गुरिंदर सिंह को चैंपियन ऑफ डायवर्सिटी पुरस्कार

इंडियाना माइनॉरिटी बिजनेस मैगजीन (आईएमबीएम) ने भारतीय मूल के अमेरिकी सिख गुरिंदर सिंह खालसा को चैंपियन ऑफ डायवर्सिटी पुरस्कार 2019 देने की घोषणा की है. श्री खालसा को 18 जनवरी 2019 को अमेरिकी प्रांत इंडियाना की राजधानी इंडियानापॉलिस हयात रेजेंसी होटल में यह पुरस्कार दिया जाएगा.

आईएमबीएम इंडियानापालिस रिकार्ड्स न्यूजपेपर का एक प्रकाशन है जो उपभोक्ताओं और कर्मचारियों में विविध मूल्यों, पृष्ठभूमियों तथा क्षमताओं का विकास करने वाले लोगों के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करता है.

श्री खालसा सिख पैक और सिख मीडिया के संस्थापक और अध्यक्ष है. भारत के हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले श्री खालसा भारत में जन्मे और वर्ष 1996 में अमेरिका में जाकर बस गये. वह एक उद्यमी, समाजसेवी और इंडियाना में सिख समुदाय के नेता हैं.

भारत-डेनमार्क दूसरी संयुक्त आयोग की बैठक

भारत-डेनमार्क दूसरी संयुक्त आयोग की बैठक नई दिल्ली में 17 दिसम्बर को आयोजित की गयी. भारत की यात्रा पर आए डेनमार्क के विदेश मंत्री एंडर्स सैमुएलसन ने इस बैठक में हिस्सा लिया. उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ इस बैठक की सह-अध्यक्षता की. दोनों नेताओं ने इविभिन्न मुद्दों पर व्यापक बातचीत की. इस दौरान ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण और शिपिंग सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की गई.

बेल्जियम के प्रधानमंत्री का अपने पद से इस्तीफा

बेल्जियम के प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने 17 दिसम्बर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. आव्रजन के मुद्दे पर उनके मुख्य गठबंधन सहयोगी ने उनसे समर्थन वापस ले लिया था जिससे उनकी सरकार अल्पमत में आ गई थी. 2014 में पद संभालने वाले मिशेल ने संयुक्त राष्ट्र आव्रजन समझौते पर अपने समर्थन के चलते न्यू फ्लेमिश अलायंस (एन-वीए) का समर्थन खो दिया था. संसद में चर्चा के दौरान विपक्षी दलों ने उनकी सरकार को मई 2019 में होने वाले चुनाव तक बनाए रखने के लिए अपना समर्थन जारी रखने से इनकार कर दिया था.


नेपाल के प्रथम प्रधानमंत्री तुलसी गिरि का निधन

नेपाल के प्रथम प्रधानमंत्री तुलसी गिरि का 18 दिसम्बर को काठमांडू में निधन हो गया. वह 92 वर्ष के थे. नेपाल के सिराहा जिले में 1926 में जन्मे श्री गिरि ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत नेपाली कांग्रेस से की थी. नेपाल नरेश महेंद्र के 1960 में नेपाल दलविहीन पंचायत राजनीतिक प्रणाली लागू करने के बाद से श्री गिरि पंचायत प्रणाली के प्रबल समर्थक बन गये. नेपाल नरेश महेंद्र ने ही उन्हें प्रधानमंत्री नियुक्त किया था. श्री गिरि वर्ष 1963-1965 तक मंत्री परिषद के अध्यक्ष और 1975-1977 तक नेपाल के प्रधानमंत्री रहे थे.


अमेरिका ने ‘अंतरिक्ष कमान’ बनाने का निर्देश दिया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘अंतरिक्ष कमान’ बनाने का निर्देश दिया है. यह अंतरिक्ष से सैन्य अभियानों को संचालित करेगी. इसके लिए पेंटागन में एक नया संगठनात्मक ढांचा होगा, जिसका सैन्य अंतरिक्ष अभियानों पर समग्र नियंत्रण होगा. ट्रंप ने यह ‘अंतरिक्ष कमान’ बनाने का निर्देश ऐसे समय में दिया है जब रूस और चीन अमेरिकी सैटलाइट्स को बाधित और जड़ से खत्म करने के लिए कोई न कोई राह तलाश रहे हैं.


छत्‍तीसगढ़ में 16 लाख से अधिक किसानों के कृषि ऋण माफ करने की घोषणा

छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने सोलह लाख से अधिक किसानों के 6100 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ करने की घोषणा की है. नवगठित मंत्रिमण्‍डल की पहली बैठक के बाद सहकारी और ग्रामीण विकास बैंकों से लिए गए लघु अवधि के सभी कृषि ऋण माफ करने का फैसला लिया गया है.


बिहार में पटना में गंगा नदी पर चार लेन के नये पुल बनाने की मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार में पटना में गंगा नदी पर एक नये पुल की मंजूरी दी है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर मौजूदा महात्मा गांधी सेतु के समानांतर चार लेन के नये पुल के निर्माण की परियोजना को मंजूरी दी. ये पुल साढ़े पांच किलोमीटर से अधिक लंबा होगा. नया पुल तीन साल में बनकर तैयार हो जाएगा.


पेटा इंडिया 2018 की ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ बनीं सोनम कपूर

सोनम कपूर को ‘पीपुल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स’ (पेटा) इंडिया ने 2018 का ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ नामित किया है. सोनम शाकाहारी हैं. सोनम को यह सम्मान उनके शाकाहारी होने और अपने फैशन ब्रांड ‘रीसन’ के लिए हैंडबैग के निर्माण में पशुओं की खाल का प्रयोग नहीं करने के लिए दिया गया है. साल 2016 में सोनम पेटा इंडिया की शाकाहार सिलेब्रिटी बनी थीं और पशु खाल के उपयोग के बिना हैंडबैग बनाने के लिए एक साल बाद समूह द्वारा उन्हें ‘कम्पैशनेट बिजनेस अवार्ड’ से नवाजा था.


ग्रामीण भारत पर बनी फिल्म ‘पीरियड: एंड ऑफ सेंटेंस’ ने ऑस्कर के लिए नामित

ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि में माहवारी विषय पर आधारित ‘पीरियड: एंड ऑफ सेंटेंस’ लघु फिल्म ने 91वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) की ‘वृत्तचित्र लघु विषय श्रेणी’ में जगह बना ली है. इस फिल्म के निर्देशक फिल्मकार रायका जेहताबची और निर्माता गुनीत मोंगा हैं. इसका निर्माण गुनीत मोंगा के ‘सिखिया एंटरटेनमेंट’ ने किया है. अकादमी पुरस्कार का आयोजन 24 फरवरी 2019 को लॉस एंजिलिस के डॉल्बी थिएटर में किया जाएगा.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

सोमालिया में अमरीकी हवाई हमले: सोमालिया में अमरीकी हवाई हमले में अल-शबाब के 62 लड़ाके मारे गए हैं. अमरीका में डोनल्ड ट्रंप के आने के बाद से सोमालिया में ऐसे कई हमले हुए हैं. अमरीका का जिबुती में बड़ा सैन्य ठिकाना है और ये हमले यहीं से किया जाता है.

ब्रिटेन की संसद में ब्रेक्जिट पर फिर होगा मतदान: ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने ब्रेक्जिट (ईयू से ब्रिटेन के बहार होने) समझौते पर निचले सदन हाउस ऑफ कामंस में जनवरी के मध्य में सांसदों के मतदान कराने की घोषणा की है. सुश्री थेरेसा ने सांसदों से कहा कि ब्रिटेन अगले वर्ष 29 मार्च को योजनाबद्ध तरीके से यूरोपीय संघ (ईयू) छोड़ देगा.

एनजीटी ने स्टरलाइट को फिर से खोले जाने की अनुमति दी: राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) ने स्टरलाइट के तूतिकोरीन संयंत्र को फिर से खोले जाने की अनुमति दी है. एनजीटी ने तूतिकोरीन में स्थित तांबा इकाई को बंद करने के तमिलनाडु सरकार के फैसले को अनुचित और बेबुनियाद बताते हुए रद्द कर दिया है.

सैट-7 ए उपग्रह का प्रक्षेपण: इसरो आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से जी सैट-7 ए उपग्रह का प्रक्षेपण करेगा. इसे आज भूस्थैतिक उपग्रह प्रक्षेपण यान जीएसएलवी-एफ 11 से प्रक्षेपित किया जाएगा. जीसैट-7ए देश का 35वां संचार उपग्रह है. जीसैट-7ए भारतीय क्षेत्र में केयू बैंड में उपयोगकर्ताओं को संचार क्षमता प्रदान करेगा. प्रक्षेपित होने वाले इस उपग्रह से सशस्त्र बलों खासकर वायु सेना की संचार क्षमताओं में तेजी आएगी.

पाकिस्तान ने भारतीय कैदी को रिहा किया: पाकिस्तान ने 6 साल बाद भारतीय कैदी हामिद निहाल अंसारी को 18 दिसम्बर को रिहा किया. मुंबई निवासी अंसारी ऑनलाइन दोस्त बनी लड़की से मिलने के लिए 2012 में अफगानिस्तान के रास्ते पाकिस्तान चला गया था. उसकी सजा की अवधि 15 दिसंबर को समाप्त हो गई थी.