डेली कर्रेंट अफेयर्स
2 अगस्त 2025

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

आधुनिक स्‍वदेशी स्टील्थ युद्धपोत हिमगिरि भारतीय नौसेना में शामिल हुआ

  • रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रम गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) ने स्टील्थ युद्धपोत ‘हिमगिरि’ को भारतीय नौसेना को 31 जुलाई को सौंप दिया.
  • यह युद्धपोत, भारतीय नौसेना के लिए बनाए जा रहे प्रोजेक्ट-17A नीलगिरि श्रेणी के सात युद्धपोतों में तीसरा है. इससे पहले नीलगिरि और उदयगिरि युद्धपोतों को भारतीय नौसेना को सौंपा जा चुका है.

प्रोजेक्ट 17A (नीलगिरि श्रेणी)

  • सरकार ने वर्ष 2015 में ‘प्रोजेक्ट 17A’ को मंज़ूरी दी थी. इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत 50,000 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत के सात स्टील्थ युद्धपोतों का निर्माण किया जाना है. इन युद्धपोतों को नीलगिरि श्रेणी के फ्रिगेट नाम से जाना जाता है.
  • इन सात युद्धपोतों में से, तीन का अनुबंध गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) को प्रदान किया गया था, जबकि अन्य चार युद्धपोतों का अनुबंध सरकार के स्वामित्व वाली मझगांव डॉक्स लिमिटेड (MDL) को दिया गया था.
  • GRSE द्वारा बनाए जा रहे तीन स्टील्थ युद्धपोत- हिमगिरि, दूनागिरि और विंध्यगिरि हैं. MDL द्वारा बनाए जा रहे चार स्टील्थ युद्धपोत हैं- नीलगिरि, उदयगिरि, तारागिरि और महेंद्रगिरि.
  • प्रोजेक्ट 17A के तहत निर्मित युद्धपोत, ‘प्रोजेक्ट 17’ के तहत निर्मित शिवालिक श्रेणी के युद्धपोत (जो भारतीय नौसेना के सेवा में हैं) का उन्नत संस्करण है.
  • ‘हिमगिरि’ युद्धपोत, नौसेना के प्रोजेक्ट 17A के अंतर्गत GRSE द्वारा बनाए जा रहे तीन स्टील्थ युद्धपोतों में से पहला है.
  • नीलगिरि और उदयगिरि युद्धपोत पहले ही MDL द्वारा भारतीय नौसेना को सौंपा जा चुका है.
  • प्रोजेक्ट 17A के तहत निर्मित सभी युद्धपोतों का डिज़ाइन और निर्माण देश में ही किया जाएगा और इनमें 75% अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया जाएगा.

स्टील्थ युद्धपोत क्या होता है?

  • स्टील्थ युद्धपोत अपनी निर्माण प्रक्रिया में स्टील्थ प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हैं, जिससे जहाज को विभिन्न पहचान तकनीकों, जैसे रडार, इन्फ्रारेड, सोनार और अन्य विधियों द्वारा पता लगाना कठिन होता है.

हिमगिरि: मुख्य विशेषताएं

  • 149 मीटर लंबा और 6,670 टन वजनी हिमगिरि, GRSE के 65 वर्षों के इतिहास में अब तक निर्मित सबसे बड़ा और सबसे उन्नत गाइडेड-मिसाइल फ्रिगेट है.
  • इस युद्धपोत में अत्याधुनिक सेंसर और सबसे उन्नत स्टील्थ फीचर्स हैं. ये ब्रह्मोस मिसाइल, टॉरपीडो और रॉकेटों आदि से भी लैस हैं.
  • यह युद्धपोत डीजल इंजनों और गैस टर्बाइनों के संयोजन से संचालित होता है. इसकी अधिकतम गति 30 नॉटिकल माइल्स है.

गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE)

  • GRSE, कोलकाता में स्थित एक प्रमुख भारतीय जहाज निर्माण कंपनी है. यह रक्षा मंत्रालय के तहत काम करती है. यह भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के लिए युद्धपोतों और अन्य जहाजों का निर्माण करती है.

भारतीय तटरक्षक बल के लिए पहला स्वदेशी होवरक्राफ्ट के निर्माण की शुरुआत

  • भारतीय तटरक्षक बल (ICG) के लिए पहले स्वदेशी एयर कुशन व्हीकल यानी होवरक्राफ्ट के निर्माण की औपचारिक शुरुआत 30 जुलाई 2025 को गोवा के चौगुले शिपयार्ड में हुई.
  • ICG के लिए 6 होवरक्राफ्ट के निर्माण को लेकर 24 अक्तूबर 2024 को रक्षा मंत्रालय और चौगुले शिपयार्ड के बीच समझौता हुआ था.
  • चौगुले शिपयार्ड, चौगुले एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड का एक हिस्सा है. यह गोवा में स्थित एक प्रमुख जहाज निर्माण और मरम्मत यार्ड है.
  • चौगुले शिपयार्ड द्वारा किया जाने वाला होवरक्राफ्ट का डिजाइन ब्रिटेन के ग्रिफॉन होवरवर्क मॉडल पर आधारित है. लेकिन, इसे भारतीय जरूरतों के मुताबिक ढाला गया है. इन होवरक्राफ्ट्स के शामिल होने से तटरक्षक बल की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी.

होवरक्राफ्ट क्या है?

  • होवरक्राफ्ट एक ऐसा वाहन है जो हवा के कुशन पर मंडराते हुए चलता है, जिससे यह जमीन, पानी, या किसी भी सतह पर चल सकता है. इसे एयर-कुशन व्हीकल (ACV) भी कहा जाता है.
  • एक शक्तिशाली पंखा होवरक्राफ्ट के नीचे हवा फेंकता है, जिससे एक एयर कुशन बनता है. यह एयर कुशन वाहन को सतह से ऊपर उठाता है, जिससे घर्षण कम हो जाता है और यह आसानी से चल सकता है

होवरक्राफ्ट से समुद्र तट की सुरक्षा

  • होवरक्राफ्ट भारत के 7,500 किलोमीटर लंबे समुद्र तट की सुरक्षा के लिए कम करेंगे. ऐसे इलाके जो पारंपरिक जहाजों के लिए दुर्गम होते हैं, यह वहां भी आसानी से चलेंगे.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल की सूची को अंतिम रूप

निर्वाचन आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल की सूची को अंतिम रूप दे दिया है. उपराष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में राज्यसभा के निर्वाचित और मनोनीत सदस्य तथा लोकसभा के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं.

ट्रक चालकों विश्राम देने के लिए ‘अपना घर योजना’

सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगाने और ट्रक चालकों को लंबी यात्रा में विश्राम देने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘अपना घर योजना’ के अंतर्गत देशभर में बड़ी संख्या में विश्राम सुविधाएँ स्थापित की गई हैं. 1 जुलाई 2025 तक सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने राजमार्गों के किनारे कुल 368 अपना घर विश्राम सुविधाएँ स्थापित की हैं. इस योजना के अंतर्गत ट्रक चालक बहुत कम शुल्क देकर एयर कंडीशन कमरे में आराम कर सकते हैं.

सिक्किम औपचारिक विश्राम अवकाश योजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना

सिक्किम औपचारिक विश्राम अवकाश योजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है. इस योजना के जरिए सिक्‍क‍िम के नियमित सरकारी कर्मचारी जिन्होंने कम से कम पाँच वर्ष तक निरंतर सेवा पूरी की है. उन्‍हें एक वर्ष से तीन वर्ष तक की छुट्टी लेने की अनुमति देती है और उनकी अनुपस्थिति के दौरान उन्हें उनके मूल वेतन का 50 प्रतिशत प्राप्‍त होता है.

अंडर-17 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप एथेंस में खेला जा रहा

अंडर-17 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप, एथेंस में खेला जा रहा है. 31 जुलाई को इस प्रतियोगिता में, भारतीय महिला पहलवानों ने दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल पांच पदक जीते. रचना ने 43 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में भारत का पहला स्वर्ण पदक जीता. अश्विनी बिश्नोई ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में एक और स्वर्ण पदक जीता. मोनी और काजल ने रजत पदक जीता. कोमल वर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया.