डेली कर्रेंट अफेयर्स
19-21 जून 2025

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंक 2026: आईआईटी दिल्ली शीर्ष भारतीय संस्थान

  • क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग (QS World University Rankings) 2026 सूची 19 जून 2025 को जारी की गई थी. इस सूची में विश्व के 1500 से अधिक विश्वविद्यालयों को स्थान दिया गया है.
  • वर्ष 2026 की रैंकिंग सूची में भारत के 54 संस्थान शामिल हैं. अमेरिका (192), यूनाइटेड किंगडम (90) और चीन (72) के बाद 54 संस्थानों के साथ, भारत इस सूची में चौथे स्थान पर हैं.
  • वर्ष 2024 और 2025 की सूची में भारत के 46 संस्थान, 2023 में 41 संस्थान और 2022 में 35 संस्थान शामिल थे. वर्ष 2014 की इस सूची में मात्र 11 यूनिवर्सिटी शामिल थे.
  • इस सूची में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली (आईआईटी-दिल्ली) को शीर्ष भारतीय संस्थान का दर्जा दिया गया है.
  • आईआईटी दिल्ली ने पिछले साल की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है. साल 2025 की रैंकिंग में आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी दिल्ली से ऊपर था.
  • लगातार 14वें वर्ष, अमेरिका के मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थान के रूप में अपना स्थान बनाए रखा है.
  • आईआईटी दिल्ली को दुनिया में 123वां स्थान मिला है, जो क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में किसी भारतीय संस्थान द्वारा हासिल की गई अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग है.

क्यूएस (Quacquarelli Symonds): एक दृष्टि

  • क्यूएस (QS) का पूरा नाम क्वाक्वेरेली साइमंड्स (Quacquarelli Symonds) है. यह एक ब्रिटिश कंपनी है जो शिक्षा संस्थानों का विश्लेषण और रैंकिंग करने के लिए जानी जाती है. क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग, QS द्वारा प्रत्येक वर्ष प्रकाशित किया जाता है.
  • वैश्विक स्तर पर क्यूएस रैंकिंग में विश्व के शीर्ष 1500 से अधिक विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन- एकेडमिक रेप्यूटेशन, नियोक्ता प्रतिष्ठा, प्रति संकाय उद्धरण और अंतरराष्ट्रीयकरण मापदंडों के आधार पर किया जाता है.

शीर्ष 10 भारतीय विश्वविद्यालयों की सूची

भारत में रैंक  संस्था विश्व रैंक (2026)विश्व रैंक (2025)
1आईआईटी- दिल्ली123150
2आईआईटी- बॉम्बे129118
3आईआईटी -मद्रास180227
4आईआईटी-खड़गपुर215222
5भारतीय विज्ञान संस्थान, बैंगलोर219211
6आईआईटी – कानपुर222263
7दिल्ली विश्वविद्यालय328328
8आईआईटी- गुवाहाटी334334
9आईआईटी-रुड़की339335
10अन्ना विश्वविद्यालय465383

विश्व के शीर्ष 10 रैंक वाले विश्वविद्यालय

क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में शीर्ष 10 में से, 5 संस्थान अमेरिका से हैं, तीन यूनाइटेड किंगडम से हैं और एक-एक सिंगापुर और स्विट्जरलैंड से हैं.

  1. मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी), संयुक्त राज्य अमेरिका
  2. इंपीरियल कॉलेज, लंदन, यूनाइटेड किंगडम
  3. स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी, संयुक्त राज्य अमेरिका
  4. ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय, यूनाइटेड किंगडम
  5. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, संयुक्त राज्य अमेरिका
  6. कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, यूनाइटेड किंगडम
  7. ईटीएच ज़्यूरिख, स्विट्जरलैंड
  8. नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर, सिंगापुर
  9. यूसीएल, लंदन, यूनाइटेड किंगडम
  10. कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैल्टेक), संयुक्त राज्य अमेरिका

भारतीय एनीमेशन फिल्म देसी ऊन को सर्वश्रेष्ठ कमीशन फिल्म का जूरी पुरस्कार

  • भारतीय एनीमेशन फिल्म ‘देसी ऊन’ को फ्रांस में एनेसी इंटरनेशनल एनिमेशन फेस्टिवल 2025 में सर्वश्रेष्ठ कमीशन फिल्म का जूरी पुरस्कार दिया गया है.
  • एनेसी इंटरनेशनल एनिमेशन फेस्टिवल 8 से 14 जून 2025 तक एनेसी, फ्रांस में आयोजित किया गया था. इस फेस्टिवल को सबसे प्रतिष्ठित एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल में से एक माना जाता है.
  • यह इंटरनेशनल एनिमेटेड फिल्म एसोसिएशन (एएसआईएफ़ए) द्वारा प्रायोजित है.

देसी ऊन: एक दृष्टि

  • देसी ऊन एक एनिमेशन फिल्म है जिसका निर्माण मुंबई स्थित स्टूडियो ईक्सॉरस में किया गया है. फिल्म के निर्माता और निर्देशन सुरेश एरियात हैं.
  • इस फिल्म के कथावाचक स्वानंद किरकिरे हैं. रजत ढोलकिया ने इस फिल्म का संगीत तैयार किया है. 2009 ऑस्कर विजेता रेसुल पुकुट्टी ने फिल्म की ध्वनि डिजाइन की थी.
  • यह फिल्म डेक्कनी भेड़ों और उनके बुनकरों, उनके चरवाहों और उनकी जीवनशैली पर आधारित है. डेक्कनी नस्ल भारत में एकमात्र मोटे काले ऊन वाली भेड़ की नस्ल है.

प्रधानमंत्री ने साइप्रस की आधिकारिक यात्रा संपन्न की

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 19 जून तक साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की यात्रा पर थे. यात्रा की शुरुआत उन्होंने साइप्रस से की थी. साइप्रस के बाद वे जी-7 शिखर सम्‍मेलन हिस्सा लेने कनाडा गए थे. उन्होंने इस यात्रा का समापन क्रोएशिया की यात्रा से किया था.
  • यात्रा के पहले चरण में श्री मोदी 15 जून को साइप्रस की राजधानी निकोसिया पहुंचे थे. वह राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के निमंत्रण पर साइप्रस गए थे.
  • 23 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने साइप्रस का दौरा किया. मोदी से पहले प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 2002 में साइप्रस का दौरा किया था.
  • प्रधानमंत्री मोदी 16 जून को राजधानी निकोसिया में साइप्रस के राष्‍ट्रपति नीकोस क्रिस्टो-डोलीडीज़ के साथ वार्ता बैठक की.
  • इस वार्ता में दोनों पक्षों के बीच दो समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए. एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज और साइप्रस स्टॉक एक्सचेंज के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए.
  • यूरोबैंक साइप्रस के माध्यम से सीमा पार भुगतान के लिए साइप्रस में एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) की शुरूआत के लिए समझौता हुआ.
  • भारत और साइप्रस ने सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा की. दोनों देशों ने सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए एक व्यापक और समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया.
  • आतंकवाद, ड्रग्‍स और आर्म्‍स की तस्‍करी की रोकथाम के लिए दोनों देशों के बीच रीयल टाइम इन्‍फोर्मेशन एक्‍सचेंज का मैकेनिज्‍़म तैयार किया जाएगा.
  • प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-ग्रीस-साइप्रस व्यापार और निवेश परिषद के शुभारंभ का स्वागत किया.
  • प्रधानमंत्री मोदी की साइप्रस यात्रा तुर्की के लिए भी एक संकेत है, जिसका साइप्रस के साथ विवाद है और पाकिस्तान के साथ उसके घनिष्ठ सैन्य संबंध हैं.

प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निकोसिया में साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से सम्मानित किया गया. साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया.

साइप्रस: एक दृष्टि

  • साइप्रस पूर्वी भूमध्य सागर में स्थित एक द्वीप देश है. यह एक ब्रिटिश उपनिवेश था और 1960 में इसे स्वतंत्रता मिली थी. यह यूरोपीय संघ का सदस्य देश है.
  • भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) का यह एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. IMEC प्रस्तावित व्यापार और संपर्क मार्ग है जो भारत को मध्य पूर्व और यूरोप से जोड़ता है. इसमें रेल, सड़क तथा समुद्री मार्ग शामिल हैं.

साइप्रस का विभाजन

  • साइप्रस में दो मुख्य जातीय समूह हैं: ग्रीक और तुर्की. देश की आबादी का लगभग 4/5 भाग ग्रीक मूल के हैं, जबकि 1/5 भाग तुर्की मूल के हैं.
  • स्वतंत्रता के बाद दोनों समुदायों के बीच संघर्ष शुरू हो गया था. 1964 में, संयुक्त राष्ट्र ने साइप्रस में एक शांति सेना की स्थापना की थी.
  • 1974 में तुर्की ने साइप्रस पर आक्रमण कर तुर्की बहुल क्षेत्र पर कब्जा कर लिया और वहाँ तुर्की साइप्रस राज्य की स्थापना की.
  • तुर्की साइप्रस क्षेत्र ने 1983 में अपनी स्वतंत्रता की घोषणा कर दी.  तुर्की को छोड़कर, विश्व का कोई भी देश इसे स्वतंत्रता देश के रूप में मान्यता नहीं देता है.

51वां G-7 शिखर सम्मेलन कनानास्‍किस में आयोजित किया गया

  • 51वां G-7 शिखर सम्मेलन (51st G7 summit) 15 से 17 जून 2025 तक कनाडा के कनानास्‍किस में आयोजित किया गया था.
  • बैठक में G-7 के सदस्य देशों अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, इटली के प्रधान मंत्री जियोर्जिया मेलोनी और मेजबान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी  ने भाग लिया.
  • इस वर्ष इस सम्‍मेलन के फोकस क्षेत्रों में समुदायों और विश्‍व की रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा का निर्माण और डिजिटल परिवर्तन में तेजी लाने के साथ-साथ भविष्य की साझेदारी को सुरक्षित करना शामिल था.

प्रधानमंत्री मोदी ने आउटरीच सत्र में भाग लिया

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस शिखर सम्मेलन में भाग लिया था. इस शिखर सम्मेलन में भारत की 12वीं और श्री मोदी की लगातार 6ठी भागीदारी थी.
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने आउटरीच सत्र में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था. प्रधानमंत्री मोदी इस बैठक में शामिल होने के लिए 17-18 जून को कनाडा की यात्रा पर थे.
  • भारत जी 7 का सदस्य नहीं है, लेकिन विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र एक उभरती आर्थिक शक्ति के रूप में, इसे 2019 से नियमित रूप से जी-7 के आउटरीच सत्र में आमंत्रित किया जाता रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ऊर्जा सुरक्षा’ पर आउटरीच सत्र में भाग लिया.

प्रधानमंत्री मोदी की द्विपक्षीय बैठकें

  • प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान जी-7 देश के नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें की थी.
  • प्रधानमंत्री मोदी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात नहीं कर पाए. डोनाल्ड ट्रंप इजरायल-ईरान युद्ध के कारण जी-7 शिखर सम्मेलन को बीच में छोड़ कर वापस चले गए थे.
  • पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को इस साल के अंत में भारत में होने वाली 7वीं क्वाड शिखर बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. डोनाल्ड ट्रंप ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है.

G7 संगठन: एक दृष्टि

  • G7 सात सबसे अधिक औद्योगिकीकरण वाले लोकतांत्रिक देशों का एक अनौपचारिक समूह है. जी 7 समूह, 1973 के अरब इजरायली युद्ध के बाद अरब देशों द्वारा कच्चे पेट्रोलियम तेल की कीमतों में वृद्धि के बाद फ्रांस की पहल पर बनाया गया था.
  • G7 में ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और अमरीका सदस्य देश हैं. यूरोपीय संघ (ईयू) को भी G7 का एक मानक सदस्य माना जाता है लेकिन यह आधिकारिक सदस्य नहीं है, क्योंकि यह देशों का एक समूह है. यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष और यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जी7 बैठकों में भाग लेते हैं और इसका प्रतिनिधित्व करते हैं.
  • गठन: वर्ष 1975 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति वैलेरी जिस्कार्ड डी एस्टेइंग के आह्वान पर विश्व के सर्वाधिक औद्योगीकृत, लोकतांत्रिक एवं गैर-समाजवादी 6 राष्ट्रों- फ्रांस, अमेरिका, ब्रिटेन, इटली, जर्मनी, एवं जापान ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में एक बैठक का आयोजन किया जिसमें इस समूह का गठन हुआ.
  • कनाडा सदस्य बना: वर्ष 1976 में कनाडा को इस समूह में शामिल कर लिया गया. कनाडा की सहभागिता के पश्चात यह समूह ‘G7’ के नाम से जाना जाने लगा.
  • रूस सदस्य बना: वर्ष 1994 में ‘G7’ में रूस के शामिल होने से यह समूह ‘G8’ के नाम से जाना गया.
  • रूस निलंबित: 27 मार्च, 2014 को इस संगठन से रूस को अनिश्चित काल के लिए निलंबित कर दिया गया. अब यह समूह पुनः ‘G7’ के नाम से जाना जाने लगा है.
  • मुख्यालय: ‘G7’ एक अनौपचारिक संगठन है जिसका कोई मुख्यालय अथवा सचिवालय नहीं है. इसके अध्यक्ष का चयन रोटेशन प्रणाली के आधार पर होता है.
  • अर्थशास्त्र: ‘G7’ देश में विश्व की जनसंख्या का 10.3% लोग रहते हैं. सदस्य देशों की GDP विश्व के GDP का 32.2% है, जबकि विश्व के निर्यात में 34.1% तथा आयात में 36.7% हिस्सा है.

प्रधानमंत्री ने यूरोपीय देश क्रोएशिया की आधिकारिक यात्रा संपन्न की

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 19 जून तक साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की यात्रा पर थे. यात्रा की शुरुआत उन्होंने साइप्रस से की थी. साइप्रस के बाद वे जी-7 शिखर सम्‍मेलन हिस्सा लेने कनाडा गए थे.
  • प्रधानमंत्री मोदी यात्रा के अंतिम चरण में 18 जून को क्रोएशिया की सरकारी यात्रा पर गए थे. वे जी-7 शिखर सम्‍मेलन हिस्सा लेने के बाद यहाँ पहुंचे थे. वे क्रोएशिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं.
  • उन्होंने राजधानी ज़ाग्रेब में क्रोएशिया के राष्ट्रपति ज़ोरान मिलनोविच से भी मुलाकात की. क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच के साथ दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई.
  • दोनों प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए. ये समझौते कृषि और विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और ज़ाग्रेब विश्वविद्यालय में हिंदी पीठ की स्थापना से संबंधित हैं.

भारत-क्रोएशिया संबंध

  • भारत ने जुलाई 1992 में क्रोएशिया के साथ राजनयिक संबंध स्थापित किए थे. वर्ष 2024 (जनवरी-नवंबर) में दोनों देशों के बीच कुल व्यापार 306.03 मिलियन डॉलर था. इस दौरान, भारतीय निर्यात 251.59 मिलियन डॉलर, जबकि आयात 54.44 मिलियन डॉलर था.
  • क्रोएशियाई मूल के इवान फिलिप वेजडिन 1774 में एक मिशनरी के रूप में मालाबार आए थे. 1790 में उन्हें पहला संस्कृत व्याकरण प्रकाशित करने का श्रेय दिया जाता है. 1999 में तिरुवनंतपुरम में उनके सम्मान में एक पट्टिका का अनावरण किया गया था.

क्रोएशिया: एक दृष्टि

  • क्रोएशिया दक्षिण-पूर्वी यूरोप में पानोनियन प्लेन, और भूमध्य सागर के बीच स्थित एक देश है.
  • यह पहले यूगोस्लाविया का हिस्सा था, लेकिन 1992 में गृह युद्ध और यूगोस्लाविया के विघटन के बाद इसे स्वतंत्रता मिली.
  • क्रोएशिया पश्चिमी सैन्य गठबंधन, उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और यूरोपीय संघ (ईयू) का हिस्सा है.

11वां अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस: प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विशाखापत्तनम में राष्ट्रीय कार्यक्रम

  • 21 जून 2025 को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) मनाया गया. इस दिवस का उद्देश्य योग के लाभ के बारे में जागरूकता फैलाना है. इस वर्ष का विषय ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ (Yoga for One Earth, One Health) था.
  • केंद्रीय आयुष/संस्‍कृति मंत्रालय 11वें अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर देश के प्रमुख पर्यटन/सांस्‍कृतिक स्‍थलों पर योग सत्रों का आयोजन किया था.
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्‍तनम में आयोजित मुख्‍य योग सत्र में समग्र राष्‍ट्र का नेतृत्व किया. समारोह का आयोजन केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने किया था.

अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का इतिहास

  • 21 जून को को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस में मनाने की पहल भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सितम्बर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण से की थी.
  • 11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र में 177 सदस्यों द्वारा 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ को मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली. पहला अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया.
  • 21 जून वर्ष को सबसे लंबा दिन होता है और योग भी मनुष्य को दीर्घ जीवन प्रदान करता है. इसी कारण इस दिन को योग दिवस के रूप में चुना गया.

संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र

20 जून: विश्व शरणार्थी दिवस

20 जून को विश्व शरणार्थी दिवस मनाया जाता है. पूरे विश्व में शरणार्थियों के सम्मान की प्रतिबद्धता के लिए संयुक्त राष्ट्र ने यह अंतरराष्ट्रीय दिवस निर्धारित किया है. यह दिवस उन लोगों के साहस और शक्ति का सम्मान करता है जिन्हें किसी संघर्ष या यातना के कारण स्वदेश छोड़ने के लिए बाध्य होना पड़ता है.

संकटग्रस्त ईरान से भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए ऑपरेशन सिंधु

भारत ने संकटग्रस्त ईरान से भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए ऑपरेशन सिंधु अभियान चलाया है. इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण बिगड़ती स्थिति को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है. ईरान में भारतीय दूतावास बड़ी संख्‍या में भारतीयों को सुरक्षित स्‍थानों तक पहुंचाने में मदद कर रहा है.

ईरान के विदेश मंत्री ने जेनेवा में यूरोपीय देशों के साथ बैठक की

इस्राइल के साथ संघर्ष रोकने के प्रयासों में ईरान के विदेश मंत्री अब्‍बास अराग्‍ची ने कल जेनेवा में यूरोपीय देशों के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक की. फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि वार्ता में शामिल हुए. यूरोपीय नेताओं ने ईरान से बातचीत में शामिल होने और तनाव रोकने का आग्रह किया.

सेंट पीटर्सबर्ग अंतरराष्‍ट्रीय आर्थिक फोरम की बैठक

अंतरराष्ट्रीय आर्थिक फोरम की बैठक 20 जून को रूस के सेंट पीटर्सबर्ग आयोजित किया गया था. बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व केन्‍द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने किया. बैठक को संबोधित करते हुए रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने कहा है कि भारत के साथ वर्ष 2030 तक दीर्घावधि सहयोग की कार्ययोजना शीघ्र ही पूरी हो जानी चाहिए. राष्‍ट्रपति पुतिन ने घोषणा की कि रूस, भारत सहित अपने मुख्‍य साझेदारों के साथ दीर्घावधि आर्थिक सहयोग योजना पर आगे बढ़ रहा है. उन्‍होंने इस बात का खंडन किया कि चीन और रूस एक नई बहु-धुव्रीय विश्‍व व्‍यवस्‍था को आकार दे रहे हैं.

नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता जीता

भारत के नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता जीत ली है. 20 जून को स्टेड सेबेस्टियन चार्लेटी में आयोजित प्रतियोगिता में नीरज ने 88.16 मीटर थ्रो के साथ यह खिताब जीता. जर्मनी के जूलियन वेबर दूसरे और ब्राजील के लुईज मौरिसियो तीसरे स्थान पर रहे. इस सीजन में पहली बार नीरज चोपड़ा जूलियन वेबर से आगे निकलने में सफल रहे.

बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’ मंगोलिया में आयोजित किया जा रहा है

बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’ का 22वां संस्करण मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में 14 से 28 जून 2025 तक आयोजित हो रहा है. यह अभ्यास, 2003 में, अमेरिका और मंगोलिया के बीच द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास के रूप में शुरू हुआ था. 2006 से, अन्य मित्र देशों को भी आमंत्रित किया गया और तब से यह एक बहुराष्ट्रीय  सैन्य अभ्यास बन गया है.

4 दिसंबर को बलपूर्वक उपायों के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस घोषित

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने हर साल 4 दिसंबर को एकतरफा बलपूर्वक उपायों के खिलाफ़ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव पारित किया है. एकतरफा बलपूर्वक उपायों के खिलाफ़ पहला अंतर्राष्ट्रीय दिवस 4 दिसंबर 2025 को मनाया जाएगा.

फाल्कन 2000 जेट के निर्माण के लिए भारत में असेंबली लाइन

फ्रांस की डसॉल्ट एविएशन कंपनी फाल्कन 2000 एलएक्सएस एग्जीक्यूटिव जेट का निर्माण भारत में करेगी. डसॉल्ट एविएशन ने हैदराबाद में इन विमानों के निर्माण के लिए टाटा एडवांस्ड सिस्टम लिमिटेड के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है. भारत में निर्मित पहला फाल्कन 2000 एलएक्सएस विमान 2028 में बाज़ार में आने की उम्मीद है. डसॉल्ट राफेल लड़ाकू विमानों का भी निर्माता है.

गिनी को बिहार में बने रेल इंजन के निर्यात को मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अफ्रीकी देश गिनी को बिहार में बने लोकोमोटिव (इंजन) के निर्यात को मंजूरी दी है. यह पहली बार है जब बिहार में निर्मित कोई लोकोमोटिव, विदेश को निर्यात की जा रही है. इन लोकोमोटिव का निर्माण बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा डीजल लोकोमोटिव प्लांट में किया गया है.

तीरंदाजी एशिया कप 2025 में भारत शीर्ष पर

भारतीय तीरंदाजों ने तीरंदाजी एशिया कप 2025 सिंगापुर चरण 2 में 9 पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहा. इंडोनेशिया और कजाखस्तान क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहा. इससे पहले बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित तीरंदाजी एशिया कप 2025 के पहले चरण में भी भारतीय तीरंदाजों ने 8 पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था.