डेली कर्रेंट अफेयर्स
13-15 जून 2025
ILO डेटाबेस: सामाजिक सुरक्षा देने के मामले में भारत विश्व में दूसरे स्थान पर
- अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के डेटाबेस (ILO-STAT) के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा देने के मामले में भारत, चीन के बाद दूसरे स्थान पर है.
- लोगों को सामाजिक सुरक्षा देने के मामले में भारत ने पिछले एक दशक में जबरदस्त कामयाबी प्राप्त की है.
- भारत में वर्तमान में 94 करोड़ लोग सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आ गए हैं यानी देश की कुल 64.3 प्रतिशत आबादी कम से कम एक सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ अवश्य ले रही है.
- भारत का सामाजिक सुरक्षा कवरेज 2015 में महज 19 प्रतिशत था जो 2025 में बढ़कर 64.3 प्रतिशत पर पहुंच गया है.
- ILO के महानिदेशक गिल्बर्ट एफ हुंगबो ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों और मजदूर वर्ग के लिए भारत की जन केंद्रित कल्याणकारी नीतियों की प्रशंसा की है.
सामाजिक सुरक्षा क्या है?
- सामाजिक सुरक्षा, व्यक्तियों और परिवारों को जोखिमों और अस्थिरता से बचाने के लिए सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली नीतियों और कार्यक्रमों का एक समूह है.
- यह मुख्य रूप से गरीबी और सामाजिक बहिष्कार से सुरक्षा प्रदान करता है, साथ ही स्वास्थ्य देखभाल और आय सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है.
- आईएलओ के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा के नौ घटक हैं:
- गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच,
- बीमारी की स्थिति में आय सुरक्षा,
- बेरोजगारी सुरक्षा,
- वृद्धावस्था पेंशन,
- रोजगार के दौरान चोट से सुरक्षा,
- परिवार और बच्चों के लिए लाभ,
- मातृत्व लाभ,
- विकलांगता लाभ, और
- परिवार में कमाने वाले की मृत्यु होने पर विधवाओं और आश्रित बच्चों को उत्तरजीवी लाभ.
अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO)
- अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) संयुक्त राष्ट्र की विशिष्ट संस्था है. इसका कार्य अंतर्राष्ट्रीय श्रम मानकों को निर्धारित करके सामाजिक और आर्थिक न्याय को आगे बढ़ाना है.
- इसकी स्थापना सन् 1919 में वर्साय की संधि के द्वारा हुई थी. 1945 में संयुक्त राष्ट्र की स्थापित होने के बाद यह संयुक्त राष्ट्र की पहली विशेष एजेंसी बन गई.
अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 दुर्घटनाग्रस्त
- 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई. यह विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंग्लैंड के लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
- विमान में यात्री और चालक दल सहित कुल 242 लोग सवार थे. यात्रियों में भारत के 169, ब्रिटेन के 53, पुर्तगाल के सात और कनाडा का एक नागरिक थे.
- एयर इंडिया ने इस दुर्घटना में 241 लोगों की मृत्यु होने की पुष्टि की है. रमेश विश्वास कुमार नाम के एक यात्री इस हादसे में सुरक्षित बच गये. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी नेता विजय रूपाणी भी मृतकों में शामिल हैं.
- यह विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट में बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास के मेस से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पांच मेडिकल छात्रों की भी मौत हो गई.
बोईंग 787-8 ड्रीमलाईनर विमान
- दुर्घटनाग्रस्त विमान बोईंग 787-8 ड्रीमलाईनर विमान था जिसे वर्ष 2014 में एयर इंडिया को सौंपा गया था. यह पहली बार था कि बोइंग ड्रीमलाइनर 747 दुनिया में कहीं भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ.
- बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर एक वाइड-बॉडी, मध्यम आकार का, लंबी दूरी का जेट विमान है. इसे लंबी दूरी की उड़ानों के लिए बनाया गया है.
- बोइंग, एक अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी है जो दुनिया भर में हवाई जहाज, रॉकेट, उपग्रह, दूरसंचार उपकरण और मिसाइलों की डिजाइन, निर्माण और बिक्री करता है.
दुर्घटना की जांच
- विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने इस विमान हादसे की औपचारिक जांच शुरू कर दी है. विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय का एक प्रभाग है.
- अमेरिकी कंपनी बोइंग भी एयर इंडिया दुर्घटना की जांच के लिए एक टीम भेज रही है.
- जांचकर्ता, विमान के ब्लैक बॉक्स का उपयोग यह पता लगाने के लिए करेगा कि उसके साथ क्या हुआ और दुर्घटना का कारण क्या था.
ब्लैक बॉक्स क्या है?
- ब्लैक बॉक्स, विमान का उड़ान रिकॉर्डर है. यह विमान में उड़ान के विमान के प्रदर्शन और स्थिति को रिकॉर्ड करता है. इसका आविष्कार ऑस्ट्रेलिया के डॉ. डेविड रोनाल्ड डी मे वॉरेन ने किया था.
- ब्लैक बॉक्स में विमान से जुड़ी कई जानकारियाँ, जैसे कि विमान की गति, ऊँचाई, इंजन तथा अन्य यंत्रों की ध्वनी, यात्रियों और पायलटों की बातचित आदि, रिकॉर्ड होती रहती है.
- एक विमान में दो ब्लैक बॉक्स लगे होते हैं- फ़्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR).
- FDR, विमान की स्थिति जैसे कि हवा की गति, ऊँचाई, त्वरण आदि को रिकॉर्ड करता है. CVR, चालक दल के सदस्यों के बीच मौखिक संवाद और रेडियो ध्वनि प्रसारण को रिकॉर्ड करता है.
- ब्लैक बॉक्स, एक स्टेनलेस स्टील के आवरण में बंद होते हैं ताकि जोरदार टक्कर, उच्च तापमान और दबाव की स्थिति में बच सके.
- ब्लैक बॉक्स में एक सोनार भी लगा होता है जो विमान के समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त होने पर कम से कम 30 दिनों तक सिग्नल भेजता रहता है.
ब्लैक बॉक्स का रंग
- ब्लैक बॉक्स का रंग नारंगी होता. इस रंग का इस्तेमाल एयरोस्पेस उद्योग में वस्तुओं को उनके आस-पास की चीज़ों से अलग करने के लिए किया जाता है.
- शुरुआत में ब्लैक बॉक्स में चुंबकीय टेप का इस्तेमाल किया जाता था. इसके भीतरी आवरण को काला रखा जाता था ताकि प्रकाश इस डिवाइस में प्रवेश न कर सके और फिल्म को खराब न कर सके. इसलिए, इसे ब्लैक बॉक्स नाम दिया गया था.
दुर्घटना की जांच के लिए समिति का गठन
- भारत सरकार ने एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 171 की दुर्घटना की जांच के लिए केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बहु अनुशासनात्मक समिति का गठन किया है.
- यह समिति केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो द्वारा की जा रही जांच से अलग होगी.
- समिति का गठन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा किया गया है. समिति से तीन महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपने की उम्मीद है.
इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष, ईरान का ऑपरेशन सीवियर पनिशमेंट
इस्राइली वायुसेना ने 12 जून को ईरान पर हवाई हमले किए. इजरायल ने इसका नाम ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ दिया है.
ऑपरेशन राइजिंग लॉयन
- इजरायल द्वारा शुरू किया गया ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ का उद्देश्य ईरान के परमाणु क्षमता को खत्म करना है.
- इस्राइली हमले में ईरान के परमाणु, सैन्य ठिकाने और रिवेल्यूशनरी गार्डस मुख्यालय को निशाना बनाया गया.
- इस हमले में ईरान के रेवोल्यूशनरी गार्डस प्रमुख हुसैन सलामी और परमाणु ऊर्जा संगठन के पूर्व प्रमुख फरीदुल अब्बासी सहित कई शीर्ष सैन्य कमांडरों की भी मौत हो गई.
- इस्राइल के हमले में ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया जिससे ईरान के परमाणु संवर्धन कार्यक्रम को गंभीर क्षति पहुंची.
ईरान का ऑपरेशन सीवियर पनिशमेंट
- ईरान ने इस्राइल के हमलों की जवाबी कार्रवाई में 14 जून को सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे जिसे ऑपरेशन सीवियर पनिशमेंट नाम दिया गया है.
- ईरान ने तेल अवीव और यरुशलम के रिहायशी इलाकों में बड़े पैमाने पर मिसाइलों से हमले किए. ऐसा पहली बार हुआ जब किसी देश की मिसाइलों ने इस्राइल की हवाई सुरक्षा को नाकाम कर दिया. इस्राइल
- इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल कैट्ज ने जानबूझकर इस्राइल के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाए जाने की बात कही है. उन्होंने कहा कि इस्राइल इसका करारा जवाब देगा.
क्षेत्रीय संघर्ष की आशंकाएं
- दोनों देशों के बीच भीषण हमलों से व्यापक स्तर पर क्षेत्रीय संघर्ष की आशंकाएं बढ़ गई हैं.
- इजराइल का सबसे बड़ा समर्थक देश, अमेरिका ने इजराइली हमले में शामिल नहीं होने की बात कही है. अमेरिका लंबे समय से इस तरह के हमले को रोकने के प्रयास कर रहा है, क्योंकि उसे डर है कि इससे पश्चिम एशिया में बड़े पैमाने पर युद्ध छिड़ जाएगा.
- अमरीका और ईरान के मध्य 15 जून को मस्कट में होने वाली परमाणु वार्ता रद्द कर दी गई है. वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे ओमान ने यह वार्ता रद्द करने की घोषणा की.
भारत की प्रतिक्रिया
- भारत ने ईरान और इस्राइल के बीच हाल के घटनाक्रमों पर चिंता व्यक्त करते हुए दोनों पक्षों से कहा कि वे तनाव को कम करने करने के लिए बातचीत और कूटनीति के रास्ते अपनाएं.
- विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत के दोनों देशों के साथ घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और उन्हें हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है.
ईरान ने IAEA समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया
- इजरायल का यह हमला अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स द्वारा 12 जून 2025 को लिए गए निर्णय के बाद हुआ है. IAEA ने ईरानी परमाणु कार्यक्रम को 1974 के समझौते की शर्तों का उल्लंघन बताया है.
- IAEA के अनुसार ईरान शांतिपूर्ण नागरिक परमाणु कार्यक्रम की आवश्यकता से अधिक यूरेनियम का संवर्धन कर रहा है.
ईरान परमाणु अप्रसार संधि का सदस्य
- ईरान परमाणु अप्रसार संधि (NPT) का सदस्य है, जिस पर 1968 में हस्ताक्षर किये गये थे. NPT के तहत, केवल पाँच देश- चीन, फ्रांस, रूस, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका, परमाणु हथियार रख सकते हैं.
- एनपीटी के अन्य हस्ताक्षरकर्ता देश शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए परमाणु ऊर्जा का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन सैन्य उद्देश्यों के लिए इसका उपयोग नहीं कर सकते.
- भारत, पाकिस्तान और इज़राइल एनपीटी के सदस्य नहीं हैं लेकिन इनके पास भी परमाणु हथियार हैं.
- भारत और पाकिस्तान ने परमाणु हथियारों का परीक्षण किया है. इज़राइल ने अपने पास परमाणु हथियार हैं होने की बात कभी सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकार नहीं की है.
ईरान का परमाणु कार्यक्रम
- ईरान के पास एक सक्रिय परमाणु कार्यक्रम है और कई देशों को संदेह है कि वह परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा है. वह अपने यूरेनियम संवर्धन स्तर को लगातार बढ़ा रहा है.
ईरान से दुनिया क्यों चिंतित है
- ईरान एक शिया बहुल मुस्लिम देश है, जबकि सऊदी अरब, यूएई आदि जैसे अन्य अरब देश सुन्नी मुस्लिम देश हैं.
- ईरान और सऊदी अरब के बीच गहरी दुश्मनी है और दोनों ही खुद को इस्लामी दुनिया के नेता के रूप में पेश करते हैं.
- अगर ईरान को परमाणु हथियार मिल जाता है, तो सऊदी अरब पर परमाणु हथियार बनाने का दबाव होगा.
- यह पश्चिम एशिया क्षेत्र में परमाणु हथियारों की दौड़ को बढ़ावा देगा, जो तेल और गैस भंडार से समृद्ध है और दुनिया के लिए एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता है.
- ईरानी सरकार ने खुले तौर पर कहा है कि वह इजरायल को नष्ट कर देगा और अमेरिका को अपना दुश्मन नंबर एक मानती है.
- इजरायल का कहना है कि वह ईरान को परमाणु हथियार बनाने की अनुमति नहीं दे सकता, क्योंकि इससे उसका अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा.
दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीती
- तीसरी आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (ICC World Test Championship) 2023-25 दक्षिण अफ्रीका ने जीत लिया है.
- इस प्रतियोगिता के फाइनल में दक्षिण अफ़्रीकी पुरुष क्रिकेट टीम ने गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया. यह मैच 11 से 14 जून 2025 तक लंदन में लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था.
- दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा थे जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम कप्तानी पैट कमिंस ने की थी. फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच का खिताब दक्षिण अफ्रीका के एडेन मकरम को दिया गया.
- यह दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए, केन्या में आयोजित 1998 आईसीसी नॉकआउट चैम्पियनशिप (नया नाम- आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी) के बाद पहला प्रमुख क्रिकेट खिताब था.
- यह पिछले 15 वर्षों में पहली बार था जब ऑस्ट्रेलिया को किसी आईसीसी प्रतियोगिता के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा.
- इससे पहले, इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज़ में खेले गए 2010 आईसीसी पुरुष T20 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था.
- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (ICC WTC) 2023-25 में भारत तीसरे स्थान पर जबकि न्यूजीलैंड और इंग्लैंड क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहा था.
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप: दृष्टि
- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत आईसीसी ने 2019 में की थी. यह प्रतियोगिता दो साल का चक्र है और इसमें शीर्ष नौ रैंक वाली टेस्ट टीमों के बीच खेली जाने वाली द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज़ शामिल होते हैं.
- 2 साल के चक्र के दौरान दुनिया की शीर्ष नौ टेस्ट टीमों में से प्रत्येक टीम तीन घरेलू और तीन विदेशी श्रृंखलाएं खेलती है. अंत में शीर्ष दो टीमें फाइनल खेलती है, जिसमें विजेता को विश्व टेस्ट चैंपियन का ताज पहनाया जाता है.
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक के विजेता
| संस्करण | वर्ष चक्र | विजेता | उप-विजेता |
| पहला | 2019-2021 | न्यूजीलैंड | भारत |
| दूसरा | 2021-2023 | ऑस्ट्रेलिया | भारत |
| तीसरा | 2023-2025 | दक्षिण अफ्रीका | ऑस्ट्रेलिया |
| चौथा | 2025-2027 | — | — |
संक्षिप्त सामयिक घटनाचक्र
सिफ्त कौर समरा ने ISSF विश्वकप में कांस्य पदक जीता
भारतीय निशानेबाज सिफ्त कौर समरा ने 12 जून को जर्मनी के म्यूनिख में ISSF विश्वकप निशानेबाजी में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में कांस्य पदक जीता. नॉर्वे की जेनेट हैग डयूस्टैड ने स्वर्ण पदक जीता. इससे पहले एलवेनिल वालारिवन ने महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता.
ISSF विश्वकप में सुरुचि सिंह ने स्वर्ण पदक जीता
जर्मनी के म्यूनिख में ISSF विश्व कप निशानेबाजी में, भारत की सुरुचि सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में स्वर्ण पदक जीता है. उन्होंने फ्रांस की कैमिली को हराया. विश्व कप में सुरुचि का इस स्पर्धा में यह लगातार तीसरा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है.
प्रधानमंत्री की साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की पांच दिन की यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 जून को साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की पांच दिन की यात्रा पर रवाना हो गए. यात्रा के पहले चरण में राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के निमंत्रण पर श्री मोदी साइप्रस की राजधानी निकोसिया पहुंचेंगे. श्री मोदी 16 जून को जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कनाडा के कनानास्किस पहुंचेंगे. 18 जून को क्रोएशिया की सरकारी यात्रा पर जायेंगे.
एक्सियोम-4 मिशन की नई तारीख 19 जून निर्धारित की गई
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजने के बहुप्रतीक्षित एक्सियोम-4 मिशन की नई तारीख 19 जून निर्धारित की गई है. मिशन सफल होने पर, शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले और 1984 में अंतरिक्ष जाने वाले राकेश शर्मा के बाद दूसरे भारतीय बन जाएंगे.
कुशीनगर में रॉकेट प्रक्षेपण का सफल परीक्षण किया गया
भारतीय अन्तरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 14 जून को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रॉकेट प्रक्षेपण का सफल परीक्षण किया. उत्तर प्रदेश में इसरो का यह पहला परीक्षण है. जिसे थ्रस्ट टेक इंडिया लिमिटेड के सहयोग से किया गया. अक्टूबर-नवंबर में लगभग 900 युवाओं द्वारा निर्मित उपग्रहों का परीक्षण किया जाएगा.
15 जून: वरिष्ठ नागरिक दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस
15 जून को वरिष्ठ नागरिक दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस मनाया जाता है. यह दिन वरिष्ठ नागरिकों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार और उनकी उपेक्षा को रोकने के प्रति जागरूकता बढ़ाकर बेहतर समझ को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करता है. वरिष्ठ नागरिकों के लिए टोल-फ्री ‘एल्डर लाइन’ हेल्पलाइन नंबर- 1 4 5 6 7 जारी किया गया है.
15वीं दक्षिण एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में याजिक हिलंग ने स्वर्ण पदक जीता
भूटान के थिम्पू में 15वीं दक्षिण एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में भारत की याजिक हिलंग ने स्वर्ण पदक जीता है. याजिक ने 14 जून को महिला मॉडल फिजिक स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया. अरुणाचल प्रदेश की याजिक अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली राज्य की पहली महिला फिजिक स्पोर्ट्स एथलीट बन गई हैं.
भारतीय और अमरीका की वायु सेना के बीच ‘टाइगर क्लॉ’ सैन्य अभ्यास
भारतीय और अमरीका की वायु सेना के बीच 26 मई से 10 जून 2025 तक संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘टाइगर क्लॉ’ आयोजित किया गया था. यह टाइगर क्लॉ का पहला संस्करण था जिसका आयोजन पूरे उत्तर भारत में किया गया था. इसमें भारतीय वायु सेना के विशेष बल ‘गरुड़’ ने हिस्सा लिया.
2025-26 में 6.3% की जीडीपी वृद्धि का अनुमान
विश्व बैंक ने जून 2025 में जारी नवीनतम वैश्विक आर्थिक संभावना रिपोर्ट में 2025-26 में भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए 6.3% की वृद्धि दर के अपने अनुमान को बरकरार रखा है. विश्व बैंक को उम्मीद है कि 2026-27 में भारतीय अर्थव्यवस्था 6.5% से बढ़ेगी. रिपोर्ट के अनुसार, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा.
पुर्तगाल ने स्पेन को हराकर यूईएफए नेशंस लीग खिताब जीता
पुर्तगाल ने स्पेन को हराकर अपना दूसरा यूईएफए नेशंस लीग 25 खिताब जीता. इस प्रतियोगिता के दौरान, पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का विश्व कीर्तिमान भी बनाया. पुर्तगाल ने सेमीफाइनल जर्मनी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था, जिसमें रोनाल्डो ने विजयी गोल किया था. यह प्रतियोगिता जर्मनी के म्यूनिख में खेला गया था.
भारत-मंगोलिया द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलीफेंट’
भारत-मंगोलिया द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास का 17वां संस्करण ‘नोमैडिक एलीफेंट’ 31 मई से 13 जून, 2025 तक आयोजित किया गया था. यह मंगोलियाई सेना द्वारा उलानबटार में आयोजित किया गया. नोमैडिक एलीफेंट अभ्यास का 16वां संस्करण जुलाई 2024 में मेघालय के उमरोई में आयोजित किया गया था.
भारत-फ्रांस संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘शक्ति’ फ्रांस में आयोजित किया जा रहा है
8वां भारत-फ्रांस संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘शक्ति’ फ्रांस के ला कैवेलरी में 18 जून से 1 जुलाई 2025 तक आयोजित किया जा रहा है. यह भारत-फ्रांस द्विपक्षीय अभ्यास है जो पहली बार 2011 में आयोजित किया गया था. इसे भारत और फ्रांस द्वारा बारी-बारी से आयोजित किया जाता है.
डॉ. सोनल मानसिंह को 2023 श्रीमंत शंकरदेव पुरस्कार
प्रख्यात शास्त्रीय नृत्यांगना डॉ. सोनल मानसिंह को श्रीमंत शंकरदेव पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया गया है. 12 जून 2025 को गुवाहाटी, असम में आयोजित एक समारोह में असम के राज्यपाल लक्ष्मणाचार्य ने उन्हें सम्मानित किया. श्रीमंत शंकरदेव पुरस्कार असम सरकार द्वारा दिया जाता है. श्रीमंत शंकरदेव अंकिया नाट के प्रवर्तक थे, जो एकांकी नाटक का एक रूप है.
चीन और दक्षिण कोरिया संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन की सह-मेजबानी करेंगे.
चीन और दक्षिण कोरिया, 2028 में आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन के चौथे संस्करण की सह-मेजबानी करेंगे. 13 जून 2025 को फ्रांस के नीस में तीसरे संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन के समापन पर इसकी घोषणा की गई.
भारतीय विदेश सचिव और चीन के उप विदेश मंत्री की वार्ता बैठक
भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री और चीन के उप विदेश मंत्री सन वेइदोंग ने 12-13 जून को नई दिल्ली में वार्ता बैठक की. उन्होंने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की. जून 2020 में गलवान में सीमा पर हुई सैन्य झड़प के बाद से दोनों देशों के बीच संबंधों में भारी तनाव है.
