोजित किए गए.
  • कार्यक्रम में डिज़ाइन लिंक्ड इंसेंटिव योजना के अंतर्गत पहलों, नवाचारों के विकास, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए भविष्य की योजना पर चर्चा हुई.

सम्मेलन का उद्देश्य

  • दुनिया भर में आयोजित सेमीकॉन सम्मेलनों का उद्देश्य सेमीकंडक्टर क्षेत्र में तकनीकी प्रगति के साथ विभिन्न देशों की सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने की नीतियों को बढ़ावा देना है.

भारत का पहला पूर्ण स्वदेशी 32-बिट स्पेस माइक्रोप्रोसेसर

  • सेमिकॉन इंडिया 2025 सम्मेलन में देश का पहला पूर्णत: स्वदेशी माइक्रोप्रोसेसर ‘विक्रम 3201’ का अनावरण किया गया. यह अंतरिक्ष अभियानों के लिए विशेष रूप से विकसित किया गया है.
  • विक्रम 3201 एक अंतरिक्ष-ग्रेड 32-बिट सेमीकंडक्टर माइक्रोप्रोसेसर है. इसे इसरो और सेमीकंडक्टर लैबोरेटरी (SCL), चंडीगढ़ द्वारा मिलकर विकसित किया गया है.
  • यह चिप अत्यधिक तापमान (–55°C से +125°C) और विकिरण जैसे कठोर अंतरिक्षीय वातावरण को झेलने में सक्षम है.
  • इसका मुख्य कार्य रॉकेट्स और सैटेलाइट्स की नेविगेशन, नियंत्रण और मिशन प्रबंधन से जुड़ा हुआ है.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

मिस्र में 19वें ब्राइट स्टार सैन्य अभ्यास का आयोजन

19वें ब्राइट स्टार सैन्य अभ्यास का आयोजन मिस्र के अलेक्जेंड्रिया में 28 अगस्त से 10 सितंबर तक किया जा रहा है. इस अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए भारतीय नौसेना का स्टील्थ युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद भेज गया है.

अभ्‍यास में अमरीका, मिस्र और भारत के अलावा, सऊदी अरब, कतर, ग्रीस, साइप्रस और इटली की सेनाओं ने भी भाग लिया है.   अभ्यास ब्राइट स्टार, 1980 से अमेरिका के साथ मिलकर मिस्र द्वारा आयोजित एक बहुपक्षीय अभ्यास है. यह अभ्यास हर दो साल में आयोजित किया जाता है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष से बातचीत की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 सितम्बर को यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से, एकसाथ टेलीफोन पर बातचीत की.

उन्‍होंने वैश्विक मुद्दों के संयुक्त समाधान, स्थिरता और पारस्परिक समृद्धि के लिए नियम-आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देने में भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी की भूमिका पर ज़ोर दिया.

उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता वार्ता के शीघ्र समापन और IMEEC गलियारे के कार्यान्वयन के लिए साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की है.

जर्मनी के विदेश मंत्री की भारत यात्रा

जर्मनी के विदेश मंत्री योहान डाविड वाडेफुल 2-3 सितमबर को भारत की आधिकारिक यात्रा पर थे. उन्होंने 3 सितम्बर को विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर के साथ नई दिल्ली में वार्ता की. दोनों पक्षों ने राजनीतिक सहयोग, सुरक्षा, रक्षा, जलवायु, भावी तकनीकों और लोगों के बीच परस्‍पर विचारों का आदान-प्रदान किया.

ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट को अंजाम देने वाले जवानों को सम्मान

गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और कोबरा के जवानों को 3 सितमबर को नई दिल्‍ली में सम्मानित किया. ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ छत्तीसगढ़ की कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर चलाया गया नक्सल विरोधी अभियान था.

विश्वभर में थिरु ओणम मनाया गया

विश्वभर में 5 सितम्बर को थिरु ओणम मनाया जा रहा है. यह केरल का सबसे बड़ा त्योहार है.  ओणम का पर्व राजा महाबली के स्‍वागत के रूप में मनाया जाता है. राजा महाबली की प्रजा उन्‍हें एक न्यायप्रिय और दयालु शासक होने के कारण अत्यंत प्रेम करती थी.

पैगंबर हजरत मुहम्मद का जन्मदिन, ईद मिलाद-उन-नबी

5 सितम्बर को पैगंबर हजरत मुहम्मद का जन्मदिन, ईद मिलाद-उन-नबी, मनाया गया. इस अवसर पर पैगंबर मुहम्मद के जीवन और शिक्षा से सम्बंधित ‘मिलाद महफिलें’ और ‘सीरत सम्मेलन’ आयोजित किए गए और मिलाद जुलूस निकाले गए.