कतर ने ओपेक की सदस्‍यता से हटने का निर्णय लिया

कतर ने पैट्रोलियम उत्‍पादक देशों के संगठन (ओपेक) से 1 जनवरी 2019 में अलग होने की घोषणा की है. दोहा में ऊर्जा मंत्री साद अल काबी ने 3 दिसम्बर को इसकी घोषणा की. सऊदी अरब के साथ जारी तनाव के बीच कतर ने ओपेक से अलग होने का निर्णय किया है. यह पहला मौका है जब 1960 में ओपेक के गठन के बाद किसी पश्चिमी एशियाई देश ने इससे बाहर निकलने का निर्णय लिया है.

ओपेक: एक दृष्टि

  • ओपेक या OPEC, Organization of the Petroleum Exporting Countries का संक्षिप्त रूप है.
  • यह पेट्रोलियम उत्पादक देशों का संगठन है.
  • ओपेक की स्थापना सितम्बर 1960 में हुई थी तथा 1961 से इस संगठन ने अपना काम करना शुरू कर दिया था.
  • सन 1960 से ही इस संगठन का मुख्यालय ऑस्ट्रिया के विएना में है.
  • इसके सदस्य हैं: अल्जीरिया, अंगोला, ईक्वाडोर, इरान, ईराक, कुवैत, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, नाइजीरिया, लीबिया तथा वेनेजुएला, गबोन, इक्वेटोरियल गिनी.

हिन्द महासागर में नौसेना में 56 युद्धपोत और छह पनडुब्बी शामिल करने का निर्णय

सरकार ने हिन्द महासागर में भारतीय नौसेना का प्रभुत्व बनाए रखने के लिए उसके बेड़े में 56 युद्धपोत और छह पनडुब्बी शामिल करने का महत्वाकांक्षी निर्णय लिया है. ये युद्धपोत और पनडुब्बी लगभग एक दशक के समय में नौसेना के बेड़े में शामिल कर लिए जाएंगे. इसके अलावा देश के विभिन्न शिपयार्ड में अभी 32 समुद्री पोत और पनडुब्बी बनाई जा रही हैं. इनमें विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत, पी-15 बी श्रेणी के विध्वंसक, पी-17 ए श्रेणी के स्टेल्थ फ्रिगेट, समुद्री गश्त पोत और पनडुब्बी शामिल हैं. देश में ही बनाया जा रहा विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत निर्माण के तीसरे और अंतिम चरण में है. इसका समुद्री परीक्षण 2020 के मध्य में शुरू होने की संभावना है.

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा गणतंत्र दिवस 2019 पर मुख्य अतिथि होंगे

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा गणतंत्र दिवस 2019 पर मुख्य अतिथि होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13वें G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान इस बात की घोषणा की.


विश्‍वबैंक ने जलवायु परिवर्तन पर कार्रवाई के लिए दोगुना निवेश की घोषणा की

विश्‍वबैंक जलवायु परिवर्तन पर कार्रवाई के लिए वर्ष 2021 से अगले 5 वर्षों तक 200 अरब अमरीकी डॉलर का निवेश करेगा. यह राशि मौजूदा पंचवर्षीय योजना में निवेश के लिए निर्धारित राशि से दोगुनी है. विश्‍वबैंक के अनुसार यदि उत्‍सर्जन में कमी नहीं आई तो 2030 तक 10 करोड़ लोग गरीबी का जीवन जी रहे होंगे.


वित्त सचिव के रूप में अजय नारायण झा की नियुक्ति

व्यय सचिव एएन झा को नया वित्त सचिव नियुक्त किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने झा को वित्त सचिव नियुक्त करने को मंजूरी दी. मणिपुर-त्रिपुरा कैडर के 59 साल के अजय नारायण झा 1982 बैच के आईएएस अधिकारी हैं.


मूडीज़ ने जताया अच्छी भारतीय अर्थव्यवस्था का अनुमान

अमरीका की रेटिंग एजेंसी ‘मूडीज़’ ने भारत की अर्थव्यवस्था के लिए 3 दिसम्बर को नए आकड़े जारी किये. इन आंकडों के अनुसार चालू वित्त वर्ष (2018-19) में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान लगया है. ‘मूडीज़’ ने वित्त वर्ष (2019-20) के लिए यह अनुमान 7.4 प्रतिशत का लगया है.


एनजीटी ने दिल्ली सरकार पर 25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया

राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने प्रदूषण की समस्या को दूर करने में विफल होने के लिये दिल्ली सरकार पर 25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. हरित प्राधिकरण ने कहा कि साढ़े चार सालों के बाद भी प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों का निपटारा नहीं किया गया साथ ही, प्लास्टिक जैसे प्रदूषित कारकों की अनियमित हैंडलिंग के कारण प्रदूषण निरंतर बना रहा. एनजीटी ने सरकार को विकल्प देते हुए कहा कि पर्यावरण को हुए नुकसान की भरपाई उन अधिकारियों से की जा सकती है, जिन्हें प्रदूषण पर नियंत्रण की ज़िम्मेदारी दी गई है.


4 दिसंबर: भारतीय नौसेना दिवस

प्रत्येक वर्ष 4 दिसंबर को भारतीय नौसेना दिवस के रूप में मनाया जाता है. भारत-पाकिस्तान के बीच 1971 में हुए युद्ध में भारत की विजय का जश्न मनाने के लिए यह दिवस मनाया जाता है. पाकिस्तानी सेना द्वारा 3 दिसंबर 1971 को किए गए हमले का मुहतोड़ जवाब देने के लिए भारत ने ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ चलाया था.


3 दिसंबर: अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस

प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के रूप में मनाया जाता है. संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1992 के बाद 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस मनाने का निर्णय लिया था. इसका उद्देश्‍य दिव्‍यांगों के हितों की रक्षा करना और समाज में हर वर्ग के दिव्‍यांगों की बेहतरी के लिए जागरूकता पैदा करना है. इस वर्ष का विषय है- ‘दिव्‍यांगों को सशक्‍त बनाने सहित उन्‍हें बराबरी का हक दिलाना’.


ट्रेन 18 बनी भारत की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन

भारत की स्वदेश निर्मित ट्रेन ‘टी-18’ का राजस्थान के कोटा से सवाईमाधोपुर के बीच किया गया परीक्षण सफल रहा. इस परीक्षण में यह ट्रेन 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली अब तक की सबसे तेज रफ्तार की ट्रेन बन गयी है. यह गाड़ी अपने पहले स्पीड ट्रायल के दौरान 160 किलोमीटर की गति पर चल चुकी है.

उल्लेखनीय है कि अब तक देश में गतिमान एक्सप्रेस ही एकमात्र ऐसी ट्रेन थी जो 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक की गति पर चली थी. यह गाड़ी आगरा से दिल्ली के बीच चलती है.

ट्रेन 18: एक दृष्टि

  • ‘मेक इन इंडिया’ के तहत चेन्नई के इंटीग्रल कोच फैक्टरी में तैयार किया गया है.
  • 100 करोड़ रुपये की लागत से महज़ 18 महीनों में तैयार किया गया है.
  • यह एक हाईटेक, ऊर्जा-कुशल, खुद से चलने वाला या बिना इंजन के चलने वाला ट्रेन है.
  • यह स्टेनलेस स्टील से तैयार किया गया है. इस ट्रेन में 16 डिब्बे हैं.
  • इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर सेल्फ-प्रोपेल्ड मोड में चलती है.
  • ट्रेन-18 का तकनीकी ट्रायल मुरादाबाद से बरेली के बीच किया जा चुका है.
  • मुरादाबाद मंडल में सफल परीक्षण के बाद स्पीड ट्रायल के लिए इस गाड़ी को 26 नवम्बर को कोटा भेजा गया था.
  • इस रेलगाड़ी की क्षमता 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक की है.
  • स्पीड ट्रायल में सफल होने के बाद इस गाड़ी को चलाने की अनुमति के लिए कमिश्नर रेलवे सेफ्टी को पत्र लिखा जाएगा.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

भारत-अमेरिका ‘एक्‍स कोप इंडिया-2018’ शुरू: भारतीय और अमरीकी वायुसेना के बीच 3 दिसम्बर से संयुक्‍त अभ्‍यास शुरू हुआ. ‘एक्‍स कोप इंडिया-2018’ नाम से बारह दिन तक चलने वाला यह सैन्‍य अभ्‍यास पश्चिम बंगाल में कलाईकुंडा और पानागढ़ वायुसेना केन्‍द्र पर आयोजित किया गया है. दोनों देशों की वायु सेना के बीच यह भारत में चौथा संयुक्‍त अभ्‍यास है.

रक्षा मंत्री अमेरिका के दौरे पर: रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेंटागन में अमेरिकी रक्षामंत्री जेम्स मैटिस से मुलाकात की. भारत और अमेरिका ने पाकिस्तान में स्थित भारत और पश्चिम विरोधी आतंकवादी समूहों पर साझा रूप से चिंता भी जताई है.

श्रीलंका राजनीतिक संकट: श्रीलंका की एक अदालत ने महिंदा राजपक्षे को प्रधानमंत्री के तौर पर काम करने से रोक दिया. अदालत का यह फैसला राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना के लिए बड़ा झटका है. उन्होंने एक विवादित फैसले के तहत रानिल विक्रमसिंघे की जगह पर राजपक्षे को प्रधानमंत्री नियुक्त किया था.

खालिदा जिया के नामांकन पत्र रद्द: बंगलादेश में 30 दिसम्‍बर को होने वाले आम चुनाव के लिए पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है. उन्‍हें अदालत द्वारा दोषी करार देने के कारण चुनाव आयोग ने उनका नामांकन रद्द किया है. आयोग का यह निर्णय बंगलादेश उच्‍च न्‍यायालय के इस फैसले के बाद आया है कि किसी व्‍यक्ति को अगर दो वर्ष से ज्‍यादा जेल की सजा दी जाती है तो वह चुनाव नहीं लड़ सकता. 73 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री फिलहाल कारावास में हैं.

ब्रिटेन में सरकार के खिलाफ अविश्‍वास प्रस्‍ताव: ब्रिटेन में विपक्षी लेबर पार्टी ने आज प्रधानमंत्री थेरेसा मे पर दबाव बढ़ाते हुए कहा कि अगर संसद 11 दिसंबर को ब्रेक्जिट सौदे को खारिज कर देती है तो वह सरकार के खिलाफ अविश्‍वास प्रस्‍ताव लाएगी. ब्रिटेन द्वारा यूरोपीय संघ की सदस्यता का दोनों ओर के राजनीतिज्ञ विरोध कर रहे हैं.

भारत-युएइ संयुक्त आयोग की 12वीं बैठक: भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच संयुक्त आयोग की 12वीं बैठक अबुधाबी में आयोजित की गयी है. विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए संयुक्‍त अरब अमीरात में हैं. वे अबुधाबी में संयुक्त अरब अमारात के विदेश मंत्री शेख अब्‍दुल्‍ला बिन जायेद अल नाहयान के साथ आर्थिक और तकनीकी सहयोग संबंधी दोनों देशों के संयुक्त आयोग की 12वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगी.

नवम्बर में 1 खरब 22 अरब रुपए का विदेशी निवेश: नवम्बर 2018 में विदेशी निवेशकों ने भारतीय पूंजी बाज़ार में 1 खरब 22 अरब 60 करोड़ रुपए का निवेश किया. यह पिछले 10 महीनों का सबसे अधिक निवेश है. इससे पहले जनवरी 2018 में विदेशी निवेशकों ने भारत के पूंजी बाज़ार में 2 खरब 22 अरब 40 करोड़ रुपए का निवेश किया था.