डेली कर्रेंट अफेयर्स
30-31 अगस्त 2025

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

दिनेश पटनायक कनाडा में भारत के उच्चायुक्त, क्रिस्टोफर कूटर भारत में कनाडा के उच्चायुक्त

  • दिनेश के. पटनायक कनाडा में भारत के उच्चायुक्त होंगे. भारतीय विदेश सेवा अधिकारी श्री पटनायक इस समय स्पेन में भारत के राजदूत हैं. भारत ने लगभग 10 महीने बाद कनाडा में उच्चायुक्त की नियुक्ति की है.
  • वहीं कनाडा ने अनुभवी राजनयिक क्रिस्टोफर कूटर को भारत में अपना उच्चायुक्त नियुक्त किया है.
  • कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के लगातार भारत विरोधी रवैये और विवादित बयानों के बाद बढ़ते तनाव के बीच भारत ने पिछले वर्ष अक्तूबर में तत्कालीन उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा को वापस बुला लिया था.
  • मार्क कार्नी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से भारत और कनाडा के बीच संबंधों में सुधार हुआ है.
  • जून में श्री कार्नी ने प्रधानमंत्री मोदी को जी-7 सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था, जहां दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता हुई थी. बैठक में दोनों नेता उच्चायुक्तों की शीघ्र नियुक्ति पर सहमत हुए थे.

ढाका में भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा सम्मेलन

  • बांग्‍लादेश के ढाका में 25 से 28 अगस्त तक भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा सम्मेलन आयोजित किया गया था.
  • इस सम्मेलन में भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बांग्‍लादेश के बॉर्डर गार्ड ने हिस्सा लिया था.
  • सम्मेलन में दोनों देश समन्वित गश्त और सतर्कता बढ़ाने जैसे अतिरिक्त एहतियाती उपाय अपनाकर सीमा पार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त प्रयास पर सहमत हुए.
  • दोनों ही बलों ने तस्करी, मानव तस्करी, अवैध घुसपैठ और आतंकवाद से निपटने में समन्वित सीमा प्रबंधन योजना पर बल दिया है.
  • दोनों पक्षों ने आतंकवाद और उग्रवादी गतिविधियों को कतई बर्दाश्‍त न करने के रुख की भी पुष्टि कर दी है.
  • उन्‍होंने सीमा पर शांति तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बाड़ लगाने और नदी तटों की सुरक्षा पर निरंतर सहयोग के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की.

12वीं एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता राजगीर में शुरू

  • 12वीं एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुरू हुआ. दोपहर इसका शुभारंभ बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने किया.
  • प्रतियोगिता में भारत के अलावा जापान, चीन, कज़ाख़िस्तान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे भाग ले रहे हैं. प्रतियोगिता में कुल 24 मैच खेले जायेंगे. फाइनल मुकाबला 7 सितंबर को होगा.
  • मौजूदा चैम्पियन दक्षिण कोरिया ने सबसे अधिक पांच बार एशिया कप का खिताब जीता है जबकि मेजबान भारत ने तीन बार खिताब हासिल किया है.
  • एशिया कप अगले वर्ष होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफायर प्रतियोगिता भी है.
  • प्रतियोगिता में भारत पहला मैच भारत और चीन के बीच खेला गया जिसमें भारतीय टीम ने चीन को चार-तीन से पराजित किया.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

कृषि क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत और भूटान में समझौता

भारत और भूटान ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं. यह समझौता ज्ञापन भारत और भूटान के बीच स्थायी साझेदारी में बहुत महत्वपूर्ण है. यह खाद्य सुरक्षा, सतत कृषि और ग्रामीण समृद्धि के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है.

साणंद में सेमीकंडक्टर असेंबली संयंत्र का उद्घाटन

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद के निकट साणंद में सीजी पावर की पहली सेमीकंडक्टर आउटसोर्स्ड असेंबली और परीक्षण संयंत्र का उद्घाटन किया. इस संयंत्र में पहली मेड-इन-इंडिया सेमीकंडक्टर चिप तैयार की जाएगी.

जुलाई में देश का औद्योगिक उत्‍पादन चार महीने के उच्‍चतम स्‍तर पर

इस वर्ष जुलाई में देश का औद्योगिक उत्‍पादन चार महीने के उच्‍चतम स्‍तर 3.5 प्रतिशत पर पहुंच गया. विनिर्माण क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन के कारण औद्योगिक उत्पादन में वृद्धि दर्ज की गई. इस महीने मार्च में औद्योगिक उत्पादन में 3.9 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई थी.

भुवनेश्वर में SC और ST संसदीय समिति का राष्ट्रीय सम्मेलन

अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) संसदीय समिति का राष्ट्रीय सम्मेलन 29-30 अगस्त को भुवनेश्वर में आयोजित किया गया है. इसका उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति कल्याण संबंधी संसदीय समिति के 30 सदस्य इसमें शमिल होंगे.

29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया

देशभर में 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया. यह दिवस हर वर्ष 29 अगस्त को हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है. इस अवसर पर, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया 31 अगस्‍त तक पूरे देश में फिट इंडिया के अखिल भारतीय खेल आंदोलन का नेतृत्व भी करेंगे.

इंगा रुगिनिएन लिथुआनिया के नए प्रधानमंत्री नियुक्त

लिथुआनियाई संसद ने सोशल डेमोक्रेट इंगा रुगिनिएन को नया प्रधानमंत्री नियुक्त करने की मंजूरी दी है. सांसदों ने इंगा रुगिनिएन को 78 मतों के मुकाबले 35 मतों से मंजूरी दी. लिथुआनिया यूरोप के बाल्टिक क्षेत्र में स्थित एक देश है.

नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग भाला फेंक स्‍पर्धा में रजत पदक जीता

ओलंपिक और विश्‍व चैंपियन भारत के नीरज चोपड़ा ने स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में डायमंड लीग फाइनल में भाला फेंक स्‍पर्धा में रजत पदक जीता. नीरज ने अंतिम और छठें प्रयास में 85.10 मीटर की दूरी तक भाला फेंका और दूसरा स्‍थान प्राप्‍त किया. जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.51 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण जीता. डायमंग लीग एथलेटिक्स (ट्रैक और फील्ड) का टूर्नामेंट है. यह हर साल दुनिया के अलग-अलग शहरों में आयोजित किया जाता है.

मिस्र में 19वें ब्राइट स्टार  सैन्य अभ्यास का आयोजन

19वें ब्राइट स्टार  सैन्य अभ्यास का आयोजन मिस्र में 28 अगस्त से 10 सितंबर तक किया जा रहा है. यह एक बहुपक्षीय अभ्यास है जिसमें 43 देश भाग ले रहे हैं, जिनमें 13 देश प्रत्यक्ष सैन्य टुकड़ियों के साथ और 30 पर्यवेक्षकों के रूप में भाग ले रहे हैं. इस अभ्यास में भारतीय सशस्त्र बलों की भागीदारी है. अभ्यास ब्राइट स्टार, 1980 से अमेरिका के साथ मिलकर मिस्र द्वारा आयोजित एक बहुपक्षीय अभ्यास है. यह अभ्यास हर दो साल में आयोजित किया जाता है.

FIDE विश्व कप 2025 शतरंज प्रतियोगिता गोवा में आयोजित किया जाएगा

FIDE विश्व कप 2025 शतरंज की मेजबानी भारत करेगा. इसका आयोजन 30 अक्टूबर से 27 नवंबर 2025 तक गोवा में होगा. अंतर्राष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित आयोजन में 90 से अधिक देशों के 206 शीर्ष खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगे. यह दूसरी बार है, जब भारत विश्व कप की मेज़बानी कर रहा है. भारत ने 2002 में हैदराबाद में विश्व कप की मेजबानी की थी, तब विश्वनाथन आनंद चैंपियन बने थे.