डेली कर्रेंट अफेयर्स
3-4 सितम्बर 2025

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

प्रवर्तन निदेशालय ने इंटरपोल के माध्यम से अपना पहला पर्पल नोटिस जारी किया

  • भारतीय प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने व्यापार-आधारित धन शोधन के एक जटिल मामले में इंटरपोल के माध्यम से पहली बार पर्पल नोटिस जारी किया है.
  • अपनी जाँच के दौरान, ED ने अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की आड़ में धन शोधन में लिप्त घरेलू और विदेशी फर्जी संस्थाओं के एक संगठित नेटवर्क का पता लगाया है.
  • इस पर्पल नोटिस को जारी करके, ED ने इंटरपोल के 196 सदस्य देशों की प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा किया है और उन्हें नई धन शोधन तकनीकों के बारे में चेतावनी दी है.

इंटरपोल की कलर-कोडेड नोटिस

  • रेड नोटिस: अभियोजन या सजा काटने के लिए वांछित व्यक्तियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए.
  • येलो नोटिस: लापता व्यक्तियों (अक्सर नाबालिग) का पता लगाने या ऐसे व्यक्तियों की पहचान करने के लिए जो स्वयं की पहचान करने में असमर्थ हैं.
  • ब्लू नोटिस: किसी व्यक्ति की पहचान, स्थान, या गतिविधियों से संबंधित अतिरिक्त जानकारी जुटाने के लिए.
  • ब्लैक नोटिस: अज्ञात शवों की जानकारी प्राप्त करने के लिए.
  • ग्रीन नोटिस: किसी व्यक्ति की आपराधिक गतिविधियों के बारे में चेतावनी देने के लिए, जब वह पब्लिक सेफ्टी के लिए संभावित खतरा हो.
  • ऑरेंज नोटिस: किसी घटना, व्यक्ति, वस्तु या प्रक्रिया के बारे में चेतावनी देने के लिए जो पब्लिक सेफ्टी  के लिए गंभीर और आसन्न खतरा प्रस्तुत करता हो.
  • पर्पल नोटिस: अपराधियों द्वारा उपयोग किए जाने वाले तरीकों, वस्तुओं, उपकरणों और छिपाव विधियों की जानकारी प्राप्त करने या प्रदान करने के लिए.
  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद विशेष नोटिस: उन संस्थाओं और व्यक्तियों के लिए जारी किया जाता है, जो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंध समितियों के टारगेट होते हैं.
  • सिल्वर नोटिस: इंटरपोल ने इटली के अनुरोध पर 10 जनवरी 2025 को एक नया सिल्वर नोटिस जोड़ा है. यह इंटरपोल की कलर-कोडेड नोटिस सीरीज में सबसे नई है. इटली ने एक कुख्यात माफिया की संपत्तियों की जानकारी मांगते हुए इंटरपोल से सिफारिश की थी. सिल्वर नोटिस के तहत इंटरपोल उस व्यक्ति या नोटिस से संबंधित जानकारी को सार्वजनिक नहीं करेगा, जिसके लिए किसी देश ने जानकारी मांगी है.

क्या है इंटरपोल?

  • इंटरपोल (International Criminal Police Organization) की स्थापना ऑस्ट्रिया के विएना में 7 सितंबर 1923 को हुई थी. यह संगठन सदस्य देशों के पुलिस नेटवर्क को जोड़ता है और अंतर्राष्ट्रीय अपराध नियंत्रण पर काम करता है.
  • इंटरपोल के सदस्य देश अपने प्रशिक्षित पुलिस अधिकारियों को इंटरपोल में प्रतिनियुक्त करते हैं. भारत 1949 में इस संगठन में शामिल हुआ था.
  • इंटरपोल महासभा अंतर्राष्ट्रीय पुलिस संगठन का शीर्ष शासी निकाय है और प्रमुख निर्णय लेने के लिए इसकी वार्षिक बैठक होती है. इसका मुख्यालय फ्रांस के ल्योन में है.

प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate)

  • प्रवर्तन निदेशालय (ED) भारत की एक आर्थिक खुफिया और कानून प्रवर्तन एजेंसी है जो धन शोधन (PMLA) और विदेशी मुद्रा कानूनों (FEMA) के उल्लंघनों की जांच करती है.
  • यह वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के अंतर्गत आती है और इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है. ED अपराधों से जुड़ी संपत्तियों का पता लगाती है, उन्हें संलग्न करती है, और अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करती है.

16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप: भारत ​​पदक तालिका में शीर्ष पर रहा

  • 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप (Asian Shooting Championship) 16 से 30 अगस्त तक कजाकिस्‍तान के शिमकेंत में खेला गया था.
  • इस चैंपियनशिप में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. भारत ​​पहली बार 50 स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर रहा.
  • भारत ने 26 रजत और 23 कांस्य पदक सहित कुल 99 पदक जीते. यह भारत का अब तक का सबसे सफल अभियान है. 15वीं एशियाई चैंपियनशिप (दक्षिण कोरिया, चांगवोन) में भारत ने कुल 64 पदक ही जीते थे.
  • 21 स्वर्ण, 24 रजत और 25 कांस्य पदक सहित कुल 70 पदक के साथ कज़ाखस्तान दूसरे और 15 स्वर्ण, 17 रजत और 5 कांस्य पदक सहित कुल 37 पदक के साथ चीन तीसरे स्थान पर रहा.

एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप

  • एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप एशियाई निशानेबाजी परिसंघ द्वारा संचालित की जाती है. यह चैंपियनशिप 1967 में शुरू हुई थी. लगभग सभी आईएसएसएफ निशानेबाजी स्पर्धाओं सहित ये चैंपियनशिप हर चार साल में आयोजित की जाती हैं.

नेपाल और भूटान के नागरिकों को विशेष यात्रा सुविधा जारी रहेगी

  • गृह मंत्रालय ने आव्रजन और विदेशी छूट आदेश 2025 को 2 सितम्बर को अधिसूचित कर दिया है. इसके तहत विशेष श्रेणी में वैध पासपोर्ट, यात्रा दस्‍तावेज और वीज़ा संबंधी जरूरतों से छूट दी गई है.
  • अधिसूचना के अनुसार नेपाल और भूटान से भारत आने वाले नागरिकों के लिए पासपोर्ट या वीजा़ के बिना यात्रा सुविधा जारी रहेगी.
  • अफगानिस्‍तान, बंगलादेश और पाकिस्‍तान के अल्‍पसंख्‍यक समुदाय के व्‍यक्ति, जो धार्मिक उत्‍पीड़न या इसके भय से भारत में शरण लेने को बाध्‍य हुए और जो 31 दिसम्बर 2024 को या इससे पहले बिना किसी वैध दस्‍तावेज के भारत आ गए या जिनके पासपोर्ट या अन्य यात्रा दस्तावेज की वैधता समाप्‍त हो गई है, उन्‍हें वैध पासपोर्ट और वीजा़ की आवश्‍यकता से छूट दी जाएगी.
  • इन अल्‍पसंख्‍यक समुदायों में हिन्‍दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और इसाई शामिल हैं.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने में भारत के प्रयासों की प्रशंसा

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने में भारत के प्रयासों की प्रशंसा की है. उन्होंने शांति स्थापित करने में भारत और अन्य रणनीतिक साझेदारों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया.

अगस्त में GST संग्रह में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि

अगस्त में देश का वस्‍तु और सेवा कर (GST) संग्रह पिछले वर्ष के इसी माह की तुलना में 6.5 प्रतिशत बढ़कर 1.86 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया. सकल घरेलू राजस्व लगभग 1.37 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया. सकल आयात राजस्व 49 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक रहा.

सिंगापुर के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा पर

सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग 2 से 4 सितम्बर तक भारत यात्रा पर हैं. श्री वोंग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और भारतीय उद्योगपतियों और व्यापारियों के साथ बातचीत करेंगे. इस यात्रा के दौरान कौशल विकास, वित्त और डिजिटल, नागरिक उड्डयन, अंतरिक्ष और नौवहन क्षेत्र में सहयोग सहित कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है.

जर्मनी के विदेश मंत्री भारत की आधिकारिक यात्रा पर

जर्मनी के विदेश मंत्री योहान डाविड वाडेफुल 2-3 सितमबर को भारत की आधिकारिक यात्रा पर बेंगलुरु पहुँचे. श्री वाडेफुल दिल्ली रवाना होने से पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का दौरा करेंगे. वह कल नई दिल्ली में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और विदेश मंत्री डॉ सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर से मुलाकात करेंगे.

बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप 2026 नई दिल्ली में आयोजित होगी

बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप, अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होगी. बैडमिंटन विश्व महासंघ (BWF) ने 1 सितम्बर को पेरिस में 2025 चैंपियनशिप के समापन समारोह में यह घोषणा की. यह प्रतियोगिता 17 वर्ष बाद भारत और चार साल बाद एशिया में आयोजित हो रही है. वर्ष 2009 में यह प्रतियोगिता हैदराबाद में आयोजित की गई थी.

ICC ने महिला विश्‍व कप की ईनामी राशि की घोषणा की

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने महिला विश्‍व कप की ईनामी राशि घोषित कर दिया है. टूर्नामेंट की ईनामी राशि 13.88 मिलियन डॉलर यानि करीब 122 करोड़ रुपये तय की गई है. महिला विश्‍वकप की ईनामी राशि में करीब 297 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि किया गया है. महिला विश्‍वकप 30 सितंबर से 2 नवंबर के बीच भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा.

बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ

प्रधानमंत्री ने 2 सितम्बर को बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया. जीविका निधि का उद्देश्य जीविका से जुड़े सामुदायिक सदस्यों को किफायती ब्याज दरों पर धनराशि प्रदान करना है. जीविका निधि की व्‍यवस्‍था पूरी तरह डिजिटल है. यानि किसी के पास जाने की जरूरत नहीं, सब काम फोन से ही हो जायेगा.

वस्‍तु और सेवाकर-जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक

वस्‍तु और सेवाकर-जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक 3-4 सितम्बर को नई दिल्ली में हो रही है. बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन कर रही हैं. इस बैठक में देश के अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों पर विचार-विमर्श की उम्मीद है. इसमें कर दरों का तर्कसंगत करना और उनका सरलीकरण शामिल है.

यूक्रेन में यूरोपीय संघ के सैनिकों की तैनाती का सुझाव

जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्‍टोरियस ने यूक्रेन में यूरोपीय संघ के सैनिकों की तैनाती के सुझाव को अस्वीकार कर दिया है. यह सुझाव यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन ने हाल ही में दिया था. बोरिस पिस्‍टोरियस ने लेयेन के सुझाव को अपरिपक्व बताया है. उन्होंने इस संबंध में यूक्रेन और रूस के साथ बातचीत के महत्व पर जोर दिया.

प्रणव वेंकटेश ने फुजैरा ग्लोबल सुपरस्टार्स शतरंज टूर्नामेंट जीता

विश्व जूनियर चैंपियन प्रणव वेंकटेश ने स्पेन के ग्रैंडमास्टर एलन पिचोट को हराकर फुजैरा ग्लोबल सुपरस्टार्स शतरंज टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया. यह प्रतियोगिता संयुक्त अरब अमीरात में खेला गया था.

मिचेल स्टार्क ने टी-टवेंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क ने आज टी-टवेंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है. स्टार्क टी-टवेंटी प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं.

भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे भारत की यात्रा पर

भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे 3 से 6 सितम्बर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. वे नई दिल्ली आने से पहले गया और अयोध्या में कार्यक्रमों में शामिल होंगे. दिल्ली में वे विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर से मिलेंगे.

अफगानिस्तान में भीषण भूकंप में कई लोगों की मौत

अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में जलालाबाद के पास 31 अगस्त को आए एक भीषण भूकंप में कई लोगों की मौत हो गई. भारत भूकंप से प्रभावित लोगों को हर संभव मानवीय सहायता प्रदान कर रहा है. भूकंप का केंद्र जलालाबाद में था जो अफगानिस्तान के पूर्वी इलाक़े में है.