डेली कर्रेंट अफेयर्स
22-24 जून 2025

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

ईरान की संसद ने हॉर्मुज़ जलडमरुमध्य बंद करने के प्रस्‍ताव को स्‍वीकृति दी

  • ईरान की संसद ने हॉर्मुज़ जलडमरुमध्य (Strait of Hormuz) बंद करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है. हॉर्मुज़ जलडमरुमध्य तेल और गैस आपूर्ति के लिए विश्व का सबसे महत्वपूर्ण मार्ग है.
  • ईरानी संसद ने यह निर्णय फोर्दो, नतांज़ और इस्‍फाहान परमाणु केन्द्रों पर अमरीकी हमले की जवाबी कार्रवाई के रूप में लिया है.
  • इसे लागू करने का अंतिम फैसला ईरान की सर्वोच्‍च राष्‍ट्रीय सुरक्षा परिषद को लेना है. अभी परिषद ने यह निर्णय लागू करने का औपचारिक आदेश जारी नहीं किया है.
  • यदि यह निर्णय लागू होता है तो, पूरे विश्‍व में गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है.
  • अमरीका के विदेशमंत्री मार्को रूबियो ने ईरान के इस कदम की निंदा करते हुए इसे आर्थिक आत्महत्या बताया है.
  • अर्थशास्त्रियों ने चेतावनी दी है कि इसके पूरी तरह बंद होने से वैश्विक मुद्रास्फीति और आर्थिक स्थिरता पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है.

हॉर्मुज़ जलडमरुमध्य: एक दृष्टि

  • होरमुज़ जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ने वाला संकीर्ण समुद्री मार्ग है. यह पश्चिम एशिया की एक प्रमुख जलसन्धि है जो ईरान के दक्षिण में फ़ारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से अलग करता है.
  • सबसे संकरे इलाके में लगभग 33 किमी चौड़ी यह संकरी नहर ईरान (उत्तर) को अरब प्रायद्वीप (दक्षिण) से अलग करती है.
  • वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का 20-25 प्रतिशत हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग से दुनियाभर में पहुंचता है. इसके बंद होने से वैश्विक आपूर्ति में तत्काल कमी आएगी, जिससे कीमतें बढ़ेंगी.

भारत पर कितना असर?

  • वर्तमान में भारत, प्रतिदिन 5.6 मिलियन बैरल कच्चा तेल आयात करता है. इसमें से करीब 1.5-2 मिलियन बैरल होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते से आता है.
  • भारत का 38 प्रतिशत कच्चा तेल रूस से आ रहा है. रूस अपना तेल स्वेज नहर, केप ऑफ गुड होप या प्रशांत महासागर से भेजता है.
  • भारत लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) कतर से आयात करता है. कतर गैस भेजने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य का प्रयोग नहीं करता. भारत के पास एलएनजी आयात के लिए ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और ब्राजील भी विकल्प हैं.
  • अगर होर्मुज जलडमरूमध्य बंद की जाती है तो भारत पश्चिम अफ्रीका और अन्य क्षेत्रों से भी तेल मंगा सकता है
  • भारत में ओएनजीसी के 500 कुएं हैं और अभी 42 बिलियन बैरल का रिजर्व है.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

अमरीका का ईरान के परमाणु संयंत्रों पर हमला

अमेरिका ने  22 जून 2025 को ऑपरेशन मिडनाइट हैमर के तहत, ईरान के फोर्डो, नतांज़ और इस्फ़हान में स्थित तीन परमाणु ठिकानों पर बमबारी किया. अमेरिकी बी-2 बमवर्षक लड़ाकू विमान ने इन परमाणु स्थलों पर जीबीयू-57 मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर (एमओपी) बम गिराए.

एशियाई पैरा-बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत ने 27 पदक जीते

थाईलैंड में आयोजित एशियाई पैरा-बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 में भारतीय खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 10 रजत और 13 कांस्य सहित 27 पदक जीते. भारत का इस आयोजन में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. पेरिस पैरालिंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नितेश कुमार ने पुरुष एकल और मनीशा रामदास ने महिला एकल में स्वर्ण पदक जीता.

12वीं विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लोगो और शुभंकर का अनावरण

भारतीय पैरालंपिक समिति ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के 12वें संस्करण के लोगो और शुभंकर का अनावरण किया. खेल का शुभंकर ‘विराज’ है, जो एक कृत्रिम ब्लेड युक्त टांग वाला युवा हाथी है. इस खले का लोगो भारत की समृद्ध विरासत, पैरा एथलेटिक्स की भावना और मेजबान शहर के रूप में नई दिल्ली की जीवंतता को दर्शाता है.

भारत पहली बार विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेज़बानी करेगा

12वीं विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन भारत में 27 सितंबर से 5 अक्टूबर 2025 तक नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा. भारत पहली बार विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेज़बानी करेगा.

पूर्ण संघर्ष विराम पर ईरान और इस्राइल में सहमति

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रम्‍प ने घोषणा की है कि ईरान और इस्राइल पूर्ण संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं. यह संघर्ष विराम चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. ईरान ने संघर्ष विराम से इनकार किया है.

ईरान ने कतर में अमरीकी हवाई एयर बेस अल उदीद पर हमला किया

ईरान ने कतर में अमरीकी हवाई एयर बेस अल उदीद पर 23 जून को बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया. कतर में यह एयरबेस पश्चिम एशिया में अमरीका का सबसे बडा सैनिक केंद्र है. ईरान के परमाणु केंद्रों पर अमरीका के हमले के बाद यह ईरान की जवाबी कार्रवाई है. कतर की वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान के मिसाइल हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया.

प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय सोसायटी की 47वीं वार्षिक आम बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जून को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय सोसायटी की 47वीं वार्षिक आम बैठक की अध्यक्षता की. उन्होंने संग्रहालयों में लोगों की रुचि उत्पन्न करने और इनकी प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासों पर बल दिया.

श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के बीच वार्तालाप का शताब्दी समारोह

प्रधानमंत्री 24 जून को नई दिल्ली में देश के दो महान आध्यात्मिक और नैतिक गुरु, श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के बीच ऐतिहासिक वार्तालाप के शताब्दी समारोह का शुभारंभ करेंगे. यह श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के सामाजिक न्याय, एकता और आध्यात्मिक सद्भाव के साझा दृष्टिकोण के लिए श्रद्धांजलि है.

25 जून को संविधान हत्या दिवस

25 जून को संविधान हत्या दिवस मनाया जाएगा. यह दिन 25 जून 1975 को भारत के संविधान को कुचलने की घटनाओं की याद दिलाता है. इस दिवस पर उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी जाती है, जिन्होंने आपातकाल की ज्यादतियों के कारण कष्ट झेले. यह भारतीय इतिहास का सबसे काला समय था.

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने चीन के विदेश मंत्री से मुलाकात की

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने पेईचिंग में चीन के विदेश मंत्री वांग ई से मुलाकात की. श्री डोभाल ने क्षेत्र की समग्र शांति और स्थिरता बनाए ररखने के लिए आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने की आवश्यकता का उल्लेख किया. विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत- चीन के द्विपक्षीय संबंधों में हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा की.

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने घड़ियाल प्रजाति संरक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया

केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने उत्तर प्रदेश के बहराइच के कतर्नियाघाट में घड़ियाल प्रजाति संरक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इसके तहत उन्होंने गेरुआ नदी में सात घड़ियाल के बच्चे को छोड़ा. कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य घड़ियालों का प्रजनन स्थल है और गेरुआ नदी घड़ियालों के लिए आदर्श आवास है.

इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक को डिजिटल भुगतान पुरस्कार से सम्मानित किया गया

इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक को डिजिटल भुगतान पुरस्कार 2024-25 से सम्मानित किया गया है. देश भर में डिजिटल भुगतान और वित्तीय समावेशन के विस्तार में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया है. यह पुरस्कार भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग द्वारा स्थापित किया गया है.