डेली कर्रेंट अफेयर्स
9-10 सितम्बर 2025
नेपाल में युवाओं का हिंसक प्रदर्शन, प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का इस्तीफा
नेपाल में सरकार के खिलाफ युवाओं ने हिंसक विरोध प्रदर्शन किया है. इन प्रदर्शनों में 8-9 सितम्बर को कई लोगों की मौत हो गई. नेपाल के युवा सरकार के भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.
संक्षिप्त घटनाक्रम
- नेपाल सरकार ने 4 सितंबर को फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब सहित 26 सोशल मीडिया साइटों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया था. यह प्रदर्शन इसी प्रतिबंध लागू करने के बाद शुरू हुआ.
- इस प्रतिबंध के बाद राजधानी काठमांडू सहित पूरे देश में युवाओं खासकर ‘जेन जेड‘ (Gen Z) ने सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध दर्ज कराया. प्रदर्शनों में बल प्रयोग के कारण 21 लोगों की मौत हो गई.
- नेपाल सरकार ने युवाओं के हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया साइटों पर प्रतिबंध लगाने के अपने फैसले को 8 सितम्बर को वापस ले लिया.
- सोशल मीडिया पर प्रतिबंध हटाने के बाद भी प्रदर्शनकारियों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा. राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल, प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली सहित कई नेताओं के निजी घरों और नेपाल के संसद भवन पर हमला किए गए.
- प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का इस्तीफा
- इन प्रदर्शनों के दबाव में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने 9 सितम्बर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति पौडेल को सौंपा. इससे पहले नेपाल के गृह मंत्री रमेश लेखक ने नैतिक आधार पर अपना इस्तीफ़ा दे दिया था.
विरोध प्रदर्शन का मुख्य कारण
- नेपाल के नौजवान पिछले कुछ समय से भ्रष्टाचार के खिलाफ सोशल मीडिय पर अभियान चला रहा थे. इसके लिए रेडिट, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे.
- माना जा रहा है कि सरकार ने इसे दबाने के लिए सोशल मीडिया पर ही प्रतिबंध लगा दिया और इसने चिंगारी का काम किया.
- प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें
- प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में प्रधानमंत्री ओली के इस्तीफे के अलावा राष्ट्रीय सरकार का गठन और भ्रष्ट नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शामिल है.
- उनकी अन्य मांगों में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी और राजनीतिक पद पर आसीन लोगों के लिए रिटायरमेंट की आयु तय करना शामिल है.
जेन जेड (Gen Z) क्या है?
- जेन जेड (Gen Z) या जनरेशन जेड का अर्थ आमतौर पर 1997 और 2012 के बीच पैदा हुए व्यक्तियों के समूह से है. जेन जेड को ज़ूमर्स (Zoomers) नाम से भी जाना जाता है.
- यह डिजिटल नेटिव्स के रूप में जानी जाने वाली पीढ़ी है. इस पीढ़ी ने अपने जीवन में इंटरनेट, स्मार्टफोन और सोशल मीडिया का व्यापक प्रभाव देखा है और ये पीढ़ी टेक्नोलॉजी और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक है.
भारत ने दक्षिण कोरिया को पराजित कर एशिया कप हॉकी जीता
- भारत ने एशिया कप हॉकी (Hockey Asia Cup) 2025 जीत ली है. बिहार के राजगीर में 7 सितम्बर को खेले गए इस प्रतियोगिता के फाइनल में भारत ने पिछले चैंपियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया.
- इसके साथ ही भारत ने नीदरलैंड्स और बेल्जियम में अगले वर्ष होने वाले विश्व कप के लिये भी क्वालिफाई कर लिया है.
- भारत की तरफ से सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और अमित रोहिदास ने गोल किए. हरमनप्रीत सिंह भारतीय टीम के कप्तान थे.
एशिया कप हॉकी 2025
- यह एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप का 12वां संस्करण था जो बिहार के राजगीर में 29 से 7 अगस्त तक खेला गया था.
- प्रतियोगिता में भारत के अलावा जापान, चीन, कज़ाख़िस्तान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे ने भाग लिया था. प्रतियोगिता में कुल 24 मैच खेले गए.
- प्रतियोगिता में भारत पहला मैच भारत और चीन के बीच खेला गया जिसमें भारतीय टीम ने चीन को 4-3 से पराजित किया.
- मौजूदा चैम्पियन दक्षिण कोरिया ने सबसे अधिक पांच बार एशिया कप का खिताब जीता है जबकि मेजबान भारत ने तीन बार खिताब हासिल किया है.
- एशिया कप अगले वर्ष होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफायर प्रतियोगिता भी है.
अनुपर्णा रॉय ने वेनिस फ़िल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार जीता
- भारतीय फिल्म निर्माता अनुपर्णा रॉय को 82वें वेनिस फिल्मोत्सव (Venice Film Festival) के ओरिज़ोंटी (Orizzonti) खंड में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार जीता है. यह पुरस्कार जीतने वाली वह पहली भारतीय महिला डायरेक्टर बनीं हैं.
- अनुपर्णा रॉय को यह पुरस्कार उनकी फ़ीचर फ़िल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ़ फ़ॉरगॉटन ट्रीज़’ के लिए दिया गया. ‘सॉन्ग्स ऑफ़ फ़ॉरगॉटन ट्रीज़’ इस वर्ष ओरिज़ोंटी खंड में एकमात्र भारतीय फिल्म थी.
- इस फ़िल्म में नाज़ शेख और सुमी बघेल मुख्य भूमिका में हैं और इसका निर्माण बिभांशु राय, रोमिल मोदी और रंजन सिंह ने किया है.
- इस फिल्म में मुंबई में रहने वाली दो प्रवासी महिलाओं – थूया और स्वेथा की अनदेखी दोस्ती और उनके दर्दभरे लेकिन गहरे जुड़ाव की कहानी दिखाई गई है.
वेनिस फिल्मोत्सव
- 82वें वेनिस फिल्मोत्सव 27 अगस्त से 6 सितंबर तक इटली में आयोजित हुआ था. इस वर्ष गोल्डन लायन अवॉर्ड अमेरिकी इंडी फिल्म ‘फादर मदर सिस्टर ब्रदर’ को मिला.
- वेनिस फिल्मोत्सव विश्व के सबसे पुराने फ़िल्मोत्सवों में से एक है. इसका प्रारंभ 1932 में हुआ था और नियमित रूप से अगस्त के अंत या सितंबर के प्रारंभ में इटली में वेनिस के लीडो द्बीप पर आयोजित किया जाता है.
- इस फिल्मोत्सव को आधिकारिक तौर पर FIAPF (इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन) द्वारा मान्यता प्राप्त है.
जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने त्यागपत्र दिया
- जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने 7 सितम्बर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. वे अगले प्रधानमंत्री चुने जाने तक प्रधानमंत्री बने रहेंगे.
- हाल ही में उच्च सदन के लिए हुए चुनाव में मिली हार के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया है. इस चुनाव में उनकी सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने संसद में अपना बहुमत खो दिया है.
- उन्होंने लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है.
- शिगेरू इशिबा एक वर्ष से भी कम समय पर पद पर रहे. उन्होंने अक्तूबर 2024 में जापान के प्रधानमंत्री का पदभार संभाला था.
- पद संभालने के वक्त उन्होंने मंहगाई से निपटने, पार्टी में सुधार और कई बड़े वादे किए थे. हालांकि सत्ता में आने के बाद उनको लगातार कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा.
- एलडीपी पर राजनीतिक धन उगाही घोटालों के आरोप ने उनकी मुश्किल को बढ़ा दिया था.
शिगेरु इशिबा
68 साल के शिगेरु इशिबा बड़े राजनीतिक पकिवार से ताल्लुक रखते हैं. वह साल 1986 से प्रतिनिधि सभा के सदस्य हैं. वह जापान के प्रधानमंत्री से पहले रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री भी रह चुके हैं. इशिबा के पिता 1958 से 1974 तक तोतोरी प्रान्त के गवर्नर रहे और जापान के गृह मंत्री रहे थे.
भारत और इस्रायल ने आपसी निवेश समझौते किए
- भारत और इस्रायल ने 8 सितम्बर को नई दिल्ली में आपसी निवेश समझौते किए. वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और भारत की यात्रा पर आए इस्रायल के वित्त मंत्री बेज़ेलेल स्मोट्रिच ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए.
- समझौते से निवेश को बढ़ावा मिलने, निवेशकों को अधिक सुरक्षा प्रदान करने, मध्यस्थता से एक स्वतंत्र विवाद समाधान व्यवस्था सुनिश्चित करके व्यापार और आपसी निवेश को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है.
- इसमें निवेश को जब्त होने से बचाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और सुचारु हस्तांतरण तथा नुकसान की भरपाई के प्रावधान भी शामिल हैं.
- यह समझौता आर्थिक सहयोग बढ़ाने और एक अधिक मजबूत और सुगम निवेश वातावरण बनाने की दिशा में दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता दर्शाता है.
- श्रीमती सीतारामन ने कहा कि दोनों देशों को निवेश के अवसरों का पता लगाने और समझौते से लाभ प्राप्त करने के लिए अधिक व्यावसायिक संपर्क करने चाहिए.
- इस्रायल के वित्त मंत्री ने साइबर सुरक्षा, रक्षा, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच अधिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया.
संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र
नाइजीरिया में बोको हराम ने 60 से ज़्यादा लोगों की हत्या कर दी
नाइजीरिया में उग्रवादी संगठन बोको हराम ने उत्तर-पूर्वी बोर्नो राज्य के दारुल जमाल गांव पर हमले कर 60 से ज़्यादा लोगों की हत्या कर दी. नाइजीरियाई वायु सेना के प्रवक्ता एहिमेन एजोदामे ने कहा कि नाइजीरियाई सेना ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 30 से ज़्यादा उग्रवादी मारे गए.
कोरिया गणराज्य के ग्वांगजू में विश्व तीरंदाजी प्रतियोगिता
विश्व तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025 कोरिया गणराज्य के ग्वांगजू में खेला जा रहा है. इस प्रतियोगिता में अमन सैनी, ऋषभ यादव और प्रथमेश भालचंद्र फुगे की तिकड़ी ने कंपाउंड पुरुष टीम स्पर्धा में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता. वहीं, ज्योति सुरेखा वेन्नम और ऋषभ यादव ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया.
अमरीकी ओपन टेनिस 2025, अल्काराज़ ने पुरूष सिंगल्स जीता
अमरीकी ओपन टेनिस के पुरूष सिंगल्स फाइनल में 7 सितम्बर को कार्लोस अल्काराज़ ने यानिक सिनर को हराकर अपना दूसरा खिताब जीता. अल्काराज़ ने सिनर को 6-2, 3-6, 6-1, 6-4 से मात दी. इस जीत के साथ ही अल्काराज़ ने पुरूष टेनिस में शीर्ष रैंकिग फिर से हासिल कर ली है.
एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात में शुरू
एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 9 सितम्बर से संयुक्त अरब अमीरात में खेला जा रहा है. टी-20 प्रारूप में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान सहित 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं. भारत का पहला मैच 10 सितम्बर को मेजबान संयुक्त अरब अमीरात से होगा.
मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम भारत की यात्रा पर
मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम 9 से 16 सितंबर तक भारत यात्रा पर रहेंगे. अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री रामगुलाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने पर चर्चा करेंगे. डॉ. रामगुलाम मुंबई, वाराणसी, अयोध्या और तिरुपति भी जाएँगे.
CAFA नेशंस कप फुटबॉल में भारत ने कांस्य पदक जीता
CAFA नेशंस कप फुटबॉल में भारत ने कांस्य पदक जीता है. ताजिकिस्तान के हिलोर सेंट्रल स्टेडियम में खेले गए इस प्रतियोगिता के फाइनल में भारत ने ओमान को हराकर कांस्य पदक जीता. यह पहली बार है जब भारत ने किसी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच में ओमान को हराया.
