नासा का मार्स इनसाइट मंगल ग्रह की सतह पर सफलतापूर्वक उतरा
अमेरिकी अन्तरिक्ष संगठन नासा (नैशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन) का मंगल पर भेजा गया अन्तरिक्ष यान ‘मार्स इनसाइट’ 26 नवम्बर को इस ग्रह की सतह पर सफलतापूर्वक उतरा. मंगल ग्रह की सतह तक पहुँचने में इस अन्तरिक्ष यान को सात महीने का समय लगा है. मंगल पर उतरने के बाद इनसाइट ने नासा के कंट्रोल रूम को सिग्नल भेजकर सुरक्षित पहुंचने की जानकारी दी. इनसाइट पहली बार मंगल ग्रह के सुदूर इलाके में खुदाई कर ग्रह की भूमिगत संरचना का अध्ययन करेगा. साथ ही भूकंपीय गतिविधियों को भी इसके जरिए दर्ज किया जाएगा. मार्स इनसाइट को 5 मई 2018 को प्रक्षेपित किया गया था.
नासा का मार्स मिशन: एक दृष्टि
- मंगल से पृथ्वी की दूरी लगभग 16 करोड़ किलोमीटर है. इनसाइट अंतरिक्षयान ने इस ग्रह पर पहुँचने के लिए 48.2 करोड़ किलोमीटर की यात्रा की.
- इस अंतरिक्षयान को पांच मई को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित वांडेनबर्ग वायुसेना केंद्र से प्रक्षेपित किया गया था.
- 1976 के बाद से नासा ने नौवीं बार मंगल पर पहुंचने का यह प्रयास किया. अमेरिका के पिछले प्रयास को छोड़कर बाकी सभी सफल रहे.
- पिछली बार नासा का अंतरिक्षयान क्यूरियोसिटी रोवर के साथ 2012 में मंगल पर उतरा था.
शैक्षिणक सुधार के लिए सभी राज्यों को निर्देश
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने शैक्षिणक सुधार के लिए 26 नवम्बर को सभी राज्यों के लिए एक निर्देश जारी किया है. इसका उद्देश्य स्कूली बस्ते का बोझ कम करना है. दरअसल स्कूली बस्ते का वजन कक्षा के हिसाब से तय किया गया है.
राज्यों को दिए गये निर्देश: एक दृष्टि
- पहली और दूसरी क्लास के छात्रों को अब होम वर्क नहीं दिया जायेगा. इसके अलावा उनके स्कूली बस्ते का बोझ अधिकतम डेढ़ किलो होगा.
- तीसरी से पांचवीं तक के कक्षाओं के छात्रों के लिए दो से तीन किलो, छठी से सातवीं तक के लिए चार किलो आठवीं से नवीं तक के लिए साढ़े चार किलो और दसवीं क्लास के छात्रों के लिए पांच किलो ग्राम तक स्कूली बस्ते लाने की अनुमति दी गयी है.
- मंत्रालय ने पहली और दूसरी क्लास के छात्रों को केवल गणित और भाषा पढ़ाने की अनुमति दी है जबकि तीसरी से पांचवीं कक्षा के छात्रों को गणित, भाषा और सामान्य विज्ञान को ही पढ़ाने का निर्देश दिया है.
उपराष्ट्रपति ने पंजाब में डेरा बाबा नानक-करतारपुर साहिब गलियारे की आधारशिला रखी
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने 26 नवम्बर को डेरा बाबा नानक – करतारपुर साहिब गलियारे की आधारशिला रखी. आधारशिला रखने का समारोह भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट पंजाब के गुरदासपुर जिले के मान गांव में हुआ. इस अवसर पर राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर इस आयोजन में मुख्य अतिथि थे.
गुरुद्वारा करतारपुर साहिब भारत-पाकिस्तान सीमा से चार किलोमीटर दूर पाकिस्तान में रावी नदी के तट पर नारोवाल जिले में है. वहां सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु गुरुनानक देवजी ने अपने जीवन के 18 साल बिताए थे. वर्तमान में श्रद्धालुओं को वहां जाने के लिए लम्बी वीजा प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है. चार लेन के इस राजमार्ग गलियारे में श्रद्धालुओं के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
केरल के जल मंत्री थॉमस का इस्तीफा
केरल के जल संसाधन मंत्री मैथ्यू टी थॉमस ने 26 नवम्बर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. थॉमस ने जनदल दल सेक्युलर (जेडीएस) के राष्ट्रीय नेतृत्व के फैसले के अनुरूप इस्तीफा दिया है. पार्टी ने थॉमस के स्थान पर वरिष्ठ नेता के.कृष्णनकुट्टी को यह पदभार देने का फैसला किया है.
आईसीसी ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट को शामिल करने के लिये आवेदन जमा किया
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने वर्ष 2022 में बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में महिला टी-20 क्रिकेट को शामिल करने के लिये आवेदन किया है. राष्ट्रमंडल खेल महासंघ को जमा किये गए आवेदन में आठ टीमों का टी20 टूर्नामेंट कराने का प्रस्ताव रखा गया है जिसमें टीमों को दो पूल में बांटा जाये और दो स्थानों पर आठ दिन के भीतर 16 मैच कराये जायें.
अभी तक राष्ट्रमंडल खेलों में सिर्फ एक बार 1998 में पुरूष क्रिकेट को जगह दी गई थी. उसमें दक्षिण अफ्रीका ने स्वर्ण पदक जीता था. महिला क्रिकेट को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शामिल करना क्रिकेट और महिला सशक्तिकरण के लिये वैश्विक रणनीति का हिस्सा है.
सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में समीर वर्मा को स्वर्ण और सायना नेहवाल को रजत पदक
सैय्यद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत के समीर वर्मा ने पुरूष एकल का खिताब जीता. समीर वर्मा ने चीनी खिलाड़ी लू गुआंगजू को हराकर खिताब बरकरार रखा. महिला एकल फाइनल मुकाबले में तीन बार की चैंपियन सायना नेहवाल चीन की हान यूए से हार गई और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा.
संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर प्रदेश के नोएडा को सतत विकासशील शहर 2025 पहल के लिए चुना
संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा को अपने वैश्विक सतत विकासशील शहर 2025 पहल के लिए चुना है. भारत से सिर्फ इन दोनों शहरों को यूनिवर्सिटी सिटी वर्ग में चुना गया है.
26 नवम्बर: राष्ट्रीय दुग्ध दिवस
प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संपूर्ण देश में ‘राष्ट्रीय दुग्ध दिवस’ मनाया जाता है. यह भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के जन्मदिन के अबसर पर मनाया जाता है. पहली बार यह दिवस इंडियन डेयरी एसोसिएशन (IDA) द्वारा 26 नवंबर, 2014 को मनाया गया था.
26 नवम्बर: संविधान दिवस
प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है. 1949 में इसी दिन संविधान को मंजूरी दी गयी और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया था. इस दिन को संविधान निर्माता डॉं. भीमराव अंबेडकर को याद किया जाता है.
भारतीय संविधान: एक दृष्टि
- संविधान निर्माण के लिए 29 अगस्त 1947 को भारत के संविधान का मसौदा तैयार करनेवाली समिति की स्थापना की गई थी और इसके अध्यक्ष के तौर पर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की नियुक्ति हुई थी.
- संविधान सभा के 284 सदस्यों ने 24 जनवरी 1950 को दस्तावेज पर हस्ताक्षप किए. दो दिन बाद इसे लागू किया गया था.
- भारतीय संविधान को विश्व का सबसे बड़ा संविधान माना जाता है, जिसमें 448 अनुच्छेद, 12 अनुसूचियां और 94 संशोधन शामिल हैं.
- यह हस्तलिखित संविधान है. इसे तैयार करने में 2 साल 11 महीने और 17 दिन का वक्त लगा था.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
नौसेना प्रमुख रूस के दौरे पर: नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा 26 से 29 नवंबर तक रूस के दौरे पर हैं. भारतीय नौसेना कई मोर्चों पर रूसी संघ नौसेना के साथ सहयोग करती है, जिसमें नौसेना से नौसेना के स्टाफ वार्ता के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में परिचालन पर बातचीत, प्रशिक्षण, हाइड्रोग्राफी सहयोग और विषय वस्तु विशेषज्ञों का आदान-प्रदान आदि भी शामिल है.
26/11-मुंबई हमले की दसवीं बरसी: 26 नवम्बर को मुंबई हमले की दसवीं बरसी थी. 2008 में आज ही के दिन दस सशस्त्र पाकिस्तानी आतंकवादी अरब सागर के रास्ते मुंबई में दाखिल हुए थे और शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हमले किये थे. इन हमलों में 166 लोगों की मौत हो हुई थी. इस बीच अमेरिका के स्टेट डिपार्टमेंट रिवार्ड ऑफ जस्टिस प्रोग्राम ने मुंबई आतंकी हमले से संबंधित जानकारी देने वाले को 50 लाख डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है.
कैर्लिफोनिया के जंगल का आग पर पूरी तरह काबू: अमरीका के उत्तरी कैर्लिफोनिया में लगभग दो सप्ताह पहले लगी भीषण आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. इस आग में कई लोगों की मौत हो गई और हजारों मकान जल कर राख हो गए. कई दिन से जारी वर्षा के बाद इस आग को बुझाने में कामयाबी मिली है.
मेक्सिको शरणार्थी समस्या: मेक्सिको सिटी के तिजुआना से सैकड़ों शरणार्थियों के सीमा पर बाड़ तोड़ने की कोशिश करने के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने दक्षिणी कैलिफिर्निया से लगी सीमा को बंद कर दिया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ‘मेक्सिको से लगी सभी सीमाएं बंद’ करने की धमकी देने के बाद यह कदम उठाया गया है.
14वें पुरुष हॉकी विश्व कप: 14वें पुरुष हॉकी विश्व कप का उद्घाटन 27 नवम्बर को भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में हो रहा है. 28 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच होने वाले विश्व कप में 16 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी. भारत 28 नवंबर को अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा.
मालदीव के विदेश मंत्री भारत यात्रा पर: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने की मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद से मुलाकात की. उन्होंने भारत सरकार की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति को आगे बढ़ाते हुए भारत मालदीव सरकार को उसकी सामाजिक औऱ आर्थिक विकास पहल में समर्थन देने की बात कही.
56 हजार नए पेट्रोल पम्प खोलने को मंजूरी: सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को देशभर में लगभग 56 हजार नए पेट्रोल पम्प खोलने और अपने खुदरा कारोबार को व्यापक विस्तार देने की अनुमति दे दी है. इससे हजारों करोड़ रुपए के निवेश के साथ बड़े पैमाने पर लोगों को नये रोजगार मिलने की संभावना है.
सलीम खान को इफ्फी का विशेष पुरस्कार: फिल्मों के श्रेष्ठ लेखक सलीम खान को सिनेमा में आजीवन योगदान के लिए विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा. गोवा में आयोजित 49वें भारत-अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (इफ्फी) में 28 नवंबर को ये पुरस्कार प्रदान किया जायेगा. 49वें इफ्फी में 217 फिल्में दिखाई गईं. इनमें 135 फीचर फिल्में, 64 लघु फिल्में और 18 वृत्तचित्र शामिल थे. यह फिल्में खासी, गोन्डी और मूरिया सहित 35 भाषाओं में थी.

