इतालवी डेमोक्रेट डेविड सासोली यूरोपीय संसद के नए अध्यक्ष चुने गये
यूरोपीय संसद ने 3 जुलाई को इतालवी डेमोक्रेट डेविड सासोली को अपना नए अध्यक्ष चुना. यूरोपीय संघ के लिए हुए चुनावों में यूरोपीय संसद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने गुप्त मतदान के जरिए सासोली को चुना. इस पद पर 63 वर्षीय पूर्व पत्रकार सासोली का मुकाबला जर्मनी की ग्रीन पार्टी की स्का केलर से था.
संसद के अध्यक्ष के तौर पर सासोली का कार्यकाल ढाई साल का रहेगा. उन्होंने इटली के कंजर्वेटिव एंतोनिया तजानी की जगह ली.
यूरोपीय संसद ने जर्मनी की रक्षा मंत्री उरसुला वोन डेन लेयन को यूरोपीय आयोग का प्रमुख और IMF प्रमुख क्रिस्टीन लेगार्द को यूरोपीय सेंट्रल बैंक के अध्यक्ष के तौर पर नामित किया है.
आधार कानून संशोधन विधेयक 2019 लोकसभा में पारित
लोकसभा में 4 जुलाई को ‘आधार कानून संशोधन विधेयक 2019’ चर्चा के बाद पारित कर दिया गया.
आधार कानून संशोधन विधेयक 2019: मुख्य बिंदु
- किसी भी व्यक्ति को तब तक आधार नंबर को पहचान के रूप में देने के लिये बाध्य नहीं किया जा सकता जब तक कानून के तहत यह जरूरी न हो.
- आधार का सत्यापन ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन भी कराया जा सकेगा.
- 18 साल से ऊपर की आयु होने पर बच्चों को अपना आधार रद्द करने के निर्णय का आधिकार होगा.
- आधार कानून का उल्लंघन करने वाली संस्थाओं के ऊपर 1 करोड का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है.
- किसी भी व्यक्ति के आधार से संबंधित जानकारी मांगने का अधिकार उच्च न्यायालय से नीचे की अदालत को नहीं होगा.
- कोई भी व्यक्ति आधार कानून के उल्लंघन की अदालत में अपील कर सकेगा.
दिल्ली और विजयवाड़ा में अपने पहले ‘आधार सेवा केंद्र’ की शुरुआत
UIDAI ने दिल्ली और विजयवाड़ा में अपने पहले ‘आधार सेवा केंद्र’ की शुरुआत की है. इस साल के अंत तक ऐसे 114 केंद्र खोलने की UIDAI की योजना है. इन आधार केंद्रों पर आधार के लिए पंजीकरण, उसका अपडेशन और अन्य काम किए जाएंगे. ये केंद्र UIDAI के हैं. अभी बैंकों और डाकघरों के अलावा सरकारी परिसरों में ऐसी सेवाएं दी जा रही हैं.