EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली करंट अफेयर्स: 3 मार्च 2019

हसमुख अधिया को बैंक ऑफ बड़ौदा के गैर-कार्यकारी चेयरमैन के रूप में नियुक्त किया गया

केंद्र सरकार ने 1 मार्च को पूर्व वित्त सचिव हसमुख अधिया को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) का गैर-कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त किया.

विजया बैंक और देना बैंक के साथ विलय के बाद BOB देश का तीसरा सबसे बड़ा बैंक होगा. विलय योजना के तहत विजया बैंक के शेयर धारकों को प्रति 1,000 शेयरों के बदले BOB के 402 शेयर मिलेंगे. देना बैंक के मामले में उसके शेयर धारकों को हर 1,000 शेयर के बदले बैंक ऑफ बड़ौदा के 110 शेयर मिलेंगे.

पाकिस्तान ने भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को भारत को सौंपा

पाकिस्तान ने 1 मार्च को भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को भारत को सौंप दिया. अभिनंदन को भारत और पाकिस्तान के अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते होकर भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द किया गया.

अभिनंदन ने 27 फरवरी को भारतीय सैन्य क्षेत्र का उलंघन कर रहे पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को अपने मिग-21 विमान से पीछा करते हुए मार गिराया था. इस क्रम में उनका विमान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. उन्होंने पैराशूट के माध्यम से वहां उतर गये थे. जिसके बाद पाकिस्तान ने उन्हें अपने हिरासत में ले लिया था. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने 28 फरवरी को संसद में घोषणा की थी कि अभिनंदन को शांति सद्भाव के तौर पर रिहा किया जाएगा.

वर्ष 2019 और 2020 में GDP वृद्धि दर 7.3 फीसद रहने का मूडीज का अनुमान

साख निर्धारण एजेंसी मूडीज ने भारतीय अर्थव्यवस्था की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि दर का ताजा अग्रिम अनुमान 1 मार्च को जारी किया. इसके अनुसार वर्ष 2019 और 2020 में GDP वृद्धि दर 7.3 फीसद रहने का अनुमान है. मूडीज ने कहा कि 2019-20 के अंतरिम बजट में किसानों के लिए प्रत्यक्ष नकद हस्तांतरण कार्यक्रम तथा मध्यम वर्ग को कर राहत की घोषणा से जीडीपी की वृद्धि दर करीब 0.45 फीसद तेज होगी.

मूडीज आर्थिक वृद्धि के पूर्वानुमान का आकलन कैलेंडर वर्ष (जनवरी-दिसम्बर) के आधार पर करता है. हालांकि भारत आर्थिक वृद्धि की गणना वित्त वर्ष (अप्रैल-मार्च) के आधार पर करता है.


सऊदी अरब ने अलकायदा के हमजा बिन लादेन की नागरिकता रद्द की

सऊदी अरब ने अलकायदा के दिवंगत नेता ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन की नागरिकता रद्द करने की 1 मार्च को घोषणा की. सऊदी अरब ने यह घोषणा अमेरिकी सरकार की उस पेशकश के बाद किया है जिसमें अमेरिका ने हमजा के बारे में जानकारी मुहैया कराने पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर देने का ऐलान किया था.अमेरिका ओसामा के बेटे हमजा को आतंकवाद के ऊभरते हुए चेहरे के रूप में देखता है.


विदेशों में रुपया बाजार की समीक्षा के लिए एक कार्यबल का गठन

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने उसकी पूर्व डिप्टी गवर्नर ऊषा थरोट की अध्यक्षता में एक कार्यबल का गठन किया है. यह कार्यबल विदेशों में रुपया बाजार से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेगा और नीतिगत सुझाव देगा. इसका उद्देश्य घरेलू मुद्रा के मूल्य को विदेशी बाजारों में स्थिर रखना है. इस कार्यबल में आठ सदस्य होंगे. यह कार्यबल जून 2019 तक अपनी रपट सौंप देगा.

उल्लेखनीय है कि RBI ने अक्टूबर 2016 में मुद्रा आवागमन को लेकर एक समिति (CCM) गठित की थी. इसके अध्यक्ष RBI के कार्यकारी निदेशक डीके मोहंती थे. इस समिति ने करेंसी चेस्टों में भंडारण सुविधाओं के मानकीकरण से जुड़े सुझाव दिए हैं. RBI ने इनकी समीक्षा कर बैंकों से इन्हें लागू करने के लिए कहा है.


पूर्व वित्त सचिव एएन झा बतौर सदस्य 15वें वित्त आयोग में शामिल हुए

पूर्व वित्त सचिव अजय नारायण झा 1 मार्च को बतौर सदस्य 15वें वित्त आयोग में शामिल हुए. उन्होंने शक्तिकांत दास का स्थान लिया है. दास ने रिजर्व बैंक का गवर्नर बनने के बाद यह पद छोड़ दिया था. मणिपुर कैडर के 1982 बैच के आईएएस अधिकारी झा 28 फरवरी को वित्त सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

भारत-आस्ट्रेलिया वनडे क्रिकेट सीरीज: भारत और आस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज 2 मार्च से शुरू हुआ. हैदराबाद में खेले गये इस सीरीज के पहले मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को 6 विकेट से पराजित कर दिया. ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 236 रन बनाए. भारत ने 48.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 240 रन बनाकर मैच जीत लिया.

एफ-16 का उपयोग समझौते का उल्‍लंघन: अमरीका ने पाकिस्‍तान से भारत के खिलाफ F-16 लड़ाकू विमानों के संभावित दुरूपयोग पर जानकारी मांगी है. अमरीका और पाकिस्‍तान के बीच हुए समझौते के अनुसार F-16 विमानों का उपयोग अमरीका की मंजूरी के बिना नहीं किया जा सकता. पाकिस्‍तान ने इस विमान के इस्‍तेमाल का खण्‍डन किया है.

फ्रांस सुरक्षा परिषद का अध्यक्ष बना: फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-यूएस ली ड्रीयान ने हर तरह के आतंकवाद के विरूद्ध लड़ाई में भारत के साथ अपनी पूरी एकजुटता का संकल्प दोहराया है. फ्रांस 2 मार्च से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अध्यक्ष बन गया है. इस बीच अमरीका, ब्रिटेन और फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक ताज़ा प्रस्ताव प्रस्तुत किया है जिसमें पाकिस्तान से संचालित आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अज़हर को वैश्विक आतंकवादी घोषित करने की व्यवस्था है.

कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी इंडिया सम्मेलन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 मार्च कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी इंडिया-2019 के दो दिवस सम्मेलन का उद्घाटन किया. देश में हाउसिंग-रियल एस्टेट सेक्टर को गति देने ही और तकनीक को बढ़ावा देने के लिए शहरी विकास मंत्रालय ने इस सम्मेलन का आयोजन किया है.

अमेरिका ने चीन से कृषि उत्पादों पर लगे शुल्कों को हटाने को कहा: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चीन से अमेरिकी कृषि उत्पादों पर लगे सभी शुल्कों को तत्काल हटाने को कहा है. श्री ट्रम्प ने कहा है कि मैंने चीन से हमारे कृषि उत्पादों (गोमांस, सुअर का मांस सहित) पर सभी शुल्कों को इस तथ्य के आधार पर तुरंत हटाने के लिए कहा है कि हम व्यापार वार्ता के साथ अच्छी तरह से आगे बढ़ रहे हैं.

नौवां इंडिया ओपन बैडमिंटन: भारत के सबसे प्रतिष्ठित बैडमिंटन टूर्नामेंट योनेक्स सनराइज इंडिया आेपन के नौंवे संस्करण की शुरुआत 26 मार्च से होगी. 350,000 डॉलर वाले इस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले 31 मार्च को खेले जायेंगे. योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन के सभी मैच IGI स्टेडियम में स्थित के डी जाधव इंडोर हॉल में खेले जायेंगे.

  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top