डेली कर्रेंट अफेयर्स
13-14 सितम्बर 2025

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

नेपाल में पूर्व मुख्‍य न्‍यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्‍त किया गया

  • नेपाल में पूर्व मुख्‍य न्‍यायाधीश सुशीला कार्की को देश की अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है.
  • राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल  ने 12 सितम्बर को सुशीला कार्की को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह शीतल निवास में आयोजित किया गया था.
  • 73 वर्षीय सुशीला कार्की नेपाल की राजनीतिक इतिहास में पहली महिला प्रधानमंत्री हैं.
  • तीन दिनों की सघन वार्ता के बाद जेन जेड (Gen Z) ने प्रमुखता से पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की का नाम अंतरिम सरकार की अगवाई करने के लिए लिया था.

नए संसदीय चुनावों की घोषणा

  • नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने नवनियुक्त अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफ़ारिश पर संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया है और अगले साल 5 मार्च को नए संसदीय चुनावों की घोषणा की है.

नेपाल संक्षिप्त घटनाक्रम

  • नेपाल में सरकार के खिलाफ युवाओं ने हिंसक विरोध प्रदर्शन किया था. इन प्रदर्शनों में 8-9 सितम्बर को कई लोगों की मौत हो गई थी.
  • यह प्रदर्शन नेपाल के युवाओं खासकर ‘जेन जेड‘ (Gen Z) ने सरकार के भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ शुरू किया था जिसने हिंसक रूप ले लिया.
  • हिंसक विरोध प्रदर्शनों में एक भारतीय नागरिक सहित कम से कम 51 लोगों की मौत हो गई है.
  • इन प्रदर्शनों के दबाव में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने 9 सितम्बर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था.
  • Gen-Z प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना, राजनीतिक अव्यवस्था और भाई-भतीजावाद को ख़त्म करना और सोशल मीडिया साइटों पर लगे प्रतिबंध को हटाना शामिल था.

सुशीला कार्की

  • सुशीला कार्की नेपाल सर्वोच्च न्यायालय की प्रथम महिला मुख्य न्यायाधीश हैं. वे 13 अप्रैल 2016 को नेपाल सुप्रीम कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश नियुक्त की गयीं थीं.

सुदन गुरुंग

  • नेपाल अंतरिम सरकार बनाने में सुदन गुरुंग का भी अहम योगदान है. सुदन गुरुंग एक युवा नेता हैं. नेपाल में केपी ओली सरकार को सत्ता से बेदखल करने में सुदन गुरुंग और उनके समर्थकों का बड़ा योगदान था.
  • इस प्रदर्शन की शुरुआत ओली सरकार के उस फैसले के खिलाफ हुई थी जिसमें सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया था.
  • इस फैसले के आते ही ‘हामी नेपाल’ नाम के एक संगठन ने युवाओं को संगठित करने का काम शुरू कर दिया. 36 साल के सुदन गुरंग ही इस संगठन के नेता हैं. सुदन गुरुंग ने मौका देखते हुए युवाओं तक अपनी बात पहुंचाई.

जेन जेड (Gen Z) क्या है?

  • जेन जेड (Gen Z) या जनरेशन जेड का अर्थ आमतौर पर 1997 और 2012 के बीच पैदा हुए व्यक्तियों के समूह से है. जेन जेड को ज़ूमर्स (Zoomers) नाम से भी जाना जाता है.
  • यह डिजिटल नेटिव्स के रूप में जानी जाने वाली पीढ़ी है. इस पीढ़ी ने अपने जीवन में इंटरनेट, स्मार्टफोन और सोशल मीडिया का व्यापक प्रभाव देखा है और ये पीढ़ी टेक्नोलॉजी और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक है.

जानिए जनसंख्या जेनरेशन क्या है…»

ISRO ने SSLV तकनीक HAL को हस्तांतरित करने के लिए समझौता किया

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (SSLV) तकनीक हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को हस्तांतरित करने के लिए 10 सितंबर 2025 को एक समझौता किया है.

  • यह समझौता भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO), न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL), भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र (IN-SPACe) और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के बीच हुआ है.
  • इस समझौते के तहत, HAL को SSLV की संपूर्ण तकनीक का लाइसेंस मिलेगा.
  • HAL अगले दो वर्षों में ISRO की मदद से प्रशिक्षण प्राप्त करेगा और उसके बाद 10 वर्षों तक SSLV का बड़े पैमाने पर उत्पादन करेगा.
  • इस समझौते से भारत के आत्मनिर्भर अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलेगी. इससे भारत छोटे उपग्रहों के प्रक्षेपण सेवा बाजार में विश्वसनीय और लागत-प्रतिस्पर्धी प्रदाता के रूप में उभरेगा.
  • इसका उद्देश्य छोटे उपग्रहों के प्रक्षेपण के वैश्विक बाजार में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाना है.

लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (SSLV)  क्या है?

  • लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (SSLV),  इसरो द्वारा विकसित, तीन-चरणीय रॉकेट है जिसे 500 किलोग्राम से कम वजन वाले उपग्रहों को पृथ्वी की निचली कक्षा (LEO) में प्रक्षेपित करने के लिए डिजाइन किया गया है.
  • SSLV को एक त्वरित, प्रक्षेपण यान के रूप में डिज़ाइन किया गया है जिसका औद्योगिक उत्पादन के लिए विस्तार किया जा सकता है.

न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL)

  • न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की वाणिज्यिक शाखा है, जो भारत सरकार की एक पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है. यह कंपनी अंतरिक्ष विभाग (DoS) के प्रशासनिक नियंत्रण में है.
  • इसका मुख्य उद्देश्य भारतीय उद्योगों को उच्च-प्रौद्योगिकी अंतरिक्ष गतिविधियों में शामिल करना, अंतरिक्ष कार्यक्रमों के उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देना तथा उनका व्यावसायिक रूप से लाभ उठाना है.

भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र (IN-SPACe)

  • भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र (IN-SPACe) केंद्र सरकार द्वारा अनुमोदित एक स्वतंत्र एजेंसी है, जिसका पर्यवेक्षण अंतरिक्ष विभाग (DoS) द्वारा किया जाता है.
  • इसकी प्राथमिक भूमिका भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और भारत में निजी अंतरिक्ष संस्थाओं के बीच एक सेतु का काम करना है.

आईएनएस अरावली: गुरुग्राम में नए नौसैनिक अड्डे की स्थापना

  • गुरुग्राम में नए नौसैनिक अड्डे ‘आईएनएस अरावली’ की स्थापना की गई है. नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी की अध्यक्षता में इसे 12 सितंबर 2025 को आयोजित के समारोह में इसे कमीशन किया गया. इस नौसैनिक अड्डे का नाम अरावली पर्वत श्रृंखला के नाम पर रखा गया है.
  • यह समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में नया मील का पत्थर है. क्योंकि, गुरुग्राम से सबसे नजदीकी बंदरगाह गुजरात का कांडला है, जो करीब 1,148 किलोमीटर दूर है.

आईएनएस अरावली का आदर्श वाक्य और प्रतीक चिन्ह

  • आईएनएस अरावली का आदर्श वाक्य है: ‘सामुद्रिकसुरक्षायाः सहयोगं’, जो समुद्र में भारतीय नौसेना की ताकत और अहमियत का खुला संदेश, जो पूरी तरह से सहयोगात्मक भूमिका निभाने वाला है.
  • आईएनएस अरावली में प्रतीक चिन्ह के तौर पर पहाड़ अरावली पर्वत की ताकत का प्रतीक है तो उगता हुआ सूरज ऊर्जा से भरपूर भविष्य का संदेश है.

नौसेना के सूचना और संचार तंत्र को मजबूत करेगा

  • आईएनएस अरावली नौसैनिक केंद्र नौसेना के सूचना और संचार तंत्र को मजबूत करने के लिए डिज़ाइन किया गया है. इससे नियंत्रण और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सूचना और संचार केंद्रों को सहायता मिलेगी.
  • आईएनएस अरावली को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह भारतीय नौसेना के तमाम सूचना और संचार केंद्रों को तालमेल बनाए रखने में मदद करेगा, जो मौजूदा समय में समुद्री सुरक्षा के लिए बेहद अहम है.
  • यह नौसेना के कमांड और कंट्रोल ऑपरेशन के साथ-साथ मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस (MDA) के हिसाब से विकसित किया गया है.
  • आईएनएस अरावली की स्थापना से नौसेना को न सिर्फ परिस्थितियों पर बेहतर जागरूकता हासिल होगी, बल्कि समुद्री क्षेत्र में विभन्न सुरक्षा और सैन्य एजेंसियों से भी तालमेल में सहायता मिलेगी.

नेशनल मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस प्रोजेक्ट (NMDA)

  • जुलाई 2025 में भारतीय नौसेना ने भारत इलेक्टॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के साथ एक समझौता किया था, जिसके तहत नेशनल मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस प्रोजेक्ट (NMDA) पर अमल किया जाना था.
  • NMDA एक भारतीय पहल है जो समुद्री और तटीय सुरक्षा को मजबूत करने, समुद्री खतरों से निपटने और विभिन्न एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए बनाई गई है.
  • इसका उद्देश्य तटीय और समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत करने के लिए डेटा जुटाना, उसका विश्लेषण करना, एआई का उपयोग करके निगरानी बढ़ाना और फिर उसे संस्थागत तंत्र के माध्यम से सूचना साझा करना है. इसके तहत रियल-टाइम डेटा संकलन और उसके विश्लेषण पर बहुत ज्यादा जोर है.
  • अभी गुरुग्राम में इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट एंड एनालिसिस सेंटर काम कर रहा है. अब इसमें विभिन्न राष्ट्रीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के लोग जुड़ जाएंगे, जिससे यह मल्टी-एजेंसी NMDA सेंटर के रूप में बदल जाएगा.
  • अब पूरे NMDA प्रोजेक्ट को भारतीय नौसेना संभालेगी और जल्द समाधान तलाशने का काम करेगी.

भारत ने फ़िलिस्तीन मुद्दे के समाधान के लिए ‘न्यूयॉर्क घोषणा’ के पक्ष में मतदान किया

  • भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में फ़िलिस्तीन मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के लिए ‘न्यूयॉर्क घोषणा’ के समर्थन वाले प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया है. यह प्रस्ताव फ्रांस फ़्रांस द्वारा लाया गया था.
  • फ्रांस के इस प्रस्‍ताव के पक्ष में कल 142 देशों और विपक्ष में 10 देशों ने मतदान किया. 12 देशों ने मतदान में हिस्‍सा नहीं लिया. विरोध में मतदान करने वाले देशों में अर्जेंटीना, हंगरी, इस्राइल और अमरीका शामिल हैं.
  • घोषणापत्र में इस्राइली नेतृत्व से एक संप्रभु और व्यवहार्य फ़िलिस्तीनी देश सहित दो देश के समाधान के लिए स्पष्ट सार्वजनिक प्रतिबद्धता जारी करने का आह्वान किया गया है.
  • घोषणा में, गाजा में युद्ध समाप्त करने, इस्राइल-फ़िलिस्तीन संघर्ष का न्यायसंगत, शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान प्राप्त करने और क्षेत्र के सभी लोगों के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने पर सहमति व्यक्त की गई है.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को 27 वर्ष की सज़ा

ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को सैन्य तख्तापलट की साजिश और देश में लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश के आरोप में 27 वर्ष से अधिक के कारावास की सज़ा सुनाई गई है. ब्राज़ील के सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि 2018 में राष्ट्रपति चुने गए बोल्सोनारो, 2022 का चुनाव हारने के बाद जबरन सत्ता पर काबिज़ रहने की कोशिश करने के दोषी हैं.

नई दिल्ली में ज्ञान भारतम अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन

नई दिल्ली में 11 से 13 सितम्बर तक ज्ञान भारतम अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. सम्‍मेलन का विषय ‘पांडुलिपि विरासत के माध्यम से भारत की ज्ञान विरासत को पुनः प्राप्त करना’ है. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस सम्मेलन में शामिल होंगे. श्री मोदी ‘ज्ञान भारतम’ पोर्टल का भी शुभारंभ करेंगे. यह पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण, संरक्षण और सार्वजनिक पहुंच में तेजी लाने के लिए एक समर्पित डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है.

नई दिल्ली में राष्ट्रीय वायरस अनुसंधान और निदान प्रयोगशाला सम्मेलन

नई दिल्ली में राष्ट्रीय वायरस अनुसंधान और निदान प्रयोगशाला सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. इसका उद्घाटन स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने 11 सितम्बर को किया. उन्‍होंने इन-विट्रो डायग्नोस्टिक्स सत्यापन पोर्टल और प्रोटोकॉल भी जारी किए. नया आईवीडी सत्यापन पोर्टल तेज़, अधिक पारदर्शी सत्यापन प्रक्रियाओं को सुगम बनाएगा.

UPI पर लेनदेन की सीमा बढ़ाकर दस लाख रुपये प्रतिदिन किया गया

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने एकीकृत भुगतान इंटरफ़ेस (UPI) पर व्यक्ति-से-व्यापारी लेनदेन की सीमा बढ़ाकर दस लाख रुपये प्रतिदिन कर दी है. यह बदलाव 15 सितंबर से लागू होगा. खरीदारी के लिए बड़े डिजिटल भुगतानों को आसान और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए यह बदलाव किए गए हैं.

रूस और यूक्रेन शांति वार्ता स्थगित

रूस ने घोषणा की है कि यूक्रेन के साथ शांति वार्ता स्थगित कर दी गई है, लेकिन रूस, यूक्रेन विवाद के कूटनीतिक समाधान के लिए प्रतिबद्ध है. इस वर्ष तुर्कीए की राजधानी इस्तांबुल में तीन दौर की वार्ता हुई, जिनमें से आखिरी जुलाई में हुई थी.

प्रधानमंत्री उत्तर-पूर्व राज्यों में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 13 सितम्बर से मिज़ोरम, मणिपुर और असम में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. वे मिज़ोरम के आइज़ोल में नौ हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री बैराबी-सैरांग नई रेलवे लाइन का शुभारंभ करेंगे. इस पर 8 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है. यह रेल लाइन पहली बार मिज़ोरम की राजधानी आइज़ोल को भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी.

टोक्यो में बीसवीं विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की शुरुआत

बीसवीं विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप जापान के टोक्यो में 13 से 18 सितम्बर तक खेला जा रहा है. इस प्रतियोगिता में 19 सदस्‍यसीय भारतीय दल 15 स्पर्धाओं में खेलेगा. दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज भाला फेंक में पदक के बडे दावेदार हैं.

भारत का पहला विदेशी अटल नवाचार केंद्र का UAE में उद्घाटन

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अबू धाबी में IIT दिल्ली के परिसर में भारत का पहला विदेशी अटल नवाचार केंद्र (AIM) का उद्घाटन किया गया. इसका उद्घाटन 10 सितम्बर को केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया. AIM भारत में नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देने की एक प्रमुख पहल है.