मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने के प्रस्ताव पर चीन ने वीटो किया

आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JEM) के सरगना मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में प्रस्ताव पर चीन ने वीटो लगा दिया है. प्रस्ताव के पक्ष में यूके, यूएस, फ्रांस और जर्मनी थे. सुरक्षा परिषद में चौथी बार चीन ने वीटो का इस्तेमाल किया है.

पुलवामा हमले के बाद भारत ने विश्व समुदाय से मसूद अज़हर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित करने की मांग की थी. जैश-ए-मोहम्मद ने इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली थी. भारत के अनुरोध के बाद ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस प्रस्ताव को रखा गया था.

सुरक्षा परिषद में मसूद अजहर के खिलाफ प्रस्ताव फ्रांस द्वारा लाया गया था और अमेरिका तथा ब्रिटेन की ओर से इसका समर्थन किया गया था.

वीटो क्या है?
वीटो (veto) का शाब्दिक अर्थ है- ‘मैं अनुमति नहीं देता हूं’. मौजूदा समय में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों चीन, फ्रांस, रूस, यूके और अमेरिका के पास वीटो पावर है. स्थायी सदस्यों के फैसले से अगर कोई भी सदस्य सहमत नहीं है तो वह वीटो पावर का इस्तेमाल करके उस फैसले को रोक सकता है.

पीएस नरसिम्हा BCCI से संबंधित विवादों को सुलझाने के लिए मध्यस्थ नियुक्त

सुप्रीम कोर्ट ने 14 मार्च को वरिष्ठ अधिवक्ता पीएस नरसिम्हा को BCCI में क्रिकेट प्रशासन से संबंधित तमाम विवादों को सुलझाने के लिए मध्यस्थ नियुक्त किया.

न्यायमूर्ति एसए बोबडे और न्यायमूर्ति एएम सप्रे की पीठ ने उनसे अनेक क्रिकेट संघों को धन देने के बारे में उनके द्वारा उठाये गये मुद्दों पर विचार करने और समिति को उचित सिफारिशें करने को कहा.

उल्लेखनीय है कि शीर्ष अदालत के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) डीके जैन ने हाल ही में BCCI के लोकपाल के रूप में कामकाज संभाला है. शीर्ष अदालत ने 2017 में BCCI के कामकाज और आरएम लोढा समिति की सिफारिशें लागू करने के लिये पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक विनोद राय की अध्यक्षता में प्रशासकों की चार सदस्यीय समिति नियुक्त की थी. समिति के अन्य सदस्यों में भारतीय महिला क्रिकेट की पूर्व कप्तान डायना एडुल्जी, इतिहासकार रामचन्द्र गुहा और बैंकर विक्रम लिमये शामिल थे. लेकिन रामचन्द्र गुहा और विक्रम लिमये ने बाद में इस समिति से इस्तीफा दे दिया और इसके बाद समिति में विनोद राय और डायना एडुल्जी ही शेष रह गये हैं. इन दोनों सदस्यों के बीच भी मतभेद उत्पन्न हो गये हैं.

भारतीय विदेश सचिव विजय गोखले की अमेरिका की यात्रा

भारतीय विदेश सचिव विजय गोखले 11 मार्च से 13 मार्च तक अमेरिका की यात्रा पर थे. इस यात्रा के दौरान उन्होंने अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और वहां के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन सहित ट्रम्‍प प्रशासन के वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ बैठक की.

विदेश सचिव गोखले और अमरीकी विदेश मंत्री माइकल पोम्पियो के बीच वाशिंगटन में हुई बैठक में दोनों पक्ष ने आतंकवाद को किसी भी रूप में समर्थन या बढ़ावा देने वालों की जवाबदेही तय करने पर सहमति बनी. श्री पोम्पियो ने सीमा पार से जारी आतंकवाद को लेकर भारत की चिंताओं पर सहमति व्‍यक्‍त की.

इस यात्रा में विदेश सचिव गोखले और अमरीका के राजनीतिक मामलों के सहायक विदेश मंत्री डेविड हाले के बीच हुई बातचीत में दोनों देशों ने महत्वपूर्ण भागीदारी के प्रति वचनबद्धता दोहराई. दोनों पक्षों ने ‘टू प्सल टू’ वार्ता के बाद आपसी संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और सहयोग बढ़ाने के तौर तरीकों पर विचार किया.

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन और भारत के विदेश सचिव विजय गोखले के बीच हुई बैठक में श्री बोल्टन ने भारत को अमेरिकी समर्थन की बात की. श्री बोल्टन ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होने की बात कही.

भारत-अमरीका रणनीतिक सुरक्षा संवाद के नौवें दौर की बैठक

भारत और अमरीका के बीच रणनीतिक सुरक्षा संवाद के नौवें दौर की बैठक 13 मार्च को वाशिंगटन में संपन्न हुई. इस बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश सचिव विजय गोखले ने किया. बैठक में दोनों देशों ने सुरक्षा और असैन्य परमाणु सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है.

दोनों देशों के बीच भारत में छह अमरीकी परमाणु ऊर्जा संयंत्र लगाने के बारे में भी बातचीत हुई. अमरीका ने परमाणु सामग्री आपूर्तिकर्ता समूह में भारत को शीघ्र शामिल किए जाने के प्रति दृढ़ समर्थन दोहराया है.


भारत और पाकिस्तान के बीच करतारपुर गलियारे की रूपरेखा तय करने के लिए पहली बैठक

भारत और पाकिस्तान के बीच करतारपुर गलियारे (कॉरिडोर) की रूपरेखा तय करने के लिए 14 मार्च को अटारी वाघा सीमा पर पहली बैठक हुई. दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल ने इस बैठक में अत्याधुनिक यात्री टर्मिनल भवन का निर्माण, वीजा फ्री यात्रा, रोजाना करीब 5 हजार श्रद्धालुओं को ऐक्सेस देने की मांग, आदि पर चर्चा हुई. अब कॉरिडोर से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के लिए अगली बैठक 2 अप्रैल को होगी.


अजीम प्रेमजी ने विप्रो लिमिटेड के 52,750 करोड़ रुपये बाजार मूल्य के 34 फीसदी शेयर किए दान

विप्रो के अध्यक्ष अजीम प्रेमजी ने विप्रो लिमिटेड के 34 फीसदी शेयर परोपकार कार्य के लिए दान करने की घोषणा की है. इन शेयर का बाजार मूल्य 52,750 करोड़ रुपये है. यही नहीं, प्रेमजी ने विप्रो के 67 फीसदी शेयर से होने वाली आमदनी को चैरिटेबल फाउंडेशन को दान करने की प्रतिबद्धता जताई है. कंपनी में प्रेमजी के परिवार और कंपनियों की हिस्सेदारी 74.30 फीसदी है.

73 वर्षीय प्रेमजी ऐसे पहले भारतीय हैं जिन्होंने ‘द गिविंग प्लेज इनीशिएटिव’ पर हस्ताक्षर किए हैं. इस पहल की शुरुआत बिल गेट्स और वॉरेन बफेट ने की थी. जिसके तहत अपनी 50 फीसदी संपत्ति परोपकारी कार्य के लिए देने का वादा किया जाता है. अजीम प्रेमजी ने ‘अजीज प्रेमजी फाउंडेशन’ समाजसेवा के लिए बनाई है जो मुख्य रूप से शिक्षा के क्षेत्र में काम करती है. फाउंडेशन का लक्ष्य पब्लिक स्कूलिंग को बेहतर करना है.

श्री प्रेमजी को फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘शेवेलियर डी ला लीजन डी ऑनर’ भी मिल चुका है. उन्हें ये सम्मान समाजसेवा करने, फ्रांस में आर्थिक दखल और आईटी उद्योग विकसित करने को लेकर दिया गया. उनसे पहले ये सम्मान पाने वाले भारतीय बंगाली अभिनेता सौमित्र चटर्जी और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान हैं.

प्रेमजी के पिता हाशिम प्रेमजी भी अपने समय के जाने माने व्यापारी थे. उन्हें बंटवारे के बाद जिन्ना ने पाकिस्तान का वित्त मंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया था. लेकिन उन्होंने भारत में रहना ही पसंद किया.


एमआर कुमार भारतीय जीवन बीमा निगम के नये चेयरमैन नियुक्त किये गये

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के नये चेयरमैन के रूप में एमआर कुमार की नियुक्ति की गयी है. एमआर कुमार इससे पहले उत्तरी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रभारी) थे. उन्हें पांच साल के लिए LIC का चेयरमैन बनाया गया है.
इनके अलावा टीसी सुशील कुमार और विपिन आनंद को पांच साल के लिये LIC का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है. सुशील दक्षिण मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रभारी) और आनंद पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रभारी) पद पर कार्यरत हैं.


पर्यावरणीय सुरक्षा बढ़ाने को लेकर संयुक्त राष्ट्र की छठी ग्लोबल इनवायरमेंट आउटलुक रिपोर्ट

संयुक्त राष्ट्र ने पर्यावरणीय सुरक्षा बढ़ाने को लेकर 13 मार्च को ‘छठी ग्लोबल इनवायरमेंट आउटलुक रिपोर्ट’ प्रकाशित की है. इस रिपोर्ट में दुनिया को बड़े पैमाने पर पर्यावरणीय सुरक्षा बढ़ाने की चेतावनी दी गई है. रिपोर्ट के अनुसार यदि ऐसा नहीं किया गया तो एशियाई शहरों व क्षेत्रों, मध्य पूर्व व अफ्रीका में सदी के मध्य तक लाखों लोगों की असमय मौत हो सकती है. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं गई तो लोगों के स्वास्य को खतरा बढ़ जाएगा.

यह रिपोर्ट 70 से ज्यादा देशों के 250 वैज्ञानिकों व विशेषज्ञों द्वारा यह रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है. छठी ग्लोबल इनवायरमेंट आउटलुक रिपोर्ट खास है, क्योंकि यह सभी पर्यावरण मुद्दों के साथ-साथ स्वास्य परिणामों व पर्यावरण समस्याओं से जुड़ी हुई है.


अमेरिकी न्यायाधीश पद के लिए भारतीय अमेरिकी नेओमी राव के नाम को मंजूरी

अमेरिकी सीनेट ने 13 मार्च को ‘डीसी सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स’ के न्यायाधीश पद के लिए भारतीय अमेरिकी नेओमी राव के नाम को मंजूरी दी. डीसी सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स देश की सर्वाधिक शक्तिशाली पीठों में से एक है. 45 वर्षीय नेओमी, ब्रेड कावनाह की जगह लेंगी. अमेरिकी सीनेट ने नेओमी के नाम को 46 के मुकाबले 53 मतों से मंजूरी दी.


मार्च माह का दूसरा बृहस्पतिवार: विश्व किडनी दिवस

प्रत्येक वर्ष मार्च माह के दूसरे बृहस्पतिवार को ‘विश्व किडनी दिवस’ (WKD) मनाया जाता है. इस वर्ष (2019 में) 14 मार्च यह दिवस मनाया गया. यह वैश्विक स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता अभियान है.

इस वर्ष विश्व किडनी दिवस का विषय हर जगह हर किसी के लिए किडनी स्वास्थ्य (Kidney Health for Everyone Everywhere) है.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

इंडियन ऑयल ने गोल्ड कप हाकी खिताब जीता: इंडियन ऑयल ने बाम्बे गोल्ड कप हाकी टूर्नामेंट के 53वें सत्र के फाइनल में पंजाब एवं सिंध बैंक (PSB) को पेनल्टी शूटआउट में 9-7 से हराकर खिताब बरकरार रखा.

विश्व विशेष ओलंपिक खेल-2019 आबु-धाबी में शुरू: विश्व विशेष (स्पेशल) ओलंपिक खेल- 2019 14 मार्च से आबु-धाबी में शुरू हुआ हैं. इस आयोजन में 200 देश भाग ले रहे हैं. सात दिन के इस आयोजन में 378 सदस्यीय भारतीय दल सहित 7500 एथलीट ओलंपिक की तर्ज के 14 खेलों में भाग ले रहे हैं. स्पेशल ओलंपिक का आयोजन हर 2 साल में किया जाता है. यह पहली बार पश्चिम एशिया में आयोजित किया जा रहा है.

भारत ने 200 नेपाली छात्रों को स्वर्ण जयंती छात्रवृत्ति दी: नेपाल में भारतीय दूतावास ने विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में स्नातक के होनहार 200 नेपाली छात्रों को छात्रवृत्ति देने की घोषणा की. भारत – नेपाल आर्थिक सहयोग के 50 साल पूरे होने के अवसर पर 2002 में भारत सरकार ने स्वर्ण जयंती छात्रवृत्ति शुरू की थी.

बिना समझौते ब्रेक्जिट संभावना नहीं: ब्रिटेन की संसद ने बिना किसी समझौते के यूरोपीय संघ से अलग होने (ब्रेक्जिट) की संभावना खारिज कर दी है. इससे यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के अलग होने की अंतिम तिथि का टलना निश्चित हो गया है. ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने 29 मार्च की समय सीमा के भीतर बिना समझौते के यूरोपीय संघ से अलग होने संबंधी प्रस्ताव सदन में रखा था.