स्पेसएक्स के क्रू-ड्रैगन की मानवरहित ‘डेमो-1’ परीक्षण उड़ान पूरी
अमेरिकी अंतरिक्ष क्षेत्र की कंपनी स्पेसएक्स के क्रू-ड्रैगन अंतरिक्ष यान ने अपनी ऐतिहासिक मानवरहित मानवरहित डेमो-1 परीक्षण उड़ान सफलतापूर्वक पूरी कर ली है. यह यान 9 मार्च को अटलांटिक महासगर में उतर कर अपने अभियान को पूरी किया.
डेमो-1 नाम वाला यह मानवरहित परीक्षण मिशन मानव के लिए डिजाइन किए गए किसी अन्तरिक्ष प्रणाली की पहली परीक्षण उड़ान है. इसे एक अमेरिकी व्यावसायिक कंपनी ‘स्पेसएक्स’ ने एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी के जरिए निर्मित और संचालित किया है.
डेमो-2: मानवसहित मिशन
अमेरिकी अन्तरिक्ष एजेंसी नासा और स्पेसएक्स आगे डेमो-2 की तैयारी के लिए डेमो-1 के आंकड़े का इस्तेमाल करेंगे. डेमो-2 मानवसहित मिशन होगा, जो नासा के अंतरिक्ष यात्रियों बॉब बेहंकेन और डौग हर्ली को ISS (International Space Station) लेकर जाएगा. यह मिशन जुलाई 2019 में प्रस्तावित है.
देश के वित्त सचिव के रूप में सुभाष चंद्र गर्ग की नियुक्ति
केन्द्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने सुभाष चंद्र गर्ग को वित्त सचिव नियुक्त किया है. वे जून 2017 से आर्थिक मामलों के विभाग में सचिव के रूप में काम कर रहे थे. गर्ग पूर्व वित्त सचिव अजय नारायण झा का स्थान लेंगे जो 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हुए थे. झा को 15वें वित्त आयोग का सदस्य बनाया गया है. गर्ग राजस्थान कैडर के 1983 बैच के IAS अधिकारी हैं.
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में सात करोड़वां कनेक्शन प्रदान किया गया
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 8 मार्च को सात करोड़वां रसोई गैस कनेक्शन प्रदान किया गया. तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धम्रेन्द्र प्रधान ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में ये कनेक्शन प्रदान किए.
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना: एक दृष्टि
- प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना भारत के गरीब परिवारों को खाना पकाने के लिए मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन देने की योजना है.
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस योजना की शुरुआत 1 मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से की थी.
- योजना का एक मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और उनकी सेहत की सुरक्षा करना है.
इंग्लैण्ड ने भारत से तीन T-20 मैच की महिला क्रिकेट सीरीज 3-0 से जीती
इंग्लैण्ड ने भारत से तीन T-20 मैच की महिला क्रिकेट सीरीज 3-0 से जीत ली है. गुवाहाटी में 9 मार्च को खेले गये इस सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच में इंग्लैण्ड की महिला क्रिकेट टीम ने भारत को 1 रन से हरा कर यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की. जीत के लिए 120 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने छह विकेट पर 118 रन ही बना सकी. इस मैच में भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने T-20 मैचों में अपना 9वां अर्द्ध-शतक बनाया.
BARC के निदेशक के रूप में अजीत कुमार मोहंती की नियुक्ति
देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक अजीत कुमार मोहंती को 6 मार्च को भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) के निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया. मोहंती अगले 3 वर्ष तक इस पद पर रहेंगे.
WHO ने भारत के प्रसिद्ध चिकित्सा शोधकर्ता सौम्या स्वामीनाथन को मुख्य वैज्ञानिक नियुक्त किया
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत की प्रसिद्ध चिकित्सा शोधकर्ता सौम्या स्वामीनाथन को अपने एक नये विभाग का मुख्य वैज्ञानिक नियुक्त किया है. इससे पहले WHO ने 2017 में स्वामीनाथन को डिप्टी जनरल के तौर पर नियुक्त किया था. वो पहली भारतीय हैं जिनको विश्व स्वास्थ्य संगठन के डिप्टी जनरल के तौर पर नियुक्त किया गया था.
सौम्या, एमएस स्वामीनाथन की बेटी हैं. एमएस स्वामीनाथन को भारत की हरित क्रांति का जनक माना जाता है. सौम्या तपेदिक और HIV पर एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त शोधकर्ता हैं.
केरल के पूर्व मंत्री वीजे थंकप्पन का निधन
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मंत्री वीजे थंकप्पन का 9 मार्च को निधन हो गया. वह 84 साल के थे. चार बार विधायक रहे थंकप्पन 1987-91 में ईके नयनार के कैबिनेट में स्थानीय प्रशासन मंत्री थे.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
भारत-चीन आईटी गलियारे की शुरुआत: भारत ने चीन में अपने तीसरे सूचना प्रौद्योगिकी गलियारे की शुरुआत की. यह भारतीय और चीनी कंपनियों के बीच साझेदारी के लिए सेवाएं देगा. भारत की ओर से आईटी कंपनियों के संगठन नासकाम ने आईटी गलियारा विकसित करने के लिए चीन के शुझोऊ शहर के साथ साझेदारी की है.
उप-राष्ट्रपति पराग्वे और कोस्टारिका की यात्रा पर: उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू दो लातिनी अमरीकी देशों पराग्वे और कोस्टा रिका की यात्रा के दुसरे चरण में कोस्टारिका में हैं. उप-राष्ट्रपति को यहाँ अन्तर्राष्ट्रीय शांति और संघर्ष अध्ययन में डॉक्टर ऑफ फिलॉस्फी की उपाधि से सम्मानित किया गया. यह उपाधि उन्हें कानून, लोकतंत्र, स्थाई विकास और शांति के क्षेत्र में योगदान के लिए कोस्टा रिका की राजधानी सान होजे स्थित मिराडोर यूनिवर्सिटी ऑफ पीस द्वारा दी गयी है.
कैंसर-रोधी दवाइयों के मूल्य में कमी: सरकार ने गैर-अनुसूचित कैंसर-रोधी, 390 दवाइयों के मूल्य में 87 प्रतिशत तक की कमी की है. नई कीमतें 9 मार्च से लागू हो गई हैं. इससे देश के 22 लाख कैंसर मरीज़ों को फायदा मिलने की उम्मीद है और हर वर्ष आठ सौ करोड़ रुपये की बचत होगी.
CSC का कार्यशाला का आयोजन: दिल्ली में 9 मार्च को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जरिए अयुष्मान भारत योजना के लिए 2 करोड़ लोगों के रजिस्ट्रेशन और एक हज़ार गांवों का डिजिटलीकरण करने के उपलक्ष्य में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलई को पुरस्कृत भी किया.

