डेली कर्रेंट अफेयर्स
11-12 सितम्बर 2025

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

सीपी राधाकृष्णन ने भारत के 15वें उप-राष्ट्रपति के रूप से शपथ ली

सीपी राधाकृष्णन ने 12 सितम्बर को भारत के 15वें उप-राष्ट्रपति (15th Vice-President of India) के रूप से शपथ ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राधाकृष्णन को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में उन्हें पद ओर गोपनीयता  की शपथ दिलाईं.

राधाकृष्णन ने 9 सितम्बर को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में भारत का 15वां उपराष्ट्रपति चुना गया था. भारत के 14वें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था जिसके बाद यह पद रिक्त था.

15वें उपराष्ट्रपति के लिए चुनाव

  • भारत के 15वें उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया था जबकि बी सुदर्शन रेड्डी INDIA गठबंधन सहित विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार थे.
  • इस चुनाव में नव निर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अपने प्रतिद्वंद्वी बी सुदर्शन रेड्डी को 152 मतों के अंतर से हराया.
  • उपराष्ट्रपति चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य, जिनमें मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं, मतदान में हिस्सा लेते हैं.
  • वर्तमान में लोकसभा में 542 सदस्य और राज्यसभा में 239 सदस्य हैं. इस बार उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल की कुल संख्या 542+239=781 है और जीत के लिए बहुमत का आंकड़ा 781÷2+1=391 था.
  • इस चुनाव में 767 सांसदों ने वोट डाले, जिसमें से 15 वोट अमान्य घोषित कर दिया गया. वहीं बीजेडी, बीआरएस और शिरोमणि अकाली दल के 12 सांसदों ने मतदान में भाग नहीं लिया.
  • इस चुनाव में सीपी राधाकृष्णन को 452 वोट जबकि सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले. नतीजों का ऐलान राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने किया.

भारतीय संविधान में उप-राष्ट्रपति

  • भारतीय संविधान के अनुच्छेद 63 में भारत के उप-राष्ट्रपति होने की बात कही गई है. उप-राष्ट्रपति देश का दूसरा सर्वोच्च संवैधानिक पद है. उनका कार्यकाल पाँच वर्ष का होता है.
  • अनुच्छेद 65 के अनुसार, राष्ट्रपति की मृत्यु, इस्तीफे या हटाने की स्थिति में उपराष्ट्रपति उस तारीख तक राष्ट्रपति के रूप में कार्य करेगा जब तक कि नए राष्ट्रपति की नियुक्ति नहीं की जाती.
  • भारतीय संविधान के अनुच्छेद 67 (क) के अनुसार, उपराष्ट्रपति भारत के राष्ट्रपति को अपना त्यागपत्र दे सकता है.

उपराष्ट्रपति चुनाव

  • संविधान का अनुच्छेद 324 तहत, उपराष्ट्रपति चुनाव भारतीय निर्वाचन आयोग संपन्न कराता है. इसके लिए निर्वाचन आयोग एक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करता है.
  • राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति दोनों पदों का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से (आनुपातिक प्रतिनिधित्व पद्धति) होता है. यानी चुनाव जनता की बजाय उनके द्वारा चुने गए जन प्रतिनिधि करते हैं.
  • भारतीय संविधान के अनुच्छेद 66 में उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया का उल्लेख है. उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य, जिनमें मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं, मतदान में हिस्सा लेते हैं. प्रत्येक मत का मूल्य समान होता है.
  • वहीं राष्ट्रपति के चुनाव में लोक सभा और राज्य सभा के निर्वाचित सदस्य और राज्यों के विधानमंडलों के सदस्यों को भी मतदान का अधिकार होता है. राष्ट्रपति चुनाव में किसी भी सदन के मनोनीत सदस्य को वोट नहीं डाल सकते.
  • राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति चुनाव में किसी भी संदेह या विवाद सामने आने पर संविधान के अनुच्छेद-71 के मुताबिक, फैसले का अधिकार केवल देश की सुप्रीम कोर्ट को है.
  • इस चुनाव में गुप्त मतदान की प्रक्रिया अपनाई जाती है. निर्वाचक मंडल के सदस्य अपनी इच्छा के अनुसार मतदान कर सकते हैं और वे संबंधित पार्टी के व्हिप से बाध्य नहीं होते.

नामांकन एवं पात्रता

  • उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन भरने के लिए उम्मीदवार को कम-से-कम 20 सांसद बतौर प्रस्तावक और 20 सांसद बतौर अनुमोदक की आवश्यकता होती है. 15,000 रुपये जमानत राशि के रूप में जमा कराना अनिवार्य होता है.
  • उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को संसद के किसी भी सदन का सदस्य नहीं होना चाहिए.
  • कोई भी भारतीय नागरिक उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार हो सकता है जो 35 वर्ष की आयु पूरी कर चुका हो और राज्यसभा के सदस्य के रूप में चुनाव लड़ने की योग्यता रखता हो.

सीपी राधाकृष्णन

  • सीपी राधाकृष्णन का पूरा नाम चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन है. उनका जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुपुर में हुआ था.
  • उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने से पहले वह भारतीय जनता पार्टी के सदस्य थे. वे आरएसएस जैसे संगठनों में सक्रिय रूप से शामिल रहे थे. वे कोयंबतूर से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए थे.
  • वह 31 जुलाई 2024 से महाराष्ट्र के राज्यपाल भी रहे हैं. इससे पहले, उन्होंने 18 फरवरी 2023 से 30 जुलाई 2024 तक झारखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य किया. साथ ही, उन्होंने तेलंगाना और पुदुचेरी में भी अतिरिक्त प्रभार संभाला.

अब तक के उपराष्ट्रपति

  1. डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन: 13 मई 1952 से 12 मई 1962
  2. जाकिर हुसैन: 13 मई 1962 से 12 मई 1967
  3. वीवी गिरि: 13 मई 1967 से 3 मई 1969
  4. गोपाल स्वरूप पाठक: 31 अगस्त 1969 से 30 अगस्त 1974
  5. बीडी जत्ती: 31 अगस्त 1974 से 30 अगस्त 1979
  6. मोहम्मद हिदायतुल्ला: 31 अगस्त 1979 से 30 अगस्त 1984
  7. आर वेंकटरमण: 31 अगस्त 1984 से 24 जुलाई 1987
  8. शंकर दयाल शर्मा: 3 सितम्बर 1987 से 24 जुलाई 1992
  9. केआर नारायणन: 31 अगस्त 1992 से 24 जुलाई 1997
  10. कृष्णकांत: 21 अगस्त 1997 से 27 जुलाई 2002
  11. भैरों सिंह शेखावत: 19 अगस्त 2002 से 21 जुलाई 2007
  12. मोहम्मद हामिद अंसारी: 11 अगस्त 2007 से 19 जुलाई 2017
  13. एम वेंकैया नायडू: 11 अगस्त 2017 से 10 अगस्त 2022
  14. जगदीप धनखड़: 11 अगस्त 2017 से 21 जुलाई 2025
  15. सीपी राधाकृष्णन: 12 सितम्बर से वर्तमान

इसराइल का कतर में हमास के शीर्ष नेताओं पर हमला

  • इसराइल ने 9 सितम्बर को क़तर की राजधानी दोहा में हमास के शीर्ष नेताओं को निशाना बनाकर हमला किया है. यह कतर में इसराइल की पहली सैन्य कार्रवाई है।
  • इस हमले में हमास के पांच सदस्य मारे गए, जिनमें उसके निर्वासित गाजा प्रमुख और शीर्ष वार्ताकार खलील अल-हय्या का बेटा भी शामिल है।
  • हमास के जिन सदस्यों को निशाना बनाया, उनमें ख़लील अल-हैया शामिल थे, हालांकि इस हमले हमास का शीर्ष नेतृत्व हमले में बच गया।
  • इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (IDF) के अनुसार, इस हमले में उन लोगों को निशाना बनाया गया है, जो सीधे तौर पर 7 अक्तूबर 2023 के जनसंहार के लिए ज़िम्मेदार थे.
  • हमले की चपेट में दोहा का एक आवासीय परिसर आया, जहां हमास की राजनीतिक शाखा के कई नेता रहते हैं.

कतर दोनों के बीच मध्यस्थ

  • अक्तूबर 2023 में इसराइल और हमास के बीच छिड़ी जंग के बाद से ही क़तर दोनों के बीच शांति वार्ता के लिए मध्यस्थ की भूमिका में रहा है.
  • हमास के अनुसार वार्ताकारों की उनकी टीम को हमले में निशाना बनाया गया है. ये टीम दोहा में है.

क़तर और अन्य देशों की प्रतिक्रिया

  • क़तर ने इस हमले की निंदा की है और अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का ‘घोर उल्लंघन’ बताया है. क़तर, इसराइल के इस लापरवाही भरे बर्ताव और लगातार क्षेत्रीय सुरक्षा से उसकी छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगा.
  • भारत, ईरान, अरब देशों सहित दुनियाभर के देशों ने कतर पर इजरायली हमले की निंदा की है. भारत ने दोहा में इज़राइली हमलों के बाद चिंता व्यक्त करते हुए संयम बरतने और कूटनीति से काम लेने का आह्वान किया है.
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से बात की और दोहा में हुए हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करता है.
  • अमेरिका ने इसे एकतरफा हमला बताया जो अमेरिकी और इजरायली हितों को आगे नहीं बढ़ाता। क़तर को अमेरिका के सबसे प्रमुख गैर-नेटो सहयोगी के तौर पर देखा जाता है.

इसराइल-फ़िलिस्तीन युद्ध

  • 7 अक्टूबर 2023 को फ़िलिस्तीनी आतंकवादी संगठन ‘हमास’ ने इज़राइल पर हमला किया था जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए और 250 से ज़्यादा बंधक बना लिए गए थे.
  • इसके परिणामस्वरूप इज़राइल ने फ़िलिस्तीन के गाज़ा पट्टी पर बमबारी की और आक्रमण शुरू किया जो अब तक जारी है.
  • हमास, फ़िलिस्तीन के गाजा पट्टी और पश्चिमी तट के इलाकों में केंद्रित है. इज़राइल का उद्देश्य गाज़ा को हमास मुक्त करना है.
  • इसराइल ने गाज़ा शहर पर कब्ज़ा करने के लिए योजना बनाई है. इस्राइल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने 20 अगस्त 2025 को इस योजना को मंज़ूरी दी थी.

दिल्ली में डिजिटल जनजातीय विश्वविद्यालय ‘आदि संस्कृति’ का शुभारंभ

  • जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने 10 सितम्बर को नई दिल्ली में डिजिटल जनजातीय विश्वविद्यालय ‘आदि संस्कृति’ का शुभारंभ किया. यह दुनिया का पहला डिजिटल जनजातीय विश्वविद्यालय है.
  • यह मंच न केवल सांस्कृतिक ज्ञान का भंडार होगा, बल्कि यह आदिवासी कारीगरों के लिए आजीविका के नए रास्ते भी खोलेगा.
  • इसके तहत एक ऑनलाइन बाज़ार भी शुरू किया गया है, जो देश भर के आदिवासी कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पादों के लिए एक वैश्विक डिजिटल (ऑनलाइन) बाज़ार उपलब्ध कराएगा.

आदि संस्कृति प्लेटफॉर्म तीन मुख्य घटकों में विभाजित

  1. आदि विश्वविद्यालय: यह एक डिजिटल जनजातीय कला अकादमी है, जहाँ आदिवासी नृत्य शैलियों, चित्रकला, विभिन्न शिल्पों, संगीत और लोककथाओं पर 45 विशेष पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं.
  2. आदि संपदा: यह एक सामाजिक-सांस्कृतिक कोष है. इसमें अब तक चित्रकला, नृत्य, पारंपरिक परिधान और वस्त्र, कलाकृतियों और आजीविका से जुड़े विषयों पर 5,000 से अधिक क्यूरेटेड दस्तावेज़ शामिल किए गए हैं.
  3. आदि हाट: यह एक डिजिटल बाज़ार है, जिसका उद्देश्य आदिवासी कारीगरों को उनके उत्पादों के लिए एक सीधा ऑनलाइन बाज़ार प्रदान करना है.

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार 2025: इंदौर पहले स्थान पर

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 9 सितम्बर को नई दिल्ली में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह का आयोजन किया था. इस समारोह में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्‍द्र यादव ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार 2025 प्रदान किए.

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार 2025

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत 130 शहरों में आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शहरों को पुरस्कृत किया गया.

  1. श्रेणी 1 (10 लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहर): इंदौर पहले, जबलपुर दूसरे और आगरा और सूरत संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहा.
  2. श्रेणी 2 (3-10 लाख जनसंख्या वाले शहर): अमरावती पहले, झाँसी और मुरादाबाद संयुक्त रूप से दूसरे और अलवर तीसरे स्थान पर रहा.
  3. श्रेणी 3 (3 लाख से कम जनसंख्या वाले शहर): देवास पहले, परवाणू दूसरे और अंगुल तीसरे स्थान पर रहा.

केन्‍द्रीय मंत्री भूपेन्‍द्र यादव ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के माध्यम से 130 शहरों में से 103 शहरों में PM10 सूक्ष्‍म कणों के स्तर पर वायु गुणवत्ता में हुई प्रगति का उल्लेख किया.

भारत, ईरान और आर्मेनिया के बीच तीसरी त्रिपक्षीय परामर्श बैठक तेहरान में हुई

भारत, ईरान और आर्मेनिया के बीच तीसरी त्रिपक्षीय परामर्श बैठक 8 सितंबर 2025 को तेहरान में हुई. बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के संयुक्त सचिव आनंद प्रकाश, ईरान के विदेश मंत्रालय के दक्षिण एशिया महानिदेशक मोहम्मद रेजा बहरामी और आर्मेनिया के विदेश मंत्रालय की एशिया-प्रशांत विभाग प्रमुख अनाहित करापेत्यान ने की.

  • तीनों पक्षों ने अप्रैल 2023 में आर्मेनिया की राजधानी येरेवन में हुई पहली बैठक और दिसंबर 2024 में नई दिल्ली में आयोजित दूसरी बैठक के निर्णयों की समीक्षा की.
  • बैठक में संपर्क (कनेक्टिविटी) के क्षेत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया. अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा (INSTC) को मजबूत बनाने और आर्मेनिया की महत्वाकांक्षी ‘क्रॉस रोड ऑफ पीस’ प्रोजेक्ट में सहयोग के विस्तार पर सहमति बनी.
  • बैठक में तीनों देशों ने वैश्विक चुनौतियों जैसे जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और ऊर्जा सुरक्षा पर विचार-विमर्श किया.
  • भारत ने अपनी ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत इन देशों के साथ संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई.
  • बैठक में, अगले त्रिपक्षीय परामर्श के आयोजन पर सहमति बनी, जो 2026 में आर्मेनिया में होगा.

INSTC क्या है?

  • INSTC का पूरा नाम International North-South Transport Corridor है. यह भारत, ईरान, रूस, मध्य एशिया और यूरोप को जोड़ने वाला एक 7,200 किलोमीटर लंबा परिवहन नेटवर्क है. इसमें रेल, सड़क और समुद्री मार्ग शामिल हैं.
  • यह कॉरिडोर भारत से ईरान के रास्ते रूस तक माल परिवहन का एक छोटा और सस्ता विकल्प प्रदान करता है.
  • यह हिंद महासागर और फारस की खाड़ी को ईरान के रास्ते कैस्पियन सागर से और फिर रूस के सेंट पीटर्सबर्ग के रास्ते उत्तरी यूरोप से जोड़ता है.

क्रॉस रोड ऑफ पीस क्या है?

  • ‘क्रॉसरोड्स ऑफ पीस’ एक क्षेत्रीय परिवहन और बुनियादी ढांचा परियोजना है जिसका उद्देश्य आर्मेनिया को अपने पड़ोसी देशों, जैसे तुर्की, अज़रबैजान, ईरान और जॉर्जिया से जोड़ना है, ताकि क्षेत्र में आर्थिक सहयोग और शांति को बढ़ावा दिया जा सके.
  • यह पहल सड़कों, रेलमार्गों, पाइपलाइनों और केबलों के पुनरुद्धार और विकास पर केंद्रित है, जिससे माल, ऊर्जा और लोगों का आवागमन आसान हो सके और क्षेत्र में स्थिरता लाई जा सके.

यूएस ओपन 2025: कार्लोस अल्कारेज ने पुरुष और आर्यना सबालेंका ने महिला एकल खिताब जीता

यूएस ओपन (US Open Tennis) 2025 के पुरुष एकल का खिताब कार्लोस अल्कारेज ने और महिला एकल खिताब आर्यना सबालेंका ने जीता. यूएस ओपन 2025 चैंपियनशिप 18 अगस्त से 7 सितंबर 20254 तक फ्लशिंग मीडोज, क्वींस, न्यूयॉर्क शहर में आयोजित की गई थी.

  • पुरूष सिंगल्‍स फाइनल में कार्लोस अल्काराज़ ने यानिक सिनर को हराकर अपना दूसरा खिताब जीता. इस जीत के साथ ही अल्काराज़ ने पुरूष टेनिस में शीर्ष रैंकिग फिर से हासिल कर ली है.
  • कार्लोस अल्कारेज़ का यह दूसरा यूएस ओपन और छठा ग्रैंड स्लैम खिताब है.  ब्योर्न बोर्ग के बाद सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी बने.
  • आर्यना सबालेंका का यह लगातार दूसरा यूएस ओपन खिताब था. 2014 में सेरेना विलियम्स के बाद पहली महिला बनीं जिन्होंने लगातार दो बार यह खिताब जीता.

यूएस ओपन 2025 के विजेता

स्पर्धाविजेताउप-विजेता
पुरुष एकलकार्लोस अल्कारेज (स्पेन)जननिक सिनर (इटली)
महिला एकलआर्यना सबालेंका (बेलारूस)अमांडा अनीसिमोवा (अमेरिका)
पुरुष डबलमार्सेल ग्रानोयेर्स / होरासियो जेबालोस (स्पेन / अर्जेंटीना)जो सालिसबरी / नील स्कुप्स्की (ग्रेट ब्रिटेन / ग्रेट ब्रिटेन)
महिला डबलगैब्रिएला डाब्रोव्स्की / एरिन रूटलिफ (कनाडा / न्यूज़ीलैंड)कैटरीना सिनियाकोवा / टेलर टाउन्सेंड (चेक गणराज्य / अमेरिका)
मिश्रित युगलमिश्रित युगल  सारा एरानी / आंद्रेया वावासोरी (इटली / इटली)इगा स्वियातेक / कैस्पर रूड (पोलैंड / नॉर्वे)

अमरीकी ओपन और ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट्स: एक दृष्टि

  • अमरीकी ओपन टेनिस प्रतियोगिता चार ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट्स में से एक है. यह प्रत्येक वर्ष न्यूयॉर्क शहर में यूएसटीए बिली जीन किंग नेशनल टेनिस सेंटर (USTA Billie Jean King National Tennis Centre) में आउटडोर हार्ड कोर्ट पर आयोजित की जाती है.
  • चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में सबसे पहला विंबलडन 1877 में शुरू हुआ, उसके बाद 1881 में अमरीकी ओपन, 1891 में फ्रेंच ओपन और 1905 में ऑस्ट्रेलियन ओपन शुरू हुआ. सभी चारों ग्रैंड स्लैम प्रति वर्ष खेले जाते हैं.
  • विम्बलडन घास पर खेला जाता है, जिस कारण इसे लॉन टेनिस नाम से भी जाना जाता है. ऑस्ट्रेलियन ओपन और अमरीकी ओपन हार्ड कोर्ट पर जबकि फ्रेंच ओपन क्ले कोर्ट पर खेला जाता है.
  • अमरीकी ओपन साल की अंतिम ग्रैंड स्लैम टैनिस प्रतियोगिता है. ऑस्ट्रेलियन ओपन वर्ष का पहला (जनवरी) ग्रैंड स्लैम है, इसके बाद फ्रेंच ओपन (मई-जून), विंबलडन (जून-जुलाई) और अमरीकी ओपन (अगस्त-सितम्बर) होते हैं.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

नेटो की सेनाओं ने रूसी ड्रोन को मार गिराया

पोलैंड और नेटो की सेनाओं ने 10 सितम्बर को यूक्रेन पर रूस के हवाई हमले के दौरान पॉलैंड हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन में रूसी ड्रोन को मार गिराया. पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने दावा किया है कि हवाई क्षेत्र का उल्लंघन रूस की ओर से जानबूझकर किए गए उकसावे का नतीजा था. रूस ने पौलेंड के बयानों को निराधार बताते हुए उसके आरोपों को खारिज कर दिया है.

फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सरकार के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शन

फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी सरकार देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों का सामना कर रहे हैं. मैक्रों के भरोसेमंद और फ्रांस के रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू को प्रधानमंत्री नियुक्त किए जाने के बाद से विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. ‘ब्लॉक एवरीथिंग’ आंदोलन के बैनर तले हज़ारों लोगों के सड़कों पर उतरने के बाद, 200 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया.

लैरी एलिसन दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने

ओरेकल के सह-संस्थापक और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी लैरी एलिसन दुनिया के सबसे अमीर व्‍यक्ति बन गए हैं. इससे पहले, एलन मस्‍क को यह दर्जा हासिल था. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, एलिसन की संपत्ति 393 अरब डॉलर हो गई, जो मस्क की 385 अरब डॉलर की संपत्ति से अधिक है.