38वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2018 संपन्न

38वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला का 27 नवम्बर को समापन हो गया. प्रत्येक वर्ष 14 से 27 नवम्बर तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इस मेले का आयोजन होता है. इस वर्ष इस व्यापार मेले का 38वां संस्करण था. 14 नवम्बर को संस्कृति मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने इस मेले का उद्घाटन किया था. इस वर्ष मेले की थीम ‘भारत में ग्रामीण उद्यमी’ रखी गई थी. इस बार साझेदार देश का दर्जा अफगानिस्तान को दिया गया था जबकि फोकस देश नेपाल था.

38वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार को स्वर्ण पदक से पुरस्कृत किया गया. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में बिहार को यह पुरस्कार प्रदान किया. बिहार के अलावा हिमाचल प्रदेश ने रजत और उत्तराखंड ने कांस्य पदक हासिल किया है. विदेशी मंडप श्रेणी में स्वर्ण पदक तुर्की की तिलो हेदियेलिक एस्या, रजत पदक चीन की तेंगझो युशो ग्लास टेक्नोलॉजी कंपनी लिमिटेड तथा कांस्य पदक दक्षिण कोरिया की टेक इलेक्ट्रो केमिकल्स कॉरपोरेशन को दिया गया.

भारत और चीन ने द्विपक्षीय कर समझौते में संशोधन किया

भारत और चीन ने 26 नवम्बर को एक द्विपक्षीय कर समझौते में संशोधन किया है. इस संशोधन से दोनों देशों को सूचनाओं के आदान-प्रदान के जरिए कर चोरी को रोकने और दोहरे कराधान से बचने में मदद मिलेगी. दोनों देशों ने डबल टैक्सेशन एवॉयडेंस एग्रीमेंट (डीटीएए) में संशोधन के लिए एक प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए.

इस प्रोटोकॉल के जरिये बेस इरोजन एंड प्रोफिट शिफ्टिंग (बीईपीएस) परियोजना की एक्शन रिपोर्ट के तहत समझौते से जुड़े न्यूनतम मानकों को लागू करने के लिए जरूरी बदलाव किए गए हैं.

भारत ने म्यांमार की कई परियोजनाओं के लिए 50 लाख डॉलर की सहायता प्रदान की

भारत ने म्यांमार-भारत मैत्री परियोजना के तहत वित्त पोषण के दूसरे दौर में म्यांमार को 50 लाख डॉलर की सहायता प्रदान की है. म्यांमार में भारत के राजदूत विक्रम मिसरी ने म्यांमार के सीमा मामलों के मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल ये आंग को 26 नवम्बर को यह नकद राशि सौंपी.

म्यांमार और भारत ने मई 2012 में इस परियोजना के हिस्से के रूप में सीमा विकास के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. इस समझौते के तहत भारत को कुल 2.5 करोड़ डॉलर की सहायता राशि म्यांमार को प्रदान करनी है. पहली किश्त के जरिए वर्ष 2015 में म्यांमार ने चिन राज्य व नागा स्वशासित इलाके में आठ सड़कें, पुलों की परियोजनाएं, 21 स्कूल परियोजनाएं और स्वास्थ्य परियोजनाएं पूरी की थीं. इस दूसरी किश्त के जरिए म्यांमार 20 सड़कों और पुलों व 11 स्कूल परियोजनाओं को पूरा करेगा.


बिहार के राज्य राजमार्गों के लिये 20 करोड़ डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर

केंद्र सरकार और एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने 26 नवम्बर को बिहार के राज्य राजमार्गों के लिये 20 करोड़ डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किये. एडीबी साल 2008 से बिहार को राज्य के करीब 1,453 किलोमीटर लंबे राजमार्गों के उन्नयन और पटना में गंगा नदी के ऊपर पुल के निर्माण के लिये कुल 1.43 अरब डॉलर दे चुका है. इस साल अक्तूबर में एडीबी के बोर्ड ने बिहार राज्य राजमार्ग परियोजना के तीसरे चरण को मंजूरी दे दी है. परियोजना में राजमार्गों और पुलों का पुनर्निर्माण, चौड़ीकरण और मजबूत करने सहित सड़क सुरक्षा सुविधाओं के साथ राज्य के राजमार्ग का उन्नयन शामिल है.


प्लेबैक सिंगर मोहम्मद अजीज का निधन

फिल्म प्लेबैक गायक मोहम्मद अजीज का 27 नवम्बर को निधन हो गया. वह 64 वर्ष के थे. अजीज अमिताभ बच्चन, गोविंदा, मिथुन चक्रवर्ती और ऋषि कपूर सहित विभिन्न कलाकारों के लिए पाश्र्वगायन कर चुके हैं.


मस्तिष्क में रक्त-स्राव और आघात के खतरे को कम करने के लिए दवाई की पहचान

ब्रिटेन के मैनचेस्टर और एडिनबर्ग विविद्यालय के शोधकर्ताओं ने मस्तिष्क में रक्त-स्राव और आघात के खतरे को कम करने के लिए एक दवाई की पहचान की है. इस दवाई को यूरिया से संबंधित विकारों के इलाज के लिए पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है. ‘कोलेजन 4’ (सी-4) नामक जीन में खामी से मस्तिष्क में रक्तस्रव होता है, जिससे मस्तिष्काघात पड़ सकता है. ‘सी-4’ जीन के क्षरण से आंख, गुर्दे और रक्तवाहिकाओं संबंधी ऐसे रोग हो सकते हैं, जिससे मस्तिष्क में रक्त वाहिकाएं प्रभावित होती हैं और मस्तिष्क में रक्त-स्राव हो सकता है. शोध के अनुसार सोडियम फेनिल ब्यूटीरीक एसिड के इस्तेमाल से मस्तिष्क में रक्तस्रव में कमी आ सकती है. हालांकि, इस उपचार से आंख या गुर्दे की अनुवांशिक बीमारियों का इलाज नहीं किया जा सकता.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

पीएसएलवी-सी43 राकेट के जरिये प्रक्षेपण: भारतीय अंतरिक्ष अनुंसान संगठन (इसरो) 29 नवंबर को पृथ्वी का निरीक्षण करने वाले भारतीय उपग्रह एचवाईएसआईएस और 30 अन्य सेटेलाइटों का प्रक्षेपण करेगा. यह प्रक्षेपण श्रीहरिकोटा से अपने पीएसएलवी-सी43 राकेट के जरिये किया जायेगा. एचवाईएसआईएस एक माइक्रो और 29 नेनो सेटेलाइट होंगे. ये उपग्रह आठ विभिन्न देशों के हैं. इन सभी उपग्रहों को पीएसएलवी-सी43 की 504 किमी वाली कक्षा में स्थापित किया जाएगा.

प्रधानमंत्री लेंगे जी-20 शिखर बैठक में हिस्सा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी G-20 सम्मेलन में भाग लेंगे. यह सम्मेलन 30 नवंबर से 1 दिसंबर तक अर्जेंटिना के ब्यूनस आयर्स में आयोजित किया जा रहा है. भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों को सरल बनाने, कृषि, ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर ज़ोर देगा. सम्मेलन से इतर पीएम चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित कई नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकातें करेंगे.

चीन-अमेरिका व्यापार युद्ध: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस सप्ताह अर्जेंटिना में चीन के राष्ट्रपति शी जिंपिंग के साथ कोई समझौता नहीं हो पाने की सूरत में चीन पर 267 डॉलर का अतिरिक्त आयात शुल्क लगाया जाएगा. दोनों नेताओं के बीच आगामी जी –20 शिखर सम्मेलन से इतर वार्ता हो सकती है.

चीन-अमेरिका व्यापार युद्ध की वजह: दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध की शुरुआत मार्च 2018 में अमेरिका द्वारा स्टील और एल्यूमीनियम आयात पर कर लगाने की घोषणा के बाद हुई थी. दोनों देशों के बीच मई में तनाव और बढ़ गया जब ट्रंप प्रशासन ने घोषणा की कि 50 अरब डॉलर के चीनी सामानों पर 25 प्रतिशत कर लगाये जायेंगे जिसके प्रतिशोध में चीन ने अमरीकी सामानों पर उतने ही का कर लगा दिया. तब से, ट्रंप प्रशासन ने चीनी सामानों पर 250 अरब डॉलर के कर लगाए हैं, जिससे चीन को भी प्रतिशोधात्मक कार्रवाई के लिए फिर से बाध्य किया.

रोमानियाई विदेश मंत्री भारत की यात्रा पर: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भारत की यात्रा पर आए रोमानिया के विदेश मंत्री समकक्ष तेओडोर मेलसेकनु के साथ नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता की. उन्होंने ऐतिहासिक संबंधों को विविधता देने और कृषि, आईसीटी, स्वास्थ्य, फार्मा, शिक्षा, पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की.

करतारपुर गुरुद्वारा गलियारे की नींव: पाकिस्तान की तरफ से करतारपुर स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब को भारत के गुरदासपुर जिले में स्थित डेरा बाबा नानक से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित गलियारे की नींव प्रधानमंत्री इमरान खान रखेंगे. इससे भारतीय सिख श्रद्धालुओं को वीजा मुक्त आवाजाही की सुविधा मिल सकेगी.