मैक्सिको की वनेसा पौन्स द-लियौं ने वर्ष 2018 के विश्व सुन्दरी खिताब जीता
वर्ष 2018 का विश्व सुन्दरी का खिताब मैक्सिको की वनेसा पौन्स द-लियौं को दिया गया है. उन्हें यह ख़िताब चीन के सान्या शहर में आयोजित मिस वर्ल्ड के समारोह में दिया गया. इस समारोह में थाईलैंड की निकोलीन को उप-विजेता चुना गया. पूर्व विश्व सुन्दरी भारत की मानुषी छिल्लर ने नई विजेता को ताज पहनाया. इस प्रतियोगिता में 118 प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया था. भारत की अनुकृति वास 30वें स्थान पर रहीं थी.
सरकार ने कई चिकित्सा उपकरणों को औषधि और सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम में शामिल किया
सरकार ने सामान्य उपयोग में आने वाले कुछ चिकित्सा उपकरणों को औषधि और सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम में औषधि के रूप में शामिल कर लिया है. इनमें नेब्यूलाइजर, ब्लड प्रेशर मापने वाली मशीन, डिजिटल थर्मामीटर और ग्लूकोमीटर शामिल हैं. इस संशोधन के साथ ही अधिनियम में औषधि के रूप में शामिल चिकित्सा उपकरणों की संख्या 23 से बढ़कर 27 हो गई है. नये उपकरणों को सूची में शामिल करने से सरकार के लिए इन उपकरणों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना संभव होगा. इसका आशय यह होगा कि इन उपकरणों के निर्माण और आयात करने वाली कंपनियों को भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) से आवश्यक अनुमति या लाइसेंस प्राप्त करने की आवश्यकता होगी. इन उपकरणों को मेडिकल उपकरण नियम 2017 के तहत निर्दिष्ट गुणवत्ता मानकों के तहत पंजीकृत किया जाएगा और भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) प्रमाणन द्वारा निर्धारित अन्य मानकों के तहत पंजीकृत किया जाएगा.
फ्रांस में यलो वेस्ट अभियान
हाल के दिनों में फ्रांस का यलो वेस्ट अभियान चर्चा में रहा है. यह अभियान फ्रांस में ईंधन पर कर बढ़ाने के विरोध में किया जा रहा है. देश में सरकार द्वारा ईंधन पर कर की दरें बढाने को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है. यह प्रदर्शन हिंसा का रूप ले चुका है.
संयुक्त अरब अमारात की संघीय राष्ट्रीय परिषद में महिलाओं का 50% प्रतिनिधित्व
संयुक्त अरब अमारात (युएई) की संघीय राष्ट्रीय परिषद में महिलाओं प्रतिनिधित्व 22.5% से बढ़ाकर का 50% कर दिया है. यह व्यवस्था आगामी संसदीय चुनाव से लागू होगी. संघीय राष्ट्रीय परिषद, संयुक्त अरब अमारात की एक संसदीय परामर्शदात्री समिति है. इस निर्णय का उद्देश्य संसद में महिला प्रतिनिधित्व की दृष्टि से संयुक्त अरब अमारात को अग्रणी देशों में शामिल करना है.
जनरल मार्क मिली अमेरिका के शीर्ष सैन्य सलाहकार नामित
अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने सेनाध्यक्ष जनरल मार्क मिली को अपना अगला शीर्ष सैन्य सलाहकार नामित किया है. जनरल मार्क इराक और अफगानिस्तान में सेवारत रह चुके हैं. वह संयुक्त सेनाओं के अध्यक्षों के प्रमुख के रूप में जनरल जोसेफ डनफोर्ड का स्थान लेंगे.
अमरीकी डॉलर के रूप में प्रेषित राशि पाने में भारत शीर्ष स्थान
विश्व बैंक ने अमरीकी डॉलर के रूप में किये गए गये धन प्रेषण की रिपोर्ट जारी की. इस रिपोर्ट के अनुसार भारत ने अमरीकी डॉलर के रूप में प्रेषित राशि पाने में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है. रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2018 में कुल 80 अरब अमरीकी डॉलर की राशि भारतवंशियों द्वारा स्वदेश भेजी गई. भारत के बाद चीन का दूसरा स्थान है, जिसने 67 अरब अमरीकी डॉलर की प्रेषित राशि प्राप्त की है. इसी क्रम में मैक्सिको और फिलिपीन्स (प्रत्येक ने 34 अरब अमरीकी डॉलर) और मिस्र (26 अरब अमरीकी डॉलर) का स्थान है.
केरल में कन्नूर अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा की शुरुआत
केरल में कन्नूर अन्तर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे का संचालन 9 दिसम्बर से शुरू हो गया. केंद्रीय नागर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने टर्मिनल भवन में दीप प्रज्ज्वलित कर हवाईअड्डे का उद्घाटन किया. इस हवाईअड्डे से पहली उड़ान अबु धाबी के लिए थी. एयर इंडिया एक्सप्रेस बोइ्ंग 737 की पहली उड़ान में 185 यात्री सवार थे.
कन्नूर हवाईअड्डा शुरू होने के साथ ही केरल देश का एकमात्र राज्य होगा, जहां के चार शहरों में अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे हैं.
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 की नई जर्सी लॉन्च
केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौ़ड़ ने 9 दिसम्बर को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 के लिए नई जर्सी लॉन्च की. खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 में कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर के खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे. इन खेलों में करीब 9,000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. पिछली बार 3,500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. इन खेलों की शुरुआत 9 जनवरी से
पुणे में हो रही है.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
सार्क का कल 34वां घोषणापत्र दिवस: 8 दिसम्बर को सार्क का 34वां घोषणापत्र दिवस मनाया गया. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्षेत्रीय सहयोग मजबूत करने और दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन-सार्क के संस्थापक सदस्य के नाते इसकी एकजुटता के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की है. प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए आतंकवाद एक बड़ी चुनौती बना हुआ है और हर प्रकार के आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने की आवश्यकता है.
खालिदा जिया की चुनाव लड़ने की याचिका रद्द: बंगलादेश में चुनाव आयोग ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की चुनाव लड़ने की याचिका रद्द कर दी है. इससे पहले बंगलादेश उच्च न्यायालय ने खालिदा जिया को चुनाव लड़ने के आयोग्य घोषित कर दिया था. खालिदा जिया दस साल की सजा काट रही हैं.
राष्ट्रपति म्यांमार यात्रा पर: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 10 से 14 दिसम्बर तक म्यांमार यात्रा पर हैं. अपने पांच दिवसीय दौरे में वह अपने समकक्ष यू विन मिंन्त तथा स्टेट काउंसेलर आंग सान सू से विभिन्न मुद्दे पर चर्चा करेंगे. भारत, म्यांमार का एक महत्वपूर्ण विकास सहायक साझेदार भी है और वह देश में कई बड़ी बुनियादी सुविधाओं की परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है, जिसमें भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग और कलादान मल्टीमॉडल परिवहन परियोजना शामिल है, जो सिट्टवे बंदरगाह को मिजोरम के साथ जोड़ती है.
नरेंद्र मोदी: क्रिएटिव डिस्रप्टर, द मेकर ऑफ न्यू इंडिया: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आधारित किताब ‘नरेंद्र मोदी: क्रिएटिव डिस्रप्टर, द मेकर ऑफ न्यू इंडिया’ का विमोचन करेंगे. इस किताब का लेखन आर बालाशंकर ने किया है. बालाशंकर साप्तहिक पत्रिका “आर्गेनाइजर” के संपादक रह चुके हैं.

