गोवा के मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर का निधन
गोवा के मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर का 17 मार्च को निधन हो गया। वे 64 वर्ष के थे और पैंक्रियाटिक कैंसर से पीड़ित थे.
मनोहर गोपाल कृष्ण प्रभु पर्रिकर का जन्म 13 दिसंबर 1955 को गोवा के मापुसा के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। गोवा में बीजेपी और राजनीति के एक मजबूत स्तंभ रहे मनोहर पर्रिकर IIT से पढ़े थे। वे चार बार गोवा के मुख्यमंत्री और 2014 से 2017 तक देश के रक्षा मंत्री रहे। पहली बार वे सन 2000 में गोवा के मुख्यमंत्री बने थे.
18 देशों की सेनाओं की फील्ड ट्रेनिंग एक्सरसाइज ‘मेडेक्स-2019’ का समापन
इंडियन आर्मी सहित 18 देशों की सेनाओं की फील्ड ट्रेनिंग एक्सरसाइज (सैन्य चिकित्सा अभ्यास) ‘मेडेक्स-2019’ का 16 मार्च को समापन हो गया. इसका आयोजन लखनऊ में किया गया था.
इस एक्सरसाइज के समापन समारोह को थल सेनाध्यक्ष जनरल विपिन रावत ने संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने पाकिस्तान और म्यांमार में चल रहे आतंकी गतिविधियों पर कार्रवाई की बात कही.
भारतीय निर्वाचन आयोग ने चुनाव घोषणा-पत्र को आदर्श आचार संहिता का भाग बनाया
भारतीय निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों के चुनाव घोषणा-पत्र को आदर्श आचार संहिता का हिस्सा बना दिया है. इसके तहत मतदान से पहले के 48 घंटे के दौरान चुनाव घोषणा-पत्र जारी करने पर रोक लगा दी गयी है.
जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1995 की धारा 126 के अंतर्गत प्रतिबंधित अवधि के दौरान चुनाव घोषणा-पत्र जारी करने पर रोक रहेगी.
ब्राजील की अध्यक्षता में पहली ब्रिक्स शेरपा बैठक संपन्न हुई
ब्राजील की अध्यक्षता में पहली ब्रिक्स शेरपा बैठक 16 मार्च को संपन्न हुई. यह बैठक ब्राजील में कूर्टिबा में 15 से 16 मार्च तक आयोजित की गयी थी. इस बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) टीएस तिरुमूर्ति ने किया.
ब्राजील ने अपनी अध्यक्षता में ब्रिक्स के लिए आतंकवाद की पहचान प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में से एक के रूप में की है. भारत ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी और नवाचार तथा स्वास्थ्य और पारंपरिक चिकित्सा में सहयोग को आगे बढ़ाने की आवश्यकता भी रेखांकित की.
ब्रिक्स (BRICS) क्या है?
ब्रिक्स दुनिया की पाँच उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं का एक समूह है. इसके घटक राष्ट्र ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका हैं. इन्ही देशों के अंग्रेज़ी में नाम के प्रथम अक्षरों B, R, I, C व S से मिलकर इस समूह का यह नामकरण हुआ है.
अमेरिका में राष्ट्रीय आपातकाल को रद्द करने के कांग्रेस के फैसले पर वीटो
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल को रद्द करने के अमेरिकी कांग्रेस के फैसले पर वीटो लगा दिया है. ट्रंप द्वारा अमेरिका-मैक्सिको सीमा पर लगाए राष्ट्रीय आपातकाल को अमेरिकी कांग्रेस ने रद्द कर दिया था. ट्रंप ने अपने कार्यकाल के दौरान पहली बार वीटो का प्रयोग किया है.
कांग्रेस को अब उनके फैसले को चुनौती देने के लिए कांग्रेस के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी.
यूनिसेफ और स्वास्थ्य मंत्रालय के नये सर्वेक्षण के अनुसार कुपोषित बच्चों में कमी
यूनिसेफ और भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा किये गये एक सर्वेक्षण के अनुसार देश में कुपोषण वाले बच्चों में कमी आई है. इस सर्वेक्षण के अनुसार कुपोषण से अवरुद्ध शारीरिक-विकास का अनुपात 2015-16 के 38.40 प्रतिशत से कम होकर 2017-18 में 34.70 प्रतिशत पर आ गया है. यह सालाना दो प्रतिशत की कमी है जो कि बड़ी उपलब्धि है.
वर्ष 2004-05 से 2015-16 की दस वर्ष की अवधि के दौरान छह साल के कुपोषण प्रभावित ऐसे बच्चों के अनुपात में सालाना एक प्रतिशत की दर से 10 प्रतिशत की कमी आयी थी.
सर्वेक्षण में महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) जैसे अन्य मुख्य स्वास्थ्य सूचकांकों पर भी सुधार देखने को मिला है. महिलाओं में खून की कमी 2015-16 के 50-60 प्रतिशत से कम होकर 2017-18 में 40 प्रतिशत पर आ गयी है.
2022 में 25 प्रतिशत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2018 में पोषण अभियान की शुरुआत की. इस अभियान का लक्ष्य कुपोषण को 2015-16 के 38.4 प्रतिशत से घटाकर 2022 में 25 प्रतिशत पर लाना है.
दुनिया में एक तिहाई कुपोषित बच्चे भारत में
वैश्विक पोषण रिपोर्ट 2018 के अनुसार दुनिया में कुपोषण के कारण कमजोर शरीर वाले एक तिहाई बच्चे भारत में हैं. भारत में ऐसे बच्चों की संख्या 4.66 करोड़ है. इसके बाद नाइजीरिया (13.9%) और पाकिस्तान (10.7%) का नाम आता है.
दक्षिण अफ्रीकी ओपन गोल्फ खिताब दीक्षा डागर ने जीता
भारत की गोल्फर दीक्षा डागर ने 16 मार्च को दक्षिण अफ्रीकी ओपन गोल्फ खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. वह लेडीज़ यूरोपीय टूर में खिताब जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला गोल्फर बन गई. 18 वर्षीय दीक्षा ने अपने से काफी अनुभवी ली एने पेस को हराकर यह खिताब अपने नाम किया है.
अदिति अशोक यूरोपीय टूर जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर
दीक्षा से पहले साल 2016 में अदिति अशोक लेडीज यूरोपीय टूर खिताब जीतने वाली पहली महिला गोल्फर बनी थीं. अदिति दो और यूरोपीय टूर ट्राफी हासिल कर चुकी हैं और अब एलपीजीए में खेलती हैं.
कई अफ्रीकी देशों में चक्रवाती तूफान ‘इडाई’ का प्रकोप
अफ्रीका के कई देशों में हाल के दिनों में चक्रवाती तूफान ‘इडाई’ का प्रकोप रहा है. इस तूफान से सर्वाधिक प्रभावित देशों में मोज़ाम्बिक, ज़िम्बाब्वे और मलावी रहा है. तूफान ‘इडाई’ से काफी जान-माल का नुकसान हुआ है. पन्द्रह लाख से अधिक लोग तूफान से प्रभावित हुए हैं.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
एशियाई युवा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2019: भारत ने हांगकांग में एशियन यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन चार स्वर्ण पदक जीते हैं. विश्वेन्द्र सिंह ने पैदल चाल में चैम्पियनशिप रिकॉर्ड तोड़ा. पदक तालिका में भारत सात स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक लेकर शीर्ष पर बना हुआ है.
विश्व विशेष ओलंपिक खेल-2019: अबूधाबी में चल रहे विशेष (स्पेशल) ओलम्पिक खेलों में भारत ने अब तक 18 स्वर्ण, 22 रजत और 30 कांस्य सहित कुल 70 पदक जीते हैं. अमन जोत सिंह ने 385 किलोग्राम स्कॉट प्रतियोगिता और अभिलाष ने विभिन्न श्रेणियों में तीन स्वर्ण पदक हासिल किए हैं. रोलर स्केटिंग में सुप्रीत सिंह, ऋषभ जैन, प्रिया प्रकाश गाडा और प्रियंका ने स्वर्ण पदक लिया. विशेष ओलंपिक खेल 14 मार्च से आबु-धाबी में खेला जा रहा है.
विदेश मंत्री मालदीव की यात्रा पर: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 17 मार्च से मालदीव की दो दिन की यात्रा पर हैं. उनके साथ विदेश सचिव विजय गोखले समेत उच्च स्तरीय आधिकारिक शिष्टमंडल भी है. विदेशमंत्री मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह, संसद के अध्यक्ष कासिम इब्राहिम और विदेशमंत्री अब्दुल्ला शाहिद से मुलाकात करेंगी.
जर्मनी के पत्रकार बिली सिक्स रिहा: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की कथित तौर पर नजदीक से तस्वीर खींचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए जर्मनी के पत्रकार बिली सिक्स को चार महीने बाद रिहा कर दिया गया. लंबित कूटनीतिक प्रयासों से पहले दिसम्बर में सिक्स ने भूख हड़ताल भी की थी.
देश के पहले लोकपाल का चुनाव: देश के पहले लोकपाल की नियुक्ति के लिए उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति पिनाकी चंद्र घोष के नाम पर विचार किया जा रहा है. मई 2017 में उच्चतम न्यायालय से सेवानिवृत्त हुए न्यायमूर्ति घोष राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य हैं.

